ब्रह्माकुमारी तपस्या धाम पर मातेश्वरी जगदम्बा सरस्वती जी का 61वाँ पुण्य स्मृति दिवस श्रद्धा एवं आध्यात्मिक उमंग के साथ मनाया गया
हाथरस। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, तपस्या धाम हाथरस द्वारा आज आदरणीय मातेश्वरी जगदम्बा सरस्वती जी का 61वाँ पुण्य स्मृति दिवस अत्यंत श्रद्धा, सम्मान एवं आध्यात्मिक भावनाओं के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातःकालीन योग एवं तपस्या से हुआ, जिसमें उपस्थित सभी भाई-बहनों ने मातेश्वरी जी के दिव्य जीवन एवं आदर्शों को स्मरण करते हुए विशेष राजयोग का अभ्यास किया। तत्पश्चात मातेश्वरी जगदम्बा सरस्वती जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही जिला प्रभारी राजयोगिनी बी.के. सीता दीदी ने अपने उद्बोधन में मातेश्वरी जी के त्याग, तपस्या, सादगी एवं आध्यात्मिक नेतृत्व को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन आज भी लाखों लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका बी.के. भावना बहन ने मातेश्वरी जी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके जीवन से मिलने वाली शिक्षाओं पर प्रकाश डाला तथा सभी को उनके आदर्शों पर चलने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर कवि श्याम बाबू चिंतन जी ने काव्य प्रस्तुति के माध्यम से मातेश्वरी जी के गुणों एवं विशेषताओं का सुंदर वर्णन किया। बी.के. रश्मि बहन ने मातेश्वरी जी के प्रति अपने श्रद्धा भाव व्यक्त किए, जबकि बी.के. राधे बहन ने एक भावपूर्ण कविता प्रस्तुत कर सभी को भाव-विभोर कर दिया।
कार्यक्रम में मंजू शर्मा जी ने मातेश्वरी जी को समर्पित एक मधुर एवं प्रेरणादायक गीत प्रस्तुत किया, जिसे उपस्थित सभी भाई-बहनों ने अत्यंत सराहा।
इस अवसर पर बी.के. बबीता बहन, बी.के. संगीता गर्ग, राधा अग्रवाल, केशव देव शर्मा जी सहित अनेक भाई-बहन उपस्थित रहे। सभी ने मातेश्वरी जगदम्बा सरस्वती जी के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए उनके दिव्य जीवन से प्रेरणा लेने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का समापन शांति योग एवं ईश्वरीय स्मृति के साथ हुआ।

