Breaking News
साइबर पुलिस का बड़ा खुलासा 7.40 करोड़ की ऑनलाइन ट्रेडिंग ठगी से जुड़े म्यूल अकाउंट गैंग के 4 सदस्य गिरफ्तार

इंस्टाग्राम-फेसबुक पर ट्रेडिंग का लालच देकर खुलवाते थे बैंक खाते, विभिन्न राज्यों की साइबर ठगी की 80.88 लाख रुपये की रकम हाथरस के खाते में हुई ट्रांसफर

हाथरस। थाना साइबर क्राइम पुलिस ने ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर देशभर में साइबर ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे इंस्टाग्राम और फेसबुक पर निवेश का लालच देकर लोगों से बैंक खाते खुलवाता था और उन्हीं खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम को ट्रांसफर करने के लिए किया जाता था।

पुलिस के अनुसार ऑपरेशन वज्र के तहत एनसीआरपी पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की जांच में बैंक ऑफ महाराष्ट्र के एक चालू खाते को संदिग्ध पाया गया। जांच में पता चला कि तमिलनाडु, बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और तेलंगाना सहित विभिन्न राज्यों में हुई 7 करोड़ 40 लाख 61 हजार 233 रुपये की साइबर ठगी से जुड़े मामलों में इस खाते का उपयोग धनराशि की लेयरिंग के लिए किया गया। इनमें से 80 लाख 88 हजार 945 रुपये हाथरस स्थित इस खाते में ट्रांसफर हुए थे।

तकनीकी साक्ष्यों, बैंक ट्रांजेक्शन, मोबाइल नंबर, ई-मेल, जीएसटी पंजीकरण और डिजिटल ट्रेल के विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में मास्टरमाइंड मनीष गौतम ने बताया कि वह लोगों को लालच देकर फर्जी फर्म के नाम पर चालू खाते खुलवाता था और प्रत्येक खाते के बदले उसे दो लाख रुपये मिलते थे। खाताधारकों और मोबाइल नंबर उपलब्ध कराने वालों को भी रुपये दिए जाते थे।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सत्यवीर सिंह, अर्जुन सिंह, मनीष गौतम और आकाश कुमार के रूप में की है। आरोपियों के खिलाफ थाना साइबर क्राइम में बीएनएस की धारा 318(4), 111(4) तथा आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत मुकदमा दर्ज है।

पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों और इनके नेटवर्क से जुड़े बड़े साइबर अपराधियों की तलाश जारी है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन सम्मेलन में गूंजी भारतीय श्रमिकों की आवाज

हाथरस। दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में आयोजित अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन (ILO) के सम्मेलन में ऑल इंडिया डिफेंस इंप्लाइज फेडरेशन (AIDEF) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एस.एन. पाठक ने श्रमिकों एवं कर्मचारियों से जुड़ी महत्वपूर्ण समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने ट्रेड यूनियन अधिकारों में किए जा रहे बदलावों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि श्रमिक हितों की रक्षा के लिए ऐसे प्रयासों को रोकना आवश्यक है।


उन्होंने कहा कि श्रमिकों के सम्मानजनक कार्य वातावरण, उनके अधिकारों की सुरक्षा तथा श्रमिक संगठनों की भूमिका को और अधिक सशक्त बनाए जाने की आवश्यकता है। श्री पाठक ने आरोप लगाया कि विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से निजीकरण को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गोला-बारूद और हथियार निर्माण जैसे रणनीतिक सुरक्षा संस्थानों को भी निजी कंपनियों के हवाले किया जा रहा है, जो गंभीर चिंता का विषय है।
उन्होंने यह भी कहा कि पूंजीपतियों के प्रभाव में श्रम कानूनों में व्यापक बदलाव किए जा रहे हैं, जिससे श्रमिकों के अधिकार प्रभावित हो सकते हैं। ऐसे समय में सभी श्रमिकों एवं कर्मचारी संगठनों को एकजुट होकर अपने अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्षरत रहने की आवश्यकता है।
यह जानकारी डॉ. जितेंद्र स्वरूप शर्मा ‘फौजी’ (AIDEF) द्वारा दी गई।

