चित्रकला से होता है बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा का निखार :आशीष सेंगर , सेवा संकल्प अभियान के तहत डिजिटल इंडिया थीम पर आयोजित हुई चित्रकला प्रतियोगिता, विजेता विद्यार्थियों को किया पुरस्कृत
हाथरस। सेवा संकल्प अभियान के तहत हाथरस विकासखंड के सविलियन विद्यालय कटेलिया में डिजिटल इंडिया थीम पर चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने डिजिटल भारत की अवधारणा को आकर्षक चित्रों एवं पोस्टरों के माध्यम से प्रस्तुत कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जिला प्रचार प्रमुख आशीष सेंगर रहे। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए चित्रों का अवलोकन करते हुए उनकी रचनात्मकता की सराहना की। प्रतियोगिता में सोहम ने प्रथम, काजल ने द्वितीय तथा अनन्या ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। वहीं प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले सभी विद्यार्थियों को भी सांत्वना पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।
मुख्य अतिथि आशीष सेंगर ने कहा कि चित्रकला बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को निखारने का प्रभावी माध्यम है। डिजिटल इंडिया आज के समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है और विद्यार्थियों को तकनीक के साथ रचनात्मकता एवं जिम्मेदारी का समन्वय करना चाहिए। ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास और नई सोच विकसित करते हैं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य मृदुल शर्मा ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। विद्यालय में शिक्षा के साथ-साथ बच्चों की रचनात्मक एवं सामाजिक सोच को विकसित करने के लिए निरंतर ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

