हाथरस। कल्याणं करोति संस्था मथुरा द्वारा संचालित श्री जी बाबा नेत्र चिकित्सा संस्थान एवं श्याम स्टील लिमिटेड कोलकाता के तत्वावधान में स्थानीय हरि नेत्र चिकित्सालय में नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 251 मरीजों ने पंजीकरण कराया, जिनका वरिष्ठ चिकित्सकों द्वारा गहन परीक्षण किया गया।परीक्षण के उपरान्त मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चयनित 31 मरीजों का चयन किया गया। यह शिविर प्रत्येक माह की 6 तारीख को यहाँ निरंतर शिविर लग रहे हैं। शिविर को सफल बनाने में डाॅ. अनुभव उपाध्याय, सुनील कुमार (कोऑर्डिनेटर), विशाल, रामेश्वरदयाल का सराहनीय योगदान योगदान रहा !
सादाबाद। क्षेत्र में बीते तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश और रविवार को हुई ओलावृष्टि ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। बिसावर क्षेत्र में पकी खड़ी तथा खेतों में कटी पड़ी गेहूं की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। हालात की गंभीरता को देखते हुए सोमवार को एसडीएम मनीष चौधरी ने मौके पर पहुंचकर फसलों का जायजा लिया। एसडीएम ने लेखपाल ब्रजेश कौशिक के साथ बिसावर क्षेत्र के कई गांवों में खेत-खेत जाकर जमीनी स्तर पर नुकसान का आकलन किया। इस दौरान उन्होंने किसानों से बातचीत कर फसल की स्थिति की जानकारी भी ली। एसडीएम मनीष चौधरी ने फसल की स्थिति का बारीकी से निरीक्षण करते हुए कहा कि बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से हुए नुकसान का पूरा आकलन कर रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी, ताकि प्रभावित किसानों को उचित राहत दिलाई जा सके। इधर, लगातार बिगड़े मौसम और आसमान में छाए बादलों ने किसानों की चिंता और बढ़ा दी है। सोमवार की शाम को आसमान में फिर से बादल छा गए। तेज हवाएं चलने लगीं। ऐसे में हालात यह हैं कि कई किसानों के सामने खाने के अनाज और पशुओं के चारे तक का संकट खड़ा हो गया है। क्षेत्र के किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें साफ दिखाई दे रही हैं।
सादाबाद। नगर पंचायत सादाबाद के सभागार में सोमवार को आयोजित बोर्ड बैठक में चेयरमैन हेमलता अग्रवाल की अध्यक्षता में करीब 32.73 करोड़ रुपये का आय-व्यय बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया। बैठक में अधिशासी अधिकारी विकास जैन ने बताया कि करीब 25 लाख रुपये की लागत से सादाबाद-मथुरा मार्ग पर भारत रत्न स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह की स्मृति में भव्य स्मृति द्वार का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा लगभग 30 लाख रुपये की लागत से शहीद स्मारक का निर्माण प्रस्तावित है। करीब 20 लाख रुपये की लागत से विभिन्न वार्डों में पुलिया, नाली और नालों की मरम्मत कराई जाएगी। अस्थायी गौशाला के विकास के लिए करीब 25 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे, जिसमें भूसा भंडारण के लिए टीनशेड, सड़कों का निर्माण और फाटक आदि कार्य शामिल हैं। प्रगतिपुरम स्थित नलकूपों की बाउंड्रीवॉल का निर्माण, दो पार्कों का सौंदर्यीकरण और एक बच्चा पार्क को विकसित करने की योजना भी बजट में शामिल की गई है। वार्ड नंबर 1, 2 और 6 में प्रमुख स्थानों पर स्वागत द्वार बनाए जाएंगे। सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए लगभग 5 लाख रुपये की लागत से सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और पुराने कैमरों की मरम्मत भी कराई जाएगी। साथ ही नगर में पांच हाईमास्ट और एलईडी लाइटें लगाकर रोशनी की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। बैठक के दौरान सभासदों ने जल निगम द्वारा सड़कों की खुदाई के बाद मानक अनुसार मरम्मत न किए जाने पर नाराजगी जताई। बैठक में राधा रमन अग्रवाल, वरिष्ठ लिपिक अनुपम गुप्ता के अलावा सभासद उमेश शर्मा, दिनेश वर्मा, रेशमपाल, नासिर खान, ओमवीर सिंह, राजकुमार चौधरी, रेशमी देवी बघेल, अनीस बेग, मोहम्मद चांद, मीनू देवी, उर्मिला चौधरी, मंजू देवी, नगीना बेगम, सलमा बेगम, रेखा वर्मा और शशि शर्मा आदि उपस्थित रहे।
