Breaking News
मातृछाया केंद्र में प्रेस क्लब ऑफ हाथरस ने बांटी कॉपी-पेन व खाद्य सामग्री, संरक्षकों का हुआ सम्मान

हाथरस। प्रेस क्लब ऑफ हाथरस द्वारा मातृछाया केंद्र में बच्चों को कॉपी, पेन-पेंसिल व खाद्य सामग्री का वितरण किया गया। इस दौरान क्लब सदस्यों ने बच्चों के साथ एक घंटे से अधिक समय बिताकर उनका उत्साह बढ़ाया। वहीँ क्लब के संरक्षकगण को पत्रकारिता के क्षेत्र में दिये गये योगदान के लिये एडीएम सदर द्वारा सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि एसडीएम सदर राजबहादुर सिंह ने इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि इससे बच्चों के भविष्य को संवारने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि मातृछाया के बच्चे अनुशासित व संस्कारित जीवन के साथ शिक्षा प्राप्त करते है। यहाँ रहने वाले बच्चों का समस्त समाज परिवार की तरह पालन करता है। उन्होंने सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुये आशीष प्रदान किया। उन्होंने मातृछाया केंद्र पर बच्चों को दी जा रही शिक्षा और यहां की व्यवस्थाओं की भी तारीफ की।

प्रेस क्लब ऑफ हाथरस के अध्यक्ष उमाशंकर जैन ने बताया कि विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस पर लिए गए संकल्प के तहत यह सामाजिक कार्य किया गया।
उन्होंने कहा कि पत्रकारिता की व्यस्ततम जीवनशैली रहती है। 3 मई को विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस पर क्लब की चिंतन बैठक में सामाजिक क्षेत्र में भी क्लब की भागीदारी करने का निर्णय लिया गया था। आज मातृछाया के बच्चों के साथ कुछ समय व्यतीत कर बहुत सुखद महशूश किया है।
प्रेस क्लब के संरक्षक सुनीत सजग , डॉ बीपी सिंह , रविकांत रवि को पत्रकारिता के क्षेत्र में दिये गये योगदान के लिये एसडीएम राजबहादुर सिंह द्वारा सम्मानित किया गया। मातृछाया केंद्र के केयरटेकर कल्याण सिंह ने सभी का आभार व्यक्त किया।

इससे पूर्व क्लब के पदाधिकारियों ने मंचासीन अतिथियों का फूलमाला एव पटका पहनाकर जोरदार स्वागत किया।
इस अवसर पर जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष पुष्कर कुमार ,महामंत्री राजदीप तोमर , कोषाध्यक्ष ब्रजेश मिश्र ,मीडिया प्रभारी आशीष सेंगर ,जिला मंत्री राहुल शर्मा , ऑडिटर जिनेन्द्र जैन ,सदस्य उमाकांत बॉबी , शम्मी गौतम ,पुलकित जैन ,आयोग दीपक , गौरव भारद्वाज ,रंजीत बघेल , गोपाल वार्ष्णेय , शशिपाल सिंह , आविद हुसैन , अमित शर्मा ,पुनीत उपाध्याय ,मोनू आदि मौजूद रहे।

