Breaking News
शासन के निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें , डीएम ने की अभियोजन कार्यों, नार्को कोआर्डिनेशन सेन्टर मैकेनिज्म (NCORD) समिति की बैठक

हाथरस । जनपद में कानून व्यवस्था को सुदृण बनाये रखने एवं अभियोजन कार्यों, नार्को कोआर्डिनेशन सेन्टर मैकेनिज्म (NCORD) समिति की बैठक जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में करते हुए अभियोजन अधिकारियों को आपराधिक मामलों में संलिप्त दोषियों के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही करते हुए कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि अपराध करने के पश्चात अपराधियों को सजा न मिलने पर उनका मनोबल बढ़ता है और आपराधिक घटनाओं में वृद्धि होती है। जो समाज के लिए ठीक नहीं है। अपराधी किसी भी दशा में सजा पाने से वंचित नही रहना चाहिए। जिलाधिकारी ने गुण्डा एक्ट तथा गैंगस्टर के मामलों मे प्राथमिकता के आधार पर कार्यवाही किये जाने के निर्देश दिए, ताकि अपराधियों को सजा दिलाई जा सके। विभिन्न धाराओं के तहत लम्बित मामलों तथा गुण्डा एक्ट, महिला अपराधों के बारे में विस्तारपूर्वक चर्चा करते हुए अभियोजन अधिकारियो को गम्भीर मामलों में रिहा हुए वादो की विवेचना कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने अभियोजन मामलों में अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने पर भी जोर देते हुए कहा कि अभियोजन कार्यों के प्रभावी और पारदर्शी निष्पादन से न्याय की प्रक्रिया को तेज किया जा सकेगा। जिलाधिकारी ने महिला अपराधों के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश देते हुए अभियोजन विभाग के अधिकारियों से कहा कि शासन के निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन किया जाए। मुकदमों में प्रभावी तरीके से पैरवी की जाए, महिलाओं से संबंधित जो मुकदमे जैसे हत्या, अपहरण, बलात्कार आदि घटनाओं का चार्ट अलग बनाया जाए। उन्होंने आपराधिक मामलों में लिप्त अपराधियों को सजा दिलाने हेतु न्यायालयों में मुकदमों की प्रभावी ढंग से पैरवी करने के लिये अभियोजन अधिकारियों को कडे़ निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग को निर्देशित किया कि जनपद में निरंतर सघन जांच अभियान चलाते हुए मिठाई, दूध, दुग्ध उत्पाद, तेल, घी, मसाले सहित अन्य खाद्य पदार्थों के नमूनों की नियमित जांच कराई जाए तथा मिलावट पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी दशा में मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री न होने पाए।
जिलाधिकारी ने जिला आबकारी अधिकारी को अवैध मदिरा की बिक्री एवं सेवन पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाने के निर्देश देते हुए कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाए तथा अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं बिक्री में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध अभियान चलाकर कठोर कार्यवाही की जाए। उन्होंने पुलिस एवं आबकारी विभाग के संयुक्त समन्वय से नियमित चेकिंग अभियान संचालित करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने जिला विद्यालय निरीक्षक को निर्देशित किया कि विद्यालयों के आसपास धूम्रपान एवं तंबाकू उत्पादों की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने कहा कि स्कूलों के 100 मीटर के दायरे में किसी भी प्रकार की धूम्रपान सामग्री की दुकान संचालित न होने पाए। इस संबंध में निरंतर निरीक्षण एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शासन के निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें, जिससे जनपद में कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे और आमजन को सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा, अपर जिलाधिकारी वित्त राजस्व, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, अपर पुलिस अधीक्षक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट, समस्त उप जिलाधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, प्रभारी अधिकारी राष्ट्रीय राजमार्ग तथा अन्य संबंधित अधिकारी कर्मचारी आदि उपस्थित रहें।

चामुंडा मंदिर रमनपुर पर नवरात्रों में धार्मिक उत्सव, नगर में निकली भव्य कलश यात्रा ,19 से 28 मार्च तक 51 वाँ ‘श्रीशत् चण्डी महायज्ञ’ एवं श्रीमद् भागवत महापुराण

