हाथरस। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा तारकेश्वर, हुगली (पश्चिम बंगाल) से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना की 23वीं किस्त जारी किए जाने के अवसर पर कलेक्ट्रेट सभागार, हाथरस में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि ने की तथा कार्यक्रम में विधायक सदर श्रीमती अंजुला माहौर, माव विधायक सिकंद्राराऊ वीरेंद्र सिंह राना, मावविधायक सादाबाद प्रदीप सिंह गुड्डू, जिलाध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी प्रेम सिंह कुशवाहा की गरिमामयी उपस्थिति के साथ मुख्य विकास अधिकारी, हाथरस,उप कृषि निदेशक हाथरस व अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर तारकेश्वर, हुगली (पश्चिम बंगाल) से प्रधानमंत्री जी द्वारा पीएम-किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त जारी किए जाने एवं विभिन्न विकासपरक परियोजनाओं के शुभारंभ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार में प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कृषक बंधुओं ने प्रधानमंत्री जी के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना तथा विभिन्न योजनाओं के शुभारंभ का अवलोकन किया।
सांसद अनूप प्रधान वाल्मीकि ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों के कल्याण एवं उनकी आर्थिक समृद्धि के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना किसानों को आर्थिक संबल प्रदान करने वाली एक महत्वपूर्ण योजना है, जिससे देश के करोड़ों किसानों को प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त हो रहा है। उन्होंने किसानों से सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में विधायक व जनप्रतिनिधियों ने किसानों को पीएम-किसान योजना की 23वीं किस्त जारी होने पर बधाई देते हुए कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने एवं कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में 10 किसान सम्मान निधि प्राप्त कर रहे किसानों को प्रमाण पत्र माननीय जनप्रतिनिधियों द्वारा वितरित किए गए ।
इस अवसर माननीय सांसद प्रतिनिधि, ब्लॉक प्रमुख हाथरस संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में कृषक बंधु उपस्थित रहे।
हाथरस। हाथरस जनपद केवल व्यापार और उद्योग के लिए ही नहीं, बल्कि परोपकार एवं जनसेवा की समृद्ध परंपरा के लिए भी जाना जाता है। नगर के अनेक दानवीर परिवारों ने शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक कल्याण के लिए भूमि दान कर विद्यालयों, चिकित्सालयों एवं अन्य जनोपयोगी संस्थानों की स्थापना कराई तथा उनके संचालन हेतु आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराईं। लेकिन दानदाताओं के नाम से स्थापित अस्पतालों की मूल पहचान एवं उद्देश्य को न बदलकर उन्हें सुरक्षित रखे जाने की मांग की है।
ग्राम शेखुपुर अजीत निवासी मलखान सिंह इंटर कॉलेज, ठूलई पूर्व अध्यक्ष अमर पाल सिंह ने जिलाधिकारी को भेजे पत्र में कहा है कि हाथरस में दानवीरों के नाम पर स्थापित प्रमुख चिकित्सालयों में बागला अस्पताल (बागला परिवार), सिंगारी देवी महिला चिकित्सालय (सेकसरिया परिवार), हरि आई हॉस्पिटल तथा मटरूमल धन्नालाल क्षय चिकित्सालय (लोहिया परिवार) प्रमुख हैं। समय के साथ इनमें से कई संस्थानों की मूल पहचान समाप्त होती चली गई। बागला अस्पताल का नाम बदलकर बागला संयुक्त जिला चिकित्सालय कर दिया गया। सिंगारी देवी महिला चिकित्सालय की भूमि पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी का कार्यालय स्थापित होने से उस अस्पताल का अस्तित्व और नाम भी समाप्त हो गया। हरि आई हॉस्पिटल भी बंद हो चुका है। अब जानकारी मिल रही है कि मटरूमल धन्नालाल क्षय चिकित्सालय के भवन का उपयोग अन्य चिकित्सा सेवाओं एवं संयुक्त जिला चिकित्सालय की व्यवस्थाओं