Breaking News
कोचिंग, विद्यालय, महाविद्यालय, जिम एवं अधिक विद्युत भार वाले सभी संस्थानों में फायर सेफ्टी व इमरजेंसी एग्जिट अनिवार्य

हाथरस। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती रेनू गौड़ ने जनपद कासगंज में छात्र-छात्राओं एवं आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्देश दिए हैं कि ऐसे सभी संस्थानों में, जहाँ प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आते हैं अथवा विद्युत भार अधिक रहता है, अग्नि एवं विद्युत सुरक्षा के सभी निर्धारित मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कहा कि कोचिंग संस्थान, विद्यालय, महाविद्यालय, जिम, पुस्तकालय, छात्रावास, व्यावसायिक प्रतिष्ठान, बहुमंजिला भवन तथा अन्य सार्वजनिक संस्थान, जहाँ विद्युत उपकरणों का अधिक उपयोग होता है, वहाँ अग्निशमन यंत्र, आपातकालीन निकास (Emergency Exit), सुरक्षित विद्युत वायरिंग, स्पष्ट दिशा-सूचक संकेतक तथा आपदा की स्थिति में सुरक्षित निकासी की समुचित व्यवस्था अनिवार्य रूप से उपलब्ध होनी चाहिए।

श्रीमती रेनू गौड़ ने कहा कि हाल के दिनों में देश के विभिन्न स्थानों पर अग्निकांड की घटनाओं ने यह स्पष्ट कर दिया है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन सकती है। इसलिए जनपद के प्रत्येक संस्थान की यह जिम्मेदारी है कि वह सुरक्षा संबंधी सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करे।

उन्होंने संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित करते हुए जनपद में विशेष निरीक्षण अभियान संचालित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया। निरीक्षण के दौरान अग्नि सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता, उनकी कार्यशीलता, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था तथा आपातकालीन निकास की व्यवस्था का विशेष रूप से परीक्षण किया जाएगा।

उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि जिन संस्थानों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी अथवा निर्धारित नियमों का उल्लंघन पाया जाएगा, उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर प्रशासनिक एवं विधिक कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर ऐसे संस्थानों का संचालन भी बंद कराया जाएगा।

श्रीमती रेनू गौड़ ने सभी संस्थान संचालकों से अपील की कि वे सुरक्षा को औपचारिकता न मानें, बल्कि अपनी प्राथमिक जिम्मेदारी समझते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ समय रहते पूर्ण करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की संभावना को प्रभावी रूप से रोका जा सके।

मुख्य बिंदु
जनपद में अग्नि एवं विद्युत सुरक्षा मानकों की होगी विशेष समीक्षा।
कोचिंग, स्कूल, कॉलेज, जिम, छात्रावास एवं अन्य सार्वजनिक संस्थान होंगे निरीक्षण के दायरे में।
प्रत्येक संस्थान में अग्निशमन यंत्र एवं आपातकालीन निकास अनिवार्य।
सुरक्षित विद्युत वायरिंग एवं विद्युत भार के अनुरूप व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश।
सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर विधिक कार्रवाई के साथ संस्थान का संचालन भी कराया जा सकता है बंद।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण

हाथरस। जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल वत्स ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक आंतरिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गोदाम के दरवाजों की सील राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के समक्ष खोली गईं तथा वेयरहाउस में सुरक्षित भंडारित मशीनों का अवलोकन किया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता भी परखी। उन्होंने बताया कि वेयरहाउस में भंडारित सभी ईवीएम एवं वीवीपैट पूरी तरह सुरक्षित हैं और यहां 24 घंटे पर्याप्त सुरक्षाबल तैनात रहते हैं। निरीक्षणोपरांत भ्रमण पंजिका पर हस्ताक्षर किये।

निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक कार्य प्रमुख बीजेपी सुनील वर्मा एडवोकेट, समाजवादी पार्टी जिला उपाध्यक्ष अजय सिकरवार, जिला महासचिव कांग्रेस पार्टी श्री कृष्ण एडवोकेट, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष आप पार्टी रहमत अली, जिला उपाध्यक्ष अपना दल रवि सारस्वत, जिला सचिव सीपीआईएम श्याम सिंह, बीएसपी जिलाध्यक्ष राजकपूर, उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रशांत तिवारी, प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट लवगीत कौर, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी जैपाल सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि आदि उपस्थित रहे।