हाथरस। चामुंडा पीठाधीश्वर महन्त नागा बाबा पाताल गिरी महाराज के मार्गदर्शन में विश्व कल्याण हेतु प्रत्येक नवरात्रि में होने वाले यज्ञ महोत्सव के अंतर्गत 51 वाँ ‘श्रीशत् चण्डी महायज्ञ’ एवं श्रीमद् भागवत महापुराण
19 मार्च से 28 मार्च तक प्रचीन सिद्धपीठ महामाया राजराजेश्वरी चामुण्डा मन्दिर रमनपुर पर आयोजित किया जा रहा है।
कथा प्रारंभ से पूर्व नागा बाबा संगम गिरी महाराज फलाहारी के देखरेख में आज चैत्र शुक्ला प्रतिपदा नवसम्बतसर 2083 को नगर में विशाल एवं भव्य कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा गाने बाजे के संग प्रचीन सिद्धपीठ महामाया राजराजेश्वरी चामुण्डा मन्दिर रमनपुर से आरम्भ होकर नगर के मुख्य मार्गो से भृमण करते हुये यज्ञ-कथा स्थल माँ चामुण्डा देवी रमनपुर पहुँची। मार्ग में धर्मप्रेमीयों द्वारा कलश यात्रा पर पर जगह जगह पुष्पवर्षा की गई।
नवरात्रों में रमनपुर स्थित चामुंडा मंदिर पर दशमी तक चलने वाले धार्मिक उत्सव में यज्ञ आचार्य पंकज शास्त्री द्वारा प्रतिदिन वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ प्रातः 9:00 बजे से सायं 04:00 बजे तक यज्ञ किया जायेगा होगा उसके उपरांत युवा कथा प्रवक्ता ब्रज रसिक संदीप कृष्ण भारद्वाज के श्री मुख से रात्रि 08:00 बजे से प्रभु इच्छा तक कथा का रसपान कराया जायेगा। 23 मार्च पंचमी को विराट कुश्ती दंगल, सायं 4 बजे से होगा। 27 मार्च नवमी को विशाल फूल बंगला, सायं 4 बजे से दर्शन होंगे। 27 मार्च नवमी को भव्य फूल बंगला एवं यज्ञ की पूर्ण आहूति सायं 4 बजे 108 बत्ती महा आरती रात्रि 8:00 बजे एवं रात्रि 12:00 बजे महा आरती होगी। 28 मार्च दशमी को प्रातः 10 बजे- महारूद्राभिषेक अपरान्ह 3:00 बजे संत, ब्राह्मण, कन्या लांगुरा, भोग प्रसाद एवं विशाल भण्डारा का आयोजन किया जायेगा। व्यवस्था में गोपाल चौहान सहित सभी भक्तों का सहयोग रहा।

विश्व मे भारत को श्रेष्ठ बनाने के लिये एकजुट होकर आगे बढ़ें : राजनारायण सिंह, आरएसएस ने मनाया वर्ष प्रतिपदा उत्सव, जीवन मे पंच परिवर्तन अपनाने का आह्वान

