Breaking News
मुख्य चिकित्साधिकारी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेलों का किया औचक निरीक्षण, वेतन रोकने के दिए निर्देश

हाथरस। डा0 राजीव राॅय, मुख्य चिकित्साधिकारी, हाथरस द्वारा आज दिनांक- 05.04.2026 को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर आयोजित मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेलों का औचक निरीक्षण किया गया। प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, मई, सादाबाद निरीक्षण के समय डा0 नीरज कुमार चिकित्साधिकारी अनुपस्थित पाये गये। जानकारी करने पर उपस्थित स्टाफ द्वारा बताया गया कि उनकी आज इमरजेंसी ड्यूटी है जिस कारण वह सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, सादाबाद पर इमरजेंसी ड्यूटी में है,। उपस्थिति पंजिका में 01 अप्रैल 2026 से उनकी उपस्थिति नहीं दर्ज थी। ज्ञानेन्द्र सारस्वत-फार्मासिस्ट, गुलशन कुमार-स्वीपर कम चैकीदार उपस्थित मिले। केन्द्र पर साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई गई।
निरीक्षण के समय तक जन आरोग्य मेले में 19 मरीज देखे जा चुके थे। जानकारी करने पर उपस्थित फार्मासिस्ट द्वारा अवगत कराया गया कि प्रतिदिन लगभग 35-40 मरीज देखे जाते हैं। ई0डी0एल0 के अनुसार 195 के सापेक्ष 145 की दवाईयां उपलब्ध थी, जिसे पूर्ण किये जाने हेतु निर्देशित किया गया। उपस्थित फार्मासिस्ट को केन्द्र पर दवा स्टाॅक रजिस्टर एवं अन्य रजिस्टर व्यवस्थित किये जाने हेतु निर्देशित किया गया। प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, बिलारा, सादाबादः-
निरीक्षण के समय शान्तनू शुक्ला-फार्मासिस्ट एवं दुर्गेश-वार्ड बाॅय उपस्थित मिले। डा0 ए0के0 वर्मा-चिकित्साधिकारी अनुपस्थित पाये गये, जानकारी करने पर उपस्थित स्टाफ द्वारा बताया गया कि आकस्मिक परिस्थितियों के कारण वह कुछ समय पूर्ण ही केन्द्र से गये हैं। साफ-सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई गई। आज दिनांक को केन्द्र पर आरोग्य मेले में 31 ओ0पी0डी0 की जा चुकी थीं प्रतिदिन होने वाली ओ0पी0डी0 के बारे में जानकारी करने पर उपस्थित फार्मासिस्ट द्वारा बताया गया कि प्रतिदिन लगभग 15-20 ओ0पी0डी0 हो जाती हैं। केन्द्र पर उपलब्ध पंजिकाओं की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई। प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक, सामु0स्वा0केन्द्र, सादाबाद को निर्देशित किया गया कि वह प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, बिलारा पर कार्यरत फार्मासिस्ट को आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान करवाना सुनिनिश्चत करें। प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, बिसावर, सादाबाद निरीक्षण के समय डा0 धर्मेन्द्र कुमार सिंह-एम0ओ0सी0एच0, जय किशन सिंह-फार्मासिस्ट, देवेन्द्र सिंह-एच0एस0 राकेश-वार्ड बाॅय उपस्थित मिले। केन्द्र पर साफ-सफाई एंव अन्य व्यवस्था बेहद संतोषजनक पाई गई। जन आरोगय मेले में कुल 42 मरीज देखे जा चुके थे एंव प्रतिदिन लगभग 37-40 मीरज देखे जाते हैं प्रसव कक्ष का निरीक्षण किया गया जानकारी करने पर बताया गया कि प्रतिमाह लगभग 35-40 प्रसव होते हैं एंव दिनांक- 01.04.2026 से अब तक 05 प्रसव किये जा चुके हैं केन्द्र पर 06 बैड उपलब्ध थे। ई0डी0एल0 के अनुसार 195 के सापेक्ष 195 दवाईयां उपलब्ध थी। . सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, सादाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, सादाबाद पर इमरजेंसी कक्ष का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के समय डा0 प्रभाष उपाध्याय-चिकित्साधिकारी एंव राघवेन्द्र शर्मा-फार्मासिस्ट उपस्थित मिले। रोस्टर के अनुसार डा0 नीरज कुमार-चिकित्साधिकारी की ड्यूटी थी किन्तु वह ड्यूटी से अनुपस्थित पाये गये। जिस कारण उनके संतोषजनक स्पष्टीकरण प्राप्त न होने तक अग्रिम आदेशों तक उनके माह अप्रैल 2026 के वेतन आहरण पर रोक लगाई गई एवं प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक, सामु0स्वा0केन्द्र सादाबाद को विगत दिनों से डा0 नीरज कुमार के अनुपस्थित होने के कारण उनका स्पष्टीकरण प्राप्त किये जाने हेतु निर्देशित किया गया।