के लिए किए जाने पर विचार किया जा रहा है। यदि ऐसा होता है तो भविष्य में इस ऐतिहासिक चिकित्सालय की मूल पहचान भी समाप्त होने की आशंका है। लोहिया परिवार द्वारा यह भूमि विशेष रूप से क्षय रोग (टीबी) के उपचार हेतु दान की गई थी। उस समय टीबी अत्यंत गंभीर संक्रामक रोग था और रोगियों के पृथक उपचार के लिए विशेष चिकित्सालयों की आवश्यकता होती थी। मटरूमल धन्नालाल क्षय चिकित्सालय ने वर्षों तक टीबी रोगियों के उपचार, जनजागरूकता तथा राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम (NTEP) के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। टीबी एक संक्रामक रोग है, इसलिए चिकित्सा विज्ञान के अनुसार टीबी रोगियों को सामान्य रोगियों से पृथक रखना आवश्यक है। इससे संक्रमण का प्रसार रुकता है, बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं तथा कमजोर प्रतिरक्षा वाले मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित होती है और बहुऔषधि-प्रतिरोधी (MDR-TB) संक्रमण के फैलाव को भी रोका जा सकता है। अतः शासन एवं स्वास्थ्य विभाग से अनुरोध है कि मटरूमल धन्नालाल क्षय चिकित्सालय के भवन का उपयोग केवल क्षय रोगियों के उपचार हेतु ही किया जाए। इस भवन में अन्य अस्पतालों के मरीजों अथवा स्टाफ को स्थानांतरित न किया जाए तथा दानदाता परिवार द्वारा स्थापित इस ऐतिहासिक चिकित्सालय की मूल पहचान, उद्देश्य एवं नाम को यथावत सुरक्षित रखा जाए।
हाथरस । मा0 मुख्यमंत्री जी के संभावित जनपद भ्रमण कार्यक्रम के दृष्टिगत मंडलायुक्त महोदया अलीगढ़ मंडल अलीगढ़ श्रीमती संगीता सिंह ने जिलाधिकारी अतुल वत्स व पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल सलेमपुर पहुंचकर (औद्योगिक क्षेत्र सलेमपुर) का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया तथा आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त महोदया ने हेलीपैड स्थल, पंडाल स्थल, मंच व्यवस्था, वीआईपी एवं आमजन की बैठक व्यवस्था, मीडिया दीर्घा, पार्किंग स्थल, यातायात प्रबंधन, बैरीकेटिंग तथा प्रवेश एवं निकास मार्गों का गहन निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त महोदया ने कहा कि मा0 मुख्यमंत्री जी का प्रस्तावित कार्यक्रम अत्यंत महत्वपूर्ण है, ऐसे में सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित समयावधि में सभी तैयारियों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करें। उन्होंने निर्देशित किया कि कार्यक्रम स्थल पर आने वाले आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए बैठने की पर्याप्त व्यवस्था, छाया, पेयजल, चिकित्सा टीम एवं एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही हेरीपैड से कार्यक्रम स्थल तक सुरक्षा एवं आवागमन की सभी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए। आयुक्त महोदया ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था, वीआईपी एवं आमजन के लिए अलग-अलग प्रवेश एवं निकास मार्ग, अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि तैयारियों में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी तथा सभी कार्य समय से पूर्ण किए जाएं। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने आयुक्त महोदया को कार्यक्रम की तैयारियों की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि सभी विभागों को उनकी जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं तथा निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार युद्धस्तर पर तैयारियां कराई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि हेलिपैड, मंच, पंडाल, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल, विद्युत आपूर्ति एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने अवगत कराया कि कार्यक्रम में आने वाले आमजन की सुविधा सर्वाेच्च प्राथमिकता है। इसके लिए पर्याप्त बैठने की व्यवस्था, सुगम आवागमन, स्वच्छ पेयजल, चिकित्सा सहायता तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित कराया जा रहा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि मुख्यमंत्री जी के संभावित भ्रमण को लेकर सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण कर ली जाएंगी।