श्री वेद भगवान शिविर में विधि-विधान से हुआ विष्णु यज्ञ, विश्व शांति की कामना
हाथरस। श्री दाऊजी महाराज किला स्थित श्री वेद भगवान सनातन धर्म सभा रजिस्टर्ड, हाथरस के श्री वेद भगवान शिविर में आषाढ़ माह शुक्ल पक्ष की गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार, 29 जुलाई 2026 को विधि-विधान एवं श्रद्धा के साथ विष्णु यज्ञ का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सर्वप्रथम विधि-विधान के अनुसार भगवान गणपति गणेश की स्थापना एवं पूजन-अर्चन से हुआ। इसके पश्चात चारों वेद—ऋग्वेद, यजुर्वेद, सामवेद एवं अथर्ववेद—का चार कलशों में विधि-विधानपूर्वक पूजन-अर्चन किया गया। कलशों को फूल-मालाओं से सुसज्जित किया गया तथा श्री वेद भगवान के चित्र-पट्टों को भी आकर्षक रूप से सजाकर स्थापित किया गया।

विष्णु यज्ञ के मुख्य यजमान वासुदेव मेहर एडवोकेट, क्षेत्रीय मंत्री एवं नगर पालिका की पूर्व अध्यक्ष श्रीमती डॉली माहौर, जयशंकर पाराशर, पं. सत्येंद्र स्वरूप शर्मा तथा पं. देव स्वरूप शर्मा का पीत पटिका पहनाकर स्वागत किया गया।
विश्व शांति एवं आपसी सौहार्द की कामना को लेकर आयोजित यज्ञ में 1101 आहुतियां, 701 लक्ष्मी-नारायण मंत्र तथा 101 गायत्री मंत्रों के साथ आहुति प्रदान की गई। विधि-विधान के साथ पूर्णाहुति होने के पश्चात विष्णु यज्ञ संपन्न हुआ।
यज्ञ की व्यवस्थाएं जयशंकर पाराशर, बबलू पंडित एवं देव स्वरूप शर्मा द्वारा व्यवस्थित रूप से संभाली गईं, जिसके लिए आयोजकों ने उनका आभार व्यक्त किया।
इस दौरान श्री विष्णु भगवान एवं लक्ष्मी-नारायण के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने “धर्म की जय हो, अधर्म का नाश हो, प्राणियों में सद्भावना हो, विश्व का कल्याण हो”, दाऊजी महाराज की जय, रेवती मैया की जय, गौ माता की जय, भारत माता की जय तथा हर-हर महादेव के जयकारे लगाए। कार्यक्रम के अंत में सभी भक्तजनों को प्रसाद वितरित किया गया। श्रद्धा एवं भक्तिमय वातावरण में विष्णु यज्ञ का समापन हुआ।

