हाथरस। जनपद हाथरस के ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी विद्यालयों के सामने बदहाल रास्तों और मूलभूत सुविधाओं की समस्या को लेकर एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक ह्यूमन राइट्स (एडीएचआर) ने आवाज उठाई। संगठन के राष्ट्रीय महासचिव प्रवीन वार्ष्णेय के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने प्रभारी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी गिरिराज सिंह को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में पूर्व माध्यमिक विद्यालय नगला मथु, मुरसान तथा प्राथमिक विद्यालय जंगला, सादाबाद के मुख्य प्रवेश मार्गों की बदहाल स्थिति का उल्लेख किया गया। एडीएचआर के अनुसार नगला मथु विद्यालय के मुख्य गेट के सामने बारिश के बाद कीचड़ और दलदल की स्थिति बन जाती है, जिसके कारण छात्र-छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है और उनके फिसलकर गिरने का खतरा बना रहता है। वहीं जंगला स्थित प्राथमिक विद्यालय के मुख्य गेट के सामने जलभराव, कीचड़ और गहरे गड्ढों के कारण बच्चों के साथ-साथ ग्रामीणों और राहगीरों को भी आवागमन में परेशानी हो रही है। संगठन ने बताया कि यह मार्ग ग्रामीणों के लिए भी महत्वपूर्ण बाईपास मार्ग है, जिससे प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं।
एडीएचआर ने मांग की कि दोनों विद्यालयों के सामने से तत्काल कीचड़ व दलदल हटाकर रास्तों को आवागमन योग्य बनाया जाए तथा स्थायी समाधान के लिए पक्का मार्ग और उचित जल निकासी/नाली की व्यवस्था कराई जाए। साथ ही दोनों विद्यालयों का स्थलीय निरीक्षण कराकर अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं की भी जांच कराने की मांग की गई। प्रवीन वार्ष्णेय ने कहा कि सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। बच्चों को कीचड़ और दलदल से होकर विद्यालय पहुंचने के लिए मजबूर होना गंभीर चिंता का विषय है। ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने संबंधित अधिकारियों से अविलंब कार्रवाई और स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की। एडीएचआर ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय में समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो बच्चों के अधिकार और जनहित के मुद्दे पर संगठन लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। जिलाध्यक्ष कमलकांत दोवराबाल ने कहा, _”सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों को भी सुरक्षित, स्वच्छ और सम्मानजनक माहौल मिलना उनका संवैधानिक अधिकार है। बच्चों को कीचड़ से होकर स्कूल जाने के लिए मजबूर करना अनुच्छेद 21 और RTE Act 2009 का उल्लंघन है। इस दौरान प्रभारी BSA गिरिराज सिंह ने ज्ञापन लेकर तत्काल संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित कर स्थलीय रिपोर्ट तलब करने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में एडीएचआर के राष्ट्रीय महासचिव प्रवीन वार्ष्णेय के साथ जिलाध्यक्ष कमलकांत दोवराबाल, जिला कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल, राजेश वार्ष्णेय आदि पदाधिकारी मौजूद रहे।