ब्रह्माकुमारी तपस्या धाम पर मातेश्वरी जगदम्बा सरस्वती जी का 61वाँ पुण्य स्मृति दिवस श्रद्धा एवं आध्यात्मिक उमंग के साथ मनाया गया

हाथरस। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, तपस्या धाम हाथरस द्वारा आज आदरणीय मातेश्वरी जगदम्बा सरस्वती जी का 61वाँ पुण्य स्मृति दिवस अत्यंत श्रद्धा, सम्मान एवं आध्यात्मिक भावनाओं के साथ मनाया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातःकालीन योग एवं तपस्या से हुआ, जिसमें उपस्थित सभी भाई-बहनों ने मातेश्वरी जी के दिव्य जीवन एवं आदर्शों को स्मरण करते हुए विशेष राजयोग का अभ्यास किया। तत्पश्चात मातेश्वरी जगदम्बा सरस्वती जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही जिला प्रभारी राजयोगिनी बी.के. सीता दीदी ने अपने उद्बोधन में मातेश्वरी जी के त्याग, तपस्या, सादगी एवं आध्यात्मिक नेतृत्व को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन आज भी लाखों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका बी.के. भावना बहन ने मातेश्वरी जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके जीवन से मिलने वाली शिक्षाओं पर प्रकाश डाला तथा सभी को उनके आदर्शों पर चलने की प्रेरणा दी।

इस अवसर पर कवि श्याम बाबू चिंतन जी ने काव्य प्रस्तुति के माध्यम से मातेश्वरी जी के गुणों एवं विशेषताओं का सुंदर वर्णन किया। बी.के. रश्मि बहन ने मातेश्वरी जी के प्रति अपने श्रद्धा भाव व्यक्त किए, जबकि बी.के. राधे बहन ने एक भावपूर्ण कविता प्रस्तुत कर सभी को भाव-विभोर कर दिया।

कार्यक्रम में मंजू शर्मा जी ने मातेश्वरी जी को समर्पित एक मधुर एवं प्रेरणादायक गीत प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित सभी भाई-बहनों ने अत्यंत सराहा।

इस अवसर पर बी.के. बबीता बहन, बी.के. संगीता गर्ग, राधा अग्रवाल, केशव देव शर्मा जी सहित अनेक भाई-बहन उपस्थित रहे। सभी ने मातेश्वरी जगदम्बा सरस्वती जी के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए उनके दिव्य जीवन से प्रेरणा लेने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम का समापन शांति योग एवं ईश्वरीय स्मृति के साथ हुआ।

करणी सेना की बैठक में सिकंदराराऊ टीम का गठन, नवनियुक्त पदाधिकारी सम्मानित

हाथरस । स्थानीय रेलवे रोड स्थित भारतीय शिशु शिक्षण संस्थान सिकंदरा राऊ में कल करणी सेना की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष माननीय सूरजपाल सिंह अमू के कुशल नेतृत्व में चल रहे देशव्यापी संगठन विस्तार के तहत, कल सिकंदराराऊ विधानसभा की नई टीम का गठन और विस्तार किया गया।
इस बैठक में संगठन के शीर्ष पदाधिकारियों की उपस्थिति में नवनियुक्त पदाधिकारियों की घोषणा कर उन्हें उनके पदों की जिम्मेदारी सौंपी गई और माला पहनाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में करणी सेना के कई प्रदेश प्रवक्ता और राष्ट्रवादी कवि राणा मुनि प्रताप , करणी सेना के जिलाध्यक्ष राणा ऋषि प्रताप, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. कार्तिक सेंगर की उपस्थिति में संगठन की मजबूती पर बल दिया।


