हाथरस। राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा (R.A.M.) पार्टी द्वारा ग्राम बुलगढ़ी, थाना चंदपा में हुई दुर्घटना के प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर सोमवार, 20 जुलाई 2026 को पुलिस अधीक्षक हाथरस को ज्ञापन सौंपा जाएगा। पार्टी जिलाध्यक्ष विजय शर्मा के नेतृत्व में कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी प्रातः 10 बजे पुलिस कार्यालय, हाथरस पहुंचकर पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन देंगे और मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराने की मांग करेंगे। पार्टी के महासचिव/प्रभारी निशांत उपाध्याय ने बताया कि इस कार्यक्रम में पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल होंगे। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से निर्धारित समय पर पुलिस कार्यालय पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
बेसिक शिक्षा विभाग की भर्ती पर सवाल, जांच में गड़बड़ी की पुष्टि हाथरस। बेसिक शिक्षा विभाग में ईसीसीई (ECCE) एजुकेटर भर्ती में सामने आई गड़बड़ियों के मामले में जांच रिपोर्ट के आधार पर जिला प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी अतुल वत्स ने दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने, संबंधित सेवा प्रदाता फर्म को ब्लैकलिस्ट करने तथा संलिप्त कर्मचारियों पर विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं जांच में सामने आया कि सेवा प्रदाता फर्म के साथ-साथ जिला समन्वयक ट्रेनिंग केयर एंड सर्विसेज तथा जिला समन्वयक एमआईएस/आईटी की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई। आरोप है कि भर्ती प्रक्रिया के दौरान हेडहंटिंग एजेंसी की सूची से कुछ पात्र अभ्यर्थियों के नाम हटाकर उनकी जगह बाहरी लोगों के नाम शामिल कर दिए गए। विभागीय जांच में यह भी पाया गया कि सेवा प्रदाता फर्म ने हेडहंटिंग एजेंसी द्वारा सत्यापित सूची में फेरबदल करते हुए मूल सूची में शामिल कुछ पात्र अभ्यर्थियों के नाम हटाकर केयर एंड सर्विसेज से आए अन्य अभ्यर्थियों को शामिल कर दिया। मामले की जांच के बाद जब विभागीय अधिकारियों से कार्रवाई के बजाय पत्रावली दबाने की कोशिश की गई तो यह मामला डीएम के संज्ञान में पहुंचा। इसके बाद डीएम ने जिले के बेसिक शिक्षा विभाग में कार्यरत अर्ली चाइल्डहुड केयर एंड एजुकेशन (ECCE) भर्ती से जुड़े दोनों जिला समन्वयकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए। गौरतलब है कि ईसीसीई एजुकेटर के 80 पदों पर भर्ती के लिए लगभग 1000 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। विभाग ने हेडहंटिंग एजेंसी के माध्यम से 240 अभ्यर्थियों का साक्षात्कार और दस्तावेज सत्यापन कराया था। इसके बाद 29 और 30 जून को चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति होनी थी, लेकिन विभाग ने अभ्यर्थियों को इसकी सूचना नहीं दी और समय पर कार्यवाही भी नहीं कराई। भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताओं की शिकायत मिलने के बाद पूरे मामले की जांच कराई गई, जिसमें गड़बड़ी की पुष्टि होने पर अब एफआईआर दर्ज कराने के आदेश दिए गए हैं।
हाथरस। भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा श्रद्धा, उत्साह और हाथरस में श्रद्धा और उल्लास के साथ निकली भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, जय जगन्नाथ के जयघोष से गूंजा शहरधार्मिक उल्लास के बीच निकाली गई। रथयात्रा का शुभारंभ कमला बाजार स्थित बड़ी कोठी से हुआ, जहां से सुसज्जित रथ नगर के सरक्यूलर रोड सहित विभिन्न प्रमुख बाजारों एवं मार्गों से होकर गुजरा। पूरे मार्ग में वातावरण “जय जगन्नाथ” के गगनभेदी जयघोष से भक्तिमय बना रहा। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने विभिन्न स्थानों पर भगवान श्री जगन्नाथ की आरती कर पुष्पवर्षा से स्वागत किया। भगवान के दिव्य दर्शन के लिए मार्ग के दोनों ओर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। रथ को खींचने के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और सभी भगवान की सेवा का सौभाग्य प्राप्त करने के लिए आतुर नजर आए। रथयात्रा में शामिल भजन मंडली द्वारा प्रस्तुत मधुर भजनों और संकीर्तन ने पूरे वातावरण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। भजनों की धुन पर श्रद्धालु नृत्य करते हुए भगवान के जयकारे लगाते आगे बढ़ते रहे। पूरे नगर में धार्मिक आस्था, उत्साह और सौहार्द का अद्भुत संगम देखने को मिला। रथयात्रा के सफल आयोजन में आयोजकों एवं श्रद्धालुओं का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम ने नगरवासियों को भक्ति, संस्कृति और सनातन परंपरा से जोड़ने का प्रेरणादायी संदेश दिया।
हाथरस। मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित ने गुरुवार को पीसीएफ बफर गोदाम रूहेरी, एपैक्स रूहेरी तथा सासनी स्थित चंद्रमोहन अग्रवाल खाद विक्रेता प्रतिष्ठान का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जिला कृषि अधिकारी निखिल देव तिवारी एवं सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता राकेश शंकर श्रीवास्तव भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान पीसीएफ बफर गोदाम पर यूरिया की उपलब्धता, डिस्पैच व्यवस्था एवं स्टॉक रजिस्टर की जांच की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि भविष्य में डिस्पैच आदेश एवं केंद्रवार उर्वरक आवंटन पत्र गोदाम पर उपलब्ध रहें तथा उसी के अनुरूप उर्वरकों का प्रेषण किया जाए। उन्होंने समितियों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने तथा लोडिंग के दौरान हुक का प्रयोग न करने के भी निर्देश दिए। एपैक्स रूहेरी के निरीक्षण में स्टॉक का मिलान किया गया। किसानों ने बताया कि पॉस मशीन का सर्वर डाउन होने से उर्वरक प्राप्त करने में अधिक समय लगता है। इस पर जिला कृषि अधिकारी को संबंधित अधिकारियों से पत्राचार कर समस्या के समाधान के निर्देश दिए गए। साथ ही नैनो डीएपी एवं नैनो यूरिया के व्यापक प्रचार-प्रसार, किसान दिवसों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने तथा किसानों को ड्रोन के माध्यम से छिड़काव के लिए प्रेरित करने के निर्देश भी दिए गए। सासनी स्थित खाद विक्रेता के यहां निरीक्षण के दौरान स्टॉक एवं दर बोर्ड का सत्यापन किया गया। दर बोर्ड तत्काल अपडेट कराया गया तथा विक्रेता को निर्धारित मूल्य पर ही यूरिया उपलब्ध कराने, स्टॉक का सही रखरखाव करने और प्रत्येक किसान का आवश्यक विवरण दर्ज करने के निर्देश दिए गए। किसानों को नैनो डीएपी एवं नैनो यूरिया के लाभ बताकर इनके उपयोग के लिए प्रेरित करने को भी कहा गया। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद के किसानों को बिना किसी टैगिंग के उच्च गुणवत्ता वाले उर्वरक उचित दरों पर सुगमता से उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।
हाथरस। उपाध्याय श्री 108 शिवदत्त जी महाराज एवं मुनि श्री 108 पदमदत्त जी महाराज का आगामी 21 जुलाई को अलीगढ़ में भव्य मंगल प्रवेश होगा। मुनि संघ 19 जुलाई को हाथरस से अलीगढ़ के लिए विहार करेगा। इस वर्ष मुनि श्री का चातुर्मास अलीगढ़ में होना है, जिसके चलते वहां श्रद्धालुओं द्वारा बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। शनिवार को मुनि संघ की आहारचर्या हलवाई खाना स्थित छोटे जैन मंदिर के निकट श्री सचिन जैन चूर्ण वालों के यहां संपन्न हुई। इसके उपरांत श्री पारसनाथ दिगंबर जैन पंचायती बड़े मंदिर में आयोजित धर्मसभा में उपाध्याय श्री 108 शिवदत्त जी महाराज ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे पूर्वजों ने अथक परिश्रम और समर्पण से भव्य जिनालयों का निर्माण कराया है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार मध्य प्रदेश के ग्वालियर का जैन मंदिर “स्वर्ण मंदिर” के नाम से प्रसिद्ध है, उसी प्रकार उत्तर प्रदेश में हाथरस का बड़ा जैन मंदिर भी अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। उन्होंने मंदिरों की नियमित देखरेख और संरक्षण पर विशेष बल देते हुए कहा कि मंदिर सदैव स्वच्छ, सुंदर और प्रकाशित बने रहने चाहिए।