हाथरस। ऊंची उठाकर सड़क बनाने एवँ नाली निर्माण की खामियों व जलभराव को लेकर हाथरस नगर पालिका क्षेत्र के विवेकानंद नगर निवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। घरों से निकल कर महिला ,पुरूष और बच्चों ने सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन और जमकर नारेबाजी की। नायब तहसीलदार और ईओ ने मौके पहुँचकर प्रदर्शनकारियों से वार्ता की लेकिन प्रदर्शनकारी तुरंत कार्यवहीँ पर अड़े रहे। मौके से बापस जा रहे ईओ की गाड़ी के आगे महिला व पुरुष बैठ गये। करीब एक घंटे ईओ को घेरे रखा। भरी पुलिस फोर्स ने मौके पर पहुँचकर स्थिति को सँभाला। प्राप्त जानकारी के अनुसार अलीगढ़ रोड स्थित विवेकानंद नगर में सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर का निवास है। बताते है कि जिस गली में विधायक का आवास है उस गली को वर्ष अक्टूबर 2022 में नगर पालिका द्वारा बनवाया गया था। स्थानीय निवासियों का कहना है कि सड़क बिल्कुल ठीक और नई थी कहीं से टूटी या खराब नही हुई थी। अचानक एक दिन सड़क ऊंची करने की बात कह कर कुछ लोगों ने सड़क को उखाड़ दिया और इंटरलॉकिंग टाइल्स भी ट्रेक्टर में भरकर ले गये। इसके बाद सड़क के दोनों और नाली निर्माण कार्य शुरू हो गया।
विवाद तब बढ़ गया जब सदर विधायक के आवास के शुरूआत और अंत तक नाली को बीच रास्ते से काटकर दूसरी साइड की नाली की ओर डाईबर्ट कर दिया गया। सड़क एवँ नाली ऊंची होने के कारण पीछे निवास करने वालों की गली में जलभराव होने लगा। जलभराव से परेशान स्थानीय निवासी महिला व पुरुष आज सड़क पर आकर प्रदर्शन करने लगे। उनका कहना था कि उन्होने सम्बंधित समस्या को लेकर ईओ को 14 अगस्त को प्रर्थना पत्र दिया था लेकिन ईओ ने कोई कार्यवाही नही की। कार्यवाही न होने और जलभराव को लेकर आज सड़कों पर प्रदर्शन को मजबूर होना पड़ा। करीब 2.5 घंटे चले प्रदर्शन के बाद पालिका की जेसीबी ने आकर डायबर्ट की गई नालियों को मिट्टी से ढका ओर नालियों को खोला। जिसके बाद प्रदर्शनकारी वापस लौट गये।
एसी में बैठे रहे ईओ, गर्मी में बेहाल रहे प्रदर्शनकारी
प्रदर्शन कर रहे विवेकानंद नगरवासी जलभराव दूर करने के लिये नाली खुलवाने की मांग करते रहे लेकिन ईओ गाड़ी में जाकर बैठ गये।ईओ के व्यवहार से नाराज प्रदर्शनकारी महिला पुरुष गर्मी में सड़क पर ही ईओ की गाड़ी के आगे बैठकर नारेबाजी करते रहे। करीब एक घंटे से अधिक प्रदर्शनकारीयों ने ईओ की गाड़ी को जाने नही दिया। गर्मी से बेहाल प्रदर्शन कर रहे महिला व पुरुषों को पास के ही दुकानदारों ने पानी पिलाया।
सादाबाद। गांव नगला मान सहाय निवासी चर्चित चौधरी ने अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर ’’विश्वविद्यालय अनुदान आयोग की राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा, जून 2026 में सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा आयोजित इस परीक्षा का परिणाम 28 अगस्त की देर रात जारी किया गया। इसमें चर्चित चौधरी ने 96.66 अंक’’ प्राप्त कर सहायक प्राध्यापक पद के लिए पात्रता हांसिल की। चर्चित चौधरी, नगला मान सहाय निवासी युवराज सिंह के सुपुत्र एवं पूर्व ग्राम प्रधान बनी सिंह के पौत्र हैं। विशेष बात यह है कि उन्होंने यह महत्वपूर्ण सफलता एमए प्रथम वर्ष में अध्ययनरत रहते हुए ही हासिल की है। चर्चित चौधरी की इस उपलब्धि से परिवार, रिश्तेदारों और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है। परिजनों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। शिक्षक केरम सिंह व अन्य क्षेत्रवासियों ने कहा कि चर्चित चौधरी ने अपनी मेहनत और लगन से यह उपलब्धि हासिल कर युवाओं के लिए प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है। उनकी सफलता से पूरे क्षेत्र में गौरव और उत्साह का माहौल है
