Breaking News
सेवानिवृत्त नायब तहसीलदार का हार्ट अटैक से निधन


सादाबाद। कस्बे के मोहल्ला मुकेर खाना नई बस्ती में सेवानिवृत्त नायब तहसीलदार का बीती रात हृदय गति रुक जाने से निधन हो गया। इससे लोगों में में शोक की लहर दौड़ गई।
मूल रूप से गांव गीगला के रहने वाले करीब 70 वर्षीय सर्वेश कुमार कुलश्रेष्ठ कई वर्षों तक सादाबाद तहसील में राजस्व निरीक्षक के पद पर कार्यरत रहे। सेवाकाल के अंतिम दिनों में पदोन्नति पाकर उन्होंने मथुरा जिले में नायब तहसीलदार के रूप में सेवाएं दी। बीते कुछ समय से उनका स्वास्थ्य खराब चल रहा था। सोमवार की देर रात हृदय गति रुक जाने से उनका निधन हो गया। वह अपने पीछे भरा पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके परिवार में दो बेटे और तीन पौत्र, एक पौत्री है। मंगलवार को उनके पैतृक गांव में भारी भीड़ के बीच उन्हें अंतिम विदाई दी गई। उनके ज्येष्ठ पुत्र दस्तावेज लेखक संजय कुलश्रेष्ठ ने उन्हें मुखाग्नि दी। नगर के तमाम लोगों ने उनके आवास पर पहुंचकर शोक संवेदना जाहिर की।

भक्ति में सराबोर रहा सादाबाद, विशाल भंडारे में उमड़े श्रद्धालु


सादाबाद। अधिक मास के छठे मंगलवार को नगर में श्रद्धा, भक्ति और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला। विभिन्न स्थानों पर धार्मिक कार्यक्रमों एवं प्रसादी वितरण का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
सलेमपुर रोड स्थित हनुमान मंदिर पर श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ संकटमोचन हनुमान जी की पूजा-अर्चना कर भोग अर्पित किया तथा परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में दिनभर भक्तों का आना-जाना लगा रहा और भक्ति भाव का वातावरण बना रहा। सके उपरांत सलेमपुर मोड़ स्थित श्री भगवान मार्केट में विशाल भंडारा एवं प्रसादी वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भंडारे में नगर के श्रद्धलुओं, राहगीरों एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक पूड़ी-सब्जी की प्रसादी ग्रहण की। आयोजन स्थल पर सेवा भाव और धार्मिक उत्साह का विशेष माहौल देखने को मिला। प्रसाद वितरण में अरुण अग्रवाल, प्रेम अग्रवाल, विजय अग्रवाल, सौरभ अग्रवाल, राजीव अग्रवाल, ऋषि अग्रवाल, शशि अग्रवाल एवं अमरीश अग्रवाल सहित अन्य सहयोगियों की भूमिका सराहनीय रही। वहीं श्रद्धालुओं के लिए पेयजल व्यवस्था में दिनेश वार्ष्णेय का सहयोग विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा।

व्यापारी संवाद कार्यक्रम में जीएसटी संबंधी समस्याओं का हुआ समाधान


सादाबाद। राज्य कर विभाग, हाथरस द्वारा स्थानीय अग्रसेन सेवा सदन में व्यापारी संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के व्यापारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों ने व्यापारियों से सीधे संवाद स्थापित करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं और उनका व्यावहारिक समाधान बताया। डिप्टी कमिश्नर आर.के. सिंह, असिस्टेंट कमिश्नर मयंक जैन, हरिनाथ यादव तथा राज्य कर अधिकारी नीरज कुमार ने जीएसटी से जुड़े विभिन्न प्रावधानों की जानकारी देते हुए व्यापारियों को समय पर रिटर्न दाखिल करने और डिजिटल प्रक्रियाओं का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान व्यापारियों ने ऑनलाइन प्राप्त होने वाले भुगतान के बाउचर और लेखा-जोखा संबंधी समस्याएं भी अधिकारियों के समक्ष रखीं। अधिकारियों ने विस्तार से जानकारी देकर उनकी शंकाओं का समाधान किया और आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। व्यापारियों ने विभाग द्वारा आयोजित इस संवाद कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से विभाग और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होता है तथा कर संबंधी जटिलताओं को समझने में मदद मिलती है। कार्यक्रम में विपिन अग्रवाल, राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल एडवोकेट, संजीव शर्मा एडवोकेट, रजत अग्रवाल सीए, प्रवीण अग्रवाल सीए, अंकुर गौड़, अमरीश अग्रवाल, अरुणेश वार्ष्णेय, आनंद त्यागी, पंकज बिरला, संजीव बिरला सहित अन्य व्यापारी उपस्थित रहे।

