Breaking News
‘उड़ान’ में बच्चों ने अपनी प्रतिभा की भरी ऊंची उड़ान

अलीगढ़। सिंघारपुर, मथुरा रोड स्थित सी.बी. गुप्ता सरस्वती विद्यापीठ में मंगलवार को वार्षिक उत्सव ‘उड़ान’ अत्यंत भव्यता और धूमधाम के साथ मनाया गया। ‘उड़ान’ नाम के अनुरूप बच्चों ने अपनी प्रतिभा की ऊंची उड़ान भरकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यालय परिसर दुल्हन की तरह सजाया गया था।
वार्षिक उत्सव ‘उड़ान’ की अध्यक्षता डॉ. जयंत शर्मा ने की। मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. प्रभास्कर राय, मंत्री भारतीय शिक्षा समिति ने अपने विचार रखे। विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीमती विजय सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष, अलीगढ़ की उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को बढ़ाया।


कार्यक्रम का शुभारंभ सभी अतिथियों व गणमान्य महानुभावों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। दीप प्रज्ज्वलन के पश्चात कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना और गणेश वंदना से हुई। नन्हे-मुन्ने बच्चों की मधुर वंदना ने पूरे परिसर को भक्तिमय बना दिया।
वंदना के उपरांत, प्रधानाचार्य श्री योगेश कुमार ने मंच पर विराजमान सभी अतिथियों का परिचय कराया और पुष्प गुच्छ व स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि आज का दिन विद्यालय के लिए गौरव का दिन है। प्रधानाचार्य जी ने उपस्थित अतिथियों का परिचय विस्तार से बताते हुए कहा कि इन महानुभावों की उपस्थिति से बच्चों को प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष डॉ. जयंत शर्मा, मुख्य वक्ता डॉ. प्रभास्कर राय और जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती विजय सिंह जैसे गणमान्य व्यक्तियों का सानिध्य मिलना विद्यालय परिवार के लिए सौभाग्य की बात है।
अपने आशीर्वचन में परम पूज्य स्वामी श्री पूर्णानंद पुरी जी महाराज ने कहा कि शिक्षा का अर्थ केवल डिग्री लेना नहीं है, शिक्षा वह है जो मनुष्य को मनुष्य बनाए। सी.बी. गुप्ता विद्यापीठ में बच्चों को शिक्षा के साथ संस्कार भी दिए जा रहे हैं, यही इस विद्यालय की सबसे बड़ी विशेषता है। उन्होंने कहा कि ‘उड़ान’ उत्सव बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच देता है, इससे उनकी उड़ान और ऊंची होगी। महामंडलेश्वर जी ने सी.बी. गुप्ता विद्यापीठ के इस सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘उड़ान’ की भूरि-भूरि प्रशंसा की और इसे बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। इसके साथ ही, उन्होंने गौ सेवा का विशेष महत्व बताते हुए उपस्थित सभी लोगों से आग्रह किया कि वे जीवन में गौ सेवा को अपनाएं तथा गायों की रक्षा व देखभाल के लिए आगे आएं। उन्होंने सभी बच्चों को उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया।