सादाबाद। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर हाथरस रोड स्थित एमडी हॉस्पिटल परिसर में रविवार को खेल प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में एथलेटिक्स, क्रिकेट, ताइक्वांडो समेत विभिन्न खेलों में जिला, राज्य एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। समारोह के आयोजक समाजसेवी धर्मेंद्र गौतम ने कहा कि सादाबाद विधानसभा क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। जरूरत है कि इन प्रतिभाओं को उचित मार्गदर्शन और बेहतर मंच उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के युवा प्रतिभाशाली खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हाथरस जिले का नाम रोशन करने की क्षमता रखते हैं। खिलाड़ियों को सम्मानित करने का उद्देश्य उन्हें प्रोत्साहित करना है, ताकि वे अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर लगातार आगे बढ़ते रहें। कार्यक्रम में ताइक्वांडो के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी डॉ. संतोष सिंह’ और एथलेटिक्स के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मोहन सिंह आर्य ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल में निरंतर मेहनत करने के साथ-साथ अपनी पढ़ाई भी जारी रखने का आह्वान किया। युवा खिलाड़ी ’’अजरूहद्दीन’’ ने भी खिलाड़ियों को मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर समाजसेवी धर्मेंद्र गौतम ने एथलेटिक्स खिलाड़ियों हरीश चौधरी, अनमोल बघेल, समीर खान, कृष्णा, कान्हान कुमार, योगेश कुमार, वंश चौधरी, अंश शर्मा, रितु चौधरी, काव्या चौधरी, मनी शर्मा और तनीष चौधरी के अलावा मोहन सिंह आर्य, डॉ. संतोष कुमार और अजरूहद्दीन को स्मृति चिह्न एवं पटका पहनाकर सम्मानित किया। समारोह में ’’अनिका गौतम, आरबी गौतम’’ सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
हाथरस। श्री वेद भगवान सनातन धर्म सभा के प्रतिनिधिमंडल ने सभा के अध्यक्ष डॉ. जितेंद्र स्वरूप शर्मा ‘फौजी’ के नेतृत्व में जिलाधिकारी एवं मेला रिसीवर श्री अतुल वत्स को ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि श्री वेद भगवान की शोभायात्रा निकलने के बाद ही ऐतिहासिक श्री दाऊजी महाराज मेले का शुभारंभ होता है। यह परंपरा मेला प्रारंभ होने के समय से ही निरंतर चली आ रही है। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि इस वर्ष श्री वेद भगवान की शोभायात्रा गणेश चतुर्थी, 14 सितंबर को तथा देव छठ 17 सितंबर को मनाई जाएगी।
इस अवसर पर श्री वेद भगवान में आयोजित होने वाले विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तिथि एवं कार्यक्रमवार जानकारी का पत्र भी जिलाधिकारी को सौंपा गया। तत्पश्चात मंत्रोच्चारण के साथ जिलाधिकारी श्री अतुल वत्स का श्री वेद भगवान की प्रसादी स्वरूप पटका पहनाकर स्वागत किया गया।
जिलाधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि प्रशासन की ओर से श्री वेद भगवान के कार्यक्रमों में पूर्ण सहयोग प्रदान किया जाएगा। साथ ही कार्यक्रमों के लिए पूर्व में प्रदान की जाने वाली धनराशि के संबंध में भी सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया।
प्रतिनिधिमंडल में पूर्व महोत्सव सभापति शौर्य शर्मा सर्राफ, आचार्य बागीश दत्त गौड़, आचार्य मनोज द्विवेदी, पं. जयशंकर पाराशर, श्री भंवर सिंह पोरुस, पूर्व बीएसए, बृजेश वशिष्ठ, अध्यक्ष शिक्षा मित्र तथा पं. हेमेंद्र कुमार शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
अंत में “श्री वेद भगवान की जय” एवं “दाऊजी महाराज की जय” के जयघोष के साथ ज्ञापन कार्यक्रम संपन्न हुआ।
