Breaking News
मुख्य विकास अधिकारी ने उर्वरक गोदामों व खाद विक्रेता का किया निरीक्षण, व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के दिए निर्देश

हाथरस। मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित ने गुरुवार को पीसीएफ बफर गोदाम रूहेरी, एपैक्स रूहेरी तथा सासनी स्थित चंद्रमोहन अग्रवाल खाद विक्रेता प्रतिष्ठान का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जिला कृषि अधिकारी निखिल देव तिवारी एवं सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता राकेश शंकर श्रीवास्तव भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान पीसीएफ बफर गोदाम पर यूरिया की उपलब्धता, डिस्पैच व्यवस्था एवं स्टॉक रजिस्टर की जांच की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि भविष्य में डिस्पैच आदेश एवं केंद्रवार उर्वरक आवंटन पत्र गोदाम पर उपलब्ध रहें तथा उसी के अनुरूप उर्वरकों का प्रेषण किया जाए। उन्होंने समितियों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने तथा लोडिंग के दौरान हुक का प्रयोग न करने के भी निर्देश दिए।
एपैक्स रूहेरी के निरीक्षण में स्टॉक का मिलान किया गया। किसानों ने बताया कि पॉस मशीन का सर्वर डाउन होने से उर्वरक प्राप्त करने में अधिक समय लगता है। इस पर जिला कृषि अधिकारी को संबंधित अधिकारियों से पत्राचार कर समस्या के समाधान के निर्देश दिए गए। साथ ही नैनो डीएपी एवं नैनो यूरिया के व्यापक प्रचार-प्रसार, किसान दिवसों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने तथा किसानों को ड्रोन के माध्यम से छिड़काव के लिए प्रेरित करने के निर्देश भी दिए गए।
सासनी स्थित खाद विक्रेता के यहां निरीक्षण के दौरान स्टॉक एवं दर बोर्ड का सत्यापन किया गया। दर बोर्ड तत्काल अपडेट कराया गया तथा विक्रेता को निर्धारित मूल्य पर ही यूरिया उपलब्ध कराने, स्टॉक का सही रखरखाव करने और प्रत्येक किसान का आवश्यक विवरण दर्ज करने के निर्देश दिए गए। किसानों को नैनो डीएपी एवं नैनो यूरिया के लाभ बताकर इनके उपयोग के लिए प्रेरित करने को भी कहा गया।
मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनपद के किसानों को बिना किसी टैगिंग के उच्च गुणवत्ता वाले उर्वरक उचित दरों पर सुगमता से उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।

Unknown's avatar

आशीष सेंगर

 aashishsengar@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page