Breaking News
हाथरस में महाराणा प्रताप शोभायात्रा की तैयारियाँ तेज, कोका गाँव में पदाधिकारियों का हुआ भव्य स्वागत

​हाथरस। वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की आगामी शोभायात्रा को लेकर क्षत्रिय समाज और भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में बुधवार को विकास खंड हाथरस के गाँव कोका में भाजपा मंडल महामंत्री गौरव ठाकुर के नेतृत्व में एक स्वागत समारोह आयोजित किया गया।​कार्यक्रम के दौरान शोभायात्रा के अध्यक्ष अनिल सिसोदिया, सह-संयोजक नरेश ठाकुर (प्रधान) और विकास पौरुष का फूल-मालाएं पहनाकर भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर उन्हें स्मृति के रूप में प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन नहार सिंह चौहान द्वारा किया गया। ​बैठक में जानकारी दी गई कि महाराणा प्रताप के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में आगामी 9 मई को विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा गौशाला रोड स्थित तुलसी स्मृति भवन से विधि-विधान के साथ शुरू होगी और नगर के मुख्य मार्गों से होती हुई दाऊजी महाराज मंदिर पर जाकर संपन्न होगी। ​स्वागत करने वालों में मुख्य रूप से भाजपा मंडल महामंत्री गौरव ठाकुर एवं पूर्व प्रधान शीलेंद्र सिंह रहे। इस दौरान कुबेर सिंह, प्रदीप चौहान, प्रवीण चौहान, सुमित सिंह, राहुल सिंह, कुमार पाल, पुष्पेंद्र सिंह, लाखन सिंह, विजेंद्र सिंह, आदित्य चौहान, भोलू चौहान, रवि चौहान और गजेंद्र चौहान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व समाज के प्रबुद्ध जन उपस्थित रहे।

पोरा स्टेशन रेलवे ट्रैक के पास घायल अवस्था में पड़ा युवक,आरपीएफ ने जिला अस्पताल में कराया भर्ती

हाथरस। कोतवाली हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव पोरा रेलवे स्टेशन के पास एक युवक घायल अवस्था में रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला। स्थानीय लोगों ने जब युवक को इस हालत में देखा, तो तुरंत इसकी सूचना आरपीएफ पुलिस को दी। सूचना मिलते ही आरपीएफ टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद घायल युवक को तुरंत 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों द्वारा युवक का उपचार किया जा रहा है। फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो सकी है और उसकी हालत को लेकर डॉक्टरों की निगरानी जारी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक यहां कैसे और किन परिस्थितियों में घायल अवस्था में पहुंचा।

जिलाधिकारी ने की एनएचएआई 509 आगरा अलीगढ़ राजमार्ग के निर्माण व विस्तारीकरण से संबंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा

हाथरस।एनएचएआई संख्या-509, आगरा-अलीगढ़ राजमार्ग के निर्माण एवं विस्तारीकरण से संबंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए जिलाधिकारी अतुल वत्स की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान समीक्षा में यह पाया गया कि परियोजना से जुड़े कार्यों की प्रगति संतोषजनक नहीं है। इस पर जिलाधिकारी ने नाराज़गी व्यक्त करते हुए सभी लंबित कार्यों को तत्काल पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि राजमार्ग का निर्माण समयबद्ध तरीके से पूरा हो सके और आमजन को इसका लाभ मिल सके। जिलाधिकारी ने मार्ग के विभिन्न तहसीलों में आने वाले क्षेत्रों की विस्तार से समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने उप जिलाधिकारियों और एनएचएआई टीम को संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अधिग्रहित भूमि के पात्र किसानों और भू-स्वामियों को प्रतिकर का भुगतान पूरी पारदर्शिता के साथ निर्धारित समयसीमा में किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।जिलाधिकारी ने लंबित मामलों की सूची तैयार कर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए। साथ ही जिन मामलों में आपत्तियां या विवाद लंबित हैं, उनका शीघ्र समाधान कर नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा, ताकि परियोजना प्रभावित न हो।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर प्रतिकर भुगतान की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, वहां तत्काल भूमि पर कब्जा दिलाने की कार्रवाई की जाए और निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए। इसके लिए सभी आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि यह परियोजना जनपद के विकास और आवागमन की सुविधा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और नियमित रूप से प्रगति की समीक्षा करें। साथ ही, परियोजना से प्रभावित किसानों से संवाद स्थापित कर उन्हें पूरी जानकारी दी जाए, जिससे किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो। बैठक में अपर जिलाधिकारी न्यायिक, प्रभारी अधिकारी कलेक्ट्रेट, उप जिलाधिकारी सदर, सादाबाद, सासनी तथा एनएचएआई के अधिकारी उपस्थित रहे।

