Breaking News
साइकिल यात्रा जन-जागरूकता अभियान,संस्कार शाखा की अनोखी पहल

हाथरस। भारत विकास परिषद संस्कार शाखा‌ हाथरस द्वारा एक साइकिल यात्रा का सुंदर आयोजन किया गया , आज शाखा के साप्ताहिक उत्सव ​विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में नगर के डी.आर.बी. इंटर कॉलेज,से यह यात्रा प्रारंभ हुई । जिसका ​मुख्य संदेश (नारा): “स्वच्छ भारत स्वस्थ भारत , सप्ताह में एक बार साइकिल चलायें, स्वास्थ्य बनायें पेट्रोल बचायें।”
साइकिल चलाओ ,प्रदूषण घटाओ। प्रधानमंत्री मोदी जी के आव्हान और शाखा के साप्ताहिक अभियान
​विश्व पर्यावरण दिवस के क्रम में भारत विकास परिषद, संस्कार शाखा द्वारा पर्यावरण संरक्षण, प्रदूषण नियंत्रण, ईंधन की बचत और अच्छे स्वास्थ्य के प्रति चेतना जागृत करना था।


​जिसमें संस्था के सभी सदस्य एक समान संगठनात्मक टी-शर्ट पहने हुए अनुशासित कतार में अपनी साइकिलों के साथ सम्मिलित हुए, सभी प्रतिभागियों ने हाथों में पर्यावरण संदेश का मुख्य बैनर लेकर शहर के मुख्य मार्गों पर साइकिल चलाई और आम जनता को पर्यावरण को स्वच्छ रखने की प्रेरणा दी।
​अध्यक्ष श्री कमलेश जैन ने आव्हान किया कि सप्ताह में कम से कम एक दिन साइकिल चलाकर पेट्रोल बचाने और वायु प्रदूषण को कम करने का संकल्प ले। डा० मनोज शर्मा ने सभी सहयोगियों और जागरूक नागरिकों का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे सामाजिक प्रयास जारी रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर शाखा के पर्यावरण गतिविधी संयोजक कृष्ण कुमार अग्रवाल सम्मानित सदस्य श्री रिषी बंसल जी सचिव अंकुल जैन कोषाध्यक्ष अंकित वाष्णैय जी उप सचिव विशाल वाष्णैय जिला समन्वय अनिल वाष्णैय जी, हरीश वाष्णैय जी, देवेंद्र वाष्णैय गोपाल धाम, जस मित्तल, विवेक वाष्णैय, प्रतीक अग्रवाल, अनूप जैन, मनीष मित्तल और अन्य सदस्य शामिल थे।

रविवार को भी खुलेगा हाथरस मुख्य डाकघर का आधार केंद्र, सुबह 10 बजे से मिलेगी सभी आधार सेवाएं

हाथरस। आम जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए डाक विभाग ने विशेष व्यवस्था की है। वरिष्ठ डाकघर अधीक्षक, अलीगढ़ मंडल के निर्देशानुसार हाथरस मुख्य डाकघर (Hathras MDG) में संचालित आधार केंद्र रविवार 07 जून 2026 को भी खुला रहेगा।
डाक विभाग द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, आधार से संबंधित सेवाओं को सुगम बनाने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है, जिससे नौकरीपेशा लोगों, छात्रों एवं अन्य नागरिकों को कार्यदिवसों के अतिरिक्त अवकाश के दिन भी सेवाओं का लाभ मिल सके।
रविवार को आधार केंद्र का संचालन सुबह 10:00 बजे से किया जाएगा। नागरिकों की सुविधा के लिए डाकघर में दो आधार किट/मशीनें संचालित रहेंगी, जिससे आवेदकों को कम समय में सेवा उपलब्ध कराई जा सके और अनावश्यक प्रतीक्षा से बचा जा सके।
आधार केंद्र पर नया आधार बनवाने, नाम, पता, जन्मतिथि एवं मोबाइल नंबर अपडेट कराने के साथ-साथ फोटो और फिंगरप्रिंट सहित बायोमेट्रिक अपडेट जैसी सभी सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।
डाक विभाग ने हाथरस एवं आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों से अपील की है कि वे रविवार को उपलब्ध कराई जा रही इस विशेष सुविधा का अधिकतम लाभ उठाएं।