हाथरस। सासनी क्षेत्र के ग्राम बांधनू में आयोजित श्री महादेव जी के 79वें ऐतिहासिक मेले के दूसरे दिन भव्य कुश्ती दंगल कार्यक्रम का शानदार आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन एवं समापन डॉ. विकास शर्मा द्वारा किया गया। इस अवसर पर उनके साथ श्री बॉबी गुप्ता जी, पालम प्रधान, दिल्ली की विशेष उपस्थिति रही।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बंटी प्रधान जी एवं कान्ता पचौरी जी लुटसान उपस्थित रहे, जिनकी गरिमामयी मौजूदगी ने आयोजन को और अधिक भव्यता प्रदान की।
इस अवसर पर डॉ. विकास शर्मा ने कहा कि कुश्ती दंगल केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि हमारी ग्रामीण संस्कृति, परंपरा, शक्ति, अनुशासन और युवा ऊर्जा का जीवंत प्रतीक है। ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सशक्त मंच प्रदान करते हैं और पारंपरिक खेलों को नई पहचान दिलाने का कार्य करते हैं।
दंगल में क्षेत्र के नामी पहलवानों ने अपने शानदार दांव-पेंच और खेल कौशल का अद्भुत प्रदर्शन कर उपस्थित दर्शकों को रोमांचित कर दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, युवाओं और खेल प्रेमियों की उपस्थिति ने यह सिद्ध कर दिया कि हमारी मिट्टी में खेल, संस्कृति और परंपरा आज भी पूरी तरह जीवंत है।
डॉ. विकास शर्मा ने कार्यक्रम संयोजक श्री विवेक उपाध्याय जी, जिला अध्यक्ष कांग्रेस, हाथरस एवं समस्त मेला समिति का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस ऐतिहासिक एवं गरिमामयी आयोजन का हिस्सा बनना उनके लिए गौरव, सम्मान और प्रसन्नता का विषय है।
इस अवसर पर नवीन उपाध्याय जी, सुशील उपाध्याय जी, मेला प्रधान श्री रामप्रकाश उपाध्याय जी, श्री भूपेंद्र शर्मा जी, श्री पप्पू राठौर जी, श्री कालीचरण मस्ताना जी, श्री योगेश शर्मा जी, श्री सुखबीर सिंह जी, श्री बृजेश सिंह जी, श्री जितेंद्र उपाध्याय जी, श्री सियाराम उपाध्याय जी, श्री मनोज गोली जी, श्री सचिन उपाध्याय जी, श्री हिमांशु सेंगर जी, श्री प्रदीप तोमर जी सहित अनेक सम्मानित गणमान्यजन उपस्थित रहे।
डॉ. विकास शर्मा ने कहा कि समाज, संस्कृति, खेल और जनहित से जुड़े प्रत्येक सकारात्मक कार्य में उनकी सहभागिता सदैव बनी रहेगी। उन्होंने सभी क्षेत्रवासियों के स्नेह, आशीर्वाद और विश्वास को अपनी सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए सभी का आभार व्यक्त किया।
अंत में उन्होंने कहा कि: “जहाँ परंपरा है, वहीं पहचान है। खेल, संस्कृति और समाज ही हमारी असली शक्ति है। गाँव की मिट्टी से जुड़ाव ही सबसे बड़ा गौरव है। जनसेवा, संस्कृति और समाज के प्रति समर्पण निरंतर जारी रहेगा।”
हाथरस। शहर में आज ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस रैली को नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया खण्ड शिक्षा अधिकारी आलोक श्रीवास्तव द्वारा बुके देकर अतिथियों का स्वागत किया गया जागरूकता रैली इन्दिरा गाँधी जू०हा०स्कूल लाला का नगला से प्रारंभ होकर विजय नगर, घंटाघर, बुर्ज वाला कुआं से घांस की मंडी होती हुई इन्दिरा गाँधी जू०हां०स्कूल पर समाप्त हुई तत्त्पश्चात सभी छात्र छात्राओं एवं शिक्षक शिक्षिकाओं को जलपान कराया गया । उक्त रैली में वार्ड मेंबर हिमांशु कौशिक, टेकपाल कुशवाह, श्रीमती वीना जैन, धीरज जैन, ाकेश कुमार, नगर क्षेत्र ए०आर०पी० अजय कुमार शर्मा, उमेश कुमार सारस्वत, अजय कुमार सिंह. श्रीमती मयूरी शर्मा, रवि मोहन उपाध्याय, कार्यालय स्टाफ हम्माद, संजय, राजेंद्र, शिव कुमार, श्रीमती ममता, श्रीमती निशा एवं शिक्षक संकुल चंद्रवीर सिंह, विमल कुमार शर्मा, दीपांशु वार्ष्णेय, विजय कुमार शर्मा एवं अध्यापक गण जीतेंन्द्र शर्मा, धर्मेन्द्र, श्रीमती राखी, श्रीमती किरन वार्ष्णेय, श्रीमती सुनीता शर्मा, रन सिंह, नीतेश, कैलाश चन्द एवं छात्र-छात्राए उपस्थित रहे।