नंद के आनंद भयो जय कन्हैया लाल की जयघोष से गुंजायमान हुई श्रीकृष्ण गौशाला, भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव एवं श्रीराम जन्मोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया

हाथरस। श्रीकृष्ण गौशाला, गौशाला रोड, हाथरस स्थित गौमाता, श्री गिरिराज भगवान की पावन सानिध्य में श्याम गंगा इंडस्ट्रीज़ एवं श्याम गंगा एंटरप्राइजेज द्वारा आयोजित सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञानयज्ञ के चतुर्थ दिवस परम पूज्य आचार्य श्री वल्लभ जी महाराज ने भगवान वामन अवतार, श्रीराम जन्म एवं भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का अत्यंत भावपूर्ण एवं रसमय वर्णन किया।


कथाव्यास ने कहा कि जब-जब पृथ्वी पर अधर्म बढ़ता है, तब-तब भगवान अपने भक्तों की रक्षा एवं धर्म की स्थापना के लिए अवतार धारण करते हैं। भगवान श्रीराम ने मर्यादा पुरुषोत्तम के रूप में धर्म, सत्य और आदर्श जीवन का संदेश दिया, वहीं भगवान श्रीकृष्ण ने प्रेम, भक्ति, नीति और कर्मयोग का दिव्य उपदेश देकर संपूर्ण मानवता का मार्गदर्शन किया।
कथा के दौरान भगवान श्रीराम जन्म एवं भगवान श्रीकृष्ण जन्म के पावन प्रसंग का वर्णन होते ही संपूर्ण कथा पंडाल भक्तिरस में डूब गया। जैसे ही रात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का प्रसंग आया, पूरा वातावरण “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की”, “हाथी-घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की” तथा “जय श्रीकृष्ण” के जयघोषों से गुंजायमान हो उठा।
भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर सुंदर झाँकी सजाई गई। बाल गोपाल का पंचामृत से अभिषेक एवं महाआरती सम्पन्न हुई। श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान के जन्म का उत्सव अत्यंत हर्षोल्लास, भक्ति एवं उत्साह के साथ मनाया। उपस्थित महिला-पुरुष श्रद्धालु भजन-कीर्तन पर झूम उठे और पूरे कथा पंडाल में नंदोत्सव जैसा दिव्य वातावरण दिखाई दिया।लाला के जन्म के बाद भक्तों ने खूब सामान लुटाया और अनेक भक्त अपनी यहां से झोलियां भर के गए। बच्चों में भी काफी उत्साह नजर आया बच्चे कृष्ण जन्म से आनंद आनंद थे।


आचार्य श्री वल्लभ जी महाराज ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का अवतार केवल कंस वध के लिए नहीं, बल्कि धर्म की पुनर्स्थापना, भक्तों की रक्षा और प्रेम-भक्ति का संदेश देने के लिए हुआ था। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति श्रद्धा एवं विश्वास के साथ भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव में सम्मिलित होकर उनके नाम का स्मरण करता है, उसके जीवन में सुख, शांति और भगवान की कृपा का संचार होता है।
श्रीकृष्ण गौशाला का विशाल कथा पंडाल श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा। हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम एवं श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का आनंद लिया और कथा का अमृतपान कर अपने जीवन को धन्य बनाया।
इस अवसर पर आयोजन समिति के श्री गोविंद बल्लभ जी ने बताया कि मंगलवार, 22 जुलाई को कथा के पंचम दिवस भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाएँ, माखन चोरी, गोवर्धन पूजा एवं छप्पन भोग महोत्सव अत्यंत धूमधाम एवं भक्तिभाव के साथ आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने समस्त श्रद्धालुओं से सपरिवार उपस्थित होकर भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं एवं छप्पन भोग महोत्सव का पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की।
इस अवसर पर गिरराज किशोर अग्रवाल,अजय अग्रवाल,विष्णु अग्रवाल,अनुपम अग्रवाल,आयुष्मान बंसल,कुशाग्र बंसल,पंकज खंडेलवाल,गोविंद वल्लभ,श्यामसुंदर शर्मा (बंटी भैया),पवन अग्रवाल,डॉ. रघुकुल दुबे,शिवशंकर (साइकिल वाले)
अनुप अग्रवाल (उदय केमिकल), प्रशांत बग्गा(प्रशांत ट्रेडिंग कंपनी), अन्नी वार्ष्णेय, शैलेश अग्रवाल,पुष्पलता अग्रवाल,सीमा,शीतल,रेनू अग्रवाल,मीनाक्षी शर्मा,राशि,संगीता,रश्मि जैन,विनीता दुबे,सीमा मित्तल,नीमा अग्रवाल,अचल अग्रवाल,बीनू मित्तल,विनीता गर्ग,ललित किशोर अग्रवाल, राजकुमारी अग्रवाल
सहित समस्त व्यवस्थापक मंडल एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