सादाबाद के मोहन ने जीते तीन स्वर्ण पदक


सादाबाद। संयुक्त भारत खेल फाउंडेशन के तत्वावधान में हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध धर्मशाला स्टेडियम में 5 से 7 जून 2026 तक राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विभिन्न राज्यों के खिलाड़ियों ने इसमें प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए हाथरस जनपद की सादाबाद तहसील के गांव मंस्या निवासी अंतरराष्ट्रीय एथलीट मोहन सिंह आर्य ने शानदार प्रदर्शन किया।
मोहन सिंह ने एथलेटिक्स की 3000 मीटर, 5000 मीटर तथा 10000 मीटर दौड़ प्रतियोगिताओं में भाग लेते हुए तीनों स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश और जनपद का गौरव बढ़ाया। इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में मोहन सिंह आर्य की उपलब्धि ने क्षेत्रवासियों को गौरवान्वित किया है। उनकी इस सफलता पर खेल प्रेमियों और क्षेत्र के लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। उल्लेखनीय है कि मोहन सिंह आर्य भारत संचार निगम लिमिटेड में मुख्य लेखाधिकारी के पद से सेवानिवृत्त हैं। सेवानिवृत्ति के बाद भी उन्होंने खेलों के प्रति अपने समर्पण और अनुशासन को बनाए रखा है। उनकी इस उपलब्धि पर खेल प्रेमी वीरपाल सिंह, ओमवीर सिंह, अजरूद्दीन फौजी, सौरभ चौधरी, फौजी कुमार, सन्नी बधोतिया,विष्णु, तनु, रितु चौधरी, खुशी धनगर, अमित, पुष्पेन्द्र सिंह, आयुष, अरब, हरीश चौधरी, अक्षत शर्मा आदि ने खुशी जाहिर की और गांव शेरपुर में मोहन सिंह का माल्यापर्ण कर सम्मान किया।

केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल का एमडी हॉस्पीटल में हुआ भव्य स्वागत

सादाबाद। केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल के सादाबाद आगमन पर उनका भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। हाथरस रोड स्थित एमडी हॉस्पिटल में अस्पताल के चेयरमैन एवं समाजसेवी धर्मेंद्र गौतम ने केंद्रीय मंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट कर तथा पटका पहनाकर उनका अभिनंदन किया।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल ने क्षेत्र के विकास, जनसेवा और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार की प्रतिबद्धता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सरकार आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को भी सुना। स्वागत समारोह में धर्मेंद्र गौतम ने केंद्रीय मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सादाबाद आगमन से क्षेत्र के लोगों को नई ऊर्जा और प्रेरणा मिली है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य एवं सामाजिक क्षेत्र में जनहित के कार्य आगे भी निरंतर जारी रहेंगे। कार्यक्रम में अनिका गौतम, आरबी गौतम, रवि गौतम, ओमप्रकाश बघेल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

जागरूकता रैली निकालकर नशामुक्त जीवन जीने का दिलाया संकल्प

विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, सादाबाद द्वारा किया गया आयोजन
सादाबाद। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, सादाबाद द्वारा शनिवार को जन-जागरूकता रैली एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें लोगों को तंबाकू और अन्य नशों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।
जागरूकता रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली। रैली में शामिल ब्रहम कुमारियों व भाईयों एवं नागरिकों ने तंबाकू सेवन छोड़ने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया। रैली के दौरान विभिन्न संदेशों के माध्यम से लोगों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के बारे में जानकारी दी गई। केंद्र प्रभारी एवं वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका बीके भावना ने कहा कि नशा व्यक्ति की शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आध्यात्मिक शक्तियों को कमजोर करता है। राजयोग मेडिटेशन आत्मबल को बढ़ाकर व्यक्ति को नशे जैसी बुराइयों से दूर रहने की शक्ति प्रदान करता है। मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि राधारमण अग्रवाल ने कहा कि स्वस्थ और सशक्त समाज के निर्माण के लिए नशामुक्ति आवश्यक है। युवाओं को तंबाकू एवं अन्य नशों से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक योगदान देना चाहिए। इस अवसर पर ग्राम पंचायत तसींगा के प्रधान प्रतिनिधि श्यामवीर सिंह, रेलवे गार्ड दयाशंकर यादव, अग्रवाल सभा के अध्यक्ष पीयूष अग्रवाल, समाजसेवी दाऊ अग्रवाल, हरिदत्त शर्मा, रामबाबू बघेल, गिर्राज भाई, बीके मिथलेश, बीके रश्मि, बीके कमलेश, बीके कविता आदि थे। कार्यक्रम में लोगों को नशामुक्त जीवन जीने की सामूहिक प्रतिज्ञा दिलाई गई।