मंडलायुक्त संगीता सिंह ने समामई रूहल गौशाला का किया निरीक्षण, हरिशंकरी पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

हाथरस। अलीगढ़ मंडल की मंडलायुक्त श्रीमती संगीता सिंह ने शनिवार को विकास खंड सासनी की ग्राम पंचायत समामई रूहल स्थित श्री दाऊजी गौशाला का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गौशाला में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं, गौवंशों के संरक्षण एवं देखभाल की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए उन्हें और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ वृहद वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत हरिशंकरी का पौधरोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने गौवंशों को गुड़ खिलाकर उनके संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति अपनी संवेदनशीलता भी व्यक्त की।
जिलाधिकारी अतुल वत्स ने मंडलायुक्त को बताया कि गौशाला में 100×63 फीट का टीन शेड निर्मित कराया गया है। निर्माण कार्य में हैंडपंप रीबोरिंग से प्राप्त पाइपों का उपयोग पिलर निर्माण में किया गया, जिससे लागत में उल्लेखनीय बचत हुई है। इसके अतिरिक्त बीमार गौवंशों के उपचार एवं देखभाल के लिए अलग से टीन शेड का निर्माण भी कराया गया है। इस नवाचार की जानकारी मिलने पर मंडलायुक्त ने इसकी सराहना की।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि वर्तमान में गौशाला में 156 निराश्रित गौवंश संरक्षित हैं, जिनमें 15 नर एवं 141 मादा गौवंश शामिल हैं। उनकी देखभाल के लिए पांच केयर टेकर तैनात किए गए हैं। गौशाला में तीन टीन शेड, तीन चरही, पांच हॉज तथा एक समरसेबल पंप की व्यवस्था उपलब्ध है। वर्तमान में 90 कुंतल भूसा सुरक्षित रखा गया है और प्रतिदिन 35 से 45 कुंतल हरा चारा उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि अब तक 12 लाभार्थियों को 24 गौवंश सुपुर्द किए जा चुके हैं। पेयजल, विद्युत एवं सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए समरसेबल पंप, विद्युत आपूर्ति एवं सीसीटीवी प्रणाली सुचारु रूप से संचालित की जा रही है। निरीक्षण प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए क्यूआर कोड आधारित व्यवस्था भी लागू की गई है, जिससे निरीक्षण संबंधी प्रविष्टियां ऑनलाइन दर्ज होते ही जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी उनका अवलोकन कर सकेंगे।
मंडलायुक्त ने गौशाला की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि गौवंशों के संरक्षण, पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी व्यवस्थाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने शासन की मंशा के अनुरूप गौशालाओं का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के साथ-साथ व्यापक वृक्षारोपण एवं सोलर पंप की व्यवस्था कराने के भी निर्देश दिए।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी सासनी, खंड विकास अधिकारी सासनी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

श्रीकृष्ण का अवतार केवल दुष्टों के विनाश के लिए ही नहीं, बल्कि मानवता को प्रेम, करुणा, धर्म और भक्ति का संदेश देने के लिए हुआ था– डॉ. गोपेश्वर महाराज