आवश्यकइन्फ्लुएंशियल टीचर अवॉर्ड में 70 से अधिक शिक्षक सम्मानित

हाथरस। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों के सम्मान में शारदा यूनिवर्सिटी, आगरा द्वारा “इन्फ्लुएंशियल टीचर अवॉर्ड 2026  हाथरस चैप्टर” का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में जनपद के 25 विद्यालयों से आए 70 से अधिक शिक्षकों को सम्मानित किया गया।कार्यक्रम की शुरुआत पंजीकरण और स्वागत के साथ हुई, जिसके बाद दीप प्रज्ज्वलन कर आयोजन का शुभारंभ किया गया।  इस दौरान शारदा यूनिवर्सिटी, आगरा की शैक्षिक उपलब्धियों और अवसरों पर एक प्रभावशाली प्रस्तुति भी दी गई।मुख्य अतिथि के रूप में सीबीएसई सिटी कोऑर्डिनेटर हाथरस एवं सेंट विवेकानंद पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. जगदीश शर्मा उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में सीबीएसई डिस्ट्रिक्ट ट्रेनिंग कोऑर्डिनेटर जे.के. अग्रवाल ने कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई।  इसके साथ ही शारदा यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार डॉ. संजय मिश्रा और डायरेक्टर आउटरीच साईबल चटर्जी ने शिक्षकों की राष्ट्र निर्माण में भूमिका पर प्रेरणादायक विचार साझा किए।इस अवसर पर आउटरीच कार्यों का नेतृत्व कर रहे। आतिफ सिद्दीकी ने कहा कि शिक्षक समाज के सच्चे निर्माता होते हैं, जो ज्ञान और संस्कारों के माध्यम से आने वाली पीढ़ियों का भविष्य संवारते हैं। ऐसे समर्पित शिक्षकों को सम्मानित करना गर्व की बात है।कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। आयोजन की सफलता में नितिन भार्गव, रमेश और सुमित शर्मा का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम की सफलतापूर्वक सम्पन्नता पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति पी.के. गुप्ता, प्रो.कुलाधिपति वाई.के. गुप्ता और डॉ.परमानन्द कुलपति शारदा यूनिवर्सिटी ने पूरी आयोजन टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

आंधी-तूफान और बारिश से गेहूं किसानों पर संकट, पकी फसल को भारी नुकसान की आशंका

सादाबाद। सादाबाद क्षेत्र में इन दिनों लगातार आंधी-तूफान और बारिश का दौर जारी है, जिससे गेहूं किसानों की चिंता बढ़ गई है। खेतों में पककर तैयार खड़ी फसल पर मौसम की मार पड़ने लगी है और कटी हुई फसल को भी भारी नुकसान होने की आशंका बनी हुई है।
कई गांवों में तेज हवाओं के चलते गेहूं की फसल जमीन पर गिरने लगी है, जिससे उत्पादन प्रभावित होने की संभावना है। वहीं जिन किसानों ने फसल काटकर खेतों में रखी हुई है, उनकी उपज बारिश से भीग रही है, जिससे गुणवत्ता खराब होने का खतरा बढ़ गया है। शुक्रवार को आई आंधी बारिश से किसानों की चिंता और अधिक बढ़ गई, वह किसी तरह अपनी फसल को बचाने की कोशिशों में जुटे हुए हैं। गांव गढी भगता के किसान महेंद्र सिंह ने बताया कि इस समय फसल पूरी तरह तैयार है और कटाई का कार्य जोरों पर होना चाहिए था, लेकिन लगातार बदलते मौसम ने उनकी मेहनत पर पानी फेरने का काम किया है। मौसम के इस रूख को देखकर किसान खासे परेशान हैं। विशेषज्ञों के अनुसार यदि इसी तरह मौसम खराब बना रहा तो गेहूं की पैदावार पर सीधा असर पड़ेगा और किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। खेतों में पानी भरने और फसल के गिरने से कटाई में भी दिक्कतें आ रही हैं। किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि नुकसान का सर्वे कराया जाए और प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि उनकी आर्थिक स्थिति को संभाला जा सके। फिलहाल, किसान आसमान की ओर टकटकी लगाए मौसम के साफ होने का इंतजार कर रहे हैं, ताकि किसी तरह अपनी फसल को सुरक्षित कर सकें।

