Breaking News
ट्रांसपोर्ट नगर बनाने की तैयारियां तेज, सोखना एवं ढकपुरा में अधिग्रहीत भूमि का डीएम ने किया निरीक्षण

हाथरस । जिलाधिकारी अतुल वत्स ने प्रस्तावित ट्रांसपोर्ट नगर की स्थापना के उद्देश्य से सोखना एवं ढकपुरा क्षेत्र में पूर्व में अधिग्रहीत भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों के साथ तैयार किए गए लेआउट प्लान का गहन अवलोकन किया तथा भूमि की वर्तमान स्थिति, उपयोगिता एवं उपलब्ध रिक्त क्षेत्र के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को भूमि से संबंधित समस्त पत्रावलियां एवं अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, जिससे प्रस्तावित योजना के संबंध में अग्रिम कार्यवाही समयबद्ध रूप से सुनिश्चित की जा सके।
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार हाथरस ने अवगत कराया कि जनपद के नव निर्माण के समय वर्ष 2000 में सोखना एवं ढकपुरा क्षेत्र में लगभग 80 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहीत की गई थी। वर्तमान में उक्त भूमि पर रिजर्व पुलिस लाइन, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय, वन विभाग, आरटीओ कार्यालय सहित विभिन्न शासकीय भवनों का निर्माण हो चुका है। इसके अतिरिक्त कुछ भूमि अभी भी रिक्त उपलब्ध है, जिस पर शासन के दिशा-निर्देशों के क्रम में आगामी कार्यवाही प्रस्तावित की जाएगी।

सफाई कर्मियों का शोषण नहीं होगा बर्दाश्त- राहुल कुमार ,आउट सोर्सिंग सफाई कर्मचारी नगर कमेटी का हुआ गठन

नगर अध्यक्ष, महामंत्री सहित सभी पदाधिकारियों का कर्मचारियों ने किया भव्य स्वागत

हाथरस। सफाई कर्मचारियों के अधिकारों, सुरक्षा, पुनर्वास और शिकायतों के निवारण के लिए अखिल भारतीय सफाई कर्मचारी संगठन ने नगर कमेटी गठित की है। मोहल्ला कर्र स्थित जिला कार्यालय पर आयोजित बैठक मे संगठन प्रदेश अध्यक्ष विशाल सिंह के निर्देश पर डेनियल प्रिंस को आउट सोर्सिंग नगर अध्यक्ष व समाजसेवी राहुल बोहरे को महामंत्री मनोनीत किया है। इसके साथ ही अंशुल कुबेर कोषाध्यक्ष, अर्जुन, राकेश, साजन कुमार उपाध्यक्ष अभिषेक, गौरव सोनी उपमहामंत्री, मनीष कपिल बाबू चौहान संघटन मंत्री, विपिन, बादशाह, राहुल प्रचार मंत्री, अर्जुन भईया जी व सचिन को मीडिया प्रभारी बनाया गया है।डेनियल प्रिंस ने कहा कि संगठन विभिन्न योजनाओं की निगरानी करते हुए सफाई कर्मियों को मुख्यधारा से जोड़ने में भूमिका निभाएगा। महामंत्री राहुल बोहरे ने कहा है कि संगठन सफाई कर्मचारियों के हितों की रक्षा, सामाजिक उत्थान, कल्याण के लिये काम करेगा, किसी भी कर्मचारी का उत्पीड़न शोषण बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। सुशील कुमार, सचिन विष्णु सहित अन्य लोगों ने सभी पदाधिकारियो का फूल माला पहनाकर स्वागत किया था।

दी बार एसोसिएशन सादाबाद के वार्षिक चुनाव की नामांकन प्रक्रिया पूरी, साथी अधिवक्ताओं ने लगाए बार एकता जिंदाबाद के नारे

