Breaking News
जनपद में पेट्रोल – डीजल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध , डीएम ने किया पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण , अफवाहों पर ध्यान न देंने की अपील

हाथरस। जनपद में पेट्रोल-डीजल की कमी के संबंध में प्राप्त हो रही अफवाहों के दृष्टिगत जिलाधिकारी अतुल वत्स ने मथुरा रोड तथा शहर में संचालित विभिन्न पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण कर यथास्थिति का जायजा लिया तथा लोगों को सुचारु रूप से आपूर्ति प्रदान करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने चूना वाला, बल्क कैरियर एवं एग्रो सर्विस सेंटर सहित विभिन्न पेट्रोल पंपों के निरीक्षण के दौरान पाया कि स्थिति पूर्णतः सामान्य है। कहीं भी लाइन लगाकर पेट्रोल भरवाने जैसी कोई स्थिति नहीं है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पेट्रोल पंप संचालकों से वार्ता कर पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता तथा भुगतान के माध्यम (ऑनलाइन/ऑफलाइन) के संबंध में जानकारी प्राप्त की। पेट्रोल पंप संचालकों द्वारा अवगत कराया गया कि उनके पास पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल-डीजल उपलब्ध है तथा ग्राहकों से ऑनलाइन एवं नकद, दोनों माध्यमों से भुगतान लिया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने मौके पर उपस्थित ग्राहकों से भी बातचीत कर यह जानकारी ली कि पेट्रोल-डीजल निर्धारित दरों पर उपलब्ध कराया जा रहा है या नहीं। इस पर लोगों ने बताया कि उन्हें निर्धारित दरों पर ही पेट्रोल-डीजल प्राप्त हो रहा है तथा किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं है।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि जनपद में पेट्रोल-डीजल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है, अतः घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। सभी लोग सामान्य रूप से अपनी आवश्यकता के अनुसार पेट्रोल-डीजल प्राप्त करें तथा अफवाहों पर ध्यान न दें। यदि कहीं कोई समस्या उत्पन्न होती है तो तत्काल जिला प्रशासन को सूचित करें।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक, उप जिलाधिकारी सदर, जिला पूर्ति अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

भक्तों की आस्था का केंद्र है बिसावर का बृजेश्वरी देवी मां का मंदिर

सादाबाद। ग्राम पंचायत बिसावर के मजरा नगला मदारी में स्थित करीब 100 साल से अधिक पुराना प्राचीन बृजेश्वरी देवी का मंदिर भक्तों की आस्था का केंद्र बना हुआ है। मान्यता है कि यहां जो भक्त सच्चे मन से अपनी मुराद लेकर आता है, उसकी मुराद जरूर पूरी होती है। गांव में यह मंदिर नहर किनारे बना हुआ है। गांव के बुजुर्गों का कहना है कि इस मंदिर में विराजमान देवी प्रतिमा को नगरकोट से गांव के बन्नो भगत और रामगोपाल पैदल लेकर आए थे। इस मंदिर के प्रति आसपास के लोगों की विशेष आस्था है। हर बार नवरात्र में यहां दूर-दूर से भक्तों का आना-जाना लगा रहता है

  • मां आदिशक्ति बृजेश्वरी देवी का मंदिर काफी पुराना है। यहां आने वाले हर भक्त की मनोकामना पूर्ण होती है। कई ऐसे भक्त हैं, जो हर साल मातारानी की पोशाक व श्रृंगार का सामान अर्पण करने आते हैं।- रूपेश भगत, मंदिर पुजारी।
सादाबाद में पेट्रोल के लिए हंगामा, लंबी लाइनें, पुलिस की मौजूदगी में मिली पेट्रोल