हाथरस। श्री कृष्ण गौशाला सेवा समिति के तत्वावधान में स्थानीय श्री कृष्ण गौशाला परिसर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के चतुर्थ दिवस पर कथा व्यास आचार्य पं. डॉ. गोपेश्वर नाथ चतुर्वेदी ‘मनु’ महाराज ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि संतों की सेवा और सत्संग मनुष्य जीवन को सफल बनाने का सर्वोत्तम साधन है। संतों के सान्निध्य से व्यक्ति के भीतर भक्ति, ज्ञान और वैराग्य का उदय होता है तथा मुक्ति के द्वार खुलते हैं।
चतुर्थ दिवस की कथा में ध्रुव चरित्र, भक्त प्रह्लाद तथा भगवान की अनन्य भक्ति के प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया गया। कथा के दौरान उपस्थित श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर हो गए और भगवान के जयघोष से पूरा परिसर गूंज
कथा के दौरान महाराज श्री ने भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य जन्मोत्सव का अत्यंत भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने बताया कि जब पृथ्वी पर अधर्म और अत्याचार बढ़ गया तथा कंस के अत्याचारों से प्रजा त्रस्त हो गई, तब भगवान विष्णु ने श्रीकृष्ण के रूप में अवतार लेकर धर्म की पुनः स्थापना की। भाद्रपद कृष्ण अष्टमी की अर्धरात्रि में मथुरा की कारागार में भगवान श्रीकृष्ण का प्राकट्य हुआ। वसुदेव जी नवजात कृष्ण को यमुना पार कर गोकुल में नंद बाबा और यशोदा मैया के यहां ले गए। भगवान के जन्म प्रसंग का वर्णन सुनकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे और पूरा पांडाल “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयघोष से गुंजायमान हो गया।
महाराज श्री ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का अवतार केवल दुष्टों के विनाश के लिए ही नहीं, बल्कि मानवता को प्रेम, करुणा, धर्म और भक्ति का संदेश देने के लिए हुआ था। श्रीकृष्ण का जीवन हमें प्रत्येक परिस्थिति में धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
कथा के उपरांत श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव की झांकी के दर्शन किए, आरती में सहभागिता की तथा प्रसाद ग्रहण कर धर्म लाभ प्राप्त किया। आयोजन समिति ने सभी श्रद्धालुओं से कथा के आगामी दिवसों में भी अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित रहने का आग्रह किया।

मुख्य विकास अधिकारी ने कृषि विज्ञान केंद्र का निरीक्षण कर वहां संचालित विभिन्न गतिविधियों का किया अवलोकन

हाथरस । मुख्य विकास अधिकारी ने कृषि विज्ञान केंद्र का निरीक्षण कर वहां संचालित विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी को अवगत कराया गया कि प्रदर्शन के रूप में हाईटेक नर्सरी में कमल के फूलों के उत्पादन हेतु बीजों का रोपण कराया गया है। साथ ही पॉलीहाउस में तालाबों में रोपित किए जाने के लिए कमल की पौध तैयार की जा रही है। बताया गया कि रति का नगला रहीम स्वयं सहायता समूह द्वारा लगभग 2000 कमल के पौधे तैयार कराए जा रहे हैं। मुख्य विकास अधिकारी ने पौध उत्पादन की प्रगति का निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा तैयार की जा रही पौधों की गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि वर्षा ऋतु में इन पौधों को कंचना सरोवर सहित अन्य सरोवरों में रोपित कराया जाएगा, जिससे जलाशयों की सुंदरता बढ़ने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण एवं जैव विविधता को भी बढ़ावा मिलेगा। निरीक्षण के समय कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी अपने समस्त स्टाफ के साथ उपस्थित रहे।

मंडलायुक्त ने सासनी सीएचसी में एचपीवी टीकाकरण शिविर का किया औचक निरीक्षण, हाथरस प्रदेश में प्रथम

हाथरस। मंडलायुक्त अलीगढ़ मंडल श्रीमती संगीता सिंह ने जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सासनी में 9 से 14 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं के लिए आयोजित एचपीवी (HPV) टीकाकरण शिविर का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने टीकाकरण अभियान की प्रगति, बालिकाओं के पंजीकरण और वैक्सीनेशन प्रक्रिया की जानकारी ली। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि प्रत्येक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्रतिदिन 10 आशा कार्यकत्रियां अपने-अपने क्षेत्रों से पात्र बालिकाओं को टीकाकरण के लिए ला रही हैं। स्टाफ नर्सों द्वारा एचपीवी वैक्सीन लगाई जा रही है तथा सभी आशा कार्यकत्रियों ने अपने क्षेत्र की पात्र किशोरियों की ड्यू-लिस्ट तैयार कर ली है, जिसके आधार पर अभियान संचालित किया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जनपद में अब तक 6,733 बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण किया जा चुका है। इस उपलब्धि के साथ हाथरस जनपद मंडल एवं प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान पर पहुंच गया है। इस सफलता पर मंडलायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग की टीम की सराहना करते हुए निर्देश दिए कि सभी पात्र बालिकाओं का समयबद्ध टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए और कोई भी बालिका वैक्सीन से वंचित न रहे।
मंडलायुक्त ने कहा कि एचपीवी टीकाकरण बालिकाओं को भविष्य में होने वाली गंभीर बीमारियों से बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने अभिभावकों को टीके के महत्व और इसके लाभों के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को अभियान की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा टीकाकरण केंद्रों पर बालिकाओं और उनके अभिभावकों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने उपस्थित अभिभावकों एवं बालिकाओं से संवाद कर टीकाकरण के लाभों की जानकारी ली और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी, उपजिलाधिकारी सासनी तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

