20 जुलाई तक करें ओ-लेवल एवं सीसीसी कम्प्यूटर प्रशिक्षण के लिए आवेदन
हाथरस। अन्य पिछड़ा वर्ग के बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगारपरक कम्प्यूटर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए ‘ओ-लेवल’ एवं ‘सीसीसी’ कम्प्यूटर प्रशिक्षण हेतु ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी स्मृति गौतम ने बताया कि निदेशक, पिछड़ा वर्ग कल्याण, उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के क्रम में यह प्रशिक्षण भारत सरकार की संस्था नीलिट (NIELIT) से मान्यता प्राप्त संस्थाओं के माध्यम से कराया जाएगा।
योजना के तहत वही अभ्यर्थी पात्र होंगे जो अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) से संबंधित हों, न्यूनतम इंटरमीडिएट उत्तीर्ण हों तथा उनके माता-पिता/अभिभावकों की सभी स्रोतों से वार्षिक आय एक लाख रुपये तक हो।
इच्छुक अभ्यर्थी 20 जुलाई 2026 तक योजना के पोर्टल https://obccomputertraning.upsdc.gov.in� पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। योजना की पात्रता, दिशा-निर्देश एवं अन्य जानकारी विभाग की वेबसाइट https://backwardwelfare.up.gov.in� पर उपलब्ध है।
ऑनलाइन आवेदन करने के बाद अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र की हार्डकॉपी आवश्यक अभिलेखों सहित 20 जुलाई 2026 को सायं 5 बजे तक जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कार्यालय, कक्ष संख्या-208, विकास भवन, हाथरस में जमा कराना अनिवार्य होगा। विभाग ने अभ्यर्थियों से समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करने की अपील की है।