बागला संयुक्त जिला चिकित्सालय में ऑक्सीजन प्लांट पर स्थापित प्रेशर बूस्टर सिस्टम का सदर विधायक ने किया फीता काटकर शुभारंभ

हाथरस। जनपद के बागला संयुक्त जिला चिकित्सालय में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए प्रधानमंत्री केयर्स फंड से निर्मित ऑक्सीजन प्लांट पर स्थापित प्रेशर बूस्टर सिस्टम का शुभारंभ मा0 विधायक सदर श्रीमती अंजुला सिंह माहौर, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह एवं जिलाधिकारी अतुल वत्स ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने बताया कि जिला प्रशासन की सकारात्मक पहल से जिला अस्पताल में मरीजों की सुविधा के लिए ऑक्सीजन सिलेंडरों की रिफिलिंग की व्यवस्था अब अस्पताल परिसर में ही संचालित की जाएगी। प्रेशर बूस्टर सिस्टम के माध्यम से ऑक्सीजन प्लांट से सीधे सिलेंडरों में ऑक्सीजन भरी जा सकेगी, जिससे बाहरी एजेंसियों पर निर्भरता कम होगी, समय की बचत होगी तथा अनावश्यक व्यय में भी कमी आएगी। कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों ने बूस्टर सिस्टम के माध्यम से ऑक्सीजन सिलेंडर भरकर उसका सफल प्रदर्शन भी किया।


इसके उपरांत मा0 विधायक सदर, मा0 जिलाध्यक्ष एवं जिलाधिकारी ने बागला संयुक्त जिला चिकित्सालय परिसर में संचालित एम.डी.टी.वी. अस्पताल में प्रस्तावित नई इमरजेंसी व्यवस्था का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि वर्तमान में जिला अस्पताल की आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं सीमित स्थान में संचालित हो रही हैं। बढ़ती मरीज संख्या के दृष्टिगत इमरजेंसी कक्ष का विस्तार किया जा रहा है, जिससे अधिक संख्या में मरीजों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा तथा आवश्यकता अनुसार उन्हें संबंधित वार्डों में शीघ्र स्थानांतरित किया जा सकेगा। जिलाधिकारी ने कहा कि नई एवं विस्तारित इमरजेंसी व्यवस्था के संचालन से जनपदवासियों को बेहतर, सुलभ एवं प्रभावी आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। इससे गंभीर मरीजों के उपचार की क्षमता में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी और अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ एवं व्यवस्थित बनेगी।

इस दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक सहित अन्य चिकित्साधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कल होगा भगवान श्रीराम जन्मोत्सव व श्रीकृष्ण जन्मोत्सव , श्रीमद्भागवत कथा के तृतीय दिवस ध्रुव चरित्र, पृथु चरित्र एवं श्रीनृसिंह अवतार की कथा सुन श्रद्धालु हुए भावविभोर

