Breaking News
मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का CMO ने किया औचक निरीक्षण, कई स्वास्थ्य केंद्रों पर मिलीं खामियां

हाथरस। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. वेद प्रकाश ने रविवार को जनपद के विभिन्न प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य मेलों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं, दवा उपलब्धता तथा मरीजों को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया और मिली कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिसावर के निरीक्षण में प्रसव कक्ष का वार्मर अक्रियाशील पाया गया, जिस पर CMO ने इसे तुरंत ठीक कराने के निर्देश दिए। साथ ही स्टाफ नर्स रेखा को गैर-संचारी रोगों (NCD) की स्क्रीनिंग सुनिश्चित करने के लिए कहा।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिलारा में फार्मासिस्ट ने बताया कि आवश्यक दवा सूची (EDL) के अनुसार 195 में से 145 प्रकार की दवाएं उपलब्ध हैं। इस पर CMO ने ड्रग वेयर हाउस से शेष दवाएं शीघ्र प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने एंटी-रेबीज वैक्सीन (ARV) इंजेक्शन का डोज चार्ट केंद्र पर प्रदर्शित करने तथा गर्मी के मौसम को देखते हुए मरीजों के लिए ओआरएस युक्त पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
वहीं, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुरसंडा में 171 प्रकार की दवाएं उपलब्ध होने की जानकारी दी गई। CMO ने यहां भी आवश्यक सभी दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऊंचागांव के निरीक्षण के दौरान चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुमित चौहान, फार्मासिस्ट राजीव कुमार गर्ग एवं वार्ड बॉय जितेंद्र कुमार अनुपस्थित मिले। केंद्र पर मौजूद फार्मासिस्ट ने बताया कि EDL के अनुसार 195 में से 170 प्रकार की दवाएं उपलब्ध हैं। CMO ने शेष दवाओं की आपूर्ति तत्काल कराने के निर्देश दिए तथा मरीजों को बेहतर सुविधाएं और ओआरएस युक्त पानी उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
अनुपस्थित पाए गए कर्मचारियों के संबंध में स्पष्टीकरण प्राप्त करने हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद के चिकित्सा अधीक्षक को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। CMO ने कहा कि मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में आने वाले प्रत्येक मरीज को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है।

Unknown's avatar

आशीष सेंगर

 aashishsengar@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page