सादाबाद। दी बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव को लेकर बृहस्पतिवार को न्यायालय परिसर में दिनभर गहमागहमी बनी रही। विभिन्न पदों के लिए प्रत्याशियों ने अपने समर्थक अधिवक्ताओं के साथ पहुंचकर नामांकन पत्र दाखिल किए। इस तरह से अध्यक्ष पद पर पूर्व में नामांकन कर चुके वीरेंद्र सिंह व अनिल दीक्षित के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिलेगा। नामांकन प्रक्रिया के दौरान बार परिसर में चुनावी माहौल पूरी तरह गर्म दिखाई दिया।
नामांकन प्रक्रिया के तहत अध्यक्ष पद के लिए अनिल दीक्षित एडवोकेट ने अपना नामांकन दाखिल किया। सचिव पद के लिए विवेक सारस्वत एवं नरेंद्र सिंह मैदान में उतरे, जबकि वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के लिए मनोज कुमार सिंह ने पर्चा भरा। इसके अलावा कनिष्ठ उपाध्यक्ष प्रथम पद के लिए कृष्ण गोपाल चतुर्वेदी तथा कनिष्ठ उपाध्यक्ष द्वितीय पद के लिए नवीन शर्मा ने अपने समर्थकों के साथ नामांकन किया। नामांकन दाखिल करने पहुंचे प्रत्याशियों का साथी अधिवक्ताओं ने फूलमालाएं पहनाकर जोरदार स्वागत किया। इस दौरान बार परिसर “बार एकता जिंदाबाद” के नारों से गूंज उठा। प्रत्याशियों ने अधिवक्ताओं से सहयोग और समर्थन की अपील भी की। मुख्य चुनाव अधिकारी सुरेंद्र पाराशर एडवोकेट, चुनाव अधिकारी दिग्विजय सिंह एडवोकेट तथा सहायक चुनाव अधिकारी राकेश लाल ने बताया कि आठ मई को सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक नाम वापसी की प्रक्रिया होगी। इसके बाद दोपहर एक बजे से चार बजे तक नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी

आबकारी विभाग टीम ने शराब की दुकानों पर किया निरीक्षण, दिए दिशा निर्देश

हाथरस। आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के निर्देशन तथा उप आबकारी आयुक्त अलीगढ़ प्रभार एवं जिलाधिकारी के पर्यवेक्षण में जनपद में विशेष प्रवर्तन अभियान लगातार चलाया जा रहा है।आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-04 द्वारा आबकारी टीम के साथ सासनी क्षेत्र के रुहेरी, नगला गदू, गदाखेड़ा, सासनी, देदामाई और लुटसान सहित विभिन्न क्षेत्रों में देशी एवं कंपोजिट मदिरा दुकानों का गहन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दुकानों के स्टॉक का मिलान किया गया तथा बिक्री व्यवस्था की बारीकी से जांच की गई। टीम द्वारा दुकानदारों को पीओएस मशीन के माध्यम से शत-प्रतिशत बिक्री सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। अभियान के दौरान आबकारी निरीक्षक अच्छे लाल मिश्र अपने आबकारी स्टाफ के साथ उपस्थित रहे और पूरी कार्रवाई को प्रभावी ढंग से संपन्न कराया

उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के एनपीए ऋण ग्राहक राष्ट्रीय लोक अदालत में पाएं भारी छूट

हाथरस। उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक, क्षेत्रीय कार्यालय हाथरस ने घोषणा की है कि आगामी 09 मई 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में ग्राहक अपनी समस्याओं का समाधान पा सकते हैं। बैंक द्वारा पुराने ऋणों के निपटान के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है । बैंक ने उन ग्राहकों के लिए राहत का हाथ बढ़ाया है जो किन्हीं कारणों से अपने ऋण की किश्तें समय पर जमा नहीं कर पाए और जिनके खाते एक वर्ष पूर्व ‘एनपीए’ (NPA) की श्रेणी में आ चुके हैं ।