स्मार्ट मीटर के विरोध में महिलाओं ने किया बिजली उपखंड कार्यालय का घेराव

हाथरस। जनपद के सासनी तहसील क्षेत्र में स्मार्ट प्रीपेड मीटर को लेकर उपभोक्ताओं का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। जयपुर-बरेली राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित गांव सलेमपुर के विद्युत उपखंड (तृतीय) कार्यालय पर सोमवार को बड़ी संख्या में महिला और पुरुष उपभोक्ताओं ने पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में सलेमपुर विद्युत उपकेंद्र से जुड़े गांव अजीतपुर, शेखूपुर और सलेमपुर सहित कई गांवों के लोग शामिल हुए। खासतौर पर महिलाओं ने स्मार्ट मीटर के खिलाफ नाराजगी जताते हुए इसे हटाने की मांग की। उपभोक्ताओं का आरोप है कि जब से उनके घरों में प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं, तब से बिजली बिल में अचानक बढ़ोतरी हो गई है और मीटर के बैलेंस से लगातार पैसे कट रहे हैं। उनका कहना है कि सीमित आय वाले परिवारों के लिए रोजाना मीटर का बैलेंस देखना मुश्किल हो रहा है।प्रदर्शनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि कई बार बिजली आपूर्ति बंद रहने के बावजूद भी मीटर से पैसे कट रहे हैं, जिससे वे बिजली का उपयोग करने से भी डरने लगे हैं। महिलाओं ने बताया कि कम बिजली खपत के बावजूद उन्हें अधिक बिल का सामना करना पड़ रहा है।
उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग पर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए समस्या के जल्द समाधान की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे अपने घरों से मीटर उखाड़कर बिजली घर पर जमा कर देंगे। साथ ही 20 दिन बाद बड़े स्तर पर धरना-प्रदर्शन करने की भी घोषणा की गई। इस दौरान कुछ महिलाएं अपने घरों से स्मार्ट मीटर उखाड़कर बिजली घर पहुंचीं और विरोध दर्ज कराया, जिससे मौके पर कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
वहीं, विद्युत उपखंड अधिकारी (तृतीय) ने बताया कि उपभोक्ताओं की शिकायतों को गंभीरता से लिया गया है और समाधान के लिए समय मांगा गया है। उन्होंने कहा कि शासन स्तर से निर्देश मिलने के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।

फसलों के मुआवजे और सरकारी खरीद समेत सात सूत्रीय मांगों को लेकर भाकियू का तहसील पर प्रदर्शन