सादाबाद। मिडिल ईस्ट में भारी तनाव के चलते जहां लोग पहले से ही एलपीजी की किल्लत से जूझ रहे हैं, वहीं अब पेट्रोल डीजल के रेट में हुई वृद्धि ने मंहगाई का बड़ा झटका दिया है। सादाबाद में नायरा एनर्जी के पंपों पर भी पेट्रोल पंाच रूपये महंगा हो गया। हालांकि अन्य कंपनियों के पेट्रोल पंपों पर अभी पुराने रेट ही लागू हैं। ऐसे में सादाबाद में गुरूवार को कुछ पेट्रोल पंपों पर वाहनों में पेट्रोल भरवाने के लिए भीड़ उमड़ पड़ी तो कुछ पेट्रोल पंप वीरान पड़े रहे। चौधरी चरण सिंह प्रतिमा स्थल के सामने स्थित पारिजात पेट्रोल पंप पर गुरूवार की शाम को भारी संख्या में लोग पेट्रोल डलवाने उमड़ पड़े। पेट्रोल के लिए जब हंगामा होने लगा तो मौके पर पंप कर्मियों को पुलिस को सूचना देनी पड़ी, जिसके बाद मौके पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने लाइन लगवाकर पेट्रोल का वितरण कराया। मौके पर काफी लंबी लाइनें लग गईं। कई चौपहिया व दोपहिया वाहन चालक अपने वाहनों की टंकी फुल कराकर ले गए। वहीं दूसरी ओर लोग घरों में भी तेल को डंप करने में लगे रहे। हालांकि पेट्रोल पंपों पर डिब्बे या बोतल में तेल देने पर रोक लगा दी गई। वहीं, बस स्टेंड के निकट स्थित भारत पेट्रोल पंप वीरान पड़ा रहा। यहां ग्राहकों को पेट्रोल की आपूर्ति न होने का हवाला दिया गया। इसी तरह का हाल ग्रामीण क्षेत्र की पेट्रोल पंपों का रहा। कहीं भीड़ उमड़ी तो कहीं पेट्रोल पंप वीरान पड़े रहे।

दुर्गाष्टमी पर घर-घर जिमाए गए कन्या-लांगुरा, भक्तिमय माहौल में हुई पूजा-अर्चना

सादाबाद। चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर दुर्गाष्टमी के दिन सादाबाद क्षेत्र में भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। गुरूवार को नगर और ग्रामीण इलाकों में घर-घर कन्या-लांगुरा पूजन का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से मां दुर्गा की पूजा-अर्चना कर कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर उनका पूजन किया और उन्हें भोजन कराकर आशीर्वाद प्राप्त किया।
सुबह से ही घरों में पूजा-पाठ का दौर शुरू हो गया। महिलाओं ने घरों को सजाकर कन्याओं का तिलक कर उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्हें पूड़ी, चने, हलवा सहित विभिन्न पकवानों का प्रसाद परोसा गया। कन्याओं के साथ लांगुरा (छोटे बालक) को भी विशेष रूप से भोजन कराया गया। पूजा के बाद कन्याओं को उपहार, वस्त्र और दक्षिणा देकर विदा किया गया। मंदिरों में भी दुर्गाष्टमी के अवसर पर विशेष पूजा-अर्चना और हवन-यज्ञ आयोजित किए गए। भक्तों की भीड़ दिनभर मंदिरों में उमड़ी रही। “जय माता दी” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं का मानना है कि दुर्गाष्टमी के दिन कन्या पूजन करने से मां दुर्गा प्रसन्न होती हैं और घर में सुख-समृद्धि आती है। इस अवसर पर बच्चों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। पूरे क्षेत्र में दुर्गाष्टमी का पर्व हर्षाेल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया, जिससे माहौल पूरी तरह धार्मिक रंग में रंगा नजर आया।

क्षत्रिय महासभा ने महाराणा प्रताप शोभायात्रा कमेटी का किया स्वागत

हाथरस। अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा ने अपने कैम्प कार्यालय एहन में महाराणा प्रताप शोभायात्रा के नवनिर्वाचित अध्यक्ष अनिल सिसोदिया एवं संयोजक संदीप सिसोदिया तथा समस्त सहसंयोजक का महासभा के अध्यक्ष प्रहलाद सिंह ने पगड़ी पहनाकर एवं प्रतीक चिन्ह देकर भव्य स्वागत सम्मान किया। साथ ही महाराणा प्रताप की वीरता धर्म जन प्रियता एवं देशभक्ति व बलिदान पर प्रकाश डाला उन्होंने वहां उपस्थित सभी क्षत्रिय बंधुओं को इनसे प्रेरणा लेने की अपील की वहीं क्षत्रिय एकता और समरसता के साथ शोभायात्रा को भव्य बनाने के लिए सहयोग की कामना की, कार्यक्रम में मुख्य रूप से क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय सचिव मतेंद्र सिंह गहलोत, प्रदेश सचिव योगेंद्र गहलोत, प्रदेशध्यक्ष जोगेंद्र सिंह, भीकम सिंह चौहान, एडवोकेट मनोज प्रधान, हरीश सेंगर, अमित पौरुष, नवीन प्रताप सिंह, मोहित चौहान, नितिन शेखावत, देवेंद्र तोमर, विकाश पौरुष, उदय राणा, राहुल सिंह, सोनू ठाकुर, रजत ठाकुर, छोटू राणा, हरेंद्र सिंह, अशोक कुमार, राजेंद्र सिंह, सुखवीर सिंह, बृजमोहन मदनावत, संजय कुमार, पीयूष सिंह, संदीप सिसोदिया, सतेंद्र सिसोदिया, गौरव ठाकुर, मोना ठाकुर, प्रशांत सिसोदिया, शैलेंद्र चौहान, मदन बाबा, पवन गहलोत उपस्थित रहे।

वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा और कल्याण के लिए कानूनोँ की दी जानकारी

हाथरस । मीतई स्थित वृद्धाश्रम में अटल वयो अभ्युदय योजना के अंतर्गत एक कार्यशाला और स्वयं सेवा शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में वृद्धजनों को उनके कानूनी अधिकारों और संबंधित प्रावधानों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एडवोकेट गोविंद उपाध्याय ने वृद्धजनों को संबोधित किया। उन्होंने बताया कि 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा और कल्याण के लिए विशेष कानूनी प्रावधान मौजूद हैं।
एडवोकेट उपाध्याय ने माता-पिता और वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण अधिनियम 2007 का विशेष रूप से उल्लेख किया। इस अधिनियम के तहत, यदि बच्चे या वारिस बुजुर्गों की उपेक्षा करते हैं, तो उन्हें तीन माह तक की कैद हो सकती है।

एडवोकेट उपाध्याय ने आगे बताया कि दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) के अंतर्गत बुजुर्गों को संपत्ति की सुरक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं, कर संबंधी लाभ और अन्य वित्तीय सहायता मिलती है। उन्होंने घरेलू हिंसा के मामलों में भी दंड के प्रावधानों पर प्रकाश डाला।
उन्होंने सरकार द्वारा बुजुर्गों के सम्मान और बेहतर जीवन के लिए चलाई जा रही वृद्धा पेंशन योजनाओं तथा प्रत्येक जिले में वृद्धाश्रमों की व्यवस्था का भी उल्लेख किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. ओमप्रकाश सारस्वत ने की। उन्होंने कहा कि वृद्धावस्था कानून बुजुर्गों की कानूनी आवश्यकताओं को पूरा करने वाला एक महत्वपूर्ण क्षेत्र है। यह सेवानिवृत्ति लाभ, संपत्ति नियोजन, स्वास्थ्य देखभाल और स्वास्थ्य प्रबंधन जैसे विषयों पर जागरूकता बढ़ाने में सहायक है।

जिला विधिक सेवा कार्यालय ने सभी गरीब और समाज के वंचित वर्गों को मुफ्त कानूनी सहायता (फ्री एडवोकेट) और न्याय व्यवस्था के प्रबंधन के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम के समापन पर मुख्य संचालिका नीतू मिश्रा ने सभी का आभार व्यक्त किया।

पुण्यतिथि पर हवन यज्ञ कर श्रद्धांजलि की अर्पित

हाथरस। जिला पंचायत के पूर्व प्रशासनिक अधिकारी एवं आर्य समाज के वरिष्ठ सदस्य स्वर्गीय किशनलाल शर्मा की पुण्यतिथि पर आर्य समाज मुरसान द्वारा हाथरस में बृहद हवन यज्ञ का आयोजन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।कार्यक्रम का शुभारम्भ पुरोहित दिनेश अग्निहोत्री द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ किया गया। हवन यज्ञ में विश्व कल्याण की भावना से आहुतियां दी गई और उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय शर्मा के आदर्शों को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस अवसर पर तुलाराम सुमन, दिनेश कुमार आर्य, पदम कुमार वर्मा, संजीव सिंघल बौबीलाला, गोपाल अग्निहोत्री, रवि कुलश्रेष्ठ, आयुष आर्य, वेद प्रकाश सिंह, विजय कुमारी आर्य, भीकचंद बाष्णेय, मुकेश भारद्वाज, मनोज आर्य, सुनील बाष्णेय सहित अनेक गणमान्य लोग एवं परिवारीजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और श्रद्धासुमन अर्पित किए।

हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरना, कांग्रेस नेता चंद्रगुप्त विक्रमादित्य पीड़ित परिवार के साथ बैठे