एसबीजे इंटर कॉलेज में विधायक ने किया इंटर लॉकिंग सड़क व आरओप्लांट का लोकापर्ण


सादाबाद। एसबीजे इंटर कॉलेज, बिसावर में विधायक प्रदीप चौधरी गुड्डू भैया एवं भाजपा नेता जगवेन्द्र चौधरी ने इंटरलॉकिंग सड़क का लोकापर्ण किया और छात्रों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए आरओ सिस्टम का शुभारंभ किया।
ग्राम प्रधान द्वारा अपने निजी खर्च से कॉलेज परिसर में इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण कराया गया, जिससे विद्यालय आने-जाने वाले छात्रों एवं स्टाफ को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही एकमतेज फाउंडेशन द्वारा छात्रों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आरओ सिस्टम स्थापित किया गया। इसके अलावा विधायक द्वारा लगभग 160 मीटर इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण कराया गया था। कार्यक्रम की अध्यक्षता महेंद्र सिंह आचार्य ने की। मौके पर शिक्षक संघ के मंडलीय अध्यक्ष डॉ.़ दिलीप कुमार अमौरिया, माध्यमिक शिक्षा संघ के जिला अध्यक्ष रणवीर सिंह चौधरी, प्रधानाचार्य राजेश कुमार, वीरेंद्र शर्मा, जसवीर सिंह, सुधीर चौधरी आदि थे। कार्यक्रम का संचालन रामचरण सिंह ने किया। मौके पर कॉलेज के शिक्षक योगवीर सिंह, प्रसिद्ध चित्रकार डॉ. भेद प्रकाश सिंह आदि थे।

ओलावृष्टि व बारिश से हुई फसलों की बर्बादी का दिलाएं मुआवजाभाकियू ने मंडलायुक्त के नाम नायब तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

सादाबाद। भारतीय किसान यूनियन के बैनरतले शनिवार को किसानों ने मंडलायुक्त के नाम नायब तहसीलदार अशोक कुमार गुप्ता को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बे मौसम बारिश से बर्बाद हुई गेहूं व सब्जी की फसल का सर्वे कराकर किसानों को उचित मुआवजा दिलाए जाने की मांग की गई। ज्ञापन में बताया गया कि बेमौसम बारिश ओलावृष्टि से गेहूं व सब्जी की फसल बुरी तरह से प्रभावित हुई है। किसान आर्थिक तंगी से जूझ रहा है। ऐसी स्थिति में किसानों को तत्काल मुआवजे की आवश्यकता है। मौके पर विक्रम सिंह, चंद्रेश चौधरी, मंगलेश यादव, ओमप्रकाश, इकबाल सिंह, विश्वजीत आर्य, ओमवीर आदि थे।

महिला कल्याण विभाग द्वारा द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना अंतर्गत कन्या जन्मोत्सव का आयोजन किया गया राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रही मुख्य अतिथि

हाथरस। महिला कल्याण विभाग द्वारा द्वारा जिला चिकित्सालय में कन्या मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत तथा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना अंतर्गत कन्या जन्मोत्सव का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती डॉक्टर बबीता सिंह चौहान अध्यक्ष उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग द्वारा उपस्थित नवजात कन्याओं को बेबी किट, ड्रेस, मिठाई इत्यादि का वितरण किया गया। इस अवसर पर जिला महिला चिकित्सालय में जन्म लेने वाली नवजात बड़े कन्याओं को उपहार देकर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। अध्यक्ष द्वारा उपस्थित महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा गया कि वर्तमान में केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं के उत्थान के लिए एवं उनके उन्हें उत्तम स्वास्थ्य प्रदान करने के लिए सर्वश्रेष्ठ कार्य किया जा रहा है। अतः आप सभी अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने के साथ-साथ नवजात कन्याओं का भी उचित पालन पोषण करें।