सहायक महाप्रबंधक आर. एस. वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि बैंक प्रबंधन ऐसे डिफ़ॉल्टर ग्राहकों को उनके पुराने ऋण खातों को बंद करने पर नियमानुसार आकर्षक छूट प्रदान कर रहा है। यह योजना उन लोगों के लिए एक बेहतरीन मौका है जो अपने बैंक रिकॉर्ड को सुधारना चाहते हैं और भविष्य के लिए वित्तीय बोझ से मुक्त होना चाहते हैं। हमारा उद्देश्य ग्राहकों को कानूनी उलझनों से बचाते हुए उन्हें राहत देना है। हम ग्राहकों से अपील करते हैं कि वे इस अवसर से न चूकें और अपनी नजदीकी शाखा या लोक अदालत में उपस्थित होकर इस विशेष छूट का लाभ उठाएं ।

ऐसे सभी ग्राहक राष्ट्रीय लोक अदालत का लाभ उठाने के लिए दीवानी कचहरी, हाथरस एवं बैंक की संबंधित शाखाओं के शाखा प्रबंधकों से मिलकर बैंक के नियमानुसार उपलब्ध छूट (Settlement) की जानकारी ले सकते हैं और आपसी सहमति से खाते को बंद करा सकते हैं । विशेष सुविधा के तहत तहसील सिकंदराराऊ क्षेत्र की विभिन्न शाखाओं के ग्राहकों के लिए एक अतिरिक्त काउंटर बैंक की सिकंदराराऊ शाखा पर लगाया जा रहा है l ग्राहक अपनी सुविधा के अनुसार शाखा सिकंदराराऊ में संपर्क कर अपने ऋण का निपटान कर सकते हैं ।

बैंक ने स्पष्ट किया है कि छूट का लाभ केवल बैंक के निर्धारित मानकों के तहत पात्र खाताधारकों को ही दिया जाएगा । अधिक जानकारी के लिए ग्राहक अपनी शाखा में संपर्क कर सकते हैं ।

मंडी में दिनदहाड़े चोरी मम्मले में उपजिलाधिकारी व क्षेत्राधिकारी सदर से मिले आढ़ती, सुरक्षा और चोरी के खुलासे की मांग , मंडी सुरक्षा में लगे खराब सीसीटीवी कैमरों और गार्ड को बताया औचित्यहीन

हाथरस। मण्डी परिसर में हुईं चोरी की घटना से व्यापारियों मे दहशत एवं आक्रोश व्याप्त है
हाथरस आढतिया एसोसिएशन का प्रतिनिधि मंडल उपजिलाधिकारी/सभापति राज बहादुर व क्षेत्राधिकारी सदर योगेंद्र कृष्ण नारायण से मिला
व्यापारियों ने अपना आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा के मंडी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त है सुरक्षा व्यवस्था में लगे संसाधन शोपीस बने हुए हैं दिनदहाड़े व्यापारी के यहां चोरी हो जाती है उसके बाद वारदात खोलने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा सीसीटीवी कैमरों को चेक किया जाता हैं तब मंडी परिसर में लगे हुए सभी सीसीटीवी कैमरे खराब मिलते हैं जिससे व्यापारियों में काफी आक्रोश
व्याप्त है जिस तरह से मंडी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था और संसाधनों के खराब होने से व्यापारी अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रहा है मंडी परिसर में स्थित गार्ड का जो कार्य है वह नहीं करते हैं और सुरक्षा की दृष्टि से मंडी परिसर में गस्त भी नहीं करते हैं जिससे चोरों के हौसले बुलंद हो गए हैं इन्हीं सब बातों का फायदा उठाते हुए कल व्यापारी के साथ इतनी बड़ी घटना हो जाती है फिर भी मंडी सचिव के द्वारा सीसीटीवी कैमरा को सही करने का कोई प्रयास नहीं किया जाता है ऐसे मंडी सुरक्षा में लगे गार्ड और सीसीटीवी कैमरों का कोई औचित्य नजर नहीं आता है जो मंडी परिसर में स्थित व्यापारियों की को सुरक्षा मुहैया करा सके या वारदात होने पर सीसीटीवी कैमरा की मदद से उनका खुलासा हो सके अंत में व्यापारियों ने सदर के दोनों अधिकारियों से मांग की इस चोरी का खुलासा जल्द से जल्द किया जाए और ऐसी वारदात को अंजाम देने वाले अपराधी का एनकाउंटर किया जाए जिससे भविष्य में इस तरह की व्यापारियों के साथ किसी भी घटना की पुनरावृत्ति ना हो सके सदर के दोनों अधिकारियों ने इस चोरी की घटना का जल्द से जल्द खुलासा का आश्वासन दिया है और मंडी की सुरक्षा व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं को जल्द से जल्द दुरुस्त करने का भी आश्वासन दिया है
प्रवीण वार्ष्णेय, उमाशंकर वार्ष्णेय, अरुण कुमार अग्रवाल, राजेश वार्ष्णेय,अंकुर अग्रवाल,योगेंद्र वार्ष्णेय,चौधरी भीकमबर सिंह,सौरव अग्रवाल-
,दीपक अग्रवाल,विनोद शर्मा,राकेश गुप्ता,नरेंद्र बंसल,कुलदीप,अमर शर्मा,मनोज,शिव शंकर गुलाटी-
,दीपक वार्ष्णेय,मयूर अग्रवाल ,भानु प्रकाश,मनीष अग्रवाल,विशन गुप्ता,पिन्नी लाल,अमित अग्रवाल,मुकेश बंसल,ऋतिक बंसल,पीयूष अग्रवाल,लक्ष्मण खंडेलवाल ,प्रमोद शर्मा आदि सैकड़ों व्यापारी उपस्थित रहे