हाथरस। संघ ने बिना किसी ऊंच नीच ,जाती पाति, द्वेषभाव के हिन्दू समाज को संगठित करने के साथ ही समाज निर्माण का कार्य किया है। यही कारण है कि संघ कार्यो की समूचे विश्व मे चर्चा के साथ भूरि भूरि प्रशंसा हो रही है। विश्व मे भारत को श्रेष्ठ बनाने के लिये हमें मिलकर आगे बढ़ना है। नववर्ष की नूतन वेला पर हम अपने लक्ष्य प्राप्ति की ओर प्रयासरत रहे । संघ के कार्यो को बढ़ाने व पंच परिवर्तन को जीवन मे अपनाने का संकल्प लें। उक्त बातें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के हरिगढ़ विभाग सह प्रचार प्रमुख राजनारायण सिंह ने कही, वह सरस्वती विद्या मंदिर में आयोजित वर्षप्रतिपदा उत्सव को संबोधित कर रहे थे।
वर्ष प्रतिप्रदा उत्सव का शुभारंभ संघ संस्थापक परम पूज्य केशवराव बलिराम हेडगेवार को “आद्यय सर संघचालक प्रणाम” कर हुआ। मुख्य वक्ता विभाग सह प्रचार प्रमुख राजनारायण सिंह ने उपस्थित स्वयंसेवकों को नवसंवत्सर 2083 की बधाई देते हुये कहा कि आज का दिन बहुत पावन दिन है।हम शक्तिपीठ की पूजा करते है वहीँ आज संघ के संस्थापक परम पूज्य डॉ केशव राव बलिराम हेडगेवार का जन्मोत्सव भी है। डॉ हेडगेवार ने हिन्दू समाज को एकजुट करने के लिये संघ की स्थापना की।वर्ष 1925 में लगा संघ रूपी व्रक्ष आज विराट स्वरूप में स्थापित हो चुका है। जो हिन्दू समाज को संगठित एव संरक्षित कर राष्ट्र के उन्नयन विकास के लिये कार्यरत है। उनकी प्रेरणा से संघ निरन्तर अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि आज सभी संघ कार्यों को देख रहे है और संघ कार्यो की सराहना कर रहे है। संघ समाज निर्माण के साथ राष्ट्र निर्माण में लगा हुआ है। संघ का कार्य समाज को सकारात्मक दिशा में प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि संघ निरंतर समाज में बदलाव लाने के लिए काम कर रहा है । संघ अपने शताब्दी वर्ष में कुटुंब प्रबोधन ,समाजिक समरसता , पर्यावरण , स्वदेशी और नागरिक कर्तव्य के पंच परिवर्तन का कार्य कर रहा है। हमें अपने जीवन में इन महत्वपूर्ण ‘पंच परिवर्तन’ को अपनाना है। उन्होंने कहा कि अयोध्या में भगवान राम का भव्य मंदिर बना है यह नये स्वर्णिम भारत का आगाज है। हिन्दू हमेशा सर्वे भवन्तु सुखिनः के भाव को रखकर कार्य करता है। देश रामराज्य की उस परिकल्पना को साकार करने जा रहा है जहां जाति पात ,ऊंच नीच ,द्वेष का कोई स्थान नही होगा। इस स्वर्णिम युग मे हमें साथ साथ कदम से कदम मिलाकर चलना है तभी हम भारत को विश्वगरू बनायेंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी एवँ प्रमुख व्यवसायी देवेन्द्र वार्ष्णेय ने तथा संचालन नगर कार्यवाह भानु ने किया ।
इस अवसर पर जिला प्रचारक जयकिशोर , नगर प्रचारक शिवम , विभाग सह कार्यवाह अजय कुलश्रेष्ठ , विभाग सह सम्पर्क प्रमुख दुर्गेश गुप्ता , जिला संघचालक डॉ यूएस गौड़, जिला सेवा प्रमुख योगेश बागड़ी , जिला बौद्धिक प्रमुख पवन शर्मा ,जिला व्यवस्था प्रमुख मनीष अग्रवाल ,जिला प्रचार प्रमुख आशीष सेंगर , नगर संघचालक डॉ पीपी सिंह ,सह नगर कार्यवाह अमित गौतम , आनंद गोयल विपिन , लक्ष्मीकांत दीक्षित , प्रबल प्रताप , शुभम एलानी ,वीरेंद्र माहौर , संदीप वार्ष्णेय , प्रदीप यादव , अजय , सतीश बेंक वाले , लोकेंद्रनाथ शर्मा , देवेश समाधिया , रूपेश उपध्याय , अनिल गुप्ता ,देवेन्द्र मोहता आदि सहित काफी संख्या में स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

शादी हॉल, लॉन व कैटरिंग में घरेलू गैस सिलेंडर के उपयोग पर होगी सख्त कार्रवाई -जिला पूर्ति अधिकारी