हाथरस। श्रीकृष्ण गौशाला, गौशाला रोड, हाथरस स्थित गौमाता, श्री गिरिराज भगवान के पावन सानिध्य में श्याम गंगा इंडस्ट्रीज एवं श्याम गंगा एंटरप्राइजेज द्वारा आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञानयज्ञ के तृतीय दिवस परम पूज्य आचार्य श्री वल्लभ जी महाराज ने ध्रुव चरित्र, महाराज पृथु चरित्र, अजामिल उपाख्यान, भक्त प्रह्लाद एवं भगवान श्रीनृसिंह अवतार की दिव्य एवं प्रेरणादायी लीलाओं का भावपूर्ण वर्णन किया।
कथाव्यास ने ध्रुव चरित्र का वर्णन करते हुए कहा कि पाँच वर्ष के बालक ध्रुव ने अपमान को तपस्या का संकल्प बनाया और भगवान श्रीहरि की कठोर आराधना कर ध्रुवपद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि दृढ़ निश्चय, अटूट श्रद्धा और भगवान के प्रति समर्पण से असंभव कार्य भी संभव हो जाते हैं। भगवान अपने सच्चे भक्त की पुकार अवश्य सुनते हैं।


इसके उपरांत महाराज पृथु चरित्र का वर्णन करते हुए आचार्य श्री ने कहा कि आदर्श राजा वही है जो अपनी प्रजा को संतान के समान मानकर उसके सुख-दुःख का ध्यान रखे। धर्म, न्याय और लोककल्याण की भावना ही सच्चे नेतृत्व का आधार है। महाराज पृथु ने अपने आदर्श शासन से समस्त प्रजा का पालन-पोषण कर धर्म की स्थापना की।
कथा में अजामिल उपाख्यान का वर्णन करते हुए महाराज श्री ने बताया कि भगवान के नाम का स्मरण कभी व्यर्थ नहीं जाता। अंत समय में भी श्रद्धापूर्वक भगवान का नाम लेने से जीव का कल्याण होता है।
इसके पश्चात भक्त प्रह्लाद एवं भगवान श्रीनृसिंह अवतार की पावन लीला का वर्णन करते हुए कहा कि भगवान अपने भक्तों की रक्षा के लिए किसी भी रूप में अवतरित हो सकते हैं। जब अत्याचारी हिरण्यकशिपु ने भक्त प्रह्लाद पर अनेक अत्याचार किए, तब भगवान श्रीहरि ने श्रीनृसिंह अवतार धारण कर अपने भक्त की रक्षा की और अधर्म का विनाश किया। यह प्रसंग हमें सिखाता है कि सच्चे भक्त की रक्षा स्वयं भगवान करते हैं तथा अंततः सत्य और धर्म की ही विजय होती है।
कथा के दौरान श्रीकृष्ण गौशाला का विशाल कथा पंडाल श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा। उपस्थित श्रद्धालु पूरे समय भक्ति रस में सराबोर होकर कथा का आनंद लेते रहे।
इस अवसर पर आयोजन समिति के श्री गोविंद बल्लभ जी ने बताया कि सोमवार, 21 जुलाई को कथा के चतुर्थ दिवस भगवान श्रीराम जन्मोत्सव एवं भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव अत्यंत हर्षोल्लास, भक्ति एवं उत्साह के साथ मनाया जाएगा। भगवान श्रीराम एवं श्रीकृष्ण के जन्म के दिव्य प्रसंगों के साथ आकर्षक झाँकियाँ प्रस्तुत की जाएँगी तथा श्रद्धालुओं को जन्मोत्सव का अलौकिक आनंद प्राप्त होगा।
आयोजन में गिरराज किशोर अग्रवाल,अजय अग्रवाल,विष्णु अग्रवाल,अनुपम अग्रवाल,आयुष्मान बंसल,कुशाग्र बंसल,पंकज खंडेलवाल,गोविंद वल्लभ,श्यामसुंदर शर्मा (बंटी भैया),पवन अग्रवाल,डॉ. रघुकुल दुबे,शिवशंकर (साइकिल वाले)
अनुप अग्रवाल (उदय केमिकल), प्रशांत बग्गा(प्रशांत ट्रेडिंग कंपनी), अन्नी वार्ष्णेय, शैलेश अग्रवाल,पुष्पलता अग्रवाल,सीमा,शीतल,रेनू अग्रवाल,मीनाक्षी शर्मा,राशि,संगीता,रश्मि जैन,विनीता दुबे,सीमा मित्तल,नीमा अग्रवाल,अचल अग्रवाल,बीनू मित्तल,विनीता गर्ग , ललित किशोर अग्रवाल, राजकुमारी अग्रवाल सहित समस्त व्यवस्थापक मंडल एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

