विश्व फार्मासिस्ट दिवस पर फार्मासिस्टों ने लिया जनसेवा एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए योगदान का संकल्प
हाथरस। विश्व फार्मासिस्ट दिवस के अवसर पर आज बागला जिला चिकित्सालय , हाथरस के सभागार में डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन उत्तर प्रदेश, जनपद शाखा हाथरस के तत्वावधान में एक सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत फार्मासिस्टों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं में फार्मासिस्टों की महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से चर्चा की।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि फार्मासिस्ट स्वास्थ्य व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। चिकित्सक द्वारा निर्धारित औषधियों को सुरक्षित एवं उचित रूप से उपलब्ध कराने, दवाओं के सही उपयोग की जानकारी देने, औषधियों के भंडारण एवं गुणवत्ता बनाए रखने तथा मरीजों को दवाओं के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करने में फार्मासिस्टों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी ढंग से पहुंचाने में भी फार्मासिस्ट निरंतर अपना योगदान दे रहे हैं।

सभा में फार्मासिस्टों ने कहा कि बदलते समय के साथ स्वास्थ्य सेवाओं की आवश्यकताएं भी निरंतर बढ़ रही हैं। ऐसे में फार्मासिस्टों की जिम्मेदारी केवल औषधि वितरण तक सीमित नहीं है, बल्कि मरीजों की सुरक्षा, औषधियों के विवेकपूर्ण उपयोग तथा जनस्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
विश्व फार्मासिस्ट दिवस के अवसर पर उपस्थित फार्मासिस्टों ने देश और समाज के कल्याण के लिए अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में फार्मासिस्टों द्वारा अधिकतम जो भी योगदान दिया जा सकता है, उसके लिए वे सदैव संकल्पित रहेंगे तथा मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में अपनी भूमिका पूरी जिम्मेदारी के साथ निभाएंगे।
कार्यक्रम में मंचासीन चीफ फार्मासिस्ट अनिल कुमार सिंह, सुरेंद्र कुमार सिंह, श्रीमती शची सिंह, अध्यक्ष ज्ञानेंद्र कुमार, सचिन उपाध्याय, गोविंद, उदय पाल सिंह, मुनेश कुमार, चंद्रशेखर, कौशल सारस्वत, विक्रम सिंह एवं वशिष्ठ जी सहित जनपद के अनेक फार्मासिस्ट उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी फार्मासिस्टों ने एक-दूसरे को विश्व फार्मासिस्ट दिवस की शुभकामनाएं दीं और स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी, सुरक्षित एवं जनोपयोगी बनाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प दोहराया।