दो सड़कों के निर्माण कार्य का विधायक ने किया शुभारंभ


सादाबाद। सादाबाद विधायक प्रदीप चौधरी उर्फ गुड्डू भैया के प्रयासों से दो महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण कार्य का रविवार को विधिवत शुभारंभ हुआ। लोक निर्माण विभाग द्वारा स्वीकृत इस परियोजना की शुरुआत पूजा-अर्चना के साथ की गई।
परियोजना के तहत पहली सड़क नगला कला से नगला कला तक बनाई जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार, इस सड़क की मांग वर्षों से चली आ रही थी, लेकिन अब जाकर इसे मंजूरी मिली है। काफी समय बाद गांव को पक्की सड़क मिलने से ग्रामीणों में खासा उत्साह रहा। ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के दिनों में कच्चे और जर्जर रास्ते के कारण आवागमन बेहद कठिन हो जाता था। स्कूली बच्चों, किसानों और मरीजों को विशेष रूप से परेशानियों का सामना करना पड़ता था। दूसरी सड़क राया मार्ग से मढनई मोड़ तक बनाई जा रही है। यह मार्ग लंबे समय से खराब स्थिति में था, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को आए दिन दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। जगह-जगह गड्ढों के कारण दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती थी। अब निर्माण कार्य शुरू होने से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। विधायक प्रदीप चौधरी उर्फ गुड्डू भैया ने कहा कि जनता की सुविधा उनकी पहली प्राथमिकता है। क्षेत्र की प्रत्येक सड़क, गांव और आवश्यकताओं को चरणबद्ध तरीके से पूरा कराया जा रहा है। जिन इलाकों में अब तक विकास नहीं पहुंचा, वहां भी तेजी से कार्य कराया जाएगा। उन्होंने सादाबाद विधानसभा को विकास का मॉडल क्षेत्र बनाने का संकल्प दोहराया। इस मौके पर इस अवसर पर रालोद जिलाध्यक्ष चौधरी श्याम सिंह, चेयरमैन प्रतिनिधि राधारमण अग्रवाल, मनोज चौधरी, राजेश चौधरी, दीपू चौधरी, रामसहाय सिंह, कर्मवीर सिंह, सुभाष चौधरी बंशी, गंभीर सिंह आदि थे।

सादाबाद में केक काटकर मनाई हाथरस जिले की 29वीं वर्षगांठ


सादाबाद। गांव शेरपुर स्थित बसपा कार्यालय पर रविवार को हाथरस जिले की 29वीं वर्षगांठ उत्साह और धूमधाम के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन बसपा वरिष्ठ नेता डॉ. अविन शर्मा के नेतृत्व में किया गया, जिसमें कार्यकर्ताओं ने केक काटकर खुशी जाहिर की।
डॉ. अविन शर्मा ने कहा कि बसपा सुप्रीमो एवं पूर्व मुख्यमंत्री बहन कु. मायावती के प्रयासों से ही हाथरस को जिला बनने का गौरव प्राप्त हुआ। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह उपलब्धि किसी एक व्यक्ति नहीं, बल्कि बहुजन समाज पार्टी की नीतियों और नेतृत्व का परिणाम है। उन्होंने सादाबाद तहसील के विकास को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। उन्होंने आरोप लगाया कि यहां का सरकारी अस्पताल रैफर सेंटर बनकर रह गया है, जबकि बस स्टेशन पर नियमित बस सेवाएं नहीं पहुंच रही हैं। उन्होंने इसे जनप्रतिनिधियों की उदासीनता बताते हुए कहा कि जनता की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ बसपा नेता जेपी सागर ने किया, जबकि अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राजकपूर ने की। इस दौरान दिनेश देशमुख एडवोकेट, डॉ. रईस अहमद अब्बासी, दामोदर सिंह प्रधान, दिनेश भारती, मनोज वर्मा, जलालुद्दीन अब्बासी, मोहन मालती स्वरूप, भगवान सिंह कुशवाह, रूकम पाल सिंह, विन्नट प्रधान सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हाथरस जिले की वर्षगांठ पर बिसावर में मनाया गया काला दिवस