हाथरस। भारत विकास परिषद संस्कार शाखा द्वारा बुधवार को आगरा रोड, स्थित एक पैलेस में सावन महोत्सव का भव्य एवं रंगारंग आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य परिषद परिवार के सदस्यों में आपसी प्रेम, सौहार्द, संस्कार एवं पारिवारिक एकता की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना रहा। भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद जी के चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर तत्पश्चात वंदे मातरम् के साथ कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ अध्यक्ष कमलेश जैन एवं मुख्य अतिथि श्री जे.के. अग्रवाल , प्रिंसिपल दून पब्लिक स्कूल , श्री गौरव आर्य , पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा एवं राष्ट्रीय स्वंय सेवक संघ के जिला प्रचारक जितेंद्र की गरिमामयी उपस्थिति मे हुआ। सावन महोत्सव में परिषद परिवार के सदस्यों का पारंपरिक एवं आत्मीय स्वागत किया गया,सभी मातृशक्तियों को सुंदर चुनरी ओढ़ाकर तथा पुरुष सदस्यों को दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया गया। इस आत्मीय स्वागत से पूरे कार्यक्रम का वातावरण खुशनुमा, पारिवारिक एवं उत्साहपूर्ण बन गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों एवं सदस्यों के लिए चटपटे एवं स्वादिष्ट व्यंजनों से जलपान की विशेष व्यवस्था की गई। सभी ने स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लिया। कार्यक्रम के उपरांत सामूहिक रात्रिभोज का भी आयोजन किया गया, जिसमें सभी सदस्यों ने पारिवारिक वातावरण में भोजन का आनंद लिया, सांस्कृतिक कार्यक्रम परिषद के सभी सदस्यों ने पूरे उत्साह, उमंग एवं जोश के साथ कार्यक्रम में सहभागिता कर मनमोहक नृत्य, गीत, कॉमेडी एवं विभिन्न मनोरंजक प्रस्तुतियाँ दी गईं। सभी प्रस्तुतियों में सावन की मस्ती,देश भक्ति,प्रेम,दोस्ती उत्साह और पारिवारिक आनंद की सुंदर झलक देखने को मिली। सभी दायित्व धारियों की शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों एवं परिषद परिवार के सभी सदस्यों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान तालियों एवं उत्साह से वातावरण गूंजता रहा।
सभी प्रतिभागियों का सम्मान एवं उनको उपहार वितरण किया। कार्यक्रम में प्रतिभागिता करने वाले सभी सदस्यों को आकर्षक उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। सावन महोत्सव केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि परिषद परिवार के आपसी प्रेम, एकता सेवा,संस्कार, सहयोग एव समर्पण का सुंदर उत्सव बनकर सामने आया। अंत में भारत विकास परिषद, संस्कार शाखा हाथरस के अध्यक्ष कमलेश जैन,सचिव अंकुल जैन,कोषाध्यक्ष अंकित वाष्णैय, महिला सहभागिता सीमा वाष्णैय ने सभी मुख्य अतिथियों का स्वागत सम्मान एवं सभी को स्मृति चिन्ह भेंट किया। संस्कार शाखा परिवार में कल दो नये दंपत्ति पहले स्वर्ण पैलेस के मालिक शिवम जैन – शिखा जैन एवं दूसरे दून पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य जे० के० अग्रवाल – नम्रता अग्रवाल ने परिषद के संस्कारित, पारिवारिक वातावरण से प्रभावित होकर परिषद की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम का सफल एवं मनोरंजन से भरपूर संचालन एंकर विशाल जैन एवं खुशबू जैन ने किया और सभी दंपत्तियों का युगल गेम कराकर एवं मनोरंजन सरप्राइज पूछकर उन्हे आनंदित किया।