आंधी-बारिश व ओलावृष्टि से किसानों की फसलें चौपट , जिला पंचायत अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री से की तत्काल राहत की मांग की

हाथरस,। जनपद में बीते दिनों आई तेज आंधी, मूसलाधार बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की कमर तोड़ दी है। कई गांवों में गेहूं, सरसों, आलू और चना जैसी प्रमुख फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं। इस प्राकृतिक आपदा से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा है।

जिला पंचायत अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद सीमा रामवीर उपाध्याय ने इस गंभीर स्थिति को देखते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर तत्काल सर्वे, मुआवजा और विशेष राहत पैकेज देने की मांग की है। उन्होंने पत्र में बताया कि 3 अप्रैल को आई इस आपदा से जनपद के विभिन्न विकास खंडों के ग्रामीण क्षेत्रों में खड़ी फसलें गिरकर नष्ट हो गईं, वहीं जिन किसानों ने कटाई कर ली थी, उनकी फसल भी भीगकर खराब हो गई।

उन्होंने कहा कि किसानों की महीनों की मेहनत और लागत एक ही दिन में खत्म हो गई, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। अधिकांश किसान खेती पर निर्भर हैं, ऐसे में यह आपदा उनके लिए दोहरी मार साबित हो रही है।

सीमा उपाध्याय ने सरकार से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल सर्वे कराकर सही नुकसान का आकलन किया जाए और जिन किसानों की फसल नष्ट हुई है, उन्हें शीघ्र मुआवजा दिया जाए। साथ ही पूरी तरह बर्बाद फसल वाले किसानों के लिए विशेष राहत पैकेज लागू किया जाए तथा फसल बीमा के दावों का जल्द निस्तारण किया जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में ऐसी आपदाओं से बचाव के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, जिससे किसानों को इस प्रकार के नुकसान से राहत मिल सके। प्रशासन से अपेक्षा जताई गई है कि वह इस मामले में संवेदनशीलता दिखाते हुए त्वरित कार्रवाई करेगा, ताकि प्रभावित किसानों को जल्द राहत मिल सके।

इस संबंध में पत्र की प्रतिलिपि कृषि मंत्री, मुख्य सचिव, अपर मुख्य सचिव कृषि, प्रमुख सचिव राजस्व, मंडलायुक्त अलीगढ़, जिलाधिकारी हाथरस सहित अन्य संबंधित अधिकारियों को भी भेजी गई है।

भाकिसं की बैठक में नई कार्यकारिणी का गठन, शिव कुमार शर्मा बने सासनी ब्लॉक अध्यक्ष

जिला सह मंत्री ने पुरानी कार्यकारिणी भंग की, मनोज मिश्रा को मिली उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी

हाथरस। भारतीय किसान संघ ब्रज प्रांत की एक महत्वपूर्ण बैठक शुक्रवार को सासनी में आयोजित की गई। बैठक में संगठन की मजबूती और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा के साथ ही सासनी ब्लॉक की नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई। जिला अध्यक्ष राजपाल सिंह ने शिव कुमार शर्मा को सासनी का नया ब्लॉक अध्यक्ष मनोनीत किया है।
शनिवार को आहूत बैठक ब्रज प्रांत संगठन मंत्री धर्मेंद्र कुमार के सानिध्य में संपन्न हुई। इस दौरान ब्लॉक प्रभारी व जिला महिला प्रमुख श्रीमती माधवी सिंह भी उपस्थित रहीं। संगठन के आदेशानुसार और व्यक्तिगत गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए, वर्तमान ब्लॉक कार्यकारिणी को जिला सह मंत्री मुकेश पाठक द्वारा भंग करने की घोषणा की गई। इसके तुरंत बाद नई टीम का गठन किया गया, जिसमें शिव कुमार शर्मा को अध्यक्ष और मनोज मिश्रा (रुदायन) को ब्लॉक उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। बैठक में आगामी दिनांक 21 अप्रैल 2026 को होने वाले बड़े कार्यक्रम की रूपरेखा भी तैयार की गई। इस दिन आगरा रोड स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में अखिल भारतीय राष्ट्रीय अध्यक्ष साईं रेड्डी जी का आगमन होगा। इस सम्मेलन में जिले भर की ग्राम समितियों के कार्यकर्ता हिस्सा लेंगे। बैठक में नवनियुक्त पदाधिकारियों को संगठन के सदस्यों ने बधाई देते हुए आशा व्यक्त की कि वे क्षेत्र के मजदूर-किसानों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से संगठन के समक्ष रखेंगे। इस अवसर पर भारी संख्या में किसान संघ के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

