गांव जोगिया के ग्रामीणों ने विद्युत समस्या को लेकर सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर से की मुलाकात, तीन दिन में समाधान का मिला आश्वासन
हाथरस। नगर पालिका क्षेत्र में शामिल गांव जोगिया के सैकड़ों ग्रामीण, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं, मंगलवार को अपनी विद्युत आपूर्ति की समस्या को लेकर सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर के आवास पहुंचे। ग्रामीणों ने बताया कि गांव जोगिया लगभग सात वर्ष पूर्व नगर पालिका क्षेत्र में शामिल हो चुका है, लेकिन आज भी यहां शहर की बजाय देहात क्षेत्र की बिजली आपूर्ति दी जा रही है।

ग्रामीणों ने विधायक को अवगत कराया कि जोगिया पहले ग्राम पंचायत था, जिसके अंतर्गत पांच गांव आते थे। विद्युत विभाग ने जोगिया ग्राम पंचायत के अन्य चार मजरा गांवों को शहर की विद्युत आपूर्ति से जोड़ दिया, जबकि नगर पालिका क्षेत्र में होने के बावजूद गांव जोगिया को अभी भी ग्रामीण फीडर से बिजली मिल रही है।
ग्रामीणों ने विधायक से कहा कि यदि जोगिया नगर पालिका क्षेत्र का हिस्सा है तो उसे शहर की सभी मूलभूत सुविधाएं, विशेषकर शहर की विद्युत आपूर्ति भी मिलनी चाहिए। अन्यथा गांव को पुनः ग्राम पंचायत में शामिल किया जाए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक अंजुला सिंह माहौर ने बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल अपने आवास पर बुलाया। बैठक में एचसी साहब, दोनों अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) सहित विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के बाद विधायक के निर्देश पर आश्वासन दिया कि तीन दिनों के भीतर गांव जोगिया को शहर की विद्युत आपूर्ति से जोड़ने की प्रक्रिया पूरी कर दी जाएगी।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित तीन दिन की अवधि में उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो वे बिजली विभाग के खिलाफ बड़ा आंदोलन और धरना-प्रदर्शन करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी। आश्वासन मिलने के बाद सैकड़ों की संख्या में मौजूद महिलाएं, बुजुर्ग और युवा शांतिपूर्वक अपने गांव लौट गए।