मुख्य वक्ता डॉ. प्रभास्कर राय ने कहा कि भारतीय शिक्षा समिति का उद्देश्य बच्चों को भारतीय मूल्यों से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि सी.बी. गुप्ता विद्यापीठ में पंचपदी शिक्षा प्रणाली, पंच आधारभूत विषय और पंच कोशों के माध्यम से बच्चों का सर्वांगीण विकास हो रहा है, जो सराहनीय है। ‘उड़ान’ इस विकास का ही एक सुंदर उदाहरण है। कार्यक्रम में सनातन संस्कृति और आधुनिकता का अनूठा मिश्रण भी देखने को मिला। श्रीमती विजय सिंह ने कार्यक्रम को भारतीय संस्कृति का एक सुंदर संगम बताया और कहा कि कार्यक्रम समाज को प्रेरणा देने वाले हैं।
वार्षिक उत्सव ‘उड़ान’ का एक अन्य मुख्य आकर्षण विद्यालय की वार्षिक पत्रिका ‘तेजस्वी’ का विमोचन रहा। सभी मंचासीन अतिथिगणों और पूरी संपादक टीम की गरिमामयी उपस्थिति में विधिवत रूप से पत्रिका ‘तेजस्वी’ का विमोचन किया गया, जिसे सभी ने सराहा।
वार्षिक उत्सव ‘उड़ान’ में बच्चों की प्रस्तुतियों ने सभी अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के तहत प्रस्तुत लोक नृत्य ‘एक भारत – श्रेष्ठ भारत’, महारानी लक्ष्मीबाई, वरिष्ठ नागरिक सम्मान और लेजम-डंबल ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। देश के विभिन्न राज्यों की संस्कृति को एक मंच पर दिखाकर बच्चों ने एकता का संदेश दिया। ‘शिव शक्ति मिलन’ नृत्य ने शिव और शक्ति के अद्भुत मिलन को जीवंत कर दिया, जिसे देखकर दर्शक तालियां बजाते नहीं थके। नृत्य नाटिका ‘महारानी लक्ष्मीबाई’ ने सभी को भावुक कर दिया। झांसी की रानी की वीरता और बलिदान की कहानी को बच्चों ने इतनी जीवंतता से प्रस्तुत किया कि पूरा पंडाल ‘जय लक्ष्मीबाई’ के नारों से गूंज उठा। लघु नाटिका ‘वरिष्ठ नागरिक सम्मान’ ने सभी को भावुक और सोचने पर मजबूर कर दिया। इस नाटिका के माध्यम से बच्चों ने बड़ों के सम्मान का संदेश दिया, जिससे दर्शकों की आंखें नम हो गईं। ‘भारत माँ के सच्चे सपूत डॉ. हेडगेवार’ की प्रस्तुति ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक डॉ. हेडगेवार जी के जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। अंत में बच्चों के शारीरिक प्रदर्शन ने सभी को हैरान कर दिया। बच्चों की ऊर्जा, अनुशासन और शारीरिक क्षमता देखकर अतिथियों ने खड़े होकर तालियां बजाईं। अपने अध्यक्षीय भाषण में डॉ. जयंत शर्मा जी ने कहा कि आज मुझे गर्व है कि मैं भी विद्या भारती का पूर्व छात्र हूं। उन्होंने कहा कि आज कार्यक्रम अपनी भारतीय शिक्षा, सनातन संस्कृति और सभ्यता के दर्शन हुए। उन्होंने बच्चों के प्रेरणादाई कार्यक्रमों की प्रशंसा की।
कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रबंधन समिति का विशेष योगदान रहा। बाल कल्याण समिति, के अध्यक्ष श्री इन्द्रमणि पाठक, अनिल वाष्र्णेय सी ए श्री सुभाष गुप्ता ‘लिटिल’ प्रबंध समिति के अध्यक्ष श्री संदीप विजयवर्गीय, उपाध्यक्ष श्री संजय गोयल, कोषाध्यक्ष सी.ए. अनिल गुप्ता, कार्यक्रम के संयोजक श्री भुवनेश अग्रवाल, सह सचिव मधुर राठी, मुकेश राजदरबार, डॉ मनोरंजन वाष्र्णेय, श्री प्रदीप कोडिया आदि ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। इसके साथ ही, विद्यालय के सचिव श्री राजीव वार्ष्णेय द्वारा विद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। जिसमें उन्होंने संस्था की प्रगति और उपलब्धियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने भौतिक विकास, सामाजिक सहयोग, NCC की उपलब्धियां, संघ के वर्गों का आयोजन होना बताया तथा उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान करते हुए कहा कि वे स्वामी विवेकानंद जी के ध्येय वाक्य “उठो, जागो ! और लक्ष्य प्राप्ति रुको मत” का अनुगमन करें । कार्यक्रम में अलीगढ़ नगर निगम के नगर उपायुक्त श्री राकेश यादव, श्री विद्या परिषद की मंत्री नीरजा शर्मा, प्रदेश निरीक्षक द्वय श्रीमती प्रेमा पानू, श्री यशवीर सिंह, विभाग प्रचारक गोविंद जी, मनवीर सिंह जी, विभाग कार्यवाह अजय सर्राफ, संघ के अनेक अन्य पदाधिकारी, प्रधानाचार्य, आचार्य, जनप्रतिनिधि, बड़ी संख्या में अभिभावक, विद्यार्थी उपस्थित रहे। इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिका ओं और समस्त कर्मचारीगणों ने पूरी तन्मयता से अपनी सहभागिता निभाई और सक्रिय रूप से शामिल रहे। अंत में श्री इंद्रमणि जी द्वारा सभी अतिथियों, अभिभावकों, आचार्य परिवार और कर्मठ सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन विद्यार्थियों – जाह्नवी अरोरा, दीप्ति तोमर, युग मिश्रा भुवनेश कुमार ने किया। कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन वन्देमातरम् के साथ हुआ ! जय हिंद

Unknown's avatar

आशीष सेंगर

 aashishsengar@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page