सादाबाद। वीर गोकुला की प्रतापी धरा बिसावर की स्वाभिमानी जनता ने 29 वर्ष पूर्व तत्कालीन बसपा सरकार द्वारा लिए गए जनविरोधी फैसले के विरोध में रविवार को हाथरस जिले की 29 वीं वर्षगांठ के मौके पर अपनी बांहों पर काली पट्टी बांधकर काला दिवस मनाया।
काला दिवस का नेतृत्व करते हुए मनोज पंसारी ने कहा कि 3 मई 1997 को हमारी भावनाओं को कुचलते हुए सादाबाद तहसील के साथ ही बिसावर क्षेत्र को कान्हा की नगरी मथुरा से अलग कर नवसृजित हाथरस जनपद में शामिल कर दिया गया था। यह केवल एक भौगोलिक परिवर्तन नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और सुगमता पर किया गया एक बड़ा प्रहार था। उन्होंने कहा कि बिसावर कोई साधारण जमीन का टुकड़ा नहीं है, यह उस महान योद्धा वीर गोकुला जाट की जन्मभूमि है, जिसने मुगलों की सत्ता हिला दी थी। जिस मिट्टी के सपूत ने मथुरा के मंदिरों की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व बलिदान कर दिया, उसी पावन धरा को मथुरा से काटकर अलग रखना वीर गोकुला की विरासत का घोर अपमान है, जिसके विरोध में बिसावर की अवाम आज तक मुखर है। 29 वर्ष पूर्व हमारी भावनाओं को दरकिनार कर बिसावर को मथुरा से अलग कर दिया गया था। इससे यहाँ के लोगों को हर कदम पर कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। मुख्यमंत्री से मांग की गई कि सादाबाद तहसील नहीं, तो कम से कम बिसावर न्याय पंचायत को पुनः मथुरा जनपद में शामिल किया जाए। मथुरा से अलग किए जाने के बाद से बिसावर के नागरिकों को अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। हाथरस कलेक्ट्रेट जाने के लिए जनता को 3 से 4 वाहन बदलने पड़ते हैं, जबकि मथुरा के लिए एक सीधी बस सेवा उपलब्ध है। मथुरा में सभी प्रशासनिक कार्य एक ही परिसर (कलेक्ट्रेट) में संपन्न हो जाते हैं, जिससे समय और धन दोनों की बचत होती है। इसके विपरीत, हाथरस में विभिन्न दफ्तरों के लिए लोगों को दूर-दूर भागना पड़ता है। सादाबाद ब्लॉक से नेरा, बरौली, पटलौनी आदि क्षेत्रों के गांवों के अलग होने से बिसावर बाजार की रौनक और व्यापार पर प्रतिकूल असर पड़ा है। सामाजिक व सांस्कृतिक जुड़ावरू मथुरा भगवान श्री कृष्ण की नगरी है, जहाँ क्षेत्रवासियों का रोम-रोम जुड़ा हुआ है। यहाँ का सामाजिक ताना-बाना और रिश्तेदारियां भी स्वाभाविक रूप से मथुरा से ही जुड़ी हैं। इस अवसर पर भोजराज शर्मा, भगवान सिंह (स्टोव वाले),सुन्दर सिंह, वरुण चौधरी,लाला चौधरी, बलदेव ठाकुर, राजा बाबू, हेमेंद्र चौधरी, रिंकू चौधरी, अनिल अग्रवाल, विशम्बर कुशवाह, तरुण राजपूत, सचिन कुशवाहआदि लोग उपस्थित रहे।

बिना किसी भय या पक्षपात के एकजुटता के साथ पत्रकारिता को आगे बढ़ायें :उमाशंकर जैन ,प्रेस क्लब ऑफ हाथरस ने मनाया विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस

हाथरस। प्रेस क्लब ऑफ हाथरस ने विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस पर निष्पक्ष पत्रकारिता और पत्रकारों को सुरक्षा को लेकर चिंतन किया गया। पत्रकारों को बिना किसी भय या पक्षपात के एकजुटता के साथ पत्रकारिता को आगे बढ़ाने की बात कही।

विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रेस क्लब ऑफ हाथरस की चिंतन बैठक रामलीला ग्राउंड स्थिति जिला कार्यालय पर क्लब के अध्यक्ष उमाशंकर जैन की अध्यक्षता में हुई।
प्रेस क्लब ऑफ हाथरस के अध्यक्ष उमाशंकर जैन ने अभी को प्रेस स्वतंत्रता दिवस की बधाई द्वत्व हुये कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारों की भूमिका अहम है। पत्रकार निष्पक्षता के साथ समाज को दिशा एव दशा की वास्तविकता से परिचित करता है। लेकिन निष्पक्षता के कारण ही वह असुरक्षित रहता है। प्रेस की स्वतंत्रता और पत्रकारों की सुरक्षा को बढ़ावा देना के उद्देश्य से ही प्रति वर्ष 3 मई को विश्व प्रेस स्वतंत्रता दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में पत्रकारों पर उत्पीड़न के मामलों में व्रद्धि हुई है। यह चिन्ताजनक है। उन्होंने कहा कि सरकार को पत्रकारों की सुरक्षा और स्वतंत्रता के लिये विशेष कानून लाना चहिए। उन्होंने कहा कि पत्रकारों को बिना किसी भय या पक्षपात के एकजुटता के साथ पत्रकारिता को आगे बढ़ना होगा।