भगवान श्रीराम जन्मोत्सव एवं श्रीकृष्ण जन्मोत्सव कल

आयोजन समिति ने समस्त श्रद्धालुओं से मंगलवार, 21 जुलाई को सपरिवार उपस्थित होकर भगवान श्रीराम जन्मोत्सव एवं श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के दिव्य उत्सव का पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है।

भारत विकास परिषद ने आयोजित किया पारिवारिक मिलन एवं युवा संस्कार कार्यक्रम ,जलविहार व मनोरंजक खेल प्रतियोगिताये हुई

हाथरस। भारत विकास परिषद, हाथरस शाखा द्वारा मथुरा रोड स्थित सुंदर बाग में एडवोकेट भोला शंकर अग्रवाल एवं सुंदर बाग के स्वामी कपिल अग्रवाल के सहयोग से संपर्क एवं पारिवारिक मिलन, कुटुंब प्रबोधन तथा युवा संस्कार विषय पर एक दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को आकर्षक एवं मनोरंजक बनाने के लिए जलविहार तथा विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया।


कार्यक्रम का शुभारंभ जीएसटी अधिकारी सुरेन्द्र कुमार वर्मा, शाखा संरक्षक आर.सी. नरूला, राकेश मोहन वशिष्ठ, डॉ. बी.पी. सिंह, दिनेश सेकसरिया, शाखा अध्यक्ष जय शर्मा, प्रांतीय गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन प्रभारी तरुण शर्मा, व्यापार मंडल फेम के मंडल संयोजक एवं जिलाध्यक्ष सुरेश अग्रवाल, विश्व हिन्दू परिषद के जिला मंत्री प्रवीण खंडेलवाल, नगर अध्यक्ष संजय गर्ग, नगर मंत्री विजय गुप्ता, अखिल भारतीय वार्ष्णेय महिला एसोसिएशन की डिम्पल वार्ष्णेय एवं पूजा वार्ष्णेय, रोटरी क्लब की विनीता, एडीएचआर के बाल प्रकाश वार्ष्णेय तथा वर्षा सहित अन्य अतिथियों ने भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर किया।
इस अवसर पर डॉ. बी.पी. सिंह एवं राकेश मोहन वशिष्ठ ने कुटुंब प्रबोधन पर अपने विचार व्यक्त किए। वहीं ऋषि कुमार वार्ष्णेय एवं तरुण शर्मा ने युवाओं को मोबाइल के दुष्प्रभावों से बचने और संस्कारयुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान सभी ने स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लिया, जलविहार किया तथा विभिन्न मनोरंजक खेल प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिताओं के सफल संचालन में अविनाश सिंह, राजकुमार वार्ष्णेय, प्रदीप वार्ष्णेय, आशीष रस्तोगी एवं जिया रस्तोगी का विशेष सहयोग रहा। प्रतियोगिताओं में बाल प्रकाश, वर्षा, ऋषि-संगीता, डिम्पल-प्रदीप तथा राजकुमार-पूजा विजेता रहे।
कार्यक्रम में रिचा खंडेलवाल, संजीव सेंगर, ज्योति सिंह, प्रियंका शर्मा, सृष्टि शर्मा, ममता गर्ग, सीमा अग्रवाल, संगीता वार्ष्णेय, नवीन शर्मा, दीपक भारद्वाज, डॉ. नितिन मिश्रा, रति मिश्रा, उद्भव कृष्ण शर्मा, वंदना शर्मा, अंकित टालीवाल, हिमांशु शर्मा, अमिता सिंह सहित बड़ी संख्या में सदस्य एवं परिवारजन उपस्थित रहे।

सदर विधायक के प्रयास से दाऊजी मंदिर प्रांगण के बाहर ऑडिटोरियम निर्माण के प्रस्ताव को मिली स्वीकृति ,पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ने की अलीगढ़ मंडल के चारों जनपदों की समीक्षा

