Breaking News
श्री पद्म प्रभु दिगंबर जैन मंदिर में विधि-विधान से हुआ वेदी शुद्धिकरण

हाथरस। कस्बा सासनी स्थित श्री पद्म प्रभु दिगंबर जैन मंदिर में वेदी शुद्धि कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह अनुष्ठान परम पूज्य कर्मयोगी गिरनार पीठाधीश 105 क्षुल्लक श्री समर्पण सागर जी महाराज के सान्निध्य में संपन्न हुआ। मंदिर की वेदी में स्वर्ण कार्य पूर्ण होने के उपरांत महाराज श्री के निर्देशन में विधि-विधान से वेदी का शुद्धिकरण किया गया।

इस अवसर पर सर्वेश जैन एवं हर्ष जैन ने श्री 1008 पद्म प्रभु जी की मूलनायक प्रतिमा की स्थापना एवं शांतिधारा का लाभप्राप्त किया। वहीं, विनय जैन एवं माधुरी जैन (ग्वालियर) को इंद्र-इंद्राणी बनने का सौभाग्य मिला।
इस धार्मिक कार्यक्रम में स्थानीय जैन समाज के बच्चों, महिलाओं और पुरुषों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान गाजे-बाजे के साथ भजनों की प्रस्तुतियां दी गईं, जिससे मंदिर परिसर में धार्मिक माहौल बना रहा।
इस विशेष अवसर पर सासनी जैन समाज के कई प्रमुख सदस्य उपस्थित रहे। इनमें महामंत्री अंजय जैन, विपुल लुहाड़िया, अतुल जैन, विनोद जैन, सुमत कुमार जैन, शोभित जैन, अम्बुज जैन, यश लुहाड़िया, सौरभ जैन, अंकुर जैन, विपिन जैन, अक्षत जैन, अरिहंत जैन, वैभव जैन, विनय जैन, राहुल जैन, मनोज जैन, अभिषेक जैन, गगन जैन, सर्वेश जैन, कमल जैन और हर्ष जैन शामिल थे। महिला वर्ग एवं सकल सासनी जैन समाज के प्रबुद्धजन भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे और सभी ने महाराज श्री का आशीर्वाद लिया।

कमरे में मिला मजदूर युवक का शव

हाथरस। कोतवाली सदर क्षेत्र के मोहल्ला विद्यानगर में एक मजदूर युवक का शव उसके कमरे में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान 32 वर्षीय मनोज पुत्र राम सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मनोज रोजाना की तरह रात को घर आया और अपने कमरे में सोने चला गया था, लेकिन सुबह काफी देर तक बाहर नहीं निकला।

जब परिजनों ने कमरे में जाकर देखा तो वह मृत अवस्था में पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। परिवार में चीख-पुकार मच गई और पत्नी व बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

परिजनों के अनुसार, मनोज मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था और उसे शराब पीने की आदत थी। आशंका जताई जा रही है कि अत्यधिक शराब सेवन या किसी अन्य कारण से उसकी मौत हुई हो सकती है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मनोज अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।

सीएमओ के निरीक्षण में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र श्रीनगर के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. ललितेश अनुपस्थित,वेतन रोकने के निर्देश

हाथरस। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव राय ने शनिवार को मुख्यमंत्री आरोग्य मेला एवं स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का जायजा लेने के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र श्रीनगर और सलेमपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र श्रीनगर पर प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. ललितेश अनुपस्थित पाए गए, जिस पर सीएमओ ने उनका एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य केंद्र पर सफाई व्यवस्था और पेयजल व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। ओपीडी में 14 मरीजों का उपचार किया जा चुका था, जिनमें ब्लड शुगर, हाइपरटेंशन और मलेरिया की जांच भी शामिल रही। ईडीएल मानक के अनुसार 195 में से 188 दवाइयां उपलब्ध पाई गईं। सीएमओ ने फार्मासिस्ट को मरीजों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए।

वहीं, सलेमपुर स्वास्थ्य केंद्र पर डॉक्टर नीलम, स्टाफ नर्स अमृता सिंह और फार्मासिस्ट चंद्रभान सिंह उपस्थित मिले। यहां 17 मरीजों का उपचार किया गया तथा रेबीज वैक्सीन भी लगाई गई। स्वास्थ्य केंद्र पर डेंगू, मलेरिया, हेपेटाइटिस आदि की जांच हेतु आरडीटी किट उपलब्ध मिलीं।