इस अवसर पर क्लब के जिला उपाध्यक्ष पुष्कर कुमार ,जिला उपाध्यक्ष शिवम गुप्ता ,महामंत्री राजदीप तोमर , कोषाध्यक्ष ब्रजेश मिश्र ,मीडिया प्रभारी आशीष सेंगर ,जिला मंत्री राहुल शर्मा , ऑडिटर जिनेन्द्र जैन ,सदस्य उमाकांत बॉबी , पुलकित जैन ,शैलेंद्र कुमार , मोनू मौजूद रहे।

ब्रजभूमि मांस मदिरा मुक्त हेतु निकलने वाली पदयात्रा का विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल के पदाधिकारी ने किया भव्य स्वागत

हाथरस। ब्रजभूमि को मांस-मदिरा मुक्त करने के संकल्प के साथ, विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के पदाधिकारियों द्वारा वृंदावन से मुख्यमंत्री कार्यालय लखनऊ तक 21,000 ब्रजवासियों के हस्ताक्षरों को लेकर पदयात्रा की जा रही है। इस पावन यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया।

विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री प्रवीण खंडेलवाल जी ने कहा कि यह यात्रा युवाओं एवं सनातन धर्म के अनुयायियों के लिए एक प्रेरणा स्रोत है। उन्होंने मांग की कि ब्रजभूमि 84 कोस क्षेत्र को मांस एवं मदिरा प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित किया जाए। साथ ही उन्होंने सभी यात्रियों एवं धर्म रक्षकों का स्वागत-अभिनंदन करते हुए प्रभु श्री रामचंद्र जी से यात्रा की सफलता की कामना की।

इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद हाथरस के जिला संगठन मंत्री देवराज कर्मयोगी जी, चेतन यादव जिला सोशल मीडिया प्रमुख, अमित कुशवाह जिला प्रचार प्रसार प्रमुख, नवीन वर्मा नगर गौ रक्षा प्रमुख भी उपस्थित रहे।

यात्रा में प्रमुख रूप से शामिल धर्म रक्षक: श्री बवंडर बाबा,योगी राजपूत (गौ सेवक, मथुरा) ,जग्गा कर्मयोगी (वृंदावन) , अमित जी (धर्म प्रचार-प्रसार प्रमुख, प्रखंड गोवर्धन, विश्व हिंदू परिषद) सतनाम जी , अनुज राजपूत जी ,हर्षित जी

मशाल जुलूस निकालकर किया प्रदर्शन , महिला आरक्षण विधेयक का विरोध करने वाले दलों को बताया महिला विरोधी

हाथरस। महिला आरक्षण विधेयक पारित न होने के विरोध में आज भाजपा की दर्जनों महिलाओं ने मेफेयर होटल सासनी गेट से मशाल जुलूस निकालकर विरोध प्रदर्शन किया और महिला आरक्षण विधेयक का विरोध करने वाले विपक्षी दलों के खिलाफ़ अपना आक्रोश व्यक्त किया हाथ में बैनर पोस्टर और मशाल लेकर भाजपा की दर्जनों महिलाएं मुख्य-मुख्य बाजारों से होते हुए सासनी गेट क्रांति चौक पर पहुंची इस अवसर पर भाजपा की जिला मंत्री श्रीमती संध्या आर्य ने कहा की विपक्षी दलों ने संसद में महिला आरक्षण का विरोध कर देश की आधी आबादी का अपमान किया है आने वाले चुनाव में विपक्षी दलों को महिलाएं इसका जवाब देंगी
भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष श्रीमती सुनीता वर्मा ने कहा की भाजपा सरकार ने देश के प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में महिला आरक्षण विधेयक लाकर महिलाओं का सम्मान बढ़ाया है
नगर अध्यक्ष श्रीमती सोनिया नारंग ने कहा की देश की करोड़ों महिलाएं राजनीति में भागीदारी के लिए महिला आरक्षण विधेयक का समर्थन करती हैं
इस अवसर भाजपा जिला अध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा कहा ने कि महिला आरक्षण विधेयक पारित कराने के लिए भारतीय जनता पार्टी की सरकार संकल्पित है इस अवसर पर भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्रीमती अखिलेश गुप्ता शहर अध्यक्ष विवेक गुप्ता सुचेता जॉन राजकुमारी चौहान सुनीता दीक्षित मधु अरोड़ा हेमलता सिंह आशा सैंगर लता शर्मा बबीता वर्मा राखी शर्मा ज्योति वर्मा बेनी वर्मा रितु गौतम रागिनी सिंह पिंकी सिंह मधु शर्मा जिला महामंत्री हरिशंकर राणा भूरा पहलवान एवं रूपेश उपाध्याय युवा मोर्चा जिला अनुराग अग्निहोत्री राजेश सिंह गुड्डू आदि लोग उपस्थित रहे