प्रवचन के दौरान मुनि श्री ने जैन धर्म की महिमा का वर्णन करते हुए आचार्य समंतभद्र स्वामी की तपस्या का प्रसंग सुनाया। उन्होंने बताया कि उनकी कठोर साधना से महादेव की पिंडी से भगवान चंद्रप्रभु प्रकट हुए थे। इस चमत्कार को देखकर तत्कालीन राजा सहित हजारों लोगों ने जैन धर्म स्वीकार किया। उन्होंने बताया कि वाराणसी का प्रसिद्ध “फटे महादेव” मंदिर उसी ऐतिहासिक घटना का साक्षी है। मुनि श्री ने कहा कि मनुष्य का पहला धर्म पुरुषार्थ करना है। उन्होंने कहा कि लोग बिना प्रयास किए सब कुछ प्राप्त करना चाहते हैं, जबकि सच्ची श्रद्धा और परिश्रम ही सफलता का मार्ग है। उन्होंने कहा कि यदि कुछ मांगना है तो प्रभु से मांगो, किसी मनुष्य के सामने हाथ फैलाने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने ‘ॐ’ के उच्चारण तथा 24 तीर्थंकरों के महत्व पर भी विस्तार से प्रकाश डाला और भक्ति गीत “मांगने की आदत जाती नहीं, तेरे आगे लाज मुझको आती नहीं” सुनाकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। मुनि श्री ने कहा कि व्यक्ति दूसरों की कमियां देखने में समय व्यतीत करता है, जबकि पहले स्वयं का आत्मनिरीक्षण करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जो व्यक्ति समाज अथवा मंदिर का धन अपने पास रखता है, उसे जीवन में कभी वास्तविक सुख नहीं मिलता और उसका दुष्परिणाम आने वाली पीढ़ियों तक को भुगतना पड़ सकता है। उन्होंने सभी से षड्यंत्र से दूर रहने तथा नियमित रूप से मंदिर आने का आग्रह करते हुए कहा कि जैन कुल में जन्म लेने वालों को मंदिर से कभी विमुख नहीं होना चाहिए। इस अवसर पर जैन नवयुवक सभा के अध्यक्ष उमाशंकर जैन सहित राकेश जैन, बाल पंडित विशाल जैन, अमित जैन, राजेश जैन बैंक, संजीव जैन भूरा, राजीव जैन लुहाड़िया, अभिषेक जैन, धीरज जैन सभासद, जितेंद्र जैन रेडीमेड, अतुल जैन वसुंधरा, रतन जैन, राजकुमार जैन लोहिया, मनीष जैन, राजू जैन, विजय जैन भूच, आशीष जैन, हरविंद जैन, अनिल जैन, पवन जैन, तन्नू जैन, जैकी जैन, नितिन जैन, संजीव जैन डाकखाना, विनोद जैन, सौरभ जैन अजमेरा, दीपक जैन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
हाथरस,। एडीएचआर के तत्वावधान में मैण्डू में दूसरी बार लगेगा रक्तदान शिविर का आयोजन किया रहा है। राष्ट्रीय महासचिव प्रवीन वार्ष्णेय ने बताया कि शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी चलाया जा रहा है रक्तदान जागरूकता अभियान मानवता की सेवा और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के उद्देश्य से एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक हृयूमन राइट्स के तत्वावधान में मैण्डू में दूसरी बार रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 19 जुलाई को श्री लाल सिंह सुशीला देवी एजूकेशनल इंस्टीट्यूट में लगेगा। शिविर संयोजक ज्ञानेंद्र सिंह राजपूत,गौरव पाठक,चैतन्य उपाध्याय बब्बी पंडित,नितिन वर्मा, राघवेंद्र प्रताप सिंह,आयुष शर्मा,सचिन कुशवाह ने शिविर के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि रक्तदान महादान है। रक्तदान से न केवल किसी जरूरतमंद की जान बचती है बल्कि रक्तदाता को भी कई शारीरिक लाभ मिलते हैं। रक्तदान करने से शरीर में नई रक्त कोशिकाएं बनती हैं, हृदय रोगों का खतरा कम होता है और शरीर स्वस्थ रहता है।सभी से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान शिविर में पहुंचकर रक्तदान करें और इस पुण्य कार्य में सहयोगी बनें।