पूर्व छात्र शिक्षण संस्थान की अमूल्य धरोहर , विद्या भारती पूर्व छात्र परिषद जिला बैठक सम्पन्न

हाथरस। रविवार को विद्या भारती पूर्व छात्र परिषद की जिला बैठक का आयोजन सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, लेबर कॉलोनी हाथरस में सम्पन्न हुआ। बैठक का शुभारम्भ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया। कार्यक्रम में पूर्व छात्र परिषद को सशक्त एवं सक्रिय बनाने पर विस्तृत चर्चा की गई।


बैठक में मुख्य रूप से रविकांत चावला (प्रान्त सह संयोजक, आगरा), शिवेन्द्र गौतम (प्रान्त सह संयोजक, वृन्दावन), उत्कर्ष गर्ग (प्रान्त सह संयोजक, कासगंज), तरुण कुमार शर्मा (जिला संयोजक), मनोज अग्निहोत्री (प्रबंधक), लोकेन्द्र नाथ शर्मा (प्रधानाचार्य), दीपक शर्मा (नेकी की दुकान), मनीष चाँद गोटिया (इलेक्ट्रॉनिक्स), वैभव गोयल (SDO) एवं अशोक सिंह (पूर्व छात्र प्रमुख) उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि पूर्व छात्र किसी भी शिक्षण संस्थान की अमूल्य धरोहर होते हैं। उनके अनुभव एवं सहयोग से विद्यालय और समाज दोनों को नई दिशा मिलती है। बैठक में पूर्व छात्रों को संगठन से जोड़ने, सामाजिक सेवा गतिविधियों को बढ़ाने तथा विद्यार्थियों के मार्गदर्शन हेतु विभिन्न योजनाओं पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों एवं पूर्व छात्रों का आभार व्यक्त किया गया तथा भविष्य में परिषद को और अधिक सक्रिय रूप से कार्य करने का संकल्प लिया गया।

सादाबाद तहसील में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में 55 शिकायतें प्राप्त,5 का मौके पर निस्तारण

हाथरस। सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर विधायक सादाबाद प्रदीप कुमार, जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने संयुक्त रूप से तहसील सादाबाद में जनसुनवाई कर प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के दिए निर्देश।
तहसील समाधान दिवस के अवसर पर विधायक सादाबाद ने कहा कि प्रदेश सरकार की मंशा स्पष्ट है कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पंक्ति के अंतिम छोर पर खड़े प्रत्येक पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्ति तक पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से पहुँचे। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्राप्त शिकायतों एवं जनसमस्याओं का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं संवेदनशीलता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े तथा उन्हें शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ प्राप्त हो सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य जनसमस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने जनसामान्य की शिकायतों को एक-एक कर सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल निस्तारण करने के निर्देश दिए। भूमि विवाद अथवा अन्य प्रकरणों में सभी पक्षों की उपस्थिति में मौके पर स्थलीय निरीक्षण कर निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि फरियादियों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण एवं शिकायतकर्ता की संतुष्टि ही सम्पूर्ण समाधान दिवस का मुख्य लक्ष्य है। यदि किसी शिकायत का समय से निस्तारण नहीं किया जाता अथवा एक ही समस्या को आवेदक द्वारा बार-बार प्रस्तुत किया जाता है, तो संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का मौके पर जाकर मुआयना किया जाए तथा क्षेत्रीय जनसमस्याओं का गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कर पीड़ित लोगों को राहत पहुँचाई जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक फरियादी समस्या के समाधान की अपेक्षा लेकर आता है, इसलिए कोई भी फरियादी तहसील दिवस अथवा किसी भी कार्यालय से निराश होकर वापस नहीं जाना चाहिए। पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के आधार पर संबंधित को नियमानुसार न्याय दिलाना सुनिश्चित किया जाए।
तहसील सादाबाद में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 55 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 05 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रेषित करते हुए गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त तहसील सिकंदराराऊ में प्राप्त 94 शिकायतों में से 02, तहसील हाथरस में प्राप्त 66 शिकायतों में से 06 तथा तहसील सासनी में प्राप्त 20 शिकायतों में से 02 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।
इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, उप जिलाधिकारी सादाबाद, क्षेत्राधिकारी पुलिस सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

डीएम-एसपी ने बच्चों से साझा किए सफलता के मंत्र, शिक्षा और खेल पर दिया जोर ,डीएम-एसपी ने छात्राओं से की आत्मीय बातचीत