बार एसोसिएशन सादाबाद के वार्षिक चुनाव कार्यक्रम की घोषणा

सादाबाद। दी बार एसोसिएशन सादाबाद के वार्षिक चुनाव कार्यक्रम की घोषणा सोमवार को कर दी गई। एसोसिएशन के सचिव दिग्विजय सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि चुनाव प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि 6 और 7 मई को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। इसके बाद 8 मई को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी, जबकि दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। सचिव ने बताया कि 16 मई को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्ति के बाद उसी दिन मतगणना कर परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि नामांकन वापसी या जांच के दौरान नामांकन निरस्त होने की स्थिति में नामांकन शुल्क वापस नहीं किया जाएगा।

सादाबाद में नवागत क्षेत्राधिकारी जयनेंद्रनाथ अस्थाना ने संभाला कार्यभार

सादाबाद। सादाबाद कोतवाली क्षेत्र के नवागत पुलिस क्षेत्राधिकारी जयनेंद्रनाथ अस्थाना ने सोमवार को सीओ कार्यालय पहुंचकर विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया।
कार्यभार ग्रहण करने के दौरान उनका अखिल भारतीय प्रधान संगठन के विधानसभाध्यक्ष व कजरौठी प्रधान महाराज सिंह तथा युवा रालोद नेता दीपू चौधरी सहित अन्य लोगों ने फूलमालाओं से स्वागत किया। नवागत क्षेत्राधिकारी जयनेंद्रनाथ अस्थाना ने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना उनकी प्राथमिकता होगी। आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

सादाबाद-आज महिला श्रद्धालु हाथों पर रचाएंगी श्याम नाम की मेहंदी

सादाबाद। श्री गोवर्धन धाम खाटू श्याम मंदिर ट्रस्ट के तत्वावधान में आज मंगलवार से गुरूवार तक तीन दिनों तक बिजलीघर रोड स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर पर श्रद्धा और भक्ति की धूम रहेगी। 5 से 7 मई तक मंदिर का मंदिर का पांचवां वार्षिकोत्सव उल्लास के साथ मनाया जाएगा। कार्यक्रम के लिए सोमवार को विशाल मंच तैयार किया गया। सादाबाद के प्रत्येक गांव में प्रचार प्रसार के लिए वाहनों को रवाना किया गया। मंदिर की भी आकर्षक ढंग से साज सज्जा शुरू कर दी गई।
मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारी रजत अग्रवाल ने बताया कि महोत्सव का शुभारंभ आज 5 मई को शाम 5 बजे ‘श्याम नाम की मेहंदी’ कार्यक्रम से होगा। इसके पश्चात शाम को ही विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होंगे। मेंहदी कार्यक्रम में काफी संख्या में महिला श्रद्धालु सहभागिता करेंगी और अपने अपने हाथों पर बाबा श्याम के नाम की आकर्षक मेंहदी रचाएंगी। उन्होने बताया कि मंगलवार को सुबह 8 बजे श्री महाराज अग्रसेन सेवा सदन से 6100 निशानों के साथ भव्य निशान यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए मंदिर प्रांगण पहुंचेगी, जहां बाबा श्याम के जयकारों के बीच इसका समापन होगा। इसी दिन मंदिर समिति द्वारा द्वितीय सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें दो निर्धन कन्याओं का विवाह पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया जाएगा। समिति की ओर से नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थी का आवश्यक सामान भी भेंट किया जाएगा। उन्होने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में सहभागिता करने का आह्वान किया है।

43 साल बाद बीएसएफ से सेवानिवृति के बाद गांव पहंुचे इंस्पेक्टर चोब सिंह, हुआ स्वागत

सादाबाद। गांव झगरार निवासी चोब सिंह के बीएसएफ में इंस्पेक्टर पद से 43 वर्षों की लंबी सेवा के बाद सेवानिवृत्त होने पर सादाबाद आगमन पर उनका भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान स्थानीय लोगों व समर्थकों ने फूलमालाओं से उनका जोरदार अभिनंदन किया।
सेवानिवृत्ति के बाद सादाबाद पहुंचे चोब सिंह ने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर पूर्व विधायक प्रताप चौधरी ने भी उन्हें फूलमालाएं पहनाकर सम्मानित किया और उनके योगदान की सराहना की। चोब सिंह ने कहा कि देश सेवा का अवसर मिलना उनके लिए गर्व की बात रही और उन्होंने हमेशा ईमानदारी व निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया। इस मौके पर बनी सिंह, महेश चौधरी, सचिन पचहरा, विष्णु चौधरी, सुनील फौजी, दिनेश, पवन दिसवार, आदित्य चौधरी, दक्ष चौधरी, अंश चौधरी सहित कई लोग मौजूद रहे।

You cannot copy content of this page