Breaking News
निवर्तमान जिलाधिकारी अतुल वत्स को दी गई भावभीनी विदाई

हाथरस। निवर्तमान जिलाधिकारी श्री अतुल वत्स को आज राजस्व एवं विकास विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा स्मृति चिन्ह एवं बुके भेंट कर भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर नवागत जिलाधिकारी श्री सत्य प्रकाश पटेल का भी अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा स्मृति चिन्ह एवं बुके भेंट कर स्वागत किया गया।
विदाई समारोह के अवसर पर नवागत जिलाधिकारी श्री सत्य प्रकाश पटेल सहित उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने निवर्तमान जिलाधिकारी श्री अतुल वत्स को स्मृति चिन्ह आदि भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। नवागत जिलाधिकारी ने निवर्तमान जिलाधिकारी द्वारा जनपद के विकास के लिए किए गए कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनके द्वारा प्रारम्भ कराए गए विकास एवं निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाते हुए मूर्त रूप प्रदान किया जाएगा।
इस अवसर पर निवर्तमान जिलाधिकारी श्री अतुल वत्स ने नवागत जिलाधिकारी श्री सत्य प्रकाश पटेल का स्वागत करते हुए उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि नवागत जिलाधिकारी के नेतृत्व में जनपद हाथरस विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा। उन्होंने कहा कि हाथरस जनपद में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की एक उत्कृष्ट टीम कार्यरत है, जो आपसी सहयोग एवं टीम भावना के साथ कार्य करती है।
निवर्तमान जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि किसी भी कार्य की सफलता टीम के सामूहिक प्रयासों का परिणाम होती है। यह किसी एक व्यक्ति का कार्य नहीं होता, बल्कि प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी अपनी क्षमता एवं निष्ठा के अनुसार उसमें योगदान देता है। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा वास्तव में समाज सेवा का एक महत्वपूर्ण अंग है, जिसके माध्यम से जनहित से जुड़े कार्यों को प्रभावी ढंग से संपादित किया जाता है।


विदाई समारोह के अवसर पर पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), प्रभागीय वनाधिकारी, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), मुख्य चिकित्सा अधिकारी, समस्त उप जिलाधिकारी, समस्त प्रभारी अधिकारी (कलेक्ट्रेट), जिला विकास अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, वरिष्ठ कोषाधिकारी, वरिष्ठ लिपिक, ई-डीएम सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने निवर्तमान जिलाधिकारी को स्मृति चिन्ह एवं बुके भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने निवर्तमान जिलाधिकारी के साथ बिताए गए कार्यकाल को प्रेरणादायक एवं यादगार बताया। वक्ताओं ने कहा कि निवर्तमान जिलाधिकारी का कार्यकाल जनपद के लिए विभिन्न उपलब्धियों से परिपूर्ण रहा। उनके कार्य करने की शैली एवं टीम के साथ समन्वय स्थापित कर कार्यों को आगे बढ़ाने का तरीका सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। विदाई समारोह में राजस्व एवं विकास विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, अधिवक्तागण तथा प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकार बंधु सहित अन्य संबंधित लोग उपस्थित रहे।

Unknown's avatar

आशीष सेंगर

 aashishsengar@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page