संयोजकों ने कहा कि रक्त की एक-एक बूंद कीमती है और समय पर रक्त न मिलने के कारण कई मरीजों की जान चली जाती है। इसलिए हमें रक्तदान को एक आंदोलन बनाकर आगे बढ़ाना होगा। जिलाध्यक्ष कमलकांत दोवराबाल ने कहा कि एडीएचआर केवल शहरी क्षेत्रों तक सीमित नहीं है, बल्कि संगठन लगातार ग्रामीण क्षेत्रों में भी जाकर रक्तदान के प्रति जागरूकता फैला रहा है। लोगों को यह समझाया जा रहा है कि रक्तदान करने से कोई कमजोरी नहीं आती, बल्कि यह समाज के प्रति हमारा सबसे बड़ा कर्तव्य है। एडीएचआर टीम ने सभी क्षेत्रवासियों से आग्रह किया है कि वे इस रक्तदान शिविर को सफल बनाकर मानव सेवा में अपना योगदान दें। शिविर की सफलता के लिए जिला महासचिव शेलेन्द्र सांवलिया, जिला कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल, उपवेश कौशिक समस्त पदाधिकारी लगे हुए हैं
हाथरस। जनहित एवं कार्यहित को दृष्टिगत रखते हुए जिलाधिकारी हाथरस ने जनपद में कार्यरत दो डिप्टी कलेक्टरों की नई तैनाती के आदेश जारी किए हैं। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, श्रीमती ऋतु सिरोही, जो वर्तमान में डिप्टी कलेक्टर हाथरस के पद पर कार्यरत थीं, उन्हें उपजिलाधिकारी सादाबाद के पद पर तैनात किया गया है। वहीं श्री शिव प्रकाश यादव, जो डिप्टी कलेक्टर हाथरस के रूप में कार्यरत थे, उन्हें उपजिलाधिकारी सासनी नियुक्त किया गया है। जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि दोनों अधिकारियों की नवीन तैनाती तत्काल प्रभाव से प्रभावी होगी। प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं सुचारु बनाने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। इस प्रशासनिक फेरबदल से संबंधित क्षेत्रों में राजस्व एवं जनसुनवाई सहित अन्य प्रशासनिक कार्यों के संचालन में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।
हाथरस। श्रीकृष्ण गौशाला में 18 जुलाई से 24 जुलाई 2026 तक संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञानयज्ञ का भव्य आयोजन किया जाएगा। कथा का वाचन परम पूज्य आचार्य श्री बल्लभ जी महाराज द्वारा प्रतिदिन दोपहर 3:00 बजे से सायं 7:00 बजे तक किया जाएगा। आयोजन समिति ने क्षेत्र के समस्त श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कथा श्रवण का पुण्य लाभ प्राप्त करने का आह्वान किया है।
आयोजन समिति के अनुसार श्रीमद्भागवत महापुराण को समस्त वेदों, उपनिषदों एवं पुराणों का सार माना गया है। कलियुग में भागवत कथा का श्रवण आध्यात्मिक शांति, पारिवारिक सुख-समृद्धि तथा जीवन के कल्याण का श्रेष्ठ माध्यम है। श्रद्धा एवं भक्ति भाव से कथा सुनने से मनुष्य के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आता है तथा मन को शांति, भक्ति और सदाचार की प्रेरणा मिलती है। कार्यक्रम का शुभारंभ 18 जुलाई (शनिवार) को प्रातः 8:00 बजे भव्य एवं दिव्य मंगल कलश यात्रा के साथ होगा। कलश यात्रा शांता देवी मंदिर, मंडी गेट से प्रारंभ होकर श्रीकृष्ण गौशाला, गौशाला रोड पहुँचेगी। आयोजन समिति ने सभी नगरवासियों एवं श्रद्धालुओं से कलश यात्रा में शामिल होकर धर्मलाभ प्राप्त करने की अपील की है। कथा के दौरान प्रतिदिन विभिन्न प्रसंगों का भावपूर्ण एवं रसपूर्ण वर्णन किया जाएगा। 