जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान हेतु जिलाधिकारी ने शहर के प्रमुख जल निकासी स्थलों का किया निरीक्षण
मुख्य नालों की नियमित सफाई, जाली लगाने, पंपिंग व्यवस्था सुदृढ़ करने एवं क्षतिग्रस्त पुलिया की मरम्मत के दिए निर्देश।
हाथरस । जनपद में वर्षा ऋतु के दौरान संभावित जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने तथा शहर की जल निकासी व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अतुल वत्स ने नगर पालिका परिषद हाथरस क्षेत्र के विभिन्न प्रमुख जल निकासी स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने खाती खाना, गणेशगंज मुख्य ड्रेनेज, ढकपुरा रोड स्थित वाटर वर्क्स पार्क, आगरा रोड, सरस्वती इंटर कॉलेज, सरस्वती डिग्री कॉलेज, आवास विकास कॉलोनी तथा स्टेट बैंक कॉलोनी सहित शहर के प्रमुख नालों एवं जल निकासी स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने पाया कि अधिकांश मुख्य नालों से जल निकासी सुचारु रूप से हो रही है। इस पर उन्होंने निर्देश दिए कि मुख्य नालों से जुड़ी छोटी नालियों पर आवश्यकतानुसार जाली लगाई जाए, जिससे कूड़ा-करकट मुख्य नालों में प्रवेश न कर सके और जल प्रवाह निर्बाध बना रहे। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से भविष्य में जलभराव की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकेगा।
तालाब चौराहे पर स्थापित पंपिंग स्टेशन के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि पंपिंग स्टेशन तक पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं पहुंच रहा है। इस पर उन्होंने पंपिंग स्टेशन से संबद्ध ड्रेनेज लाइन की तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए, ताकि पंपिंग सेट की क्षमता का पूर्ण उपयोग करते हुए जल निकासी प्रभावी ढंग से हो सके तथा निचले क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न होने पाए।
आवास विकास कॉलोनी के निरीक्षण के दौरान एक पुलिया क्षतिग्रस्त पाई गई तथा उसके समीप कूड़ा फंसे होने के कारण जल निकासी प्रभावित हो रही थी। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को क्षतिग्रस्त पुलिया की तत्काल मरम्मत कराने तथा अवरुद्ध कूड़े को तत्काल हटाने के निर्देश दिए, जिससे जल प्रवाह निर्बाध बना रहे और जल निकासी व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सके। स्टेट बैंक कॉलोनी का क्षेत्र अपेक्षाकृत नीचा होने के कारण वहां जलभराव की संभावना को देखते हुए जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद को आवश्यकतानुसार अतिरिक्त पंप सेट स्थापित कर प्रभावी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि शहर के सभी मुख्य नालों पर जहां भी कूड़ा-करकट जमा है, उसे तत्काल हटाया जाए तथा निकाले गए कूड़े का शीघ्र उठान भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे वह पुनः नालों में न पहुंचे और जल निकासी व्यवस्था बाधित न हो। उन्होंने अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद हाथरस को निर्देशित किया कि नगर में नियमित एवं प्रभावी स्वच्छता अभियान संचालित किया जाए, कहीं भी कूड़ा एकत्र न होने पाए तथा सभी संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि नगर की स्वच्छता एवं जल निकासी व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी व्यवस्थाओं की निरंतर मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।