डीएम ने हाथरस तहसील समाधान दिवस में की जनसुनवाई , 62 प्रार्थना पत्र पत्रों में से 05 शिकायतों का मौके पर निस्तारण

हाथरस । सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा के साथ तहसील हाथरस में जनसुनवाई करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्णढंग से करने के निर्देश दिए।
हाथरस तहसील समाधान दिवस के मौके पर जिलाधिकारी ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य जनसमस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान करना है। सम्पूर्ण समाधान दिवस में जनसामान्य की शिकायतों को एक-एक कर सुनते हुए जिलाधिकारी ने शिकायत से सम्बंधित विभागीय अधिकारी को मौके पर बुला कर तत्काल निस्तारित करने अथवा भूमि विवाद/अन्य किसी विवाद की स्थिति में शिकायतकर्ता सहित सभी पक्षों की उपस्थिति में मौके का स्थलीय निरीक्षण कर निस्तारण के निर्देश दिये। सम्पूर्ण समाधान दिवस में उपस्थित फरियादियों की समस्याओं को सुनते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि फरियादियों की शिकायतों का त्वरित निस्तारण और शिकायतकर्ता की संतुष्टि ही सम्पूर्ण समाधान दिवस का मुख्य लक्ष्य है, इसमें किसी भी प्रकार लापरवाही पाये जाने व निस्तारण के अभाव में एक ही समस्या को आवेदक द्वारा बार-बार प्रस्तुत किये जाने अथवा सम्बंधित अधिकारी/कर्मचारी द्वारा ससमय संज्ञान न लेने को गम्भीरता से लेते हुए जिम्मेदार अधिकारी के विरूद्ध सख्त कार्यवाही की जायेगी।
हाथरस तहसील समाधान दिवस में 62 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुये तथा 05 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रेषित कर प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारण करने के निर्देश दिए। इसके अलावा सि0राऊ तहसील में कुल 79 शिकायतों मेें से 02, तहसील सादाबाद में कुल 22 शिकायतों में से 02 शिकायतों तथा सासनी तहसील में कुल 33 शिकायतों में से 02 का मौके पर निस्तारण किया गया।

तहसील समाधान दिवस की मौके पर परियोजना निदेशक, जिला विकास अधिकारी, उप जिलाधिकारी सदर, प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला पूर्ति अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, ए0आर0 कोऑपरेटिव, एसओसी चकबंदी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी, जिला पंचायतराज अधिकारी, उपायुक्त उद्योग, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका/नगर पंचायत, खंड विकास अधिकारी आदि उपस्थित रहे।

संगठन को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने के लिये बढ़ायें जन सम्पर्क:डौली माहौर

सादाबाद विधानसभा क्षेत्र मुरसान राधा गार्डन में ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण अभियान के तहत कार्यक्रम सम्पन्न

हाथरस । सादाबाद विधानसभा क्षेत्र मुरसान राधा गार्डन में ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान–2026 श्रीरामवीर सिंह पौनिया की अध्यक्षता में हुआ। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता क्षेत्रीय मंत्री डौली माहौर रही संयोजक मण्डल अध्यक्ष अरुण चौधरी रहे । वर्ग में पदाधिकारियों एवं समर्पित कार्यकर्ताओं के साथ सक्रिय सहभागिता की। इस अवसर पर कार्य क्रम की मुख्य वक्ता डौली माहौर ने कार्य विस्तार की दृष्टि पर चर्चा करते हुए कहा हमारा उद्देश्य केबल सम्पर्क ही नहीं बल्कि समाज की आवश्यकताओं को समझकर उन्हें राष्ट्र और समग्र विकास की विचार धारा से जोड़ना है एवं संगठन को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने, के लिए कार्यकर्ताओं की भूमिका को मजबूत करने तथा जनहित से जुड़े विषयों को प्राथमिकता देने पर विशेष रूप से विचार-विमर्श किया एवं पन्ना प्रमुख से लेकर पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों से संवाद करना आवश्यक है। इस अवसर पर वर्ग में सभी कार्यकर्ता मण्डल पदाधिकारी एवं अन्य कार्यकर्ताओ ने भाग लिया।

You cannot copy content of this page