मंडलायुक्त ने सासनी सीएचसी में एचपीवी टीकाकरण शिविर का किया औचक निरीक्षण, हाथरस प्रदेश में प्रथम
हाथरस। मंडलायुक्त अलीगढ़ मंडल श्रीमती संगीता सिंह ने जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सासनी में 9 से 14 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं के लिए आयोजित एचपीवी (HPV) टीकाकरण शिविर का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने टीकाकरण अभियान की प्रगति, बालिकाओं के पंजीकरण और वैक्सीनेशन प्रक्रिया की जानकारी ली। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि प्रत्येक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्रतिदिन 10 आशा कार्यकत्रियां अपने-अपने क्षेत्रों से पात्र बालिकाओं को टीकाकरण के लिए ला रही हैं। स्टाफ नर्सों द्वारा एचपीवी वैक्सीन लगाई जा रही है तथा सभी आशा कार्यकत्रियों ने अपने क्षेत्र की पात्र किशोरियों की ड्यू-लिस्ट तैयार कर ली है, जिसके आधार पर अभियान संचालित किया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जनपद में अब तक 6,733 बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण किया जा चुका है। इस उपलब्धि के साथ हाथरस जनपद मंडल एवं प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान पर पहुंच गया है। इस सफलता पर मंडलायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग की टीम की सराहना करते हुए निर्देश दिए कि सभी पात्र बालिकाओं का समयबद्ध टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए और कोई भी बालिका वैक्सीन से वंचित न रहे।
मंडलायुक्त ने कहा कि एचपीवी टीकाकरण बालिकाओं को भविष्य में होने वाली गंभीर बीमारियों से बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने अभिभावकों को टीके के महत्व और इसके लाभों के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को अभियान की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा टीकाकरण केंद्रों पर बालिकाओं और उनके अभिभावकों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने उपस्थित अभिभावकों एवं बालिकाओं से संवाद कर टीकाकरण के लाभों की जानकारी ली और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी, उपजिलाधिकारी सासनी तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