हाथरस। 105 आर्यिका आर्षमति माता जी की प्रेरणा से ज्ञानार्ष महिला मंडल द्वारा आज गांव नगला भुस स्थित वृद्ध आश्रम में रहने वाले महिला पुरुषों को खाद्य सामग्री वितरित करने के अलावा आवश्यक जरूरी सामान तेल साबुन आदि वितरित किया गया। साथ सभी महिला पुरुषों को महिलाओं ने अपने हाथों से भोजन भी परोसा था। मुख्य अतिथि श्री जैन नवयुवक सभा अध्यक्ष उमाशंकर जैन विजय जैन लोहिया का सभी ने दुपट्टा और माला पहनकर स्वागत किया। अध्यक्ष उमाशंकर जैन ने कहा कि ज्ञानार्ष महिला मंडल महिला जिस तरह से समाज सेवा के साथ साथ मंदिरों में भक्ति भाव से कार्यक्रम आयोजित कर रहा है वह निश्चित रूप से सराहनीय है। 105 आर्षमति माता जी द्वारा हाथरस प्रवास के समय तीन साल पूर्व ज्ञानार्ष महिला मंडल का गठन कर जो प्रेरणा दी थी उसी अनुसार महिलाये समाज सेवा के कार्य कर रही है। जैन समाज की महिलाएं समाज सेवा के क्षेत्र में प्रमुख भूमिका निभा रही है प्रत्येक माह गरीब लोगों की सहायता के लिए तो काम कर ही रही है साथी जैन समाज की महिलाओं को भी एकजुट कर उन्हें समाज सेवा के लिए प्रेरित कर रहा है इस मौके पर लवीजैन, इलाजैन, सुनीता जैन, नंदिनी जैन, कीर्ति जैन, रूही जैन, प्रीति जैन, मीनाक्षी जैन, शालिनी जैन , प्रज्ञा जैन, शिल्पी जैन, खुशबू जैन ममता जैन , वंदिता जैन, प्रियंका जैन, चंचल जैन, मोहिनी जैन , दीप्ति जैन, ममता जैन, जुली जैन , डॉली जैन , शिखा जैन, ऊषा जैन, समता जैन, संतोष जैन,के अलावा जैन ज्वैलर्स के संचालक छीतर मल जैन,अनिल जैन गुड्डू, अमित जैन सुधीर जैन संदीप जैन कमलेश जैन लाल वाला, अंकित जैन शुभम जैन ca राजीव जैन,सचिन जैन,अंकुल जैन श्वेतांक जैन,दीपक जैनशुभम जैन,अंकुर जैन, आदि मौजूद थे।
हाथरस। गैस सिलेंडर नही मिलने पर उपभोक्ताओं ने नगर पालिका मार्केट स्थित श्याम गैस एजेंसी पर जमकर हंगामा काटा। हंगामा की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुँच गई। गैस सिलेंडर की गाड़ी गोदाम पर आने और जल्द गैस सिलेंडर की डिलीवर देने की बात पर हंगामा शांत हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर पालिका मार्केट स्थित श्याम गैस एजेंसी पर गैस सिलेंडर लेने महिला ,पुरूष आये हुये थे।
लेकिन काफी देर होने के बाद भी उनकी कोई सुन नही रहा था। परेशान होकर एजेंसी पर मौजूद उपभोक्ताओं ने हंगामा काटना शुरू कर दिया। हंगामा काट रही महिलाओं ने एजेंसी पर सिलेंडर ब्लैक करने के भी आरोप लगाये है। उनका कहना था कि गैस डिलीवरी के मैसेज उनके पास आये है लेकिन सिलेंडर नही मिला है। । वहीँ गैस एजेंसी कर्मचारी द्वारा प्लांट से गैस नही मिलने की भी बात कही जा रही है। गैस एजेंसी पर हो रहे हंगामा के दौरान वहां पहुँचे भव्यप्रभात के संवाददाता मनीष कूलवाल ने वीडियो बना लिया। काफी देर तक गैस सिलेंडर नही मिलने पर उपभोक्ता वापस लौट गये।
सादाबाद। आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह की रोजगार पदयात्रा रविवार को आगरा-अलीगढ़ राजमार्ग होते हुए सादाबाद पहुंची। इस दौरान जगह-जगह कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने यात्रा का जोरदार स्वागत किया। सादाबाद पहुंचने पर सांसद संजय सिंह ने कहा कि इस पदयात्रा का मुख्य उद्देश्य युवाओं के लिए रोजगार की आवाज को बुलंद करना है। उन्होंने कहा कि देश में बेरोजगार युवाओं की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है और हालात ऐसे हो गए हैं कि “बेरोजगारों की फौज” खड़ी हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब युवा रोजगार की मांग करते हैं तो उनके साथ अन्याय किया जाता है और कई बार उन पर फर्जी मुकदमे तक दर्ज कर दिए जाते हैं। सांसद ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जाए, अन्यथा उन्हें हर महीने 10 हजार रुपये का बेरोजगारी भत्ता दिया जाना चाहिए। संजय सिंह ने अपने संबोधन में आशा कार्यकर्ताओं, आंगनबाड़ी कर्मचारियों और शिक्षामित्रों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि ये सभी वर्ग लंबे समय से अपने स्थायीकरण की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश को असली मुद्दों से भटकाया जा रहा है और सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, महंगाई, गैस सिलेंडर और रोजगार जैसे बुनियादी सवालों पर जवाब देने से बच रही है। सांसद ने कहा कि वर्तमान समय में जाति और धर्म के नाम पर राजनीति कर जनता से वोट लेने की कोशिश की जा रही है, जो लोकतंत्र के लिए उचित नहीं है। मौके पर आरती भट्ट सहित अन्य कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।