हाथरस। उत्तर प्रदेश सरकार के मा0 कैबिनेट मंत्री, पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग श्री जयवीर सिंह की अध्यक्षता में आयुक्त सभागार, अलीगढ़ मंडल में अलीगढ़ मंडल के चारों जनपदों की पर्यटन एवं धर्मार्थ कार्य विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 में संचालित कार्यों की प्रगति तथा वित्तीय वर्ष 2026-27 की प्रस्तावित कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान जनपद हाथरस में पर्यटन विभाग के अंतर्गत संचालित सभी परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए मा0 कैबिनेट मंत्री जी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वीकृत सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है तथा इन परियोजनाओं से स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
मा0 मंत्री श्री जयवीर सिंह ने निर्देश दिए कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए सभी विधानसभा क्षेत्रों से संबंधित मा0 जनप्रतिनिधियों द्वारा प्राप्त प्रस्तावों को प्राथमिकता के आधार पर कार्ययोजना में सम्मिलित किया जाए। उन्होंने वर्ष 2022 में मा० विधायक सदर श्रीमती अंजुला सिंह माहौर द्वारा प्रस्तुत दाऊजी मंदिर प्रांगण के बाहर ऑडिटोरियम निर्माण के प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की। बैठक में धर्मार्थ कार्य विभाग के अंतर्गत दो महत्वपूर्ण योजनाओं को भी स्वीकृति प्रदान की गई। साथ ही वित्तीय वर्ष 2026-27 हेतु लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा विभिन्न सड़क मार्गों के संबंध में प्रेषित प्रस्तावों का भी अनुमोदन किया गया।
मा0 कैबिनेट मंत्री ने संबंधित कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में एक करोड़ रुपये से कम लागत वाले सभी स्वीकृत कार्यों को आगामी नवंबर माह तक अनिवार्य रूप से पूर्ण किया जाए, ताकि आमजन को समय पर उनका लाभ मिल सके।
उन्होंने जिला पर्यटन सूचना अधिकारी को निर्देश दिए कि जनपद के सभी विधानसभा क्षेत्रों के मा0 सांसद एवं मा0 विधायकगणों से समन्वय स्थापित कर पर्यटन एवं धर्मार्थ विभाग की योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाए तथा वित्तीय वर्ष 2026-27 में स्वीकृत परियोजनाओं के भूमि पूजन
कार्य 01 सप्ताह में माननीय जनप्रतिनिधिगणों की उपस्थिति में करते हुए कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए
बैठक के दौरान मा0 जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रस्तुत विभिन्न पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों के विकास संबंधी प्रस्तावों पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। मा० सांसद हाथरस अनूप प्रधान (वाल्मीकि) द्वारा विकास खंड हाथरस की ग्राम पंचायत परसरा स्थित परशुराम आश्रम के सौंदर्यीकरण एवं पर्यटन विकास कार्य का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया। मा० विधायक हाथरस श्रीमती अंजुला सिंह माहौर ने जनपद हाथरस के आर्य नगर, दक्कपुरा रोड स्थित आर्य समाज मंदिर परिसर में बहुउद्देशीय हॉल, यात्री शेड, सुलभ प्रसाधन, पेयजल व्यवस्था एवं बेंच उपलब्ध कराने का प्रस्ताव रखा। मा० विधायक सिकन्दराराऊ श्री वीरेन्द्र सिंह राणा द्वारा ग्राम नगला विजन बरामई स्थित प्राचीन श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर के विकास हेतु बहुउद्देशीय हॉल, सुलभ प्रसाधन, सोलर लाइट, बेंच, पेयजल व्यवस्था एवं इंटरलॉकिंग पथ निर्माण का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया। इसके अतिरिक्त उन्होंने पुरदिलनगर स्थित श्री ललिता माता मंदिर पर भी बहुउद्देशीय हॉल, सुलभ प्रसाधन, सोलर लाइट, बेंच, पेयजल व्यवस्था एवं इंटरलॉकिंग पथ के निर्माण का प्रस्ताव रखा। इसी क्रम में मा0 विधायक सादाबाद प्रदीप कुमार सिंह ने विधानसभा क्षेत्र सादाबाद की ग्राम पंचायत मीरपुर स्थित प्राचीन राधा-कृष्ण मंदिर पर सुलभ प्रसाधन, बहुउद्देशीय हॉल एवं बेंच निर्माण का प्रस्ताव प्रस्तुत किया, जिसे प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक में अधिकारियों द्वारा जनपदवार परियोजनाओं की प्रगति, प्रस्तावित योजनाओं एवं विकास कार्यों का विस्तृत प्रस्तुतिकरण किया गया। मा0 कैबिनेट मंत्री जयवीर सिंह ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि पर्यटन एवं धार्मिक स्थलों से संबंधित सभी परियोजनाओं को आपसी समन्वय, समयबद्धता एवं गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराया जाए, जिससे प्रदेश सरकार की पर्यटन विकास संबंधी प्राथमिकताओं को प्रभावी रूप से धरातल पर उतारा जा सके।

