Breaking News
निर्माणाधीन प्लॉट पर दबंगों का उत्पात, हवाई फायरिंग व तोड़फोड़ का आरोप; आरएसएस के जिला गौ सेवा प्रमुख ने दर्ज कराया मुकदमा

हाथरस। कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के गांव जोगिया निवासी देवेन्द्र सिंह पुत्र रनवीर सिंह ने अपने निर्माणाधीन प्लॉट पर कुछ लोगों द्वारा हवाई फायरिंग, तोड़फोड़, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। देवेन्द्र सिंह आरएसएस के जिला गौ सेवा प्रमुख है। मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
देवेंद्र के अनुसार, मौजा जोगिया स्थित गाटा संख्या 123/01 में वह उपजिलाधिकारी सदर, हाथरस के 4 जून 2026 के आदेश के आधार पर अपने प्लॉट पर निर्माण कार्य करा रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान रवि चौहान, योगेश सिंह चौहान उर्फ राहुल, मोहित चौहान उर्फ काली, राजीव राठौर, विजय प्रताप सिंह उर्फ छोटू राणा सहित कुछ अन्य लोग मौके पर पहुंचे और मजदूरों के साथ गाली-गलौज करते हुए उन्हें वहां से भगा दिया।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपितों ने एकराय होकर प्लॉट पर हवाई फायरिंग की, निर्माण कार्य में तोड़फोड़ की तथा जान से मारने और अपहरण की धमकी दी। पीड़ित का कहना है कि पूरी घटना की मोबाइल रिकॉर्डिंग भी उपलब्ध है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि आरोपितों ने प्रशासनिक आदेशों की अवहेलना की और उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है।
देवेन्द्र सिंह ने यह भी बताया कि आरोपितों के खिलाफ 17 फरवरी 2026 को भी तोड़फोड़ के एक मामले में मुकदमा दर्ज हुआ था, इसके बावजूद उनके हौसले बुलंद हैं।
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धाराओं 191(2), 351(2), 352 एवं 324(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Unknown's avatar

आशीष सेंगर

 aashishsengar@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page