18 जुलाई को श्रीमद्भागवत कथा का प्रारंभ एवं भागवत महात्म्य, 19 जुलाई को व्यास-नारद संवाद, भीष्म स्तुति एवं शिव विवाह, 20 जुलाई को ध्रुव चरित्र, पृथु चरित्र, अजामिल उपाख्यान, प्रह्लाद चरित्र एवं नृसिंह अवतार, 21 जुलाई को वामन अवतार, श्रीराम जन्मोत्सव एवं श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, 22 जुलाई को श्रीकृष्ण बाल लीलाएं, गोवर्धन पूजा एवं छप्पन भोग, 23 जुलाई को महारास प्रसंग, उद्धव-गोपी संवाद, रुक्मिणी विवाह तथा 24 जुलाई को सुदामा चरित्र, श्रीशुकदेव पूजन एवं कथा विश्राम का आयोजन होगा। इस धार्मिक आयोजन में श्री गोविंद बल्लभ, श्री अजय अग्रवाल, श्री विष्णु अग्रवाल, श्री अमित अग्रवाल, श्री अनुप अग्रवाल, श्री श्याम सुंदर शर्मा (बिंटी भैया), श्री अतुल अग्रवाल (होंडा वाले), श्री पंकज खंडेलवाल, श्री दीपेश सारस्वत, श्री राकेश बंसल (होंडा वाले) सहित आयोजन समिति के पदाधिकारी एवं अनेक गणमान्य नागरिक सहयोग प्रदान कर रहे हैं। आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं से सपरिवार कथा श्रवण, दिव्य मंगल कलश यात्रा में सहभागिता तथा भगवान श्रीकृष्ण की कृपा प्राप्त कर अपने जीवन को धन्य बनाने का आग्रह किया है।
हाथरस। सेवा सप्ताह के अंतर्गत विश्व हिन्दू परिषद दुर्गावाहिनी मातृशक्ति, प्रखंड हाथरस द्वारा कोतवाली सदर, हाथरस परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर कोतवाली सदर, हाथरस के प्रभारी निरीक्षक (SHO) महोदय सतेन्द्र राघव जी ने भी दुर्गावाहिनी मातृशक्ति के साथ वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उनके साथ उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों ने भी पौधारोपण अभियान में सहभागिता करते हुए इस सेवा कार्य को सफल बनाया।
कार्यक्रम में प्रियांशी वार्ष्णेय (जिला सह संयोजिका, दुर्गावाहिनी) ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण किया तथा अधिक से अधिक वृक्ष लगाकर उनके संरक्षण एवं संवर्धन का आह्वान किया। सेवा, संस्कार एवं समाजहित के इस अभियान के माध्यम से प्रकृति संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुँचाने का प्रयास किया गया।
इस अवसर पर कनक खंडेलवाल (जिला सह संयोजिका, मातृशक्ति), स्वाति शर्मा (नगर संयोजिका, मातृशक्ति), संतोष खंडेलवाल, कल्पना वार्ष्णेय, मनस्वी शर्मा, सुनीता वार्ष्णेय, गीता वार्ष्णेय सहित दुर्गावाहिनी मातृशक्ति की बहनों की गरिमामयी उपस्थिति रही। साथ ही कोतवाली सदर के पुलिस अधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों की सहभागिता ने कार्यक्रम को और अधिक प्रेरणादायी बनाया।
हाथरस। विद्युत अधिशासी अभियंता अजीत कुमार सिंह एवं सहायक विद्युत अधिशासी अभियंता अभिषेक सिंह के सानिध्य में ओढ़पुरा विद्युत केंद्र पर उद्योगपतियों एवं व्यापारी प्रतिनिधियों के साथ एक समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में वरिष्ठ समाजसेवी, उद्योगपति एवं व्यापारी प्रतिनिधि देवेंद्र मोहता ने विद्युत विभाग द्वारा बढ़ाए गए विद्युत अधिभार, कथित अवैध सिक्योरिटी राशि, अघोषित एवं अत्यधिक विद्युत कटौती, बिजली दरों में वृद्धि तथा पूर्ण भुगतान के बावजूद उपभोक्ताओं के बिलों में बकाया राशि जोड़ने जैसी समस्याओं को प्रमुखता से अधिकारियों के समक्ष रखा।
विद्युत अधिकारियों ने सभी बिंदुओं पर गंभीरता से चर्चा करते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि प्रदेश स्तर पर निर्धारित नीतियों के अनुरूप स्थानीय स्तर पर नियमों का पालन कराया जा रहा है। साथ ही उद्योगपतियों एवं व्यापारियों की समस्याओं को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाकर उनके समाधान का हरसंभव प्रयास किया जाएगा। बैठक में अधिकारियों ने जनहित को ध्यान में रखते हुए हाथरस के सभी फीडरों के जूनियर इंजीनियरों (जेई) एवं संबंधित अधिकारियों को विद्युत आपूर्ति में सुधार करने तथा अनावश्यक कटौती से बचने के निर्देश देने की बात भी कही। इस अवसर पर व्यापारी फेडरेशन के जिला अध्यक्ष सुरेश अग्रवाल, सर्वेश्वर फूड्स, तोता इंडस्ट्रीज सहित अनेक उद्योगपति एवं व्यापारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।