मातृशक्तियों की बहुत ही सुंदर प्रस्तुतियों ने सभी को भाव विहोर कर दिया जिसमे शिल्पी गोयल, रुपाली अग्रवाल, उषा गुप्ता, प्रीति जैन एवं अन्य के द्रारा भारत देश की सभी राज्यों की वेशबूसा में शानदार प्रस्तुति देकर सभी को अचंभित कर दिया। दीपक वशिष्ठ, रेनू खंडेलवाल-नीतू अग्रवाल ने कामेडी प्रस्तुत की, देवेंद्र , राकेश वाष्णैय उमा शंकर गुप्ता, शालिनी अग्रवाल एवं अध्यक्ष कमलेश जैन के सामूहिक गायन ने शमा बांध दिया, सी.ए. भूषण अग्रवाल जी ने अपने वांशुरी वादन से सभी को मंत्र मुग्ध किया, प्रीति- रशमि वाष्णैय, श्रीमति प्रियवंदा गर्ग-विजय कृष्ण गर्ग, राकेश वाष्णैय – मालती जी, रुचि-अनुराग व अनूप जैन-सारिका जैन बहुत ही सुंदर युगल नृत्य प्रस्तुत किया । संस्कार शाखा के समस्त दायित्व धारियों अंकित – सोनम, सीमा-देवेंद्र, मनोज-शालिनी, रुचि-कृष्ण कुमार, अंकुल-खुशबू, राहुल-अक्षिता, प्रवीन-अनुजा, प्रवीन-नीतू, एवं अध्यक्ष कमलेश-उषा जैन ने संयुक्त रुप से तैयार की सुंदर मैलोडी को देख सभी उपस्थित जन समुह की तालियों ने संपूर्ण वातावरण को गुंजायमान कर दिया। अंत मे अध्यक्ष कमलेश जैन ने अध्यक्षीय उदवोधन एवं सचिव अंकुल जैन एवं सीमा वाष्णैय सभी पुरुष व महिला सदस्यों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों का हार्दिक आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया गया। कार्यक्रम के संयोजन में मुख्य सीमा वाष्णैय के साथ उषा जैन,नीतू अग्रवाल,अक्षिता शर्मा, खुशबू जैन एवं सोनम वाष्णैय, अंकित वाष्णैय, मनोज अग्रवाल राया वालों अहम भूमिका निभाई। कार्यक्रम में मुख्य रूप से विकास रत्न सतीश चंद्र गोयल, अनिल वार्ष्णेय जी, अति सम्मानित सदस्य श्री मुरारी लाल जी अग्रवाल, ऋषि बंसल जी, सुभाष खेमका जी, विजय कृष्ण गर्ग जी, राजकुमार अग्रवाल जी, कपिल अग्रवाल जी, पूर्व अध्यक्ष सौरभ अग्रवाल जी, हरीश वार्ष्णेय जी, संजय वार्ष्णेय जी, दीपक जी, गगन जैन जी मोहित अग्रवाल जी, विवेक मल्होत्रा, गजाधर अग्रवाल, विकास अग्रवाल, विजय अग्रवाल, मनोज अग्रवाल जीएसटी, कृष्ण कुमार अग्रवाल गौरी गारमेंट, नितिन अग्रवाल, पारस मित्तल मनीष अग्रवाल, आकाश अरोड़ा, डॉ मनोज शर्मा, राकेश वार्ष्णेय जी, विवेक वार्ष्णेय, कपिल वार्ष्णेय ,मोहित मित्तल, संकेत जैन, जस मित्तल, प्रतीक अग्रवाल, सौरभ कोठारी, चिराग गोयल, अमित अग्रवाल, प्रवीन अग्रवाल, नवीन खंडेलवाल, भगवत स्वरूप गर्ग, अनूप जैन, विकास मित्र लकी कंसल, अंकित वाष्र्णेय, मदन मोहन वार्ष्णेय, आनंद गोयल जी, दुर्गेश गुप्ता जी, राहुल शर्मा जी, प्रवीण कुमार वर्मा, अनुराग महेश्वरी, सौरभ गुप्ता, संजय गर्ग जी, दीपक वशिष्ठ, योगेश बंसल, आशीष अग्रवाल, नितिन माहेश्वरी, नीरज शर्मा, सी ए भूषण अग्रवाल, देवेंद्र कुमार वाष्र्णेय, सुधीर अग्रवाल, स्वतंत्र गुप्ता एवं मातृशक्ति में अक्षिता शर्मा, नीतू अग्रवाल, रुचि माहेश्वरी, अंजलि कंसल, कोमल माहेश्वरी, प्रीति वार्ष्णेय, रुचि अग्रवाल, वंदना वार्ष्णेय, विनीता अग्रवाल, शालिनी अग्रवाल, अनुजा गौतम, प्रीति जैन सुनीता जैन, रश्मि गुप्ता, प्रियंवदा गर्ग, मालती वार्ष्णेय, लता अग्रवाल, सुधा बंसल एवं अन्य महिलाओं की कार्यक्रम में उपस्थिति रही।
हाथरस। श्री दाऊजी महाराज किला स्थित श्री वेद भगवान सनातन धर्म सभा (रजि.), हाथरस के सानिध्य में विश्व शांति, आपसी सद्भावना, भाईचारे एवं ग्रह शांति की कामना को लेकर श्री विष्णु यज्ञ का आयोजन किया गया। श्रावण मास शुक्ल पक्ष पूर्णिमा, शुक्रवार, संवत 2083 तदनुसार 28 अगस्त 2026 को श्री वेद भगवान शिविर में धार्मिक अनुष्ठान विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ।
यज्ञ से पूर्व सर्वप्रथम भगवान गणेश की विधि-विधान से स्थापना की गई। इसके पश्चात ऋग्वेद, यजुर्वेद, सामवेद एवं अथर्ववेद की मंत्रोच्चार के साथ चार कलशों में स्थापना की गई। कलशों को अंगवस्त्र एवं फूल मालाओं से सजाया गया। श्री वेद भगवान के चित्रपटों को भी पुष्प मालाओं से सुशोभित किया गया तथा श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया।