हाथरस। जनपद हाथरस में समाधान दिवस हेतु जाते समय जिलाधिकारी हाथरस अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा ने हत्तीसा पुल के नीचे स्थित चौकी पर एक संवेदनशील और प्रेरणादायी पहल का परिचय दिया। चौकी में आमजन की सुविधा हेतु रखे गए घड़ों से पानी पी रही बांग्ला इंटर कॉलेज की छात्राओं से दोनों अधिकारियों ने आत्मीयता एवं सहजता के साथ संवाद किया।
संवाद के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने छात्राओं से उनकी पढ़ाई, भविष्य के सपनों, रुचियों तथा जीवन के लक्ष्यों के बारे में जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों ने छात्राओं को शिक्षा के महत्व को समझाते हुए आत्मनिर्भर बनने, कठिन परिस्थितियों में भी निरंतर आगे बढ़ने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया।
संवाद के इसी क्रम में मौके पर मौजूद डीपीएस स्कूल के खेल प्रतिभाओं से भी जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने मुलाकात की। बच्चों से उनके खेल, अभ्यास और उपलब्ध संसाधनों के बारे में जानकारी लेते हुए खेलों को और बेहतर बनाने के लिए सुझाव प्राप्त किए गए। अधिकारियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें अनुशासन, नियमित अभ्यास, सकारात्मक सोच और निरंतर मेहनत के माध्यम से खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने बच्चों को यह भी बताया कि शिक्षा और खेल दोनों जीवन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के बल पर ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाएं भी राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना सकती हैं।
हत्तीसा पुल चौकी पर हुआ यह संवाद प्रशासन की संवेदनशील कार्यशैली, समाज के प्रति जिम्मेदारी और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के प्रति सकारात्मक सोच का जीवंत उदाहरण बनकर सामने आया। कुछ पलों की यह मुलाकात बच्चों के मन में प्रेरणा, विश्वास और सुरक्षा का एहसास छोड़

महिला पतंजलि योग समिति द्वारा साकेत कॉलोनी में आयोजित 05 दिवसीय निःशुल्क योग शिविर का समापन

हाथरस। पतंजलि महिला योग समिति हाथरस के तत्वावधान में पांच दिवसीय योग शिविर के अंतिम दिन का योग सह जिला प्रभारी सरिता माहेश्वरी के आवास पर महिला योग समिति हाथरस की जिला प्रभारी बहन यशवाला शर्मा के द्वारा योग,प्राणायाम एवं सूक्ष्म योग अभ्यास के अलावा योग से बीमारियों का इलाज एवं खान-पान के विषय में आवश्यक जानकारी दी गयी l
आज योग शिविर के समापन पर योग शिक्षक नरेन्द्र बंसल जी , दिनेश गुप्ता , संतोष लवानियाँ , राजीव गर्ग , सचेद्र कुमार , अरविन्द , श्री कांत गर्ग , पदम वर्मा , अनिल शर्मा आदि योग साधक विशेष रूप से उपस्थिति रहे । दिनेश माहेश्वरी एवं सरिता माहेश्वरी द्वारा आज के समापन कार्यक्रम में उपस्थित सभी योग शिक्षक एवं शिक्षिकाओं को पटका पहना के सम्मानित किया । जो साधिकायें पांचो दिन योग शिविर में उपस्थित रहीं उन्हें भी गिफ्ट देकर सम्मानित किया गया । शिविर के अंतिम दिन योग शिक्षिका बहन शिप्रा बंसल, चांदनी शर्मा,मिथलेश वर्मा, मालती गर्ग, कल्पना सेंगर, सरिता रानी गुप्ता,संजू शर्मा, शशि लवानिया,रेनू गर्ग, रश्मि वार्ष्णेय, शीला सेंगर सहित कुल 46 योग साधक /साधिकाओं द्वारा भाग लिया गया l
शिविर के अंत में सरिता माहेश्वरी द्वारा सभी का आभार व्यक्त किया गया और सभी से नियमित योग कक्षा में रामेश्वर धाम बगीची पर पहुंचने की अपील भी की l

स्व -गणना के लिए शिविर का आयोजन ,फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष ने की स्व -गणना

