मेला श्री दाऊजी महाराज में सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण पर आधारित प्रदर्शनी का शुभारंभ ,जनप्रतिनिधियों ने किया अवलोकन, आमजन से प्रदर्शनी देखने की अपील
हाथरस। सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत मेला श्री दाऊजी महाराज परिसर, हाथरस में सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के तत्वावधान में लगाई गई प्रदर्शनी का शनिवार को जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर शुभारंभ किया। प्रदर्शनी का उद्देश्य सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के साथ युवा, महिला, किसान तथा वंचित वर्ग को आत्मनिर्भरता एवं राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के प्रयासों को आमजन तक पहुंचाना है।
प्रदर्शनी का शुभारंभ सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि, सदर विधायक एवं महिला एवं बाल विकास संबंधी संयुक्त समिति की सभापति अंजुला सिंह माहौर, विधायक सादाबाद वीरेंद्र सिंह राणा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष शरद माहेश्वरी, पूर्व जिलाध्यक्ष महेंद्र सिंह आचार्य, जिला उपाध्यक्ष रजत चौधरी एवं जिला प्रभारी अनिल चौधरी ने संयुक्त रूप से किया। इसके बाद सभी जनप्रतिनिधियों ने प्रदर्शनी का भ्रमण कर विभिन्न विषयों पर प्रदर्शित सामग्री का अवलोकन किया।

सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि ने प्रदर्शनी की सराहना करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं निरंतर सेवा के 25 वर्षों के दौरान जनकल्याण, सुशासन, सेवा तथा विकास के क्षेत्र में हुए महत्वपूर्ण कार्यों एवं उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाना है। साथ ही नागरिकों को विकसित भारत-2047 के सामूहिक राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ना भी प्रदर्शनी का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी के माध्यम से आमजन को सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण की भावना के साथ राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी तथा आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के संकल्प से जुड़ने का संदेश दिया जा रहा है।
सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर एवं विधायक वीरेंद्र सिंह राणा ने कहा कि प्रदर्शनी में ‘सेवा से समृद्धि की ओर’ की अवधारणा को केंद्र में रखते हुए सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के साथ युवा, महिला, किसान और वंचित वर्ग को आत्मनिर्भरता तथा राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयासों को सरल एवं आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया है। जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतिगत सुधारों, आत्मनिर्भरता, विकास तथा विभिन्न वर्गों के कल्याण से संबंधित जानकारी को चित्रों एवं संदेशों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है।
भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने कहा कि प्रदर्शनी में युवाओं को आत्मनिर्भरता एवं राष्ट्र निर्माण, महिलाओं को सशक्तिकरण, किसानों को कृषि एवं आत्मनिर्भरता तथा वंचित वर्ग को कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को प्रमुखता से दर्शाया गया है। इसके साथ ही देश एवं प्रदेश में हुए विभिन्न विकास कार्यों और बदलावों की जानकारी भी प्रदर्शनी के माध्यम से आमजन तक पहुंचाई जा रही है।
जनप्रतिनिधियों ने जनपदवासियों से अपील की कि वे मेला श्री दाऊजी महाराज परिसर में स्थापित प्रदर्शनी का अवश्य अवलोकन करें और इसमें प्रदर्शित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त करें। उन्होंने कहा कि विकसित भारत-2047 का संकल्प समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता से ही साकार होगा।
जिला सूचना अधिकारी ने बताया कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के माध्यम से सूचना विभाग हाथरस के तत्वावधान में यह प्रदर्शनी 22 सितंबर 2026 से मेला श्री दाऊजी महाराज परिसर में स्थापित है। प्रदर्शनी का आमजन द्वारा निरंतर अवलोकन किया जा रहा है तथा प्रचार साहित्य का भी वितरण किया जा रहा है।