आचार्य बागीषदत्त गौड़ एवं श्री वेद भगवान सनातन धर्म सभा के अध्यक्ष डॉ. जितेंद्र स्वरूप शर्मा के सानिध्य में मुख्य यजमान नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती श्वेता चौधरी को श्री वेद भगवान के प्रसाद स्वरूप पीत पटिका पहनाकर सम्मानित किया गया।
पं. जयशंकर पाराशर, पं. आदित्य स्वरूप शर्मा एवं पं. देव स्वरूप शर्मा सहित अन्य विद्वानों ने यज्ञ एवं पूजन में सहभागिता की। इस दौरान लक्ष्मी नारायण भगवान की पूजा-अर्चना भी की गई। 1101 आहुतियों के विष्णु यज्ञ, 111 आहुतियों के गायत्री मंत्र यज्ञ तथा 701 आहुतियों के लक्ष्मी नारायण विष्णु यज्ञ की पूर्णाहुति के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुआ।
यज्ञ की व्यवस्थाओं को पं. जयशंकर पाराशर एवं पं. सत्येंद्र स्वरूप शर्मा द्वारा व्यवस्थित रूप से संभाला गया।
श्री वेद भगवान एवं श्री लक्ष्मी नारायण भगवान के जयकारों से पूरा परिसर गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालुओं ने “धर्म की जय हो, अधर्म का नाश हो, प्राणियों में सद्भावना हो, विश्व का कल्याण हो” सहित गौ माता, भारत माता, बलदेव बाबा, रेवती मैया एवं सभी देवी-देवताओं के जयकारे लगाए। “पार्वती पतये हर-हर महादेव” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो गया।
अंत में सभी भक्तजनों को प्रसाद वितरित किया गया। इसके साथ ही श्री विष्णु यज्ञ का आयोजन श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ।
रक्षाबंधन सांप्रदायिक सद्भाव और विश्व बंधुत्व की कामना करने वाला पर्व है : बी के शांता बहिन
हाथरस। प्रजापिता ब्रहमाकुमारी ईश्वरीय विश्व विदयालय के अलीगढ रोड स्थित आनन्दपुरी कालोनी केन्द्र द्वारा केंद्र प्रभारी बी के शांता बहिन के सानिध्य में रक्षाबंधन के अवसर पर समाज की हर वर्ग को पवित्रता का पावन सूत्र रक्षा सूत्र बांधा गया। प्रातकालीन क्लास में सभी ब्रह्मा बच्चों को सर्वप्रथम रक्षा सूत्र बांधा गया तदुपरांत समाज के विभिन्न वर्ग के लोगों को जिसमें डॉक्टर, व्यापारी , धर्मगुरु,पत्रकार आदि शामिल थे। इस अवसर पर आनंदपुरी कॉलोनी केंद्र पर ब्रह्मा बत्सों को संबोधित करते हुए बीके शांता बहन ने कहा कि भारतीय सनातन संस्कृति के मानवीय जीवन मूल्य को आत्मसात करने वाला पावन पर्व रक्षाबंधन सांप्रदायिक सद्भाव और विश्व बंधुत्व की प्रेरणा प्रदान करता है। आरंभ में ब्राह्मणों द्वारा सभी के मंगल की कामना करते हुए रक्षा सूत्र बांधा जाता था। कालांतर में यह बहन और भाई के पवित्र प्रेम त्याग और सहयोग का प्रतीक बना। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की पवित्र ब्रह्मचारिणी बहनों द्वारा प्रत्येक वर्ष यह पवित्र रक्षा सूत्र समाज के हर वर्ग को बांधकर उनके मंगल की कामना की जाती है।
इस अवसर पर बहिनों द्वारा एक या अधिक देवी गुणों को धारण करने और किसी भी बुराई अथवा आपको जो उन्हें तंग करता हूं उसे छोड़ने का आग्रह करते हैं। समाज के हर वर्ग को जीवन से विकारों को निकाल कर दिव्यता अपनाने का संकल्प दिया गया | टीम में बी के शांता बहिन के अलावा उमा बहिन, गजेन्द्र भाई , दिनेश भाई आदि शामिल थे
हाथरस। मुख्य विकास अधिकारी पीएनओ दीक्षित ने विकास भवन स्थित कार्यालयों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय में सात अधिकारी एवं कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए।