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0), उप जिलाधिकारी सासनी, मुख्य चिकित्साधिकारी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी आदि उपस्थित रहे।
हाथरस। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के सफल एवं भव्य आयोजन को लेकर मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित ने जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम, हाथरस (जिला स्तरीय कर्यक्रम) में आयोजित होने वाले योग दिवस कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में स्थलीय भ्रमण/निरीक्षण करने के साथ ही संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तारपूर्वक चर्चा की। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने कार्यक्रम स्थल पर मंच निर्माण, प्रतिभागियों के बैठने की व्यवस्था, साउंड/माइक, पेयजल, साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था, चिकित्सा सहायता, पार्किंग, सुरक्षा, बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन, प्रवेश एवं निकास मार्ग सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम में आने वाले प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय से पूर्व पूर्ण कर ली जाएं। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने जनपद स्तर पर आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम अनुशासित, सुव्यवस्थित एवं गरिमामय ढंग से संपन्न होना चाहिए, जिससे अधिक से अधिक लोग योग के प्रति प्रेरित हो सकें। उन्होंने संबंधित विभागों को सौंपे गए दायित्वों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त संख्या में योग मैट, पेयजल, शौचालय एवं चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। नगर पालिका एवं संबंधित विभागों को परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान संचालित करने तथा सौंदर्यीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में मा0 जनप्रतिनिधियों/अधिकारियों/कर्मचारियों के अलावा छात्र-छात्राओं, स्वयं सहायता समूहों, स्वयंसेवी संस्थाओं, खेल संगठनों तथा आम नागरिकों की व्यापक सहभागिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने बताया कि 21 जून को प्रातः निर्धारित समय पर सामूहिक योगाभ्यास का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर परियोजना निदेशक, जिला विकास अधिकारी,जिला स्पोर्ट्स अधिकारी, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक यूनानी अधिकारी आदि उपस्थित रहे।
हाथरस। जननायक, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के जन्मदिन के अवसर पर अपना घर आश्रम, हाथरस में प्रभुओं के मध्य सादगी एवं सेवा भाव के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संयोजन जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व सचिव हरिशंकर वर्मा द्वारा किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कांग्रेस के कोऑर्डिनेटर एवं पूर्व जिला अध्यक्ष चंद्रगुप्त विक्रमादित्य ने केक काटकर प्रभुओं को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं तथा अपने हाथों से केक खिलाकर भोजन प्रसादी वितरण में सेवा की। इस अवसर पर अपने संबोधन में चंद्रगुप्त विक्रमादित्य ने कहा कि राहुल गांधी देश के युवाओं, किसानों, मजदूरों, महिलाओं और वंचित वर्गों की आवाज बनकर निरंतर संघर्ष कर रहे हैं। उनका राजनीतिक जीवन संविधान, सामाजिक न्याय, लोकतांत्रिक मूल्यों और जनसेवा के प्रति समर्पित रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता राहुल गांधी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और समाज के अंतिम व्यक्ति की सेवा के लिए प्रतिबद्ध है। सेवा, सद्भाव और मानवता ही राहुल गांधी के सार्वजनिक जीवन की सबसे बड़ी पहचान है। आज उनका जन्मदिन प्रभुओं के बीच मनाकर हम मानव सेवा के संकल्प को और अधिक मजबूत कर रहे हैं।