हाथरस। भारतीय किसान यूनियन (हरपाल गुट) के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने किसानों और मजदूरों की समस्याओं को सरकार तक पहुँचाने के उद्देश्य से जिलाध्यक्ष राजकुमार कौशिक के नेतृत्व तहसील सासनी पर प्रदर्शन किया। मंगलवार को यूनियन के पदाधिकारियों ने प्रदर्शन के बाद एसडीएम नीरज शर्मा को प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा, ज्ञापन मे किसानों ने कहा है कि बेमौसम बारिश और अन्य कारणों से बर्बाद हुई फसलों (गेहूं आदि) की भरपाई के लिए पांच हजार रुपये प्रति बीघा मुआवजा दिया जाए। आलू उत्पादकों को लागत मूल्य नहीं मिल पा रहा है, इसलिए सरकार पाचं सौ रुपये प्रति कुंतल की दर से राहत राशि प्रदान करें। आलू की सरकारी खरीद एक हजार रुपये प्रति कुंतल की दर से की जाए। यूनियन का कहना है कि कागजों में भाव साढे छह सौ रुपये प्रति कुंतल दिखाया जा रहा है, जो वास्तविकता से दूर है। निजीकरण का विरोध करते हुए स्मार्ट मीटर लगाने पर आपत्ति जताई गई। किसानों की फसलों का न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाकर उनकी आय दोगुनी की जाए। पिछले बीस वर्षों से बदहाल पड़ी सड़कों का निर्माण अभियान चलाकर मजबूती से किया जाए। गरीब वर्ग के लिए पेंशन राशि को बढ़ाकर तीन हजार रुपये प्रति माह किया जाए। प्रदर्शन के दौरान यूनियन के जिला अध्यक्ष राजकुमार कौशिक, उमाशंकर कौशिक, और संगठन के कई अन्य पदाधिकारी व किसान मौजूद रहे।

भाजपा को तीन राज्यों में मिली जीत पर पूर्व जिला मिडिया प्रभारी ने बांटी मिठाई

हाथरस: पश्चिम बंगाल व असम राज्य व पांडिचेरी मे विधान सभा चुनाव मे भाजपा के प्रचंड बहुमत से जीत दर्ज करने भाजपा वरिष्ठ नेता व पूर्व मीडिया प्रभारी डा राजीव सेंगर के प्रतिष्ठान ज्ञान आई केयर सेंटर बागला कालेज मार्केट पर मिष्ठान वितरण कर व पटाखे जलाकर हर्ष व्यक्त किया इस अवसर पर भाजपा नाता सुनीता मिश्रा अनिल कुमार गुप्ता बंशी पंडित शिवशंकर गूलाठी बीरेन्द्र उपाध्याय शिव कुमार गौतम ब्रज भाषण राजेश प्रवीन दीक्षित आदि उपस्थित रहे

मेधावी विद्यार्थियों को दी दो वर्ष की छात्रवृति, बांटी शैक्षणिक किट

सादाबाद। सादाबाद के कुरसंडा गांव स्थित कुरसंडा इंटरमीडिएट कॉलेज में एकमतेज फाउंडेशन ने सक्षमतेज छात्रवृत्ति कार्यक्रम 2026-27 का आयोजन किया। इस कार्यक्रम के तहत चार विभिन्न शिक्षण संस्थानों के 30 मेधावी विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए शैक्षणिक किट, पाठ्य सामग्री और दो वर्ष की छात्रवृत्ति प्रदान की गई।
फाउंडेशन के संस्थापक तेजवीर सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभा की कमी नहीं है, लेकिन संसाधनों और सही मार्गदर्शन के अभाव में कई छात्र अपने लक्ष्य तक नहीं पहुंच पाते। एकमतेज फाउंडेशन का प्रयास है कि ऐसे प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को मंच, संसाधन और दिशा प्रदान की जाए, ताकि वे प्रतिष्ठित परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर सकें। 15 अप्रैल को आयोजित लिखित परीक्षा में कुल 180 विद्यार्थियों ने भाग लिया था। इसके बाद, 26 अप्रैल को कुरसंडा इंटर कॉलेज में साक्षात्कार आयोजित किए गए, जिसके आधार पर 30 विद्यार्थियों का अंतिम चयन किया गया। संचालन फाउंडेशन के लीगल एडवाइजर धर्मवीर सिंह गंधार ने किया। कार्यक्रम में माध्यमिक शिक्षा परिषद के मंडल अध्यक्ष डॉ. दिलीप कुमार अमौरिया, कुरसंडा इंटर कॉलेज के प्रबंधक चौधरी पृथ्वी सिंह, प्रधानाचार्य राजेश कुमार, प्रधानाचार्य वीरेंद्र कुमार शर्मा, रामचरण सिंह और धर्मवीर सिंह गंधार, सह-संस्थापक शकील खान, धर्मवीर सिंह, रविंद्र सिंह सहित सुल्तान सिंह, चंद्रवीर सोलंकी, मोहन सिंह आर्य और ईश्वर चंद्र भी उपस्थित रहे।