हाथरस। जिला पूर्ति अधिकारी ध्रुवराज यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में संचालित शादी हॉल, लॉन एवं कैटरिंग सेवाओं में घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग किया जा रहा है, जो कि नियमों के विरुद्ध है।उन्होंने स्पष्ट किया कि व्यावसायिक स्थलों जैसे शादी हॉल, हॉल, लॉन एवं कैटरिंग सेवाओं में केवल व्यावसायिक गैस सिलेंडरों का ही उपयोग किया जाना अनिवार्य है। घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग कानूनन अपराध है, जिसके विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी। जिला पूर्ति अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जनपद के सभी शादी हॉल, लॉन एवं कैटरिंग प्रतिष्ठानों पर अनिवार्य रूप से यह चेतावनी बोर्ड/सूचना फलक लगवाया जाए-
‘‘यहाँ सिर्फ व्यावसायिक गैस सिलेंडर ही इस्तेमाल होंगे। घरेलू गैस सिलेंडर इस्तेमाल करना कानून के तहत अपराध है।’’

इसके साथ ही इन प्रतिष्ठानों पर आकस्मिक निरीक्षण अभियान भी चलाया जाएगा, ताकि नियमों का अनुपालन सुनिश्चित किया जा सके। यदि किसी भी स्थान पर घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग पाया जाता है, तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी। जनपद के समस्त होटल, शादी हॉल संचालकों एवं कैटरिंग सेवा प्रदाताओं से अपील की गई है कि वे निर्धारित नियमों का पालन करें एवं केवल व्यावसायिक गैस सिलेंडरों का ही उपयोग करें।

जनगणना हेतु नियुक्त फील्ड ट्रेनर्स के प्रशिक्षण का शुभारंभ

हाथरस। आगामी जनगणना प्रक्रिया को सुचारू, सटीक और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से आज बीएलएस इंटरनेशनल स्कूल में नव-नियुक्त फील्ड ट्रेनर्स के लिए एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य ट्रेनर्स को जनगणना की नई कार्यप्रणाली, डेटा संकलन की बारीकियों और डिजिटल उपकरणों के उपयोग के लिए पूरी तरह से तैयार करना है। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम का शुभारंभ जिले के वरिष्ठ अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में अधिकारियों ने फील्ड ट्रेनर्स का मार्गदर्शन किया और राष्ट्रीय स्तर पर जनगणना के महत्व पर प्रकाश डाला। उद्घाटन समारोह में मुख्य रूप से धर्मेंद्र सिंह दृ एसडीएम/ प्रभारी अधिकारी-जनगणना, अपर जिला जनगणना अधिकारी/जिला सूचना विज्ञान अधिकारी आलोक माहेश्वरी, स्मृति गौतम दृ जिला प्रभारी -जनगणना, मनोज उपाध्याय दृ ईडीएम उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसडीएम श्री धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि देश और जिले के विकास की नीतियां तय करने में जनगणना के आंकड़े सबसे अहम भूमिका निभाते हैं, इसलिए सभी ट्रेनर्स को अपना कार्य पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ करना होगा। चूंकि इस बार की जनगणना में डिजिटल तकनीक का व्यापक उपयोग होना है, इसलिए डीआईओ श्री आलोक माहेश्वरी और ईडीएम श्री मनोज उपाध्याय ने सभी उपस्थित ट्रेनर्स को आईटी टूल्स, मोबाइल ऐप और डेटा फीडिंग के तकनीकी पहलुओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने तकनीकी समस्याओं के त्वरित समाधान (जतवनइसमेीववजपदह) के तरीके भी साझा किए। वहीं, जिला प्रभारी स्मृति गौतम ने सभी फील्ड ट्रेनर्स का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें जमीनी स्तर पर आने वाली चुनौतियों से निपटने के गुर सिखाए और इस राष्ट्रीय कार्य में अपना शत-प्रतिशत योगदान देने के लिए प्रेरित किया। बीएलएस इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम अत्यंत सफल रहा, जिसमें सभी फील्ड ट्रेनर्स ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।