कार्यक्रम में अपना घर आश्रम के संस्थापक मदनलाल वार्ष्णेय, महिला कांग्रेस की शहर अध्यक्ष आमना बेगम, प्रदेश कांग्रेस कमेटी की सदस्य बीना गुप्ता एडवोकेट, वरिष्ठ उपाध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता, पंडित मुकेश कुमार शर्मा, धनीराम गुर्जर, ठाकुर ध्रुव सिंह, पन्नालाल, संजय कप्तान, ठाकुर आकाश सिंह, राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के जिला अध्यक्ष कुलदीप कुमार सिंह, कपिल नरूला, पिछड़ा वर्ग कांग्रेस के शहर अध्यक्ष विष्णु कुमार सहित अनेक कांग्रेसजन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अलीगढ़। पतंजलि योगपीठ संगठन अलीगढ़ द्वारा 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून का आयोजन धनीपुर मंडी जीटी रोड में किया जा रहा है । इस बार का थीम ‘योग स्वस्थ जीवन के लिए’ रहेगा। पत्रकार वार्ता में जानकारी देते हुए भारत स्वाभिमान जिला प्रभारी एडवोकेट राकेश कुमार शर्मा एवं पतंजलि योग समिति जिला प्रभारी हरिओम सूर्यवंशी ने बताया पूज्य योगऋषि स्वामी रामदेव एवं भारत के माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प से विश्व के लगभग 200 देश में 21 जून अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मनाया जाता है, योग भारतीय प्राचीन परंपरा एवं वैदिक संस्कृति की अमूल देन है ।
योग अभ्यास केवल व्यायाम ही नहीं अपितु स्वयं को विश्व और प्रकृति के साथ एकत्व खोजने का भाव है, योग प्रकृति के परिवर्तन के साथ से शरीर में होने वाले बदलावों को राहत देने में सहायक होता है। 21 जून धनीपुर मंडी परिसर में भव्य आयोजन की तैयारी चल रही है । योग साधक प्रभात फेरी निकालकर एवं गली-गली, मोहल्ले में संपर्क कर रहे हैं, जन सामान्य को योग से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है जिससे स्वस्थ समाज का निर्माण हो सके। 21 जून के कार्यक्रम धनीपुर में अलीगढ़ के महापौर प्रशांत सिंघल मुख्य अतिथि रहेंगे।
पत्रकार वार्ता के दौरान रेशम पाल सिंह बाबा, प्रणवीर सिंह, नरेंद्र सिकरवार, संध्या सिंह, ललिता वर्मा, मनोज झा जिला प्रभारी युवा भारत, भूपेन्द्र शर्मा जिला मीडिया प्रभारी मौजूद रहे।
हाथरस/अलीगढ़। उत्तर प्रदेश की राजनीति और आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर करणी सेना ने अपनी कमर कस ली है। इसी सिलसिले में आज अलीगढ़ में एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया, जिसमें करणी सेना के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष श्री सूरजपाल सिंह अम्मू मुख्य रूप से पधारे। इस प्रेस वार्ता के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है, क्योंकि करणी सेना ने संकेत दिए हैं कि राष्ट्रवादी कवि और प्रदेश प्रवक्ता राणा मुनि प्रताप को सिकंदराराऊ (80) विधानसभा क्षेत्र से चुनावी मैदान में उतारा जा सकता है।
प्रेस वार्ता के दौरान अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष सूरजपाल सिंह अम्मू ने साफ किया कि करणी सेना प्रदेश की 50 सीटों पर चुनाव लड़ने की पुरजोर तैयारी कर रही है। सिकंदराराऊ विधानसभा क्षेत्र इसी रणनीति का एक बेहद अहम हिस्सा माना जा रहा है।