तेज रफ्तार मैक्स पिकअप ने महिला को मारी टक्कर, मौत

हाथरस। थाना हाथरस गेट क्षेत्र के अलीगढ़ रोड पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 55 वर्षीय महिला की मौत हो गई। तेज रफ्तार मैक्स पिकअप वाहन ने महिला को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। जानकारी के अनुसार चमन विहार निवासी 55 वर्षीय प्रेमलता पत्नी विजय बहादुर सिंह, सुबह अपनी चाय की दुकान खोलने जा रही थीं। इसी दौरान तेज गति से आ रही एक मैक्स पिकअप गाड़ी ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन तत्काल घायल महिला को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर में 131 मरीजों की हुई जांच, 21 मोतियाबिंद रोगियों का होगा मुफ्त ऑपरेशन

सादाबाद। शनिवार को अग्रवाल सेवा सदन में निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर कल्याणं करोति नेत्र संस्थान, गोवर्धन रोड जचौंदा एवं श्याम स्टील लिमिटेड, कोलकाता के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। शिविर में अनुभवी एवं योग्य नेत्र विशेषज्ञों द्वारा अत्याधुनिक मशीनों के माध्यम से मरीजों की जांच कर उपचार की सुविधा प्रदान की गई।
शिविर में कुल 131 मरीजों ने पंजीकरण कराकर अपनी आंखों की जांच कराई। वरिष्ठ चिकित्सकों ने सभी मरीजों का बारीकी से परीक्षण किया। जांच के दौरान 21 मरीजों में मोतियाबिंद की पुष्टि हुई, जिन्हें निःशुल्क ऑपरेशन के लिए कल्याणं करोति नेत्र संस्थान, जचौदा भेजा गया है। वहां इन मरीजों का ऑपरेशन आधुनिक तकनीक और विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में किया जाएगा। शिविर में डॉ. अनुभव उपाध्याय के नेतृत्व में टीम ने सेवाएं दीं। टीम में कोऑर्डिनेटर अनिल चौधरी, विशाल सिंह एवं रामेश्वर दयाल शामिल रहे।

बसपाइयों ने बिसावर में वीर गोकुला जाट की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण

सादाबाद। बिसावर में शनिवार को बहुजन समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने वीर गोकुला जाट की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान बड़ी संख्या में बसपाई मौजूद रहे और उन्होंने वीर गोकुला जाट के जीवन और उनके संघर्षों को याद किया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ बसपा नेता एवं पूर्व विधानसभा प्रत्याशी डॉ. अविन शर्मा ने कहा कि वीर गोकुला जाट वीरता, साहस और संघर्ष के प्रतीक थे। उन्होंने हमेशा किसान, मजदूर और समाज के कमजोर वर्गों के हक के लिए आवाज उठाई और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष किया। जिलाध्यक्ष राजकपूर ने भी उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि वीर गोकुला जाट का जीवन समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। आज भी लोग उन्हें सम्मान के साथ याद करते हैं और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लेते हैं। इस अवसर पर सचिन पहलवान, भूरा पहलवान, सौरभ शर्मा, देवेश चौधरी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने वीर गोकुला जाट के आदर्शों को अपनाने और समाज के हित में कार्य करने का संकल्प लिया।

You cannot copy content of this page