नवागत डीएम सत्य प्रकाश पटेल ने की मीडिया से वार्ता, राजस्व समस्याओं के निस्तारण पर रहेगा विशेष फोकस
हाथरस। नवागत जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने गुरुवार को कलक्ट्रेट सभागार में मीडिया बंधुओं से वार्ता की। प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने जिले के विकास, कानून-व्यवस्था, राजस्व संबंधी समस्याओं के निस्तारण सहित आगामी विधानसभा चुनाव एवं जनगणना के द्वितीय चरण को लेकर अपनी प्राथमिकताओं से अवगत कराया। इससे पूर्व जिलाधिकारी ने उपस्थित मीडिया प्रतिनिधियों से परिचय प्राप्त किया।
जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने अपने परिचय में बताया कि वह मुख्यरूप से प्रयागराज के निवासी है। उन्होंने प्रयागराज से शिक्षा ग्रहण की। इसके बाद उन्होंने मदन मोहन मालवीय गोरखपुर से बीटेक सिविल के साथ एलएलबी एवं एलएलएम की शिक्षा प्राप्त की। प्रशासनिक सेवा के दौरान वह पिथौरागढ़ की धारचुला तहसील में उपजिलाधिकारी के पद पर तैनात रहे। अलीगढ़ से भी उनका पुराना जुड़ाव रहा है। वर्ष 2018 से 2020 तक वह अलीगढ़ में नगर आयुक्त के रूप में कार्यरत रहे तथा इसके बाद कोल तहसील में एसडीएम के पद पर तैनात रहे। शासन की विभिन्न योजनाओं के निरीक्षण के सिलसिले में वह पूर्व में दो बार हाथरस भी आ चुके हैं।

उन्होंने कहा कि जनपद में राजस्व संबंधी शिकायतों और समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण पर विशेष फोकस रहेगा। वरासत और खेतों के बंटवारे से संबंधित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित कराने की बात कही। उन्होंने कहा कि आमजन को राजस्व संबंधी कार्यों के लिए अनावश्यक परेशानी न हो, इसके लिए संबंधित अधिकारियों को प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करनी होगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में कानून-व्यवस्था को और बेहतर एवं मजबूत बनाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। साथ ही जिले के विकास के लिए शासन स्तर पर योजनाएं तैयार कराकर उनके लिए बजट उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों तथा जनगणना के द्वितीय चरण का सफलतापूर्वक क्रियान्वयन भी प्रशासन की प्रमुख प्राथमिकताओं में रहेगा। इसके अलावा जनपद में ट्रांसपोर्ट नगर के निर्माण की दिशा में भी आवश्यक कार्यवाही आगे बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा।