मेड़ू नगर पंचायत के मनोनीत सभासद का किया स्वागत

हाथरस। मुंशी राम चाटवाले को मेड़ू नगर पंचायत का मनोनीत सभासद नियुक्त होने पर उनका एवं उनकी धर्म पत्नी दयावती चटावले का अपने कार्यालय कोठी बेलन शाह हाथरस में गले में पट्टिका डालकर एवं उनको मिठाई खिलाकर बधाई दी एवं स्वागत अभिनंदन किया एवं उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।

पतंजलि योग समिति ने मातृशक्ति को दिखाई द केरला स्टोरी-2 फ़िल्म

हाथरस । पतंजलि योग समिति के बैनर तले आर .आर .टॉकीज में फ़िल्म द केरला स्टोरी -2 को मातृशक्ति को दिखाया गया। केरला-2 फ़िल्म में समाज में हो रहे लव जिहाद- अराजकता हिंदू बेटियों को जिहादियों द्वारा बरगलाना जैसी घटनाओं का सुंदर चित्रण किया गया है। फ़िल्म देखने लगभग 300 मातृशक्ति टाकीज पहुँची। इस फ़िल्म को दिखाने का उद्देश्य हमारी बहन बेटियां अपने मार्ग से अपने जीवन पथ से न भटके। मातृशक्ति को फ़िल्म दिखाने में बुद्ध सिंह आर्य- वीरेंद्र सिंह कप्तान- विपिन -डॉक्टर श्याम वर्मा – राजेश वार्ष्णेय- सुरेंद्र वार्ष्णेय -यस वाला शर्मा आदि सभी का व्यवस्था बनाने में सराहनीय सहयोग रहा ।

सेठ पी.सी. बागला कॉलेज के सात दिवसीय एनएसएस विशेष शिविर का भव्य शुभारंभ

हाथरस। राजा महेन्द्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय, अलीगढ़ से संबद्ध सेठ पी.सी. बागला (पी.जी.) कॉलेज हाथरस की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) तीनों इकाइयों के सात दिवसीय विशेष शिविर का आज उत्साहपूर्वक आगाज़ हुआ।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ कॉलेज के आदरणीय प्राचार्य प्रो.( डॉ.) महावीर सिंह छोकर जी द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने स्वयंसेवकों को समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर डॉ सुनंदा महाजन डॉ के एन त्रिपाठी डॉ दानिश डॉ राजेश कुमार डॉ दीपा ग्रोवर डॉ सत्यदेव पचौरी डॉ संतोष कुमार डॉ विमलेश डॉ संध्या डॉ शालिनी डॉ कमलेश कुशवाहा डॉ विशाल डॉ बृजेश डॉ हरिओम NSS लिपिक इशांत उपस्थित रहे । उद्घाटन के बाद महाविद्यालय की मुख्य गेट से तीनों कार्यक्रम अधिकारी के नेतृत्व में सभी स्वयंसेवक रैली निकालते हुए योग वेदांत आश्रम पहुंचे, जहाँ शिविर की आगे की गतिविधियों का संचालन किया गया।
आज का विषय ” स्वच्छता और सेवा” के तहत शिविर के पहले दिन का मुख्य केंद्र ‘स्वच्छता’ रहा। आश्रम पहुँचते ही स्वयंसेवकों ने श्रमदान किया, जिसमें पूरे परिसर की साफ-सफाई की गई और फर्श बिछाकर कार्यक्रम की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम का आध्यात्मिक और सांस्कृतिक शुभारंभ माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण तथा वंदना के साथ हुआ। यह शिविर इकाई प्रथम: डॉ. विनय कुमार वर्मा (कार्यक्रम अधिकारी),इकाई द्वितीय: श्री ऋषिकान्त (कार्यक्रम अधिकारी),इकाई तृतीय: अंकिता (कार्यक्रम अधिकारी) के कुशल नेतृत्व में आगे बढ़ा । विशेष शिविर के प्रथम दिवस के अवसर पर अतिथि के रूप में आश्रम के महाराज जी मंच पर आए तथा स्वयंसेवकों को आशीर्वचन प्रदान किया । इस अवसर पर श्री विनय कुमार वर्मा जी द्वारा स्वयंसेवकों को शिविर की जानकारी देते हुए हुए बताया गया कि यह शिविर 18 मार्च से शुरू होकर 24 मार्च 2026 तक चलेगा, जिसमें अगले सात दिनों तक स्वयंसेवक विभिन्न सामाजिक और जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से समाज को नई दिशा देने का प्रयास करेंगे। शिविर में श्री ऋषिकांत जी द्वारा सभी स्वयंसेवको का मार्गदर्शन किया तथा कार्यक्रम के सभी प्रबंध तंत्र को संभाला और अंकिता जी द्वारा मंच संचालन किया गया तथा विशेष शिविर में आगे की रूपरेखा तैयार की गई ।
इस अवसर पर देवांशी द्वारा मंच संचालन, तथा बंटी बॉबी बबीता मीनू द्वारा अनुशासन, राहुल द्वारा फोटोग्राफी, पूजा और विमल द्वारा न्यूज़ राइटिंग राधा और टीम द्वारा सरस्वती वंदना प्रस्तुत की गई । इस अवसर पर डॉली रितु अंकित कुमकुम दिव्यांशी खुशी पूजा विमल हेमंत राहुल कपिल रवि इत्यादि स्वयंसेवक तथा NSS कर्मचारी ऋषि उपस्थित रहे ।

सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याणकारी नीतियों के माध्यम से उत्तर प्रदेश में नए युग का निर्माण : विधायक अंजुला माहौर

उत्तर प्रदेश सरकार के नव निर्माण के नौ वर्ष पूर्ण होने पर मुख्यमंत्री के उद्बोधन को कलेक्ट्रेट सभागार में सुना।

जनप्रतिनिधिगणों ने प्रेस वार्ता कर जनपद नव निर्माण कार्यों एवं संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार पूर्वक दी जानकारी

हाथरस । उत्तर प्रदेश सरकार के नव निर्माण के नौ वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मा0 विधायक सदर, मा0 जिलाध्यक्ष, मा0 सांसद प्रतिनिधि एवं मा0 जनप्रतिनिधिगणों, जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी तथा अन्य अधिकारियों/कर्मचारियों एवं लभार्थियों की गरिमामई उपस्थिति में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के पश्चात जनपद में मा0 विधायक सदर, मा0 जिलाध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी, मा0 सांसद प्रतिनिधि एवं मा0 जनप्रतिनिधिगणों ने प्रेस वार्ता कर जनपद में नव निर्माण कार्यों एवं संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान मा0 विधायक सदर, मा0 जिलाध्यक्ष, मा0 सांसद प्रतिनिधि एवं मा0 जनप्रतिनिधिगणों, जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत कक्षा 6, 7, 8 की मेधावी छात्रा आलिया, पूनम, पलक को स्टेशनरी किट तथा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत दसवीं और बारहवीं की मेधावी छात्राओं रागिनी, कृतिका तथा छवि पाठक, को रु0 5000 के डेमो चैक प्रदान कर बधाई दी।
इस मौके पर मा0 विधायक सदर श्रीमती अंजुला सिंह माहौर ने उत्तर प्रदेश की सम्मानित जनता का हृदय से धन्यवाद एवं आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता ने 37 वर्षों के बाद पुनः एक साथ भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाकर एक ऐतिहासिक निर्णय लिया है। मा0 मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में आज पूरा उत्तर प्रदेश निरंतर प्रगति, विकास और उन्नति की ओर अग्रसर है। सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याणकारी नीतियों के माध्यम से प्रदेश में एक नए युग का निर्माण हो रहा है।
“सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र को साकार करते हुए यह नव वर्ष प्रदेश के सर्वांगीण विकास के प्रतीक बन रहे हैं। अंत्योदय की परिकल्पना को साकार करने और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की किरण पहुँचाने का कार्य निरंतर जारी है। उन्होंने मा0 मुख्यमंत्री जी के प्रति विशेष रूप से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके कुशल नेतृत्व में प्रदेश की जनता को बेहतर सेवाएँ और सुशासन प्राप्त हो रहा है, जिससे आमजन उनके कार्यों से संतुष्ट हैं।
कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ने उपस्थित मा0 जनप्रतिनिधिगणों/अतिथियों का आभार व्यक्त किया और प्रदेश सरकार की विभिन्न उपलब्धियों के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि सरकार द्वारा विभिन्न विभागों के माध्यम से चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक पहुँच रहा है। उन्होनंे कहा कि इस अवसर पर मेधावी छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। कक्षा 6, 7, 8 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को स्टेशनरी किट तथा हाईस्कूल/इंटरमीडिएट में अच्छे अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं को रूपये 5000 की धनराशि का डैमों चैक प्रदान कर सम्मानित किया गया है। इस मौके पर उन्होंने जनपद स्तर पर स्वास्थ्य विभाग की उपलब्धियों तथा निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्गों की प्रगति से अवगत कराया। कार्यक्रम का संचालन मोनिका गौतम द्वारा किया गया।

