श्री कृष्ण गौशाला में श्रीमद्भागवत कथा एवं दिव्य कलश यात्रा का शुभारंभ 18 जुलाई से,परम पूज्य आचार्य श्री बल्लभ जी के श्रीमुख से होगा रसापन, श्रद्धालुओं से सहभागिता की अपील
हाथरस। श्रीकृष्ण गौशाला में 18 जुलाई से 24 जुलाई 2026 तक संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञानयज्ञ का भव्य आयोजन किया जाएगा। कथा का वाचन परम पूज्य आचार्य श्री बल्लभ जी महाराज द्वारा प्रतिदिन दोपहर 3:00 बजे से सायं 7:00 बजे तक किया जाएगा। आयोजन समिति ने क्षेत्र के समस्त श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कथा श्रवण का पुण्य लाभ प्राप्त करने का आह्वान किया है।

आयोजन समिति के अनुसार श्रीमद्भागवत महापुराण को समस्त वेदों, उपनिषदों एवं पुराणों का सार माना गया है। कलियुग में भागवत कथा का श्रवण आध्यात्मिक शांति, पारिवारिक सुख-समृद्धि तथा जीवन के कल्याण का श्रेष्ठ माध्यम है। श्रद्धा एवं भक्ति भाव से कथा सुनने से मनुष्य के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आता है तथा मन को शांति, भक्ति और सदाचार की प्रेरणा मिलती है।
कार्यक्रम का शुभारंभ 18 जुलाई (शनिवार) को प्रातः 8:00 बजे भव्य एवं दिव्य मंगल कलश यात्रा के साथ होगा। कलश यात्रा शांता देवी मंदिर, मंडी गेट से प्रारंभ होकर श्रीकृष्ण गौशाला, गौशाला रोड पहुँचेगी। आयोजन समिति ने सभी नगरवासियों एवं श्रद्धालुओं से कलश यात्रा में शामिल होकर धर्मलाभ प्राप्त करने की अपील की है।
कथा के दौरान प्रतिदिन विभिन्न प्रसंगों का भावपूर्ण एवं रसपूर्ण वर्णन किया जाएगा। 18 जुलाई को श्रीमद्भागवत कथा का प्रारंभ एवं भागवत महात्म्य, 19 जुलाई को व्यास-नारद संवाद, भीष्म स्तुति एवं शिव विवाह, 20 जुलाई को ध्रुव चरित्र, पृथु चरित्र, अजामिल उपाख्यान, प्रह्लाद चरित्र एवं नृसिंह अवतार, 21 जुलाई को वामन अवतार, श्रीराम जन्मोत्सव एवं श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, 22 जुलाई को श्रीकृष्ण बाल लीलाएं, गोवर्धन पूजा एवं छप्पन भोग, 23 जुलाई को महारास प्रसंग, उद्धव-गोपी संवाद, रुक्मिणी विवाह तथा 24 जुलाई को सुदामा चरित्र, श्रीशुकदेव पूजन एवं कथा विश्राम का आयोजन होगा।
इस धार्मिक आयोजन में श्री गोविंद बल्लभ, श्री अजय अग्रवाल, श्री विष्णु अग्रवाल, श्री अमित अग्रवाल, श्री अनुप अग्रवाल, श्री श्याम सुंदर शर्मा (बिंटी भैया), श्री अतुल अग्रवाल (होंडा वाले), श्री पंकज खंडेलवाल, श्री दीपेश सारस्वत, श्री राकेश बंसल (होंडा वाले) सहित आयोजन समिति के पदाधिकारी एवं अनेक गणमान्य नागरिक सहयोग प्रदान कर रहे हैं।
आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं से सपरिवार कथा श्रवण, दिव्य मंगल कलश यात्रा में सहभागिता तथा भगवान श्रीकृष्ण की कृपा प्राप्त कर अपने जीवन को धन्य बनाने का आग्रह किया है।

