Breaking News
सादाबाद के चर्चित चौधरी ने 96.66 फीसदी अंकों के साथ उर्तीण की राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा, बढ़ाया क्षेत्र का मान

सादाबाद। गांव नगला मान सहाय निवासी चर्चित चौधरी ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर ’’विश्वविद्यालय अनुदान आयोग की राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा, जून 2026 में सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा आयोजित इस परीक्षा का परिणाम 28 अगस्त की देर रात जारी किया गया। इसमें चर्चित चौधरी ने 96.66 अंक’’ प्राप्त कर सहायक प्राध्यापक पद के लिए पात्रता हांसिल की।
चर्चित चौधरी, नगला मान सहाय निवासी युवराज सिंह के सुपुत्र एवं पूर्व ग्राम प्रधान बनी सिंह के पौत्र हैं। विशेष बात यह है कि उन्होंने यह महत्वपूर्ण सफलता एमए प्रथम वर्ष में अध्ययनरत रहते हुए ही हासिल की है। चर्चित चौधरी की इस उपलब्धि से परिवार, रिश्तेदारों और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है। परिजनों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। शिक्षक केरम सिंह व अन्य क्षेत्रवासियों ने कहा कि चर्चित चौधरी ने अपनी मेहनत और लगन से यह उपलब्धि हासिल कर युवाओं के लिए प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है। उनकी सफलता से पूरे क्षेत्र में गौरव और उत्साह का माहौल है

सादाबाद में समाजसेवी धर्मेंद्र गौतम ने किया खेल प्रतिभाओं का सम्मान, मिला प्रोत्साहन
सादाबाद में 21 को होगी किसानो की महापंचायत


सादाबाद। भारतीय किसान यूनियन के बैनरतले 21 अगस्त को दोपहर 12 बजे महापंचायत आयोजित की जाएगी। इस महापंचायत में सादाबाद, सिकंदराराऊ और सासनी व हाथरस के किसान भारी संख्या में शामिल होंगे। तहसील अध्यक्ष विक्रम सिंह वर्मा व मंडल उपाध्यक्ष चंद्रेश चौधरी ने बताया कि भाकियू 10 अगस्त से अपनी चार मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन धरने पर है। उनकी मांग है कि सरकार किसानों का आलू कोल्ड भाड़ा स्वयं जमा करे। सरकार किसानों के आलू को 1600 रूपया प्रति क्विंटल से खरीद करे। किसानों का बैंक कर्ज माफ किया जाए। किसान फार्मर रजिस्ट्री को रद्द किया जाए।

अखिलेश यादव से मिले सपा नेता चौ. सत्यवीर


सादाबाद। समाजवादी पार्टी सादाबाद के वरिष्ठ नेता व समाजसेवी चौधरी सत्यवीर सिकरवार ने लखनऊ स्थित सपा के प्रदेश कार्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष को उनका छायाचित्र भेंट किया।
मुलाकात के दौरान चौधरी सत्यवीर सिकरवार ने सादाबाद विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानीय मुद्दों, जनसमस्याओं और राजनीतिक समीकरणों को लेकर अखिलेश यादव को जानकारी दी। दोनों के बीच क्षेत्र की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों और आगामी दिनों में उठाए जाने वाले जनहित के मुद्दों को लेकर भी चर्चा हुई। चौधरी सत्यवीर सिकरवार ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का मार्गदर्शन सदैव उत्साहवर्धक रहा है। उन्होंने कहा कि मुलाकात के बाद वे नई ऊर्जा के साथ क्षेत्र की जनता के बीच रहकर बढ़ती महंगाई व अन्य जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने और उनके समाधान के लिए प्रयास करने के संकल्प के साथ लौट रहे हैं।