महाराणा प्रताप जयंती पर हाथरस में शौर्य और संस्कृति का होगा संगम, भव्य शोभायात्रा ऊंट-घोड़ों के साथ राजसी संस्कृति की दिखेगी झलक ,नासिक ढोल और राजस्थानी नगाड़े होंगें आकर्षण

हाथरस। अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा द्वारा आगामी 9 मई दोपहर 1 बजे से हाथरस की धरा पर क्षत्रिय वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की स्मृति में एक अविस्मरणीय और ऐतिहासिक शोभायात्रा निकालने की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। इस बार की शोभायात्रा अपनी भव्यता और सांस्कृतिक विविधता के लिए जनपद में चर्चा का विषय बनी हुई है। कार्यक्रम के अध्यक्ष अनिल सिसोदिया ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष शोभायात्रा को और भी भव्य रूप दिया गया है। यात्रा में विशेष रूप से उज्जैन से आए डमरू दल और नासिक ढोल की गूँज और राजस्थान के पारंपरिक नगाड़ों की थाप आकर्षण का केंद्र रहेगी। इसके साथ ही, राजसी ठाट-बाट के साथ दर्जनों घोड़े और ऊंट यात्रा की शोभा बढ़ाएंगे। भारत के महान महापुरुषों की गौरवशाली गाथाओं को दर्शाती हुई मनमोहक झांकियां निकाली जाएंगी। नासिक के ढोल और विभिन्न बैंडों की सुमधुर प्रस्तुतियां पूरे मार्ग को भक्ति और शौर्य के रस में सराबोर कर देंगी। शोभायात्रा का शुभारंभ गौशाला रोड स्थित तुलसी स्मृति भवन से होगा, जहाँ आयोजन समिति द्वारा पधारे हुए सभी आगंतुकों और अतिथियों का भव्य स्वागत-सम्मान किया जाएगा। साथ ही यहाँ प्रसादी की भी उचित व्यवस्था रहेगी। शोभायात्रा के समापन पर दाऊजी महाराज मंदिर में एक विशाल प्रसादी वितरण का आयोजन होगा, जहाँ सभी भक्तजन प्रसाद ग्रहण करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी अनिल सिसोदिया के अनुसार, शोभायात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश महामंत्री (भाजपा) रामप्रताप सिंह चौहान उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम का शुभारंभ सिकंदराराऊ विधायक वीरेंद्र राणा द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया जाएगा। मुख्य वक्ता के रूप में एमएलसी मानवेंद्र सिंह गुरुजी और ब्रज क्षेत्र महामंत्री नागेन्द्र सिंह सिकरवार अपना उद्बोधन देंगे। इसके अतिरिक्त, पूर्व विधायक सुरेश प्रताप गांधी, यशपाल सिंह चौहान, राजवीर सिंह पहलवान, पूर्व एमएलसी राकेश सिंह राणा, और क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री मतेंद्र सिंह गहलोत व प्रदेश महासचिव योगेंद्र सिंह गहलोत सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग इस गौरवमयी यात्रा के साक्षी बनेंगे। यह शोभायात्रा तुलसी स्मृति भवन से शुरू होकर गौशाला रोड, भूरापीर चौराहा, मेंडू गेट चौराहा, सर्कुलर रोड, कमला बाजार, पंजाबी मार्केट, घंटाघर, बृजवाल कुआं, चुनावाला डंडा, लोहट बाजार, पत्थर वाला बाजार और नयागंज होते हुए दाऊजी महाराज मंदिर पर संपन्न होगी। आयोजक अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा ने समस्त जनपदवासियों से अपील की है कि इस ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक उत्सव में सहभागी बनकर इसे सफल बनाएं।