बूलगढ़ी गांव में हुई दुर्घटना में न फंसे कोई निर्दोष ,निष्पक्ष जांच की मांग ,राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा (राम) पार्टी ने दिया एसपी को ज्ञापन

हाथरस। अधिकार मोर्चा राम (पार्टी ) द्वारा पार्टी के जिलाध्यक्ष विजय शर्मा व महासचिव/प्रभारी निशांत उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक को एक ज्ञापन दिया।यह ज्ञापन गांव बूलगढ़ी थाना चंदपा में हुई दुर्घटना के प्रकरण में निष्पक्ष जांच कर निर्दोष व्यक्तियों को न्याय दिलाने के संबंध में था ।

ज्ञापन में उक्त घटना की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। जांच पूरी होने तक किसी भी निर्दोष व्यक्ति साथ अन्याय न होने दिया जाए।अगर किसी को गलत तरीके से अभियुक्त बनाया गया हे तो उसके विरुद्ध की गई कार्यवाही की निष्पक्ष तरीके से समीक्षा की जाए।जांच के आधार पर वास्तविक दोषियों के विरुद्ध विधिसमस्त कार्यवाही की जाए। ज्ञापन देने बालों मुख्य रूप से जिलाध्यक्ष विजय शर्मा,जिला महासचिव/प्रभारी निशांत उपाध्याय,जिला उपाध्यक्ष पूनम शर्मा,जिला उपाध्यक्ष सौरभ पराशर,जिला उपाध्यक्ष दीनदयाल शर्मा दीनू पंडित,जिला उपाध्यक्ष अरुण शर्मा,जिला सचिव प्रदीप शर्मा,जिला सचिव अभिषेक पाठक,जिला सचिव मनोज उपाध्याय,जिला सचिव धर्मेन्द्र कुमार,कुमकुम चौहान जिला उपाध्यक्ष महिला मोर्चा,नगर अध्यक्ष सासनी कालू पंडित,नगर अध्य्क्ष सादाबाद सोनू गौतम,जिलाध्यक्ष गो रक्षा प्रकोष्ठ धर्मपाल उपाध्याय,ललितेश शर्मा जिला महामंत्री,जिला कार्यकारणी सदस्य जय नारायण शर्मा,जिला कार्यकारणी सदस्य ऋषभ शर्मा,हरेन्द्र उपाध्याय,यश पचौरी युवा मोर्चा,ऋषभ गौतम,अजीत कुमार,अजय शर्मा,आदि दर्जनो की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।

प्रमुख व्यवसायी राकेश ‘काके’ सक्सेना को भावभीनी श्रद्धांजलि, टेंट व्यापारियों ने शोक सभा आयोजित की

हाथरस। जिले के प्रमुख व्यवसायी एवं काके सक्सेना टेंट, लाइट एवं केटर्स के स्वामी श्री राकेश सक्सेना (काके बाबू) के सड़क दुर्घटना में आकस्मिक निधन पर जिला हाथरस टेंट, लाइट, केटर्स, फूल एवं साउंड व्यापारी एसोसिएशन द्वारा भावभीनी श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया।
अलीगढ़ रोड स्थित कोठीवाल धर्मशाला (हाथरस गेट थाने के सामने) में आयोजित शोक सभा की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश टेंट व्यापारी एसोसिएशन के युवा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं जिला अध्यक्ष अवधेश पंडा ने की। सभा में जिले की सभी तहसीलों एवं कस्बों के साथ-साथ अन्य जिलों से भी पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