अलीगढ़ में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम और प्रेस वार्ता की कमान करणी सेना के स्थानीय नेतृत्व के हाथों में थी। कार्यक्रम का सफल आयोजन मंडल प्रभारी एवं जिला अध्यक्ष हरिगढ़ सुमित तोमर एवं करणी सेना के वरिष्ट उपाध्यक्ष गौरव चौहान के संयुक्त प्रयासों द्वारा किया गया। राणा मुनि प्रताप न सिर्फ करणी सेना के प्रदेश प्रवक्ता हैं, बल्कि एक प्रखर राष्ट्रवादी कवि के रूप में भी जनता के बीच अपनी खास पहचान रखते हैं। उनके नाम की चर्चा ने सिकंदराराऊ (80) क्षेत्र के राजनीतिक समीकरणों को बेहद दिलचस्प बना दिया है। प्रैस वार्ता के दौरान हरिगढ़ युवा शक्ति जिलाध्यक्ष अंकित सैनी , हाथरस युवा शक्ति जिलाध्यक्ष राणा ऋषि प्रताप , ज्ञानेश प्रताप, मनीष सिसोदिया , सिद्धार्थ सिंह आदि लोग प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
हाथरस। राष्ट्रीय परीक्षा एजेन्सी द्वारा आयोजित री-एग्जामिनेशन नीट (यूजी)-2026 परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष, नकलविहीन एवं शुचितापूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय समिति, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केन्द्र अधीक्षकों तथा पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक कर जिलाधिकारी अतुल वत्स ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए सभी परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की सघन जांच, परीक्षा सामग्री की गोपनीयता तथा राष्ट्रीय परीक्षा एजेन्सी एवं शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता, विश्वसनीयता एवं शुचिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा की पवित्रता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रत्येक अधिकारी अपनी जिम्मेदारी को पूर्ण गंभीरता, सतर्कता एवं जवाबदेही के साथ निभाए। परीक्षा केन्द्रों पर प्रवेश से लेकर परीक्षा समाप्ति तक प्रत्येक गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखी जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता, नकल, अनुचित साधनों के प्रयोग अथवा परीक्षा की गोपनीयता भंग करने का प्रयास पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध तत्काल एवं कठोर विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं केन्द्र व्यवस्थापक परीक्षा केन्द्रों का समय से निरीक्षण करें तथा व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन करते हुए उपस्थिति सुनिश्चित करें। पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए परीक्षा केन्द्रों के आसपास पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखें तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखें। जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा केन्द्रों पर सीसीटीवी निगरानी, फ्रिस्किंग, अभ्यर्थियों की पहचान सत्यापन एवं अन्य निर्धारित मानकों का कड़ाई से अनुपालन कराया जाए। सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि परीक्षा पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हो तथा अभ्यर्थियों को सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध हो। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थियों के पीने हेतु पानी परीक्षा कक्ष में ही उपलब्ध कराया जाये, जिससे के किसी परीक्षार्थी का अनावश्यक समय खराब न हो। अपर जिलाधिकारी न्यायिक ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (छज्।) द्वारा आयोजित छम्म्ज् (न्ळ) 2026 की लिखित परीक्षा दिनांक 21 जून, 2026 (रविवार) को जनपद के 04 परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा एक पाली में अपरान्ह 02ः00 बजे से 05ः15 बजे तक तथा दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए अपरान्ह 02ः00 बजे से 06ः15 बजे तक सम्पन्न होगी। जनपद में निर्धारित 04 परीक्षा केन्द्रों पर कुल 1188 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। इनमें सरस्वती इण्टर कॉलेज, आगरा रोड, हाथरस पर 228, सेठ फूलचन्द बागला पी.