Breaking News
बेसमेंट में चल रही तीन लाइब्रेरियां बंद, छात्रों की फीस लौटाने के निर्देश

हाथरस। जनपद में सार्वजनिक एवं अग्नि सुरक्षा मानकों के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने मंगलवार को पुस्तकालयों और कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान प्रोग्रेस पॉइंट लाइब्रेरी, भारद्वाज लाइब्रेरी और प्रेमहरि लाइब्रेरी का स्थलीय निरीक्षण किया गया। तीनों लाइब्रेरियां बेसमेंट में संचालित पाई गईं। जिलाधिकारी ने संचालकों से भवन का स्वीकृत नक्शा, फायर सेफ्टी अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) तथा विद्युत सुरक्षा संबंधी दस्तावेजों की जानकारी ली।


जिलाधिकारी ने शासनादेश का हवाला देते हुए कहा कि बेसमेंट में किसी भी प्रकार की व्यावसायिक गतिविधि संचालित नहीं की जा सकती। उन्होंने तीनों लाइब्रेरियों को तत्काल बंद करने और छात्र-छात्राओं से ली गई फीस वापस करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि भवन मानचित्र के अनुसार बेसमेंट का उपयोग केवल पार्किंग, स्टोर या शौचालय जैसी स्वीकृत सुविधाओं के लिए किया जा सकता है। यदि किसी बेसमेंट में नियमों के विपरीत व्यावसायिक गतिविधि संचालित होती है या सुरक्षा मानकों का उल्लंघन मिलता है, तो संबंधित संचालकों के खिलाफ अग्नि सुरक्षा एवं भवन उपविधियों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि जिन संस्थानों को पहले नोटिस जारी किए जा चुके हैं और जिन्होंने निर्धारित समय में कमियों को दूर नहीं किया है, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही सभी संस्थानों को अग्नि सुरक्षा, आपातकालीन निकास, पार्किंग और अन्य निर्धारित मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वि./रा.), उप जिलाधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी पुलिस तथा अग्निशमन अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Unknown's avatar

आशीष सेंगर

 aashishsengar@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page