बार एसोसिएशन सादाबाद के वार्षिक चुनाव कार्यक्रम की घोषणा

सादाबाद। दी बार एसोसिएशन सादाबाद के वार्षिक चुनाव कार्यक्रम की घोषणा सोमवार को कर दी गई। एसोसिएशन के सचिव दिग्विजय सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि चुनाव प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संपन्न कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि 6 और 7 मई को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। इसके बाद 8 मई को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी, जबकि दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। सचिव ने बताया कि 16 मई को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्ति के बाद उसी दिन मतगणना कर परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि नामांकन वापसी या जांच के दौरान नामांकन निरस्त होने की स्थिति में नामांकन शुल्क वापस नहीं किया जाएगा।

सादाबाद में नवागत क्षेत्राधिकारी जयनेंद्रनाथ अस्थाना ने संभाला कार्यभार

सादाबाद। सादाबाद कोतवाली क्षेत्र के नवागत पुलिस क्षेत्राधिकारी जयनेंद्रनाथ अस्थाना ने सोमवार को सीओ कार्यालय पहुंचकर विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया।
कार्यभार ग्रहण करने के दौरान उनका अखिल भारतीय प्रधान संगठन के विधानसभाध्यक्ष व कजरौठी प्रधान महाराज सिंह तथा युवा रालोद नेता दीपू चौधरी सहित अन्य लोगों ने फूलमालाओं से स्वागत किया। नवागत क्षेत्राधिकारी जयनेंद्रनाथ अस्थाना ने कहा कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना उनकी प्राथमिकता होगी। आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

सादाबाद-आज महिला श्रद्धालु हाथों पर रचाएंगी श्याम नाम की मेहंदी

सादाबाद। श्री गोवर्धन धाम खाटू श्याम मंदिर ट्रस्ट के तत्वावधान में आज मंगलवार से गुरूवार तक तीन दिनों तक बिजलीघर रोड स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर पर श्रद्धा और भक्ति की धूम रहेगी। 5 से 7 मई तक मंदिर का मंदिर का पांचवां वार्षिकोत्सव उल्लास के साथ मनाया जाएगा। कार्यक्रम के लिए सोमवार को विशाल मंच तैयार किया गया। सादाबाद के प्रत्येक गांव में प्रचार प्रसार के लिए वाहनों को रवाना किया गया। मंदिर की भी आकर्षक ढंग से साज सज्जा शुरू कर दी गई।
मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारी रजत अग्रवाल ने बताया कि महोत्सव का शुभारंभ आज 5 मई को शाम 5 बजे ‘श्याम नाम की मेहंदी’ कार्यक्रम से होगा। इसके पश्चात शाम को ही विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होंगे। मेंहदी कार्यक्रम में काफी संख्या में महिला श्रद्धालु सहभागिता करेंगी और अपने अपने हाथों पर बाबा श्याम के नाम की आकर्षक मेंहदी रचाएंगी। उन्होने बताया कि मंगलवार को सुबह 8 बजे श्री महाराज अग्रसेन सेवा सदन से 6100 निशानों के साथ भव्य निशान यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए मंदिर प्रांगण पहुंचेगी, जहां बाबा श्याम के जयकारों के बीच इसका समापन होगा। इसी दिन मंदिर समिति द्वारा द्वितीय सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें दो निर्धन कन्याओं का विवाह पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराया जाएगा। समिति की ओर से नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थी का आवश्यक सामान भी भेंट किया जाएगा। उन्होने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में सहभागिता करने का आह्वान किया है।

You cannot copy content of this page