जी. कॉलेज, हाथरस पर 360, श्री अकूर इण्टर कॉलेज, अलीगढ़ रोड, नियर फ्लाईओवर, हाथरस पर 360 तथा पी.एम. श्री केन्द्रीय विद्यालय, हाथरस पर 240 परीक्षार्थियों को आवंटित किया गया है। उन्होंने अवगत कराया कि परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकलविहीन ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जिलाधिकारी के निर्देशन में व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। समस्त 04 परीक्षा केन्द्रों पर 08 स्टैटिक मजिस्ट्रेट (प्रति केन्द्र 02), 04 सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा 01 जोनल मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की गई है। इसके अतिरिक्त सभी केन्द्रों पर आवश्यकतानुसार कक्ष निरीक्षकों की तैनाती भी कर दी गई है। बैठक के दौरान उप जिलाधिकारी सदर, क्षेत्राधिकारी पुलिस, जिला विद्यायल निरीक्षक, प्रधानाचार्य केन्द्रीय विद्यालय, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट, केन्द्र व्यवस्थापक आदि उपस्थित रहे।
हाथरस। परम गुरु तुलसी साहिब आश्रम में आयोजित 183वें वार्षिकोत्सव के अवसर पर भव्य अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया, जिसमें देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए कवियों ने अपनी रचनाओं से भक्ति, अध्यात्म और साहित्य की अनुपम सरिता प्रवाहित की। देर रात्रि तक चले कवि सम्मेलन में गुरु महिमा, राष्ट्र प्रेम, सामाजिक सरोकार एवं मानवीय मूल्यों पर आधारित काव्य प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। आश्रम के गद्दीधर परम पूज्य श्री महंत गुरु लोचन दास जी महाराज की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी सदर राज बहादुर सिंह, विशिष्ट अतिथि जीएसटी विभाग के सहायक आयुक्त आर.के. सिंह, समाजसेवी प्रद्युम्न गुप्ता एवं ब्रज कला केंद्र के अध्यक्ष साहित्यकार चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर तथा मां शारदा एवं संत तुलसी साहिब के छवि चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। कार्यक्रम के शुभारम्भ उपरांत श्री महंत गुरु लोचन दास जी महाराज ने दीप प्रज्ज्वलन करने वाले सभी अतिथियों को पीत वस्त्र ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर आशीर्वाद स्वरूप सम्मानित किया। अपने आशीष वचनों में उन्होंने कहा कि संत तुलसी साहिब का साहित्य मानवता, प्रेम और आध्यात्मिक चेतना का अमूल्य खजाना है, जिसे नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है। स्वागत उद्बोधन में साहित्यकार चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य ने कहा कि संत तुलसी साहिब की वाणी केवल एक आध्यात्मिक संदेश नहीं बल्कि मानव जीवन को सही दिशा देने वाला प्रकाश स्तंभ है। उन्होंने कहा कि हाथरस की यह भूमि संत परंपरा, साहित्य और अध्यात्म की त्रिवेणी है, जिस पर सम्पूर्ण जनपद को गर्व है।
कवि सम्मेलन का संचालन आशुकवि अनिल बौहरे ने किया। उन्होंने अपनी पंक्तियों से वातावरण को भक्तिमय बनाते हुए कहा— “घट रामायण ने किया हाथरस जग प्रसिद्ध, परम गुरु तुलसी साहिब थे महाकवि सिद्ध।” वरिष्ठ कवयित्री मनु दीक्षित ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत करते हुए कहा— “माता सरस्वती कृपया कवियों को ऐसा वर दो, तुलसी साहिब की कृपा हम कवियों पर कर दो।” ग़ाफ़िल स्वामी इगलास ने अपनी रचना में कहा— “तुलसी साहिब ने किए पावन कर्म महान, घट रामायण लिख किया जन-जन का कल्याण।” चेतन उपाध्याय लाढ़पुर ने पढ़ा— “धन्य-धन्य है इहि निज धरा हाथरस, तुलसी साहिब बरसाया काव्य रस।” वरिष्ठ कवयित्री मीरा दीक्षित ने गुरु महिमा का वर्णन करते हुए कहा— “गुरु से मिलता जिस शिष्य को ज्ञान, समाज में पाता है वही शिष्य सम्मान।” गीतकार नितिन मिश्रा ने