Breaking News
ग्रामीणों की शिकायत पर डीएम का निरीक्षण, जलापूर्ति में लापरवाही पर होगी कार्रवाई

हाथरस।जिलाधिकारी अतुल वत्स ने विकास खण्ड मुरसान की ग्राम पंचायत चंदपा-चितावर में जल जीवन मिशन के अंतर्गत कार्यदायी संस्था बी.जी.सी.सी.पी.एल.-रामकी (जे.वी.) द्वारा संचालित निर्माणाधीन पेयजल परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों की प्राथमिकता के आधार पर तत्काल मरम्मत कराने तथा सभी अवशेष निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाइपलाइन बिछाने, गृह जल संयोजन, ट्यूबवेल, पम्प हाउस तथा ओवरहेड टैंक निर्माण की प्रगति का जायजा लिया। कार्यों में लापरवाही मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के प्रति कड़ी नाराजगी जताई। ओवरहेड टैंक की सीढ़ी पर सुरक्षा रैलिंग न मिलने और निर्माण कार्यों में खामियां पाए जाने पर उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या घटिया निर्माण सामग्री बर्दाश्त नहीं की जाएगी।इसके बाद जिलाधिकारी ग्राम पंचायत चितावर पहुंचे और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर परियोजना की वास्तविक स्थिति जानी। ग्रामीणों ने बताया कि करीब छह माह पहले पाइपलाइन बिछाने के लिए इंटरलॉकिंग सड़कें खोद दी गई थीं, लेकिन आज तक उनकी मरम्मत नहीं कराई गई। निरीक्षण में यह भी सामने आया कि कई घरों में पाइपलाइन बिछने के बावजूद न तो घरेलू जल कनेक्शन दिए गए हैं और न ही जलापूर्ति शुरू हुई है।
ग्रामीणों की शिकायतों और मौके पर मिली अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच कराने तथा निर्धारित समय में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष पाइपलाइन, पम्प हाउस, बाउंड्री वॉल एवं अन्य निर्माण कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप निर्धारित समय में पूरे किए जाएं। साथ ही पाइपलाइन बिछाने के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों का तत्काल पुनर्स्थापन कराया जाए तथा कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि ग्रामीणों को समय पर सुरक्षित एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक शुद्ध पेयजल पहुंचाना शासन की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

Unknown's avatar

आशीष सेंगर

 aashishsengar@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page