Breaking News
गुरु रविदास जयंती पर मंदिरों में गूंजा समरसता का संदेश, 6500 दीपों से किया संत रविदास को नमन,भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने मंदिरों के पुरोहितों एवं धर्माचार्यों को किया सम्मानित

हाथरस। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जनपद हाथरस के 100 प्रमुख मंदिरों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने प्रातः मंदिरों में पहुंचकर पुरोहितों एवं धर्माचार्यों का दुपट्टा व माला पहनाकर सम्मान किया। वहीं, शाम को प्रत्येक मंदिर पर 65-65 दीपक प्रज्वलित कर संत रविदास जी को नमन किया गया।
जनपद के 100 प्रमुख मंदिरों पर कुल 6500 दीपक प्रज्वलित किए गए। कार्यक्रम के माध्यम से सामाजिक समरसता एवं संत रविदास जी के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया।


भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा ने राम दरबार मंदिर में, अभियान की संयोजक एवं भाजपा जिला मंत्री श्रीमती संध्या आर्य ने बौहरे वाली देवी मंदिर में, सांसद प्रतिनिधि राजेश सिंह गुड्डू ने नवग्रह मंदिर में तथा जिला उपाध्यक्ष सुनील गौतम ने सादाबाद के बैजनाथ मंदिर पहुंचकर अर्चक एवं पुरोहितों का सम्मान किया। इसके साथ ही शाम को संबंधित मंदिरों में दीप प्रज्वलित किए गए।
अभियान में पूरे जनपद के प्रमुख भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए अपने-अपने क्षेत्रों के मंदिरों में कार्यक्रम आयोजित किए।
अभियान की संयोजक श्रीमती संध्या आर्य ने बताया कि बनारस स्थित संत रविदास जी की जन्मस्थली की पावन मिट्टी से युक्त कलश लेकर भाजपा पदाधिकारी शीघ्र ही हाथरस लौटेंगे। इसके बाद आगामी कार्यक्रमों के तहत मंदिरों में धर्माचार्यों की उपस्थिति में कलश पूजन-वंदन, सामूहिक आरती, गुरु वाणी पाठ तथा भजन-कीर्तन आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि समाज के सभी वर्गों की सहभागिता से समरसता संकल्प, संत सम्मान एवं सामाजिक समरसता जैसे कार्यक्रम भी आयोजित होंगे। युवाओं और महिलाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं के माध्यम से श्री गुरु रविदास महाराज जी के जीवन एवं उनके संदेश का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज जी के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए देश के प्रमुख राज्यों से श्री गुरु रविदास महाराज समरसता यात्रा भी निकाली जाएगी। आगामी कार्यक्रमों की सफलता के लिए शीघ्र ही बैठकें आयोजित कर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।
भाजपा द्वारा संत रविदास जी की जयंती को पूरे जनपद में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से व्यापक स्तर पर मनाने की तैयारियां की जा रही हैं।

Unknown's avatar

आशीष सेंगर

 aashishsengar@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page