अपनी लोकप्रिय रचना प्रस्तुत की— “मेरी राम-राम जी, सबको राम-राम जी।” कवि हिमांशु शंकर चंदौसी ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुति से श्रोताओं की खूब तालियां बटोरी। उन्होंने कहा— “संतों की वाणी अमृत बनकर जन-जन तक पहुंच जाती है, जिस धरती पर संत बसते हैं वह धरती तीर्थ कहलाती है।” जनाब रासिद राहत मुरादाबादी ने अपनी ग़ज़ल से कवि सम्मेलन को नई ऊंचाई प्रदान करते हुए कहा— “मोहब्बतों का दिया दिल में जलाए रखना, नफरतों के दौर में इंसां बने रहना।” मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी राज बहादुर सिंह ने भी अपनी काव्य प्रस्तुति से उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने कहा— “सेवा, समर्पण और संस्कार जीवन का आधार बने, ऐसा भारत हो अपना जिसमें मानवता साकार बने।” साहित्यकार चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य ने आश्रम की महिमा का वर्णन करते हुए कहा— “जहां तुलसी साहिब की वाणी का दिव्य प्रकाश है, वहीं मानवता, प्रेम और सत्य का वास है। घट-घट में राम का संदेश जहां से मिलता है, वह तुलसी साहिब आश्रम हम सबकी आस्था का विश्वास है।” कवि सम्मेलन की सफल व्यवस्था में पंडित मुकेश शर्मा का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर पंडित ऋषि कौशिक, पंडित अविनाश पचौरी, डॉ. अनार सिंह, विजय गुप्ता, जीवन लाल शर्मा, नवीन वार्ष्णेय, दीप्ति वार्ष्णेय, विष्णु कुमार, प्रशांत कुमार, पूजा वर्मा, गोलू, कपिल नरूला, संतोष उपाध्याय, ललित कुमार सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। देश के विभिन्न प्रांतों से पधारे हजारों श्रद्धालुओं एवं संत तुलसी साहिब के भक्तों ने कवि सम्मेलन का भरपूर आनंद लिया। अंत में व्यवस्थापक पंडित मुकेश शर्मा ने सभी अतिथियों, कवियों एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।
हाथरस। भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) ने कर्मचारियों, श्रमिकों एवं असंगठित क्षेत्र से जुड़े कामगारों की विभिन्न समस्याओं को लेकर गुरुवार को जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश को संबोधित 20 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि महंगाई, बेरोजगारी और सरकारी उपेक्षा के कारण कर्मचारी एवं श्रमिक वर्ग गंभीर समस्याओं का सामना कर रहा है। संगठन ने आरोप लगाया कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, आशा एवं आशा संगिनी, संविदा एवं आउटसोर्सिंग कर्मियों, सफाई कर्मचारियों तथा एनएचएम कर्मियों सहित विभिन्न वर्गों को समय पर वेतन, सामाजिक सुरक्षा और अन्य सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। साथ ही 108 एवं 102 एंबुलेंस के बर्खास्त कर्मचारियों की बहाली, पटरी-रेहड़ी दुकानदारों के उत्पीड़न पर रोक, असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा तथा सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन बहाल करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
बीएमएस ने अपने 20 सूत्रीय ज्ञापन में आठवें वेतन आयोग की सिफारिशों को 1 जनवरी 2026 से लागू करने, न्यूनतम वेतनमान ₹72,000 निर्धारित करने, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के मानदेय में वृद्धि, संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण, सफाई कर्मचारियों को न्यूनतम ₹18,000 वेतन, मिड-डे मील कर्मचारियों का मानदेय ₹10,000 करने, रिक्त सरकारी पदों पर शीघ्र भर्ती, पत्रकारों को सुरक्षा बीमा एवं सामाजिक सुरक्षा तथा श्रम विभाग की समितियों में श्रमिक संगठनों को प्रतिनिधित्व देने सहित अन्य मांगें रखीं। इस अवसर पर भारतीय मजदूर संघ के जिला उपाध्यक्ष हिमांशु शर्मा के साथ रचित पाठक, आर्यन उपाध्याय, आकाश शर्मा, सक्षम शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।