सादाबाद। थाना सादाबाद क्षेत्र में केला व्यापारी से हुई लूट की घटना का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार की देर रात एंटी थेफ्ट टीम और थाना सादाबाद पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में हुई मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए करीब 1.97 लाख रुपये, आभूषण, मोबाइल फोन, अवैध तमंचा और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। सीओ अमित पाठक ने बताया कि 3 अप्रैल 2026 को मोहल्ला इस्लामनगर बाईपास, सादाबाद निवासी लवकुश ने थाना सादाबाद में तहरीर दी थी कि 2 अप्रैल की रात करीब 10 बजे उनके चाचा हरिओम अपने केला प्लांट से घर लौट रहे थे। तभी छावी मियां के बाग के पास चार अज्ञात बदमाशों ने उनकी मोटरसाइकिल रुकवाकर मारपीट की और लगभग चार लाख रुपये नकद, सोने की अंगूठी, कड़ा व मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन व क्षेत्राधिकारी सादाबाद के नेतृत्व में पांच टीमों का गठन किया गया। साथ ही एंटी थेफ्ट टीम व सर्विलांस टीम को भी सक्रिय किया गया। इसी क्रम में 4 अप्रैल को संदिग्ध व्यक्ति/वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि लूट की घटना में शामिल बदमाश दोबारा वारदात की फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की तो एक मोटरसाइकिल पर सवार चार संदिग्ध दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर बदमाश भागने लगे। पीछा करने पर मथुरा-बिसाना रोड से लिंक राया रोड मडनई कट के पास बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें शिवम पुत्र प्रहलाद निवासी चमरपुरा थाना सादाबाद गोली लगने से घायल हो गया और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद पुलिस ने कांबिंग के दौरान अन्य तीन आरोपी दीपू पुत्र राजपाल निवासी चमरपुरा, रंजीत कुमार पुत्र राजाबाबू निवासी खेड़ा परसौली थाना चंदपा और पवन कुमार उर्फ चुन्ना पुत्र गेदालाल निवासी नगला अर्जुन थाना खंदौली (आगरा) को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक तमंचा 315 बोर, 2 जिंदा कारतूस व एक खोखा कारतूस, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, 1,97,000 रुपये नगद, एक पीली धातु की अंगूठी, कड़ा तथा लूटा गया मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है और उनसे विस्तृत पूछताछ की जा रही है। साथ ही अन्य संभावित घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। इस पूरी कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार सिंह व एंटी थेफ्ट टीम प्रभारी सुरेंद्र कुमार सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सादाबाद। बिसावर शीतगृह पर रविवार को संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में 322 वीं रैंक प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन करने वाले गांव नगला बीरवल अतिया निवासी राहुल चौधरी का स्वागत और सम्मान किया गया। विधायक प्रदीप चौधरी, रालोद नेता गिरेन्द्र चौधरी एवं यथार्थ चौधरी ने राहुल चौधरी को पगड़ी बांधकर व माल्यार्पण कर तथा चांदी का मुकुट पहनाकर सम्मानित किया। गिरेंद्र चौधरी ने कहा कि राहुल की सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और यह दिखाती है कि मेहनत और लगन से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। इस मौके पर रालोद जिला अध्यक्ष श्याम सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष केशव चौधरी, रामहरि चाहर, महीपाल सिंह, जगवीर सिंह चौधरी, नरेंद्र चौधरी, सोनवीर सिंह, सचिन पहलवान, लोकेंद्र चौधरी, अजय चौधरी, मनोज पंसारी सहित लोग मौजूद थे।