40 वर्षीय व्यक्ति ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, परिजनों में मचा कोहराम

हाथरस।थाना चंदपा क्षेत्र के गांव गढ़ी कछवा में एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया गया है कि 40 वर्षीय नरेंद्र पुत्र महाराज सिंह राजमिस्त्री का कार्य करता था तथा उसे शराब पीने की लत थी। परिजनों के अनुसार उसकी पत्नी कुछ दिनों पहले मायके चली गई थी, जिसके चलते वह मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। बीती शाम नरेंद्र ने नशे की हालत में अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी उस समय हुई जब परिजन उसे खाना खाने के लिए बुलाने पहुंचे। काफी देर तक कमरे से कोई आवाज नहीं आने पर परिजनों ने खिड़की से झांककर देखा तो नरेंद्र का शव फंदे पर लटका मिला। यह दृश्य देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई।
मृतक अपने पीछे पत्नी, चार बच्चों समेत परिवार के सदस्यों को रोता बिलखता छोड़ गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।

बूथ स्तर तक बनाये जायेगे पदाधिकारी, अपना दल(एस) के जिला कार्यालय पर हुई मासिक बैठक

हाथरस। अपना दल (एस) के जिला कार्यालय, रत्न गर्भा कॉलोनी इगलास रोड पर पार्टी की मासिक समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री भारत सरकार दीदी अनुप्रिया पटेल के निर्देशानुसार आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष रवि सारस्वत ने की। कार्यक्रम की शुरुआत भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर, सरदार वल्लभभाई पटेल एवं यशस्वी नेता डॉक्टर सोनेलाल पटेल के चित्रों पर माल्यार्पण कर की गई। बैठक में जिला अध्यक्ष रवि सारस्वत ने सभी विधानसभा अध्यक्षों को जोन अध्यक्ष एवं बूथ अध्यक्ष नियुक्त करने के निर्देश दिए। साथ ही पार्टी कार्यकर्ताओं से अपने घरों पर पार्टी का झंडा और नेम प्लेट लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अपना दल (एस) को बूथ स्तर तक मजबूत करना ही संगठन की प्राथमिकता है। इसी क्रम में नए सक्रिय सदस्यों को पार्टी से जोड़ा गया ताकि आगामी चुनावों में संगठन और अधिक मजबूती के साथ जनता के बीच कार्य कर सके। बैठक के दौरान पश्चिम बंगाल में एनडीए गठबंधन की सरकार बनने की खुशी में मिठाइयां भी वितरित की गईं तथा “यूपी की मजबूरी है, अनुप्रिया पटेल जरूरी है” के नारों से पूरा कार्यालय गूंज उठा।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से जिला उपाध्यक्ष केडी शर्मा, डॉ. बंगाली, जिला महासचिव अजीत अंबेडकर, विधानसभा अध्यक्ष धीरेंद्र चौधरी, अल्पसंख्यक मोर्चा जिला अध्यक्ष रवि खान, एससी-एसटी मंच जिला अध्यक्ष जमुना प्रसाद, महिला मंच जिला अध्यक्ष नीतू सारस्वत, युवा जिलाध्यक्ष विक्रम सिंह सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं सम्मानित समाजसेवी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

