Breaking News
सेवा संकल्प अभियान में विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा , डीएम ने कहा—सेवा भाव, परिश्रम और आपसी सम्मान से बनेगा सशक्त भारत

हाथरस। शासन की मंशा के अनुरूप 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक संचालित सेवा संकल्प अभियान के तहत माध्यमिक शिक्षा विभाग एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में बी.एल.एस. इंटरनेशनल स्कूल में विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने की। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा एवं मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित की उपस्थिति में कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

अधिकारियों ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए पोस्टरों एवं चित्रों का अवलोकन कर उनका उत्साहवर्धन किया। ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला, पेंटिंग, भाषण एवं क्विज प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विजयी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने कहा कि सेवा संकल्प का अर्थ राष्ट्र एवं समाज के प्रति सेवा का संकल्प लेना है। प्रत्येक व्यक्ति अपनी क्षमता और जिम्मेदारी के अनुसार राष्ट्र की सेवा कर सकता है। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत चित्रों एवं भाषणों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि बच्चों ने अपने विचारों के माध्यम से बताया है कि वे भारत को किस रूप में देखना चाहते हैं।

उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण भी राष्ट्र सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। जल संरक्षण, वृक्षारोपण, स्वच्छता, प्लास्टिक का कम उपयोग तथा गीले-सूखे कूड़े को अलग रखना जैसे छोटे प्रयास भी समाज और राष्ट्र के लिए महत्वपूर्ण हैं। विद्यार्थियों का पूरी लगन से अध्ययन करना तथा भविष्य में अपने क्षेत्र में योगदान देना भी राष्ट्र सेवा है। उन्होंने विद्यार्थियों से कठिन परिश्रम, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और प्रत्येक व्यक्ति की गरिमा का सम्मान करने का आह्वान किया।

पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने कहा कि जीवन में कोई उपलब्धि एक दिन में प्राप्त नहीं होती। इसके लिए निरंतर मेहनत, अनुशासन और सही मार्गदर्शन आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से माता-पिता एवं शिक्षकों का सम्मान करने तथा देश-दुनिया के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विकसित और सशक्त भारत के निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।

मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत जनपद में विभिन्न प्रतियोगिताएं एवं कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। 30 सितंबर को विकासखंड स्तर पर प्रश्नोत्तरी, चित्रकला, रंगोली सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं होंगी। 7 अक्टूबर को साइकिल, बाइक एवं पैदल रैली आयोजित की जाएगी, जो बस स्टैंड पर पहुंचकर एक साथ सम्मिलित होगी। यहां प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना जाएगा तथा सेवा ज्योति कलश की स्थापना की जाएगी। उन्होंने बताया कि 2 अक्टूबर को जनपद स्तर पर विद्यार्थियों की चित्रकला एवं अन्य रचनात्मक कार्यों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी और उत्कृष्ट प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा।

कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी पुलिस, जिला पर्यटन अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित अन्य अधिकारी, शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Unknown's avatar

आशीष सेंगर

 aashishsengar@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page