आने वाली पीढ़ियों के लिए पर्यावरण की रक्षा हो: प्रमोद भारद्वाज ,विश्व पर्यावरण दिवस पर पर्यावरण संरक्षण गतिविधि हरिगढ़ ने किया बीजारोपण व पौधारोपण

हरिगढ़। विश्व पर्यावरण दिवस पर पर्यावरण संरक्षण गतिविधि हरिगढ़ ने बीजारोपण व पौधारोपण तिकोना पार्क ज्ञान सरोवर कालोनी में किया ।
पर्यावरण विभाग सह सयोजक प्रमोद भारद्वाज ने कहा का प्रकृति से प्रेरित, जलवायु के लिए, हमारे भविष्य के लिए थीम जलवायु परिवर्तन पर कार्रवाई करने, प्रकृति के साथ संतुलन बनाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए पर्यावरण की रक्षा करने पर हम सब का ध्यान केंद्रित रहे ।


विश्व पर्यावरण दिवस का मुख्य उद्देश्य लोगों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना, वनों की कटाई को रोकना, कार्बन उत्सर्जन कम करना है। इस अवसर पर जितेंद्र गर्ग पर्यावरण महानगर सयोजक, मुकेश शर्मा सहसयोजक नारी शक्ति, रश्मि पंकज महानगर प्रमुख नारी शक्ति, अनीता, रेखा चौहान, आदित्य सिंघल, विभिन्न आरएसएस स्वयंसेवक, पर्यावरण प्रेमी आदि मौजूद रहे ।

पूर्व सभासद निशांत उपाध्याय बने राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा पार्टी के जिला महामंत्री

हाथरस। राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व की सहमति एवं जिलाध्यक्ष विजय कुमार शर्मा के निर्देशन में पूर्व सभासद निशांत उपाध्याय को पार्टी का जिला महामंत्री नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति की घोषणा के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों में उत्साह का माहौल है।
निशांत उपाध्याय की पहचान एक जुझारू, संघर्षशील और जनहित के मुद्दों को मुखरता से उठाने वाले नेता के रूप में रही है। वे लंबे समय से जनता के बीच सक्रिय रहकर सामाजिक एवं जनसमस्याओं के समाधान के लिए कार्य करते रहे हैं।


पार्टी नेतृत्व ने उम्मीद जताई है कि निशांत उपाध्याय अपनी नई जिम्मेदारी का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए संगठन को मजबूत बनाने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
उनकी नियुक्ति पर शुभचिंतकों, पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है।

पालिकाध्यक्ष श्वेता चौधरी ने किया वार्ड 13 में सीसी इंटरलॉकिंग टाइल एवं नाली निर्माण कार्य का हुआ लोकार्पण

हाथरस। नगर पालिका परिषद हाथरस द्वारा वार्ड संख्या-13 में 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत निर्मित सीसी इंटरलॉकिंग टाइल एवं नाली निर्माण कार्य का लोकार्पण कर उसे नगरवासियों को समर्पित किया गया।

