Breaking News
जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों की समीक्षा, 1 दिसंबर से शुरू होगा कार्य ,चार्ज ऑफिसर्स को व्यापक जागरूकता और समयबद्ध कार्य के निर्देश

हाथरस। अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) एवं जिला जनगणना अधिकारी प्रशांत तिवारी की अध्यक्षता में जनपद हाथरस में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों एवं कार्यों की प्रगति की समीक्षा हेतु चार्ज ऑफिसर्स के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जनगणना के द्वितीय चरण के अंतर्गत किए जाने वाले विभिन्न कार्यों, कार्मिकों की तैनाती एवं प्रशिक्षण, क्षेत्रीय स्तर पर कार्यों के समन्वय तथा कार्यों की नियमित निगरानी के संबंध में विस्तृत समीक्षा की गई। जिला जनगणना अधिकारी ने बताया कि जनगणना-2027 के द्वितीय चरण का कार्य 01 दिसंबर 2026 से 04 जनवरी 2027 तक निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न कराया जाएगा। वहीं नागरिकों की सुविधा के लिए 16 नवंबर 2026 से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना (Self Enumeration) की सुविधा उपलब्ध रहेगी। उन्होंने बताया कि जनगणना के द्वितीय चरण में प्रत्येक व्यक्ति से कुल 40 प्रश्न पूछे जाएंगे। इन प्रश्नों के माध्यम से प्रत्येक व्यक्ति की व्यक्तिगत, जनसांख्यिकीय, सामाजिक, शैक्षिक, आर्थिक, प्रवास, प्रजनन तथा अन्य आवश्यक जानकारियां संकलित की जाएंगी।


40 प्रश्नों में शामिल होंगे ये प्रमुख विषय- मूलभूत जानकारी (प्रश्न 1-3) नाम, परिवार के सदस्य से संबंध एवं लिंग। जनसांख्यिकीय विशेषताएं (प्रश्न 4-8) जन्म तिथि, आयु, वैवाहिक स्थिति, पति/पत्नी एवं राष्ट्रीयता। सामाजिक विशेषताएं (प्रश्न 9-13) धर्म, अनुसूचित जाति/जनजाति/जाति, पिता, माता एवं दिव्यांगता संबंधी जानकारी। भाषा एवं शिक्षा (प्रश्न 14-17) मातृभाषा, साक्षरता, डिजिटल साक्षरता एवं शिक्षा। आर्थिक गतिविधियां (प्रश्न 18-25) कार्य की स्थिति, गतिविधि की श्रेणी, व्यवसाय, उद्योग, कामगार की श्रेणी एवं गैर-आर्थिक गतिविधियां। प्रवास (प्रश्न 26-30) जन्म स्थान, अंतिम निवास स्थान, प्रवास का कारण, अवधि एवं स्थायी पता। प्रजनन संबंधी जानकारी (प्रश्न 31-33) जीवित बच्चों की संख्या, कभी जन्मे बच्चों की संख्या एवं पिछले वर्ष जन्मे बच्चे। अन्य विवरण (प्रश्न 34-40) कोविड टीकाकरण, बैंक खाता, मोबाइल, आधार, मतदाता पहचान पत्र, पासपोर्ट एवं ड्राइविंग लाइसेंस संबंधी जानकारी।
जिला जनगणना अधिकारी ने सभी चार्ज ऑफिसर्स को निर्देशित किया कि ’’स्व-गणना एवं द्वितीय चरण की जनगणना के संबंध में आमजन को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराते हुए व्यापक स्तर पर जागरूकता सुनिश्चित की जाए, ताकि अधिक से अधिक नागरिक स्व-गणना की सुविधा का लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी भारत सरकार द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं समय-सारिणी के अनुरूप पूरी गंभीरता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ कार्य करें। चार्ज ऑफिसर्स अपने-अपने क्षेत्रों में प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के कार्यों की नियमित समीक्षा करते हुए आवश्यक समन्वय सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जनगणना कार्य के दौरान नागरिकों को पूछे जाने वाले 40 प्रश्नों के संबंध में समुचित जानकारी दी जाए तथा नागरिकों द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली जानकारी को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सावधानीपूर्वक दर्ज किया जाए।
बैठक में जनगणना कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, निर्धारित समयसीमा में सभी कार्य पूर्ण करने तथा कार्य के दौरान आने वाली समस्याओं का तत्काल निस्तारण करने पर विशेष जोर दिया गया। जिला जनगणना अधिकारी ने सभी चार्ज ऑफिसर्स से अपेक्षा की कि जनगणना-2027 के द्वितीय चरण को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए पूर्ण जिम्मेदारी, आपसी समन्वय एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जाए।

बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी, चार्ज ऑफिसर्स तथा जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Unknown's avatar

आशीष सेंगर

 aashishsengar@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page