हाथरस। स्व -गणना के लिए एक शिविर का आयोजन आरआर सिनेमा (माया टॉकीज) ढकपुरा रोड पर शनिवार को प्रातः जीएसटी विभाग द्वारा प्रारंभ किया गया । जिसमें प्रदेश में प्रस्तावित स्व-गणना 2027 के प्रथम चरण के सूचीकरण के अंतर्गत स्वजनगणना जीएसटी उपायुक्त आरके सिंह की अध्यक्षता में जनपद वासीयों विशेष कर उद्योगपति व्यापारी सामाजिक बुद्धिजीवी आमजन समुदाय के हित में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता सुनिश्चित करें । देश के विकास में महत्वपूर्ण योजनाओं एवं संसाधनों के समुचित वितरण एवं जन कल्याणकारी नीतियों के प्रसार प्रचार क्रियान्वन का महत्वपूर्ण आधार इस प्रक्रिया में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है जीएसटी कमिश्नर आरके सिंह ने समस्त नागरिकों से आग्रह किया है कि वह स्वजनगणना शिविर सुविधा का लाभ उठाकर निर्धारित अवधि में स्वयं अपना अपने परिवार का एवं मिलने वालों का ऑनलाइन के माध्यम से अथवा शिविर में लाभ उठाये सरकार की योजनाओं को पूर्ण करने में अपना योगदान दें शिविर की व्यवस्था में जीएसटी अधिकारी नीरज कुमार,आशीष यादव, कमलेश कुमारी वरिष्ठ सहायक सुरेन्द्र कुमार मयूर अग्रवाल जगदीश प्रसाद आशीष शर्मा आदि का सहयोग सराहनीय रहा इस अवसर पर फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल ने अपना स्व -गणना रजिस्टर्ड कराया ।

समायोजन में भेदभाव का आरोप, शिक्षक साथियों से आपत्ति दर्ज कराने की अपील

हाथरस। समायोजन में कतिपय शिक्षक साथियों के साथ भेदभाव हो रहा है इस क्रम में यूटा मुरसान के ब्लॉक अध्यक्ष अनिल कुमार ने वताया कि समायोजन से व्यथित सभी शिक्षक साथी चाहे वह जूनियर हों या सीनियर या समायोजन में निकटतम विद्यालय होने के उपरांत भी आपको दूरस्थ विद्यालय में प्रतिस्थापित किया गया हो ऐसे सभी साथी बीएसए ऑफिस में अपना प्रत्यावेदन/ आपत्ति सम्यक साक्ष्य सहित अविलंब अवश्य दर्ज करायें। जो गलती 2.0 समायोजन में कतिपय साथियों द्वारा की गई है। जिस कारण उनका वेतन अवरुद्ध का आदेश निर्गत हुआ था। यह गलती आप ना करें जल्द ही समायोजन के विषय में विस्तृत वार्ता श्रीमान जिलाधिकारी महोदय जनपद हाथरस से की जानी प्रस्तावित है। यूटा संगठन सदैव ऐसे मुद्दों के लिए प्रथम पंक्ति में खड़ा है। जो शासन की नीतियों की आड़ में शिक्षकों का शोषण करते हैं।

जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय का किया औचक निरीक्षण, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव एवं सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के दिए निर्देश

हाथरस। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने आज कार्यालय मुख्य चिकित्सा अधिकारी, हाथरस का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यालय में उपस्थित कर्मचारियों से उनके द्वारा संपादित किए जा रहे कार्यों एवं दायित्वों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्राप्त की। उन्होंने विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण करते हुए कार्यालयीय कार्यों की प्रगति एवं अभिलेखों के रखरखाव की व्यवस्था का अवलोकन किया।
जिलाधिकारी ने कार्यालय परिसर में साफ-सफाई की स्थिति का निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने कार्यालय में उपलब्ध अलमारियों को खुलवाकर अभिलेखों के रखरखाव की जांच की तथा निर्देशित किया कि समस्त अभिलेख सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित ढंग से संरक्षित किए जाएं। साथ ही अनावश्यक एवं निष्प्रयोज्य सामग्री तथा पुराने अभिलेखों का नियमानुसार शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान यह भी पाया गया कि कार्यालय में विकलांग प्रमाण पत्र तैयार होने के उपरांत भी रखे हुए हैं। इस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि तैयार विकलांग प्रमाण पत्रों को संबंधित लाभार्थियों को समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए, जिससे आमजन को अनावश्यक असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को कार्यालय के मुख्य गेट पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने हेतु गार्ड की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, जिससे कार्यालय की सुरक्षा एवं अनुशासन व्यवस्था बनी रहे।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page