हाथरस। जनपद के मुरसान क्षेत्र के गांव बिशुनदास में युवक रितेश उर्फ छोटू की हत्या के मामले में अब तक पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई न किए जाने से क्षेत्र में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। पीड़ित परिवार न्याय की मांग को लेकर लगातार अधिकारियों के दफ्तरों के चक्कर लगा रहा है।
इसी क्रम में बुधवार को जिलाधिकारी कार्यालय पर सैकड़ों ग्रामीणों एवं परिजनों ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं कासगंज कोऑर्डिनेटर चंद्रगुप्त विक्रमादित्य भी पीड़ित परिवार के समर्थन में धरने पर बैठ गए। धरने के दौरान पुलिस क्षेत्राधिकारी से उनकी तीखी नोकझोंक भी हुई।
चंद्रगुप्त विक्रमादित्य ने कहा कि पीड़ित परिवार गहरे सदमे और भय के माहौल में जी रहा है, लेकिन प्रशासन की ओर से अभी तक संतोषजनक कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था पर जनता का विश्वास बनाए रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है और यदि समय रहते आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो लोगों का भरोसा पुलिस व्यवस्था से उठ जाएगा।
उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा अन्याय के खिलाफ और पीड़ितों के साथ खड़ी रही है। निर्दोष परिवार को न्याय दिलाने के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने आज परिवार से फोन पर वार्ता भी की लेकिन अभी तक पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं कि इस पर प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा तथा जनपद स्तर पर बड़ा जनआंदोलन किया जाएगा।
धरना प्रदर्शन में पीड़ित परिवार एवं गांव के सैकड़ों ग्रामीणों के साथ राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के जिला अध्यक्ष कुलदीप कुमार सिंह, प्रदेश महिला उपाध्यक्ष बीना गुप्ता एडवोकेट, महिला जिला अध्यक्ष कृष्ण गुप्ता, शहर अध्यक्ष आमना बेगम, पंडित अविनाश चंद्र पचौरी, पंडित ऋषि कुमार कौशिक, जयशंकर पाराशर, हरिशंकर वर्मा, कपिल नरूला सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी मांग, ग्रामीणों का कलेक्ट्रेट पर हंगामा

हाथरस। मुरसान थाना क्षेत्र के गांव बिशुनदास में युवक की हत्या के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट परिसर में धरना. प्रदर्शन किया। इस दौरान ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों के अनुसार गांव निवासी रितेश उर्फ छोटू 13 मार्च से लापता था जिसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट अगले दिन थाने में दर्ज कराई गई थी। बाद में 21 मार्च को उसका शव केसरगढ़ी के पास करबन नदी में मिला जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने चार नामजद लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है और इस संबंध में थाने में मुकदमा भी दर्ज कराया गया है। बावजूद इसके ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने अब तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया हैए जिससे लोगों में आक्रोश है। धरना दे रहे लोगों ने प्रशासन से
जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने किया दुकानों का निरीक्षण ,मिठाई ,किराना के लिये सैम्पल

हाथरस । नवरात्रि त्योहार के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने सहायक आयुक्त खाद्य रणधीर सिंह और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता के नेतृत्व में आज विशेष अभियान चलाया। इस दौरान हाथरस शहर और सिकंद्राराऊ तहसील में विभिन्न दुकानों का निरीक्षण किया गया।
हाथरस शहर के सियल खेड़ा में बसंत लाल प्रोविजन स्टोर और गौरी नमकीन का निरीक्षण किया गया। नयागंज स्थित अनूप जनरल स्टोर से हल्दीराम नमकीन भुजिया का सर्वे नमूना जांच के लिए लिया गया। गौरी नमकीन में पाई गई कमियों के आधार पर सुधार नोटिस जारी किया जा रहा है।
तहसील सिकंद्राराऊ के अंतर्गत जलेसर रोड, पुरदिलनगर में राजवीर सिंह की मिठाई की दुकान से ‘लॉज’ का नमूना जांच हेतु लिया गया। इरफान किराना स्टोर, जलेसर रोड से मोहनी ब्रांड चाय का सर्वे नमूना भी जांच के लिए एकत्र किया गया। रति का नगला स्थित मेघ सिंह मिष्ठान भंडार का भी निरीक्षण किया गया, जहां मौके पर कोई अनियमितता नहीं पाई गई।
इस अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी करतार सिंह और पारुल सिंह भी टीम में शामिल रहे। विभाग ने बताया कि नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण और छापामार कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

You cannot copy content of this page