आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के तहत 1712 आंगनबाड़ी केंद्रों पर रेसिपी प्रतियोगिता का आयोजन
हाथरस। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनपद में संचालित आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम के तहत आज जनपद के सभी 1712 आंगनबाड़ी केंद्रों पर रेसिपी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा शासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही पोषाहार सामग्री से विभिन्न प्रकार की पौष्टिक एवं स्वादिष्ट रेसिपी तैयार कर उनका प्रदर्शन किया गया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी धीरेन्द्र उपाध्याय ने बताया कि रेसिपी प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों पर पंजीकृत गर्भवती एवं धात्री महिलाओं तथा बच्चों, विशेष रूप से कुपोषित बच्चों के परिवारों को पोषाहार सामग्री के बेहतर उपयोग के प्रति जागरूक करना है। पोषाहार से विभिन्न प्रकार के व्यंजन तैयार कर बच्चों को स्वाद में विविधता प्रदान की जा सकती है, जिससे वे एक ही प्रकार के भोजन से ऊबने के बजाय अलग-अलग रूप में पौष्टिक आहार का सेवन कर सकें।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के माध्यम से गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को अपने खान-पान पर विशेष ध्यान देने तथा बच्चों के भोजन में आवश्यक पोषक तत्वों की पर्याप्त मात्रा सुनिश्चित करने के लिए जागरूक किया गया। विशेष रूप से कुपोषित बच्चों के परिवारों को बच्चों के पोषण एवं संतुलित आहार के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।
रेसिपी प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों पर बाल विकास परियोजना अधिकारियों, मुख्य विकास अधिकारी तथा क्षेत्र के सम्मानित नागरिकों द्वारा प्रतिभाग कर गतिविधियों का अवलोकन किया गया। कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा तैयार की गई पौष्टिक रेसिपी के संबंध में जानकारी भी साझा की गई।