अल्ट्रा मैराथन में मोहन ने जीता मैडल


सादाबाद। गांव मंस्या खुर्द, सादाबाद निवासी एवं 68 वर्षीय अंतर्राष्ट्रीय एथलीट मोहन सिंह आर्य ने चंडीगढ़ में आयोजित लेक टू लेक 30 किलोमीटर अल्ट्रा मैराथन में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने गांव, क्षेत्र, जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया।
16 अगस्त 2026 को आयोजित इस चुनौतीपूर्ण अल्ट्रा मैराथन में मोहन सिंह आर्य ने 30 किलोमीटर की दूरी 3 घंटे 58 मिनट में पूरी की। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उन्हें मेडल देकर सम्मानित किया गया। यह मैराथन पहाड़ी क्षेत्र में आयोजित हुई, जिसमें प्रतिभागियों ने चंडीगढ़ से दौड़ शुरू की और करीब 30 किलोमीटर की कठिन दूरी तय करते हुए टिक्कर ताल पहुंचकर दौड़ पूरी की। पहाड़ी रास्ते और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद मोहन सिंह आर्य ने पूरे उत्साह और दृढ़ संकल्प के साथ दौड़ पूरी की।

गांव सलेमपुर में निकला 12 फुट लंबा अजगर


सादाबाद। गांव सलेमपुर में बुधवार को चरी के खेत में करीब 12 फुट लंबा विशाल अजगर निकल आने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। अजगर चरी काटते समय किसान निर्मल चौधरी को दिखाई दिया। विशाल अजगर को देखते ही किसान ने शोर मचा दिया, जिसके बाद मौके पर काफी किसान पहुंच गए। सूचना पर प्रधानपति रवि पहलवान पहुंचे और वन विभाग को सूचित किया।
वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित पकड़ लिया। वन विभाग की टीम अजगर को अपने साथ ले गई और बाद में उसे जंगल में सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया। बताया जा रहा है कि अजगर अपने शिकार की तलाश में चरी के खेत में छिपकर बैठा था। खेत में अजगर निकलने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और लोग अजगर को देखने के लिए पहुंचने लगे।

सेवानिवृत्त नायब तहसीलदार का हार्ट अटैक से निधन


सादाबाद। कस्बे के मोहल्ला मुकेर खाना नई बस्ती में सेवानिवृत्त नायब तहसीलदार का बीती रात हृदय गति रुक जाने से निधन हो गया। इससे लोगों में में शोक की लहर दौड़ गई।
मूल रूप से गांव गीगला के रहने वाले करीब 70 वर्षीय सर्वेश कुमार कुलश्रेष्ठ कई वर्षों तक सादाबाद तहसील में राजस्व निरीक्षक के पद पर कार्यरत रहे। सेवाकाल के अंतिम दिनों में पदोन्नति पाकर उन्होंने मथुरा जिले में नायब तहसीलदार के रूप में सेवाएं दी। बीते कुछ समय से उनका स्वास्थ्य खराब चल रहा था। सोमवार की देर रात हृदय गति रुक जाने से उनका निधन हो गया। वह अपने पीछे भरा पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके परिवार में दो बेटे और तीन पौत्र, एक पौत्री है। मंगलवार को उनके पैतृक गांव में भारी भीड़ के बीच उन्हें अंतिम विदाई दी गई। उनके ज्येष्ठ पुत्र दस्तावेज लेखक संजय कुलश्रेष्ठ ने उन्हें मुखाग्नि दी। नगर के तमाम लोगों ने उनके आवास पर पहुंचकर शोक संवेदना जाहिर की।