कार्यक्रम में पालिकाध्यक्ष श्वेता चौधरी ने कहा कि नगर के सभी वार्डों में जनसुविधाओं के विस्तार, बेहतर सड़क व्यवस्था, सुदृढ़ जल निकासी एवं स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने के लिए नगर पालिका परिषद निरंतर कार्य कर रही है। विकास कार्यों से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि जलभराव की समस्या में कमी आने के साथ स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं में भी सुधार होगा।
प्रत्येक नागरिक तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने तथा नगर के समग्र विकास को गति देने के उद्देश्य से विभिन्न वार्डों में आधारभूत संरचनाओं का निर्माण कराया जा रहा है। ऐसे कार्य नागरिक जीवन की गुणवत्ता को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर पूर्व सांसद राजेश कुमार दिवाकर, वार्ड संख्या-13 के सभासद अभिषेक राज, भाजपा नगर अध्यक्ष एवं मनोनीत सभासद विवेक गुप्ता, सभासद अशोक गोला, हिमांशु कौशिक, दिनेश सिंह (नन्हे), अतुल चौधरी, काव्य वार्ष्णेय, राकेश सिंह, सभासद प्रतिनिधि सुनील कुशवाह, चन्दन कुमार, टेकपाल कुशवाह, राघवेन्द्र चौधरी, राकेश शर्मा (अनाड़ी), सत्यभान सिंह, नगर महामंत्री अर्जुन वाल्मीकि सहित क्षेत्र के सम्मानित नागरिक एवं स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।

“एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत हाथरस में हुआ वृहद वृक्षारोपण, जनप्रतिनिधियों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश’

हाथरस। केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने तथा विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत वन विभाग के तत्वावधान में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। नगर वन सुसायत सासनी, नगला कांच वन भूमि सिकंदराराऊ तथा मीरपुर मंदिर सादाबाद में आयोजित कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं आमजन ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।नगर वन सुसायत सासनी में आयोजित कार्यक्रम में सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर ने पीपल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा ने बरगद तथा मुख्य विकास अधिकारी ने पाकड़ का पौधा रोपित किया। इस अवसर पर विधायक अंजुला सिंह माहौर ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। वृक्ष धरती के भूषण हैं और प्रदूषण को दूर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने लोगों से अपने घर, खेत, कार्यालय अथवा उपलब्ध स्थान पर कम से कम एक पौधा लगाने तथा उसका संरक्षण करने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान ऑक्सीजन के महत्व को सभी ने महसूस किया था, इसलिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण समय की मांग है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री द्वारा जनपद को दिए गए पौधारोपण लक्ष्य को सरकार एवं संगठन के समन्वित प्रयासों से सफलतापूर्वक पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि उनकी देखभाल और संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है।
विधायक ने जनपदवासियों से जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ तथा अन्य सामाजिक एवं धार्मिक अवसरों पर पौधारोपण को परंपरा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति अपने बच्चों के जन्मदिन पर पौधा लगाएगा तो उसके प्रति भावनात्मक जुड़ाव भी विकसित होगा और उसका संरक्षण भी सुनिश्चित होगा।
मीरपुर मंदिर सादाबाद में आयोजित कार्यक्रम में विधायक प्रदीप कुमार ने हरिशंकरी का पौधा लगाकर कार्यक्रम की अध्यक्षता की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए वृक्षारोपण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने ग्रामीणों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता के माध्यम से ही पर्यावरण संरक्षण के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
वहीं नगला कांच वन भूमि सिकंदराराऊ में विधायक वीरेंद्र सिंह राणा ने हरिशंकरी का पौधारोपण करते हुए कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने लोगों से “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान से जुड़कर पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
इसके अतिरिक्त शासन की मंशा के अनुरूप हाथरस, सिकंदराराऊ एवं सादाबाद रेंज की सड़कों के किनारे, सार्वजनिक भूमि, ग्राम पंचायतों की भूमि, गौशालाओं, विद्यालय परिसरों, किसानों के खेतों एवं मेड़ों, राजकीय पौधशालाओं तथा नगर पालिका एवं नगर पंचायत क्षेत्रों में भी व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण किया गया। कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों तथा आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

You cannot copy content of this page