इस मौके पर मा0 विधायक सदर श्रीमती अंजुला सिंह माहौर, मा0 जिलाध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी प्रेम सिंह कुशवाह, मा0 सांसद प्रतिनिधि राजेश उर्फ गुड्डू, मा0 जिलाध्यक्ष अपना दल रवि सारस्वत, मुख्य विकास अधिकारी पी0एन0 दीक्षित, जिला विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रकाश चंद्र, प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट लवगीत कौर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, जिला पर्यटन अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, एसओसी चकबंदी, प्रिंट एवं इलेक्ट्रोनिक्स मीडिया के पत्रकार बंधु, विभिन्न विभागों अधिकारी/कर्मचारी तथा लाभार्थी आदि उपस्थित रहे।

प्रीपेड मीटर हटाने की मांग , समस्याओं को लेकर भाकियू हरपाल का धरना प्रदर्शन

हाथरस। भारतीय किसान यूनियन (हरपाल गुट) ने आज कलेक्ट्रेट पर किसान-मजदूरों की विभिन्न समस्याओं को लेकर धरना प्रदर्शन किया। संगठन ने अपनी मांगों से संबंधित एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी (एसडीएम) धर्मेंद्र सिंह को सौंपा।

यह प्रदर्शन प्रदेश सरकार द्वारा किसानों को पर्याप्त बजट न दिए जाने के विरोध में आयोजित किया गया। संगठन के सदस्यों ने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी के नाम भी एक ज्ञापन सौंपा।

किसानों की प्रमुख मांगों में सभी फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर कानून बनाना शामिल है। उन्होंने आलू की खरीद 1200 रुपये प्रति क्विंटल करने और किसानों को 500 रुपये प्रति कट्टा सब्सिडी की मांग की है
इसके अतिरिक्त, किसानों ने कोल्ड स्टोरेज मालिकों द्वारा आलू का किराया न बढ़ाने की मांग की। उन्होंने बिजली के निजीकरण को रोकने, सरकार द्वारा नियंत्रण लेने और प्रीपेड मीटर हटाने की भी मांग की। संगठन ने भारत सरकार से अमेरिका जैसे देशों के साथ किसान संबंधी आयात व्यापार न करने का भी आग्रह किया।

इस प्रदर्शन की अध्यक्षता अलीगढ़ मंडल महामंत्री चौधरी राम अवतार सिंह ने की, जबकि जिला अध्यक्ष उमाशंकर बांगर ने इसका संचालन किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय सचिव रामबाबू सिंह चौहान, अलीगढ़ मंडल महामंत्री राम अवतार सिंह, जिला अध्यक्ष उमाशंकर बांगड़, भगवान सिंह, केहरी सिंह, रमेश राणा, प्रदीप गर्ग, अरमान वर्मा और सूर्य प्रकाश सिंह सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।

You cannot copy content of this page