भक्ति में सराबोर रहा सादाबाद, विशाल भंडारे में उमड़े श्रद्धालु


सादाबाद। अधिक मास के छठे मंगलवार को नगर में श्रद्धा, भक्ति और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला। विभिन्न स्थानों पर धार्मिक कार्यक्रमों एवं प्रसादी वितरण का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
सलेमपुर रोड स्थित हनुमान मंदिर पर श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ संकटमोचन हनुमान जी की पूजा-अर्चना कर भोग अर्पित किया तथा परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में दिनभर भक्तों का आना-जाना लगा रहा और भक्ति भाव का वातावरण बना रहा। सके उपरांत सलेमपुर मोड़ स्थित श्री भगवान मार्केट में विशाल भंडारा एवं प्रसादी वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भंडारे में नगर के श्रद्धलुओं, राहगीरों एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक पूड़ी-सब्जी की प्रसादी ग्रहण की। आयोजन स्थल पर सेवा भाव और धार्मिक उत्साह का विशेष माहौल देखने को मिला। प्रसाद वितरण में अरुण अग्रवाल, प्रेम अग्रवाल, विजय अग्रवाल, सौरभ अग्रवाल, राजीव अग्रवाल, ऋषि अग्रवाल, शशि अग्रवाल एवं अमरीश अग्रवाल सहित अन्य सहयोगियों की भूमिका सराहनीय रही। वहीं श्रद्धालुओं के लिए पेयजल व्यवस्था में दिनेश वार्ष्णेय का सहयोग विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा।

सादाबाद के मोहन ने जीते तीन स्वर्ण पदक


सादाबाद। संयुक्त भारत खेल फाउंडेशन के तत्वावधान में हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध धर्मशाला स्टेडियम में 5 से 7 जून 2026 तक राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विभिन्न राज्यों के खिलाड़ियों ने इसमें प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए हाथरस जनपद की सादाबाद तहसील के गांव मंस्या निवासी अंतरराष्ट्रीय एथलीट मोहन सिंह आर्य ने शानदार प्रदर्शन किया।
मोहन सिंह ने एथलेटिक्स की 3000 मीटर, 5000 मीटर तथा 10000 मीटर दौड़ प्रतियोगिताओं में भाग लेते हुए तीनों स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश और जनपद का गौरव बढ़ाया। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में मोहन सिंह आर्य की उपलब्धि ने क्षेत्रवासियों को गौरवान्वित किया है। उनकी इस सफलता पर खेल प्रेमियों और क्षेत्र के लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। उल्लेखनीय है कि मोहन सिंह आर्य भारत संचार निगम लिमिटेड में मुख्य लेखाधिकारी के पद से सेवानिवृत्त हैं। सेवानिवृत्ति के बाद भी उन्होंने खेलों के प्रति अपने समर्पण और अनुशासन को बनाए रखा है। उनकी इस उपलब्धि पर खेल प्रेमी वीरपाल सिंह, ओमवीर सिंह, अजरूद्दीन फौजी, सौरभ चौधरी, फौजी कुमार, सन्नी बधोतिया,विष्णु, तनु, रितु चौधरी, खुशी धनगर, अमित, पुष्पेन्द्र सिंह, आयुष, अरब, हरीश चौधरी, अक्षत शर्मा आदि ने खुशी जाहिर की और गांव शेरपुर में मोहन सिंह का माल्यापर्ण कर सम्मान किया।

केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल का एमडी हॉस्पीटल में हुआ भव्य स्वागत

सादाबाद। केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल के सादाबाद आगमन पर उनका भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। हाथरस रोड स्थित एमडी हॉस्पिटल में अस्पताल के चेयरमैन एवं समाजसेवी धर्मेंद्र गौतम ने केंद्रीय मंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट कर तथा पटका पहनाकर उनका अभिनंदन किया।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल ने क्षेत्र के विकास, जनसेवा और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार की प्रतिबद्धता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सरकार आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को भी सुना। स्वागत समारोह में धर्मेंद्र गौतम ने केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सादाबाद आगमन से क्षेत्र के लोगों को नई ऊर्जा और प्रेरणा मिली है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य एवं सामाजिक क्षेत्र में जनहित के कार्य आगे भी निरंतर जारी रहेंगे। कार्यक्रम में अनिका गौतम, आरबी गौतम, रवि गौतम, ओमप्रकाश बघेल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page