सादाबाद में निकली निशान यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, लहराए श्यामध्वज


सादाबाद। श्री खाटू श्याम मंदिर ट्रस्ट के बैनरतले आयोजित श्री खाटू श्याम मंदिर के पांचवें वार्षिकोत्सव के दूसरे दिन नगर पूरी तरह भक्ति और आस्था के रंग में रंगा नजर आया। इस अवसर पर निकाली गई भव्य श्री खाटू श्याम निशान यात्रा में हजारों की संख्या में श्यामभक्तों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर श्रद्धा की अनुपम मिसाल पेश की।
निशान यात्रा के दौरान श्रद्धालु हाथों में श्याम ध्वज लहराते हुए “जय श्री श्याम” और “हारे के सहारे” के गगनभेदी जयकारों के साथ नगर की गलियों से गुजरे। पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। यात्रा मार्ग में जगह-जगह लोगों ने अपने घरों की छतों से पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया, जिससे दृश्य अत्यंत भावविभोर करने वाला बन गया। निशान यात्रा का शुभारंभ नगर के महाराजा अग्रसेन सेवा सदन से विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके बाद श्रद्धालुओं का विशाल कारवां आगे बढ़ा। यात्रा में सजे-धजे रथ पर विराजमान बाबा श्याम की मनमोहक झांकी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। भक्तों ने रथ के समक्ष आरती उतारकर बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया। यात्रा में सूरजगढ़ से आए हजारीलाल इंदौरिया एवं उनकी टीम ने विशाल निशान के साथ अपनी प्रस्तुति से माहौल को और भी भक्तिमय बना दिया। श्यामभक्तों के साथ उनके नृत्य और उत्साह ने यात्रा में नई ऊर्जा का संचार किया। इस दौरान पूर्व विधायक देवेंद्र अग्रवाल एवं युवा समाजसेवी धर्मेंद्र गौतम ने भी यात्रा में सहभागिता करते हुए भक्तों के साथ जयकारे लगाए और पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं का उत्साहवर्धन किया। आगे चल रहे बैंड की मधुर धुनों पर श्रद्धालु झूमते-नाचते नजर आए और गुलाब के फूलों की वर्षा कर भक्ति की भावना व्यक्त की। निशान यात्रा में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न स्थानों पर पानी, शर्बत आदि की समुचित व्यवस्था की गई थी। इस भव्य आयोजन में पुरुषों के साथ-साथ महिला श्रद्धालुओं की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही। सिर्फ सादाबाद ही नहीं, बल्कि बिसावर, सहपऊ, कुरसंडा, मई सहित हाथरस, अलीगढ़ और आगरा से भी बड़ी संख्या में श्यामभक्त इस पावन यात्रा में शामिल हुए। श्रद्धालु नाचते-गाते हुए मुख्य बाजार, रोडवेज बस स्टैंड, विनोवा नगर चौराहा होते हुए अंततः श्री खाटू श्याम मंदिर पहुंचे। मंदिर पहुंचकर भक्तों ने श्रद्धापूर्वक बाबा श्याम को निशान अर्पित किए, विधिवत दर्शन किए और अपने जीवन में सुख-शांति व समृद्धि की कामना की। यात्रा के समापन पर पूर्व विधायक देवेंद्र अग्रवाल द्वारा सभी भक्तों को प्रसादी वितरित की गई। श्री खाटू श्याम मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारी रजत अग्रवाल ने बताया कि इस वर्ष की निशान यात्रा में रिकॉर्ड भीड़ देखने को मिली।

You cannot copy content of this page