निरीक्षण आख्या के अनुसार श्री मनीष कुमार गौतम, वनसहायक, सिंचाई विभाग 25 अगस्त से 27 अगस्त तक अनुपस्थित मिले। इसके अलावा श्री गौरव जैन, डीपीएम, श्री राजीव कुमार लेखाकार (एसबीएम), श्री अजीत कुमार, डीपीएमओ, श्री राहुल सिंह, डीसीओ, श्री विशाल गर्ग, डीसीओ तथा श्री हुकुम सिंह, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) भी कार्यालय में अनुपस्थित पाए गए।
निरीक्षण के दौरान श्री अजीत कुमार की उपस्थिति पंजिका में हस्ताक्षर पाए गए, जबकि वे कार्यालय में उपस्थित नहीं थे। आख्या में इस स्थिति को अत्यंत खेदजनक बताते हुए इसे कर्मचारी आचरण नियमावली के प्रतिकूल माना गया है।
मुख्य विकास अधिकारी ने अनुपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों का 27 अगस्त 2026 का वेतन/मानदेय अग्रिम आदेशों तक रोकने के निर्देश दिए हैं। साथ ही संबंधित कार्यालयाध्यक्षों को अनुपस्थित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण प्राप्त कर स्पष्ट मन्तव्य सहित पत्रावली प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
हाथरस। सरकार द्वारा सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने और आम उपभोक्ताओं को बिजली बिल में राहत देने के उद्देश्य से चलाई जा रही योजनाओं पर सवाल खड़े हो रहे हैं। हाथरस के मुंशी गजाधर सिंह मार्ग निवासी 91 वर्षीय अति वरिष्ठ नागरिक श्रीमती सुनीता कुमारी ने आरोप लगाया है कि उनके आवास पर स्थापित सोलर सिस्टम से उत्पादित बिजली की रीडिंग पिछले दो महीनों से मुख्य बिजली मीटर की रीडिंग से समायोजित (नेट मीटरिंग) नहीं की जा रही है। परिणामस्वरूप उन्हें हर माह पूरा बिजली बिल जमा करना पड़ रहा है।
श्रीमती सुनीता कुमारी का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (डीवीवीएनएल) के अधिकारियों से लगातार शिकायतें की हैं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। उनके अनुसार विभागीय लापरवाही के कारण सोलर सिस्टम का कोई आर्थिक लाभ उन्हें नहीं मिल पा रहा है। इस सम्बन्ध में मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर दिनांक 14.07.2026 को की गई शिकायत को मेरी शिकायत का बिना समाधान किये दिनांक 21.07.2026 को निस्तारण किये गलत तरीके से हटा दिया जिसकी सूचना मुझे मोबाइल पर एस.एम.एस. के माध्यम से प्राप्त हुई ।
उन्होंने कहा कि जुलाई 2026 माह में ₹ 2935/- तथा अगस्त 2026 के बिजली बिल में 623 यूनिट की खपत दर्शाते हुए ₹3,689.60 का बिल जारी किया गया है, जबकि सोलर प्लांट से उत्पादित बिजली का समायोजन नहीं किया गया। उनका कहना है कि यदि सोलर की बिजली का समुचित समायोजन हो जाए तो बिल में उल्लेखनीय कमी आ सकती है।
91 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने भावुक अपील करते हुए कहा,
“यदि विभाग हमारे सोलर की रीडिंग को बिल में समायोजित नहीं कर सकता, तो कृपया हमारा सोलर सिस्टम ही हटवा दीजिए । कम से कम बार-बार शिकायत करने और मानसिक तनाव झेलने से तो मुक्ति मिलेगी।”
उन्होंने राज्य सरकार और विद्युत निगम के उच्च अधिकारियों से अनुरोध किया है कि उनके मामले की निष्पक्ष जांच कराकर शीघ्र समाधान कराया जाए, ताकि उन्हें सोलर ऊर्जा योजना का वास्तविक लाभ मिल सके।
यह मामला न केवल एक अति वरिष्ठ नागरिक की परेशानी को उजागर करता है, बल्कि सौर ऊर्जा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो इससे सोलर ऊर्जा अपनाने वाले अन्य उपभोक्ताओं का भी विश्वास प्रभावित हो सकता है।
“छत पर सोलर, फिर भी पूरा बिजली बिल: 91 वर्षीय महिला तीन माह से न्याय की आस में”