Breaking News
मंडलायुक्त संगीता सिंह ने समामई रूहल गौशाला का किया निरीक्षण, हरिशंकरी पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

हाथरस। अलीगढ़ मंडल की मंडलायुक्त श्रीमती संगीता सिंह ने शनिवार को विकास खंड सासनी की ग्राम पंचायत समामई रूहल स्थित श्री दाऊजी गौशाला का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गौशाला में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, गौवंशों के संरक्षण एवं देखभाल की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए उन्हें और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ वृहद वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत हरिशंकरी का पौधरोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने गौवंशों को गुड़ खिलाकर उनके संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति अपनी संवेदनशीलता भी व्यक्त की।
जिलाधिकारी अतुल वत्स ने मंडलायुक्त को बताया कि गौशाला में 100×63 फीट का टीन शेड निर्मित कराया गया है। निर्माण कार्य में हैंडपंप रीबोरिंग से प्राप्त पाइपों का उपयोग पिलर निर्माण में किया गया, जिससे लागत में उल्लेखनीय बचत हुई है। इसके अतिरिक्त बीमार गौवंशों के उपचार एवं देखभाल के लिए अलग से टीन शेड का निर्माण भी कराया गया है। इस नवाचार की जानकारी मिलने पर मंडलायुक्त ने इसकी सराहना की।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि वर्तमान में गौशाला में 156 निराश्रित गौवंश संरक्षित हैं, जिनमें 15 नर एवं 141 मादा गौवंश शामिल हैं। उनकी देखभाल के लिए पांच केयर टेकर तैनात किए गए हैं। गौशाला में तीन टीन शेड, तीन चरही, पांच हॉज तथा एक समरसेबल पंप की व्यवस्था उपलब्ध है। वर्तमान में 90 कुंतल भूसा सुरक्षित रखा गया है और प्रतिदिन 35 से 45 कुंतल हरा चारा उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि अब तक 12 लाभार्थियों को 24 गौवंश सुपुर्द किए जा चुके हैं। पेयजल, विद्युत एवं सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए समरसेबल पंप, विद्युत आपूर्ति एवं सीसीटीवी प्रणाली सुचारु रूप से संचालित की जा रही है। निरीक्षण प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए क्यूआर कोड आधारित व्यवस्था भी लागू की गई है, जिससे निरीक्षण संबंधी प्रविष्टियां ऑनलाइन दर्ज होते ही जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी उनका अवलोकन कर सकेंगे।
मंडलायुक्त ने गौशाला की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि गौवंशों के संरक्षण, पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने शासन की मंशा के अनुरूप गौशालाओं का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के साथ-साथ व्यापक वृक्षारोपण एवं सोलर पंप की व्यवस्था कराने के भी निर्देश दिए।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सासनी, खंड विकास अधिकारी सासनी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Unknown's avatar

आशीष सेंगर

 aashishsengar@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page