शोक सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश संगठन मंत्री एवं जिला कोषाध्यक्ष पंडित शीलेंद्र कुमार शर्मा ने कहा कि राकेश सक्सेना ने अपने परिश्रम, ईमानदारी और कार्यकुशलता से हाथरस के टेंट एवं लाइट व्यवसाय को नई पहचान दिलाई। उन्होंने कहा कि श्री दाऊजी महाराज एवं रेवती मैया मंदिर पर लगने वाले प्रसिद्ध बलदेव छठ मेले की भव्य टेंट एवं लाइट सजावट का कार्य पहले बाहरी ठेकेदार करते थे, लेकिन काके सक्सेना ने इस जिम्मेदारी को संभालते हुए वर्षों तक सफलतापूर्वक कार्य किया और मेले का सरकारी ठेका भी लिया। उन्होंने कम समय में जिस स्तर का कारोबार स्थापित किया, वह पूरे व्यापार जगत के लिए प्रेरणादायक है।
वक्ताओं ने कहा कि उनके असामयिक निधन से न केवल उनका परिवार बल्कि पूरा टेंट, लाइट एवं केटर्स व्यापारी समाज गहरे शोक में है। एसोसिएशन ने शासन-प्रशासन से शोकाकुल परिवार को अधिकतम आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग करते हुए मुख्यमंत्री एवं जिलाधिकारी से संवेदनशीलता के साथ सहयोग करने का आग्रह किया।
सभा के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में धैर्य और संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
शोक सभा में प्रमुख रूप से उपस्थित रहे:
रामशरण नरूला, मुरारी लाल पचौरी, गोपाल वार्ष्णेय, आशीष शर्मा, रिंकू सिंह (लाइट वाले), पं. शीलेंद्र कुमार शर्मा, हरिमोहन पाठक, अनिल दीक्षित, अवधेश पंडा, दुर्गेश ओछा (सादाबाद), विष्णु शर्मा, नवल किशोर अग्रवाल, आकाश दीक्षित, रानू शर्मा (सिकंदराऊ), अनिल कुमार सिंह, विनीत वार्ष्णेय, जोली पंडित, स्वामीदास हलवाई, हरीकिशोर नरूला, हरिवंश अरोरा, पवन शर्मा (लाइट वाले) सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं समाजसेवी मौजूद रहे।

सादाबाद में बूथ सम्मेलन की तैयारियों को लेकर भाजपा की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न

  • नगर पंचायत चेयरमैन श्रीमती हेमलता अग्रवाल के कार्यालय पर जुटे वरिष्ठ पदाधिकारी
  • 22 जुलाई को उत्सव गार्डन सादाबाद में होने वाले विधानसभा सादाबाद का बूथ अध्यक्ष सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने की बनी रणनीति

सादाबाद (हाथरस)। भारतीय जनता पार्टी मंडल सादाबाद द्वारा आगामी 22 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाले विशाल ‘बूथ सम्मेलन’ की भव्य तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक नगर पंचायत सादाबाद की चेयरमैन श्रीमती हेमलता अग्रवाल के कार्यालय पर संपन्न हुई, जिसमें संगठन की मजबूती और कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से मंथन किया गया।

बैठक में मुख्य रूप से उपस्थित जिला उपाध्यक्ष सुनील गौतम व भाजपा मंडल महामंत्री व उत्तर प्रदेश शासन द्वारा नगर पंचायत सादाबाद के मनोनीत सभासद चरन सिंह सागर ने बताया कि संगठन की असली शक्ति बूथ स्तर पर ही निहित होती है। उन्होंने कहा कि “संगठन सर्वोपरि — बूथ सशक्त, भाजपा सशक्त” के मूल मंत्र के साथ हर बूथ, हर कार्यकर्ता और हर मतदाता तक पहुंचना ही पार्टी का मुख्य लक्ष्य है।

बैठक के दौरान उपस्थित मंडल अध्यक्ष, मंडल महामंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने बूथ सम्मेलन को सफल, प्रभावी और ऐतिहासिक बनाने के लिए रणनीति तैयार की। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि संगठन की शक्ति बूथ से ही प्रारंभ होती है, इसलिए प्रत्येक बूