Breaking News
लूट की घटना में वांछित 01 अभियुक्त गिरफ्तार

हाथरस। अमित पुत्र मेघ सिंह निवासी टटी डण्डिया,थाना सिकन्दराराऊ द्वारा थाना सिकंद्रारऊ पर सूचना दी कि 18.03.2026 को वह रोजाना की तरह अपने माँ अम्बे ग्राहक सेवा केन्द्र मोहनपुरा कासंगज से समय करीब 06.25 पर दुकान बढाकर अपने गाँव के लिये जा रहा था जैसे ही महाशांति आधुनिक गुलकुल ट्रष्टि के सामने निकलकर डुकरिया बम्बा कासंगज सिकन्द्राराऊ रोड पर पहुँचा तो पीछे एक काले रंग की स्कॉर्पियो जिसमें कुछ व्यक्ति सवार थे । उन्होने मेरी मोटर साइकिल न0. न्च्16ठड0410 में टक्कर मारकर गिरा दिया और मेरा रुपयो का थैला छीनकर चले गये । वादी की लिखित तहरीर के आधार पर थाना सिकंद्राराऊ पर सुसंगत धाराओं मे अभियोग पंजीकृत किया गया ।

ट्रेक्टर ट्रॉली से टकराई बाइक, हादसे में छात्र की मौत, साथी घायल

सादाबाद। सादाबाद-मथुरा मार्ग पर शुक्रवार की दोपहर को गांव टीकैट के निकट एक बाइक और ट्रेक्टर ट्रॉली में भिंडत हो गई। इस हादसे में सादाबाद क्षेत्र के गांव नगला केसरी निवासी 8वीं कक्षा के छात्र 16 वर्षीय शिवम शर्मा पुत्र जगदीश प्रसाद की मौत हो गई। तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराने के कारण यह हादसा हुआ, जिसमें उसका साथी 16 वर्षीय सूरज गुप्ता निवासी सलेमपुर रोड सादाबाद गंभीर रूप से घायल हो गया। बताते हैं कि यह दोनों किसी दावत में शामिल होने के लिए घर से निकले थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक की गति काफी तेज थी और बाइक आगे चल रही ट्रेक्टर ट्रॉली से जा घुसी, जिसके बाद उक्त दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद लाया गया, जहां चिकित्सकों ने शिवम को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल सूरज गुप्ता का उपचार जारी है। इधर, सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंच गई। कोतवाल विजय कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घटना के संबंध में अभी तहरीर नहीं मिली है।

प्रजापति समाज की सराहनीय पहल, निःशुल्क शिक्षण सामग्री वितरण के लिए गांव-गांव किया जनसंपर्क

हाथरस। अखिल भारतीय प्रजापति कुम्भकार महासंघ, हाथरस द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में एक सराहनीय पहल की जा रही है। इसके अंतर्गत 29 मार्च को छात्र-छात्राओं को निःशुल्क शिक्षण सामग्री वितरण करने का निर्णय लिया गया है।इस कार्यक्रम को सफल बनाने के उद्देश्य से प्रजापति समाज के बंधुओं ने गांव-गांव जाकर छात्रों एवं उनके अभिभावकों से संपर्क किया और उन्हें इस योजना की जानकारी दी। समाज के लोगों में इस पहल को लेकर काफी उत्साह देखने को मिला।
महासंघ के जिलाध्यक्ष हरि सिंह ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करना और उन्हें आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना है, ताकि वे अपनी पढ़ाई को बिना किसी बाधा के जारी रख सकें।
अखिल भारतीय प्रजापति कुम्भकार महासंघ, द्वारा आर.एस. गार्डन, मानिकपुर जलेसर रोड, हाथरस पर आयोजित इस कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में छात्र-छात्राओं एवं अभिभावकों से उपस्थित होने की अपील की गई है। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिये रवेन्द्र प्रजापति मुख्य महासचिव गौरव प्रजापति कार्य वाहक ,अशोक गोला उपाध्यक्ष.मुकेश जिला सचिव प्रवेश प्रजापति.राजेश प्रजापतिहरिओम प्रजापति गोविन्द प्रजापति ने जनसम्पर्क किया

गंगा स्नान के दौरान डूबी छात्रा, गोताखोर कर रहे तलाश

सादाबाद। गांव मड़नई की एक नीट छात्रा अपने जन्मदिन के अवसर पर नरौरा राजघाट पर गंगा स्नान के दौरान तेज बहाव में डूब गई। घटना के बाद से गोताखोरों की टीम लगातार छात्रा की तलाश कर रही है, लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
जानकारी के मुताबिक, गांव मड़नई निवासी 22 वर्षीय आरती पुत्री डिगंबर सिंह नीट की तैयारी कर रही थी। वह अपने जन्मदिन पर परिवार के साथ नरौरा राजघाट पर गंगा स्नान के लिए गई थी। बताते हैं कि स्नान के दौरान आरती ने गंगा में डुबकी लगाई, लेकिन पानी का तेज बहाव में उसने अपना संतुलन खो दिया और वह पानी में डूब गई। इससे परिजनों में चीखपुकार मच गई। मौके पर स्थानीय गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और छात्रा की तलाश शुरू की। कई घंटों तक चले बचाव अभियान के बावजूद देर शाम तक आरती का कोई पता नहीं चल सका। सीओ सादाबाद अमित पाठक ने बताया कि हम लगातार बुलंदशहर पुलिस और जल पुलिस के संपर्क में हैं। गोताखोरों की टीम द्वारा छात्रा की तलाश जारी है।

रामनवमी पर कन्या लांगुरा की धूम, घर-घर मातारानी के रूप में सजीं बेटियां

सादाबाद। रामनवमी के पावन अवसर पर नगर व क्षेत्र में आस्था और उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिला। इस मौके पर घर-घर कन्या लांगुरा जिमाए गए और बच्चों की टोलियां पूरे दिन गलियों में घूमती रहीं। बेटियों को मातारानी के स्वरूप में सजाकर उनका विधि-विधान से पूजन किया गया।
सुबह से ही श्रद्धालुओं ने अपने-अपने घरों में कन्याओं को आमंत्रित कर उनके चरण पखारे, रोली-अक्षत से तिलक किया और श्रद्धा भाव से भोजन कराया। छोटे-छोटे बच्चों की टोलियां “जय माता दी” के जयकारों के साथ घर-घर पहुंचकर प्रसाद ग्रहण करती नजर आईं, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। नगर के प्रमुख मंदिरों मां पथवारी मंदिर, मां काली मंदिर, श्री राम मंदिर, मां चामुंडा मंदिर एवं मां शीतला माता मंदिर पर सुबह से देर रात तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। भक्तों ने माता रानी की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। पूरे नगर में धार्मिक उत्साह और आस्था का माहौल बना रहा। मंदिरों पर पुलिस सुरक्षा भी चौकस रही।

मूछों वाले श्री रामचंद्र जी की शहर में धूमधाम से निकली भव्य रथयात्रा

हाथरस ।हर वर्ष श्री रामनवमी के पावन अवसर पर पर निकलने वाली मूछों वाले श्री रामचंद्र जी की भव्य रथयात्रा शहर में धूमधाम के साथ निकाली गई। शहर में यात्रा का जगह जगह स्वागत किया गया। वहीँ समाजिक व राजनीतिक लोगों ने यात्रा में शामिल होकर श्री रामचन्द्र के दर्शन किये।
यात्रा चामड़ गेट से शुरू होकर नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरी, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। रथयात्रा के दौरान भगवान श्री रामचंद्र जी के रथ को खींचने के लिए श्रद्धालुओं में उत्साह देखा गया।

जगह-जगह पुष्पवर्षा कर और भव्य स्वागत करके यात्रा का अभिनंदन किया गया, जिससे पूरा शहर भक्तिमय हो गया। कई स्थानों पर सामाजिक संगठनों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों ने विशेष स्वागत की व्यवस्था की थी।

नवरात्रि पर ब्रह्माकुमारीज ने कराए “माँ के नौ दिव्य रूपों के पावन दर्शन”

सादाबाद। नवरात्रि के पावन अवसर पर ब्रहाकुमारीज द्वारा “माँ के नौ दिव्य रूपों का पावन दर्शन” विषय पर एक विशेष आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं को नवदुर्गा के नौ स्वरूपों की सजीव झांकी के दर्शन कराए गए और उनके आध्यात्मिक महत्व, उनके गुणों तथा जीवन में उनके व्यावहारिक उपयोग के बारे में विस्तार से बताया गया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि नवरात्रि केवल एक धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि आत्म-परिवर्तन, आत्मशुद्धि और आंतरिक शक्ति जागरण का महत्वपूर्ण पर्व है। उन्होंने बताया कि माँ के नौ रूप मानव जीवन के विभिन्न गुणों शक्ति, ज्ञान, करुणा और साहस का प्रतीक हैं, जिन्हें अपनाकर जीवन को सकारात्मक दिशा दी जा सकती है। प्रभारी बीके भावना दीदी ने राजयोग ध्यान के माध्यम से उपस्थित श्रद्धालुओं को आंतरिक शांति, शक्ति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव कराया। ध्यान सत्र के दौरान वातावरण अत्यंत शांत एवं आध्यात्मिक हो गया, जिससे उपस्थित जनों को गहन आत्मिक अनुभूति प्राप्त हुई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त किया तथा विश्व शांति और मानव कल्याण की कामना की।

श्रद्धा के साथ हुआ कन्या पूजन, “जय माता दी” के जयकारों से गूंजा कोतवाली परिसर

सादाबाद। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर शुक्रवार को कोतवाली सादाबाद परिसर में श्रद्धा और उल्लास के साथ कन्या पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में नौ देवी स्वरूपा कन्याओं का विधि-विधान से पूजन कर उन्हें भोजन कराया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने श्रद्धा भाव से कन्याओं के चरण पखारे, उन्हें रोली-अक्षत का टीका लगाया और पूजन कर आशीर्वाद लिया। इसके पश्चात बालिकाओं को हलवा, पूड़ी, चना सहित अन्य प्रसाद वितरित किया गया। इस मौके पर ‘मिशन शक्ति’ अभियान के अंतर्गत महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा एवं सम्मान के प्रति जागरूकता भी फैलाई गई। प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार सिंह ने कहा कि कन्याएं साक्षात देवी का स्वरूप होती हैं और समाज में बेटियों को सम्मान और सुरक्षा देना हम सभी की जिम्मेदारी है। पूरे कार्यक्रम के दौरान कोतवाली परिसर “जय माता दी” के जयकारों से गूंजता रहा, जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया। इस अवसर पर कोतवाली का समस्त पुलिस स्टाफ तथा क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

जनपद में पेट्रोल – डीजल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध , डीएम ने किया पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण , अफवाहों पर ध्यान न देंने की अपील

हाथरस। जनपद में पेट्रोल-डीजल की कमी के संबंध में प्राप्त हो रही अफवाहों के दृष्टिगत जिलाधिकारी अतुल वत्स ने मथुरा रोड तथा शहर में संचालित विभिन्न पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण कर यथास्थिति का जायजा लिया तथा लोगों को सुचारु रूप से आपूर्ति प्रदान करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने चूना वाला, बल्क कैरियर एवं एग्रो सर्विस सेंटर सहित विभिन्न पेट्रोल पंपों के निरीक्षण के दौरान पाया कि स्थिति पूर्णतः सामान्य है। कहीं भी लाइन लगाकर पेट्रोल भरवाने जैसी कोई स्थिति नहीं है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पेट्रोल पंप संचालकों से वार्ता कर पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता तथा भुगतान के माध्यम (ऑनलाइन/ऑफलाइन) के संबंध में जानकारी प्राप्त की। पेट्रोल पंप संचालकों द्वारा अवगत कराया गया कि उनके पास पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल-डीजल उपलब्ध है तथा ग्राहकों से ऑनलाइन एवं नकद, दोनों माध्यमों से भुगतान लिया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने मौके पर उपस्थित ग्राहकों से भी बातचीत कर यह जानकारी ली कि पेट्रोल-डीजल निर्धारित दरों पर उपलब्ध कराया जा रहा है या नहीं। इस पर लोगों ने बताया कि उन्हें निर्धारित दरों पर ही पेट्रोल-डीजल प्राप्त हो रहा है तथा किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं है।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि जनपद में पेट्रोल-डीजल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है, अतः घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। सभी लोग सामान्य रूप से अपनी आवश्यकता के अनुसार पेट्रोल-डीजल प्राप्त करें तथा अफवाहों पर ध्यान न दें। यदि कहीं कोई समस्या उत्पन्न होती है तो तत्काल जिला प्रशासन को सूचित करें।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक, उप जिलाधिकारी सदर, जिला पूर्ति अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

भक्तों की आस्था का केंद्र है बिसावर का बृजेश्वरी देवी मां का मंदिर

सादाबाद। ग्राम पंचायत बिसावर के मजरा नगला मदारी में स्थित करीब 100 साल से अधिक पुराना प्राचीन बृजेश्वरी देवी का मंदिर भक्तों की आस्था का केंद्र बना हुआ है। मान्यता है कि यहां जो भक्त सच्चे मन से अपनी मुराद लेकर आता है, उसकी मुराद जरूर पूरी होती है। गांव में यह मंदिर नहर किनारे बना हुआ है। गांव के बुजुर्गों का कहना है कि इस मंदिर में विराजमान देवी प्रतिमा को नगरकोट से गांव के बन्नो भगत और रामगोपाल पैदल लेकर आए थे। इस मंदिर के प्रति आसपास के लोगों की विशेष आस्था है। हर बार नवरात्र में यहां दूर-दूर से भक्तों का आना-जाना लगा रहता है

  • मां आदिशक्ति बृजेश्वरी देवी का मंदिर काफी पुराना है। यहां आने वाले हर भक्त की मनोकामना पूर्ण होती है। कई ऐसे भक्त हैं, जो हर साल मातारानी की पोशाक व श्रृंगार का सामान अर्पण करने आते हैं।- रूपेश भगत, मंदिर पुजारी।

You cannot copy content of this page