बैठक के दौरान संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए ऊर्जावान युवाओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गईं, जिनमे यश शर्मा को विधानसभा उपाध्यक्ष, सिद्धार्थ सिसोदिया को विधानसभा मीडिया प्रभारी सिकंदराराऊ
सचिन पुंढीर को विधानसभा महामंत्री, करन सिसोदिया को विधानसभा मंत्री, यशवीर सिसोदिया को विधानसभा मंत्री, शिवम पुंढीर को विधानसभा मंत्री, दिलीप सिसोदिया को नगर अध्यक्ष (सिकंदराराऊ), पार्थ सिसोदिया को नगर उपाध्यक्ष (सिकंदराराऊ), गौरव पुंढीर को नगर अध्यक्ष, अंकित पुंढीर को नोजरपुर नगर अध्यक्ष, जितेन्द्र पुंढीर को नगर मंत्री, अनुज प्रताप सिंह को मंत्री, गौरव पुंढीर को मंत्री बनाया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रवक्ता राणा मुनि प्रताप ने कहा कि करणी सेना समाज के हितों की रक्षा और राष्ट्रवाद की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के लिए संकल्पबद्ध है। माननीय सूरजपाल सिंह अमू जी के मार्गदर्शन में संगठन लगातार ऊंचाइयों को छू रहा है। सिकंदराराऊ की यह नई टीम क्षेत्र में संगठन के कार्यों को नई गति देगी।
जिलाध्यक्ष राणा ऋषि प्रताप ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को संगठन के प्रति पूरी निष्ठा और ईमानदारी से काम करने का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने नए पदाधिकारियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। बैठक में मुख्य रूप से अमन प्रताप सिसोदिया (विधानसभा उपाध्यक्ष), उमेश राणा (संगठन मंत्री), राणा ज्ञानेश प्रताप (जिला कोषाध्यक्ष, हाथरस) आदि लोग उपस्थित रहे।

अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक हुआ गंभीर घायल,अस्पताल में कराया भर्ती

हाथरस । सासनी में आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग-92 पर स्थित गांव समामई के निकट एक अज्ञात वाहन की टक्कर से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल हाथरस रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, हाथरस की सुदीप कॉलोनी निवासी दीपक पुत्र किशनलाल किसी काम से सासनी आया था। अपना काम निपटाने के बाद वह वापस अपने घर लौट रहा था। समामई गांव के पास सड़क पार करते समय एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गया।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत घायल दीपक को एक निजी वाहन से सासनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। वहां तैनात चिकित्सक डॉ. शुभम ने उसे प्राथमिक उपचार दिया। दीपक की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे आगे के इलाज के लिए जिला अस्पताल हाथरस रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार जारी है।

साहित्य की साधना और अध्यात्म की आराधना से ही समाज में संस्कारों का सूर्य उदित होता है : चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य”

हाथरस। आगरा रोड स्थित ठाकुर मदन मोहन जी मंदिर परिसर में वरिष्ठ साहित्यकार वासुदेव उपाध्याय के संयोजन में एक भव्य आध्यात्मिक-साहित्यिक काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी की अध्यक्षता हाथरस के वरिष्ठ विद्वान पंडित संतोष मुखिया ने की तथा संचालन राकेश कुमार रावत ने किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ब्रज कला केंद्र के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ साहित्यकार चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य ने मां शारदे के छवि चित्र पर पीत वस्त्र उड़ाकर एवं पुष्प अर्पित कर नमन किया इसके उपरांत बाबा देवी सिंह निडर द्वारा माँ शारदा की वंदना—
“वीणा वादिनी वर दे माता, ज्ञान ज्योति मन में भर दे।


शब्द-शब्द में सत्य बसाकर, जीवन को सुंदर कर दे।”
—के साथ शुभारंभ किया गया।
इसके उपरांत कवि रामजीलाल शिक्षक ने अपनी रचना प्रस्तुत करते हुए कहा—
“भक्ति की राह चलो साथियों, मन का अंधियारा मिट जाएगा,
राम नाम की ज्योति जले तो जीवन भी उजियारा हो जाएगा।”
वरिष्ठ साहित्यकार प्रभु दयाल दीक्षित ‘प्रभु’ ने सुनाया—
“जहाँ प्रेम की गंगा बहती है, वहीं प्रभु का वास होता है,
जिस हृदय में करुणा बसती है, वहीं सच्चा प्रकाश होता है।”
कवि श्याम बाबू चिंतन ने अपनी भावपूर्ण रचना में कहा—
“शब्द तभी सार्थक होते हैं, जब जनमन का हित साधें,
कविता वही अमर कहलाती, जो मानवता का पथ बाँधे।”
भगवती प्रसाद शर्मा ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि साहित्य मनुष्य को संस्कार, संवेदना और सदाचार का मार्ग दिखाता है तथा आध्यात्मिकता जीवन को उद्देश्य प्रदान करती है।
मुख्य अतिथि चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य ने अपने संबोधन में कहा—
“जब साहित्य में अध्यात्म का आलोक जुड़ता है, तब शब्द केवल कविता नहीं रहते, बल्कि समाज परिवर्तन का संकल्प बन जाते हैं। हमारी संस्कृति, हमारी भाषा और हमारी सनातन परंपराएँ ही राष्ट्र की आत्मा हैं। साहित्यकार समाज का वह प्रहरी है जो कलम से संस्कारों की मशाल जलाकर नई पीढ़ी को दिशा देता है।”
कार्यक्रम संयोजक वासुदेव उपाध्याय ने अपनी रचना प्रस्तुत करते हुए कहा
“सत्संग, साहित्य और संस्कारों की यह पावन धारा बहती रहे,
मानवता के इस उपवन में प्रेम और सद्भावना महकती रहे।”
अध्यक्षता कर रहे पंडित संतोष मुखिया ने कहा कि साहित्य समाज का दर्पण है और आध्यात्मिक चेतना उसके जीवन मूल्यों की आधारशिला है। ऐसे आयोजन समाज में नैतिकता, संस्कार और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने का कार्य करते हैं।
इस अवसर पर बाबूराम शर्मा, चौधरी अनिल कुमार, ओम प्रकाश मुखिया, पंडित विष्णु शास्त्री, पप्पू पाठक, एम.पी. गौतम, सुरेश चंद तिवारी, हरि शंकर वर्मा, पंडित नित्यानंद शर्मा, जमुना प्रसाद शर्मा, वेद प्रकाश शास्त्री सहित अनेक साहित्यप्रेमी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

बेसमेंट में चल रही तीन लाइब्रेरियां बंद, छात्रों की फीस लौटाने के निर्देश

हाथरस। जनपद में सार्वजनिक एवं अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने मंगलवार को पुस्तकालयों और कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान प्रोग्रेस पॉइंट लाइब्रेरी, भारद्वाज लाइब्रेरी और प्रेमहरि लाइब्रेरी का स्थलीय निरीक्षण किया गया। तीनों लाइब्रेरियां बेसमेंट में संचालित पाई गईं। जिलाधिकारी ने संचालकों से भवन का स्वीकृत नक्शा, फायर सेफ्टी अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) तथा विद्युत सुरक्षा संबंधी दस्तावेजों की जानकारी ली।


जिलाधिकारी ने शासनादेश का हवाला देते हुए कहा कि बेसमेंट में किसी भी प्रकार की व्यावसायिक गतिविधि संचालित नहीं की जा सकती। उन्होंने तीनों लाइब्रेरियों को तत्काल बंद करने और छात्र-छात्राओं से ली गई फीस वापस करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि भवन मानचित्र के अनुसार बेसमेंट का उपयोग केवल पार्किंग, स्टोर या शौचालय जैसी स्वीकृत सुविधाओं के लिए किया जा सकता है। यदि किसी बेसमेंट में नियमों के विपरीत व्यावसायिक गतिविधि संचालित होती है या सुरक्षा मानकों का उल्लंघन मिलता है, तो संबंधित संचालकों के खिलाफ अग्नि सुरक्षा एवं भवन उपविधियों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि जिन संस्थानों को पहले नोटिस जारी किए जा चुके हैं और जिन्होंने निर्धारित समय में कमियों को दूर नहीं किया है, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही सभी संस्थानों को अग्नि सुरक्षा, आपातकालीन निकास, पार्किंग और अन्य निर्धारित मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वि./रा.), उप जिलाधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी पुलिस तथा अग्निशमन अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

भाजपा मितई मंडल में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का बलिदान दिवस मनाया गया

हाथरस। भारतीय जनता पार्टी मितई मंडल द्वारा जलेसर रोड स्थित पंडित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष स्मृति पाठक ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके जीवन, राष्ट्रसेवा और योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी का राष्ट्रहित के प्रति समर्पण और बलिदान सदैव प्रेरणादायी रहेगा।
कार्यक्रम में मंडल उपाध्यक्ष सत्यभान सिंह, मंडल महामंत्री श्याम मिश्रा, किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

