सादाबाद में समाजसेवी धर्मेंद्र गौतम ने किया खेल प्रतिभाओं का सम्मान, मिला प्रोत्साहन
सादाबाद। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर हाथरस रोड स्थित एमडी हॉस्पिटल परिसर में रविवार को खेल प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में एथलेटिक्स, क्रिकेट, ताइक्वांडो समेत विभिन्न खेलों में जिला, राज्य एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
समारोह के आयोजक समाजसेवी धर्मेंद्र गौतम ने कहा कि सादाबाद विधानसभा क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत है कि इन प्रतिभाओं को उचित मार्गदर्शन और बेहतर मंच उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के युवा प्रतिभाशाली खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हाथरस जिले का नाम रोशन करने की क्षमता रखते हैं। खिलाड़ियों को सम्मानित करने का उद्देश्य उन्हें प्रोत्साहित करना है, ताकि वे अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर लगातार आगे बढ़ते रहें। कार्यक्रम में ताइक्वांडो के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी डॉ. संतोष सिंह’ और एथलेटिक्स के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मोहन सिंह आर्य ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल में निरंतर मेहनत करने के साथ-साथ अपनी पढ़ाई भी जारी रखने का आह्वान किया। युवा खिलाड़ी ’’अजरूहद्दीन’’ ने भी खिलाड़ियों को मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर समाजसेवी धर्मेंद्र गौतम ने एथलेटिक्स खिलाड़ियों हरीश चौधरी, अनमोल बघेल, समीर खान, कृष्णा, कान्हान कुमार, योगेश कुमार, वंश चौधरी, अंश शर्मा, रितु चौधरी, काव्या चौधरी, मनी शर्मा और तनीष चौधरी के अलावा मोहन सिंह आर्य, डॉ. संतोष कुमार और अजरूहद्दीन को स्मृति चिह्न एवं पटका पहनाकर सम्मानित किया। समारोह में ’’अनिका गौतम, आरबी गौतम’’ सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

