गुरु पूर्णिमा पर न्यू राधा कृष्ण सेवा समिति ने वृद्ध आश्रम में किया सेवा एवं सम्मान कार्यक्रम
हाथरस। गुरु पूर्णिमा के पावन एवं पवित्र अवसर पर न्यू राधा कृष्ण सेवा समिति के तत्वावधान में नगला भूस, आगरा रोड स्थित वृद्ध आश्रम में धार्मिक एवं सामाजिक सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने आश्रम में निवासरत सभी आदरणीय वृद्धजनों का चंदन का तिलक लगाकर एवं सम्मानस्वरूप पटका पहनाकर अभिनंदन किया। इस आत्मीय सम्मान से बुजुर्गों के चेहरे प्रसन्नता एवं आत्मिक संतोष से खिल उठे।
कार्यक्रम का शुभारंभ आश्रम परिसर स्थित मंदिर में भगवान के समक्ष माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन एवं वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सभी वृद्धजनों के चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। बुजुर्गों के स्नेह, आशीर्वाद एवं आत्मीय शब्दों ने पूरे वातावरण को भावुक, पवित्र और ऊर्जा से भर दिया।

इस अवसर पर समिति द्वारा सभी वृद्धजनों के लिए ससम्मान स्वादिष्ट दोपहर के भोजन एवं महाप्रसाद की व्यवस्था की गई। सभी ने प्रेमपूर्वक प्रसाद ग्रहण किया तथा समिति के सेवा भाव एवं सामाजिक समर्पण की मुक्त कंठ से सराहना की।
समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपक पौरुष ने कहा कि गुरु पूर्णिमा केवल गुरु वंदन का पर्व नहीं, बल्कि सेवा, संस्कार और सम्मान का संदेश देने वाला महान अवसर है। उन्होंने कहा कि वृद्धजनों की सेवा करना भारतीय संस्कृति की अमूल्य परंपरा है तथा समाज के प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व भी।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय सलाहकार धीरज पाण्डेय, जिला अध्यक्ष रण सिंह सिसोदिया, जिला कोषाध्यक्ष प्रमोद कुमार, जिला संरक्षक एवं आरबीएस पब्लिक स्कूल, हाथरस के डायरेक्टर राजकुमार सिंह, जिला सचिव ओमवीर सिंह, पवन कुमार, मोहन लाल दुबे, नीरज कुशवाहा, दीपक पाण्डेय, सुनील कुमार, एडवोकेट ए.के. शर्मा सहित समिति के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
वृद्ध आश्रम की ओर से प्रबंधक नीतू मिश्रा, भंडार प्रभारी कोमल सिंह, सुरक्षाकर्मी प्रद्युम्न, रसोइया शनी तथा अन्य सहयोगियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। उन्होंने समिति के इस सराहनीय सेवा कार्य की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी ऐसे सामाजिक एवं सेवा कार्य निरंतर आयोजित किए जाने की आशा व्यक्त की।
यह आयोजन केवल भोजन वितरण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि समाज में सेवा, संस्कार, सम्मान एवं मानवीय मूल्यों को सुदृढ़ करने का प्रेरणादायी संदेश भी देकर गया। न्यू राधा कृष्ण सेवा समिति का यह सेवा कार्य समाज के लिए एक अनुकरणीय उदाहरण बनकर उभरा।