लखनऊ अग्निकांड के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का 23 जून का हाथरस दौरा रद्द

हाथरस। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का 23 जून को प्रस्तावित हाथरस दौरा रद्द कर दिया गया है। जिला प्रशासन ने मुख्यमंत्री के दौरे के निरस्त होने की पुष्टि की है।
जानकारी के अनुसार, लखनऊ में हुए एक भीषण अग्निकांड में 15 बच्चों की मौत हो गई है। इस दुखद घटना के मद्देनज़र मुख्यमंत्री का हाथरस दौरा स्थगित किया गया है।
जिला प्रशासन ने बताया कि मुख्यमंत्री के दौरे की नई तिथि बाद में तय की जाएगी। वहीं, लखनऊ की घटना पर पूरे प्रदेश में शोक की लहर है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचे लखनऊ

राजधानी लखनऊ में हुए भीषण अग्निकांड हादसे का जायजा लेने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचे. सीएम अलीगढ़ दौरे पर थे. लेकिन घटना की सूचना मिलते ही उन्होंने अपना दौरा रद्द किया और लखनऊ पहुंच गए. सीएम ने केजीएमयू अस्पताल में भर्ती घायलों से भी मुलाकात की. सीएम ने फोन पर फायर विभाग के अफसरों को फटकार लगाई. उन्होंने हादसे के जिम्मेदारों को किसी भी हाल में न बख्शने के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं.

हादसे वाली जगह का सीएम ने किया जायजा
राज्य सरकार द्वारा जारी बयान के मुताबिक CM योगी ने लखनऊ अग्निकांड की सूचना मिलने पर सोमवार शाम अपना अलीगढ़ दौरा बीच में ही निरस्त कर दिया. अधिकारियों ने बताया कि उन्हें लोकार्पण व शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान ही इस हादसे की जानकारी मिली, इसके तत्काल बाद मुख्यमंत्री राजधानी लखनऊ के लिए रवाना हो गये. लखनऊ पहुंचकर सीएम ने हादसे वाली जगह का जायजा लिया.

निर्माणाधीन प्लॉट पर दबंगों का उत्पात, हवाई फायरिंग व तोड़फोड़ का आरोप; आरएसएस के जिला गौ सेवा प्रमुख ने दर्ज कराया मुकदमा

हाथरस। कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के गांव जोगिया निवासी देवेन्द्र सिंह पुत्र रनवीर सिंह ने अपने निर्माणाधीन प्लॉट पर कुछ लोगों द्वारा हवाई फायरिंग, तोड़फोड़, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। देवेन्द्र सिंह आरएसएस के जिला गौ सेवा प्रमुख है। मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
देवेंद्र के अनुसार, मौजा जोगिया स्थित गाटा संख्या 123/01 में वह उपजिलाधिकारी सदर, हाथरस के 4 जून 2026 के आदेश के आधार पर अपने प्लॉट पर निर्माण कार्य करा रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान रवि चौहान, योगेश सिंह चौहान उर्फ राहुल, मोहित चौहान उर्फ काली, राजीव राठौर, विजय प्रताप सिंह उर्फ छोटू राणा सहित कुछ अन्य लोग मौके पर पहुंचे और मजदूरों के साथ गाली-गलौज करते हुए उन्हें वहां से भगा दिया।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपितों ने एकराय होकर प्लॉट पर हवाई फायरिंग की, निर्माण कार्य में तोड़फोड़ की तथा जान से मारने और अपहरण की धमकी दी। पीड़ित का कहना है कि पूरी घटना की मोबाइल रिकॉर्डिंग भी उपलब्ध है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आरोपितों ने प्रशासनिक आदेशों की अवहेलना की और उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है।
देवेन्द्र सिंह ने यह भी बताया कि आरोपितों के खिलाफ 17 फरवरी 2026 को भी तोड़फोड़ के एक मामले में मुकदमा दर्ज हुआ था, इसके बावजूद उनके हौसले बुलंद हैं।
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धाराओं 191(2), 351(2), 352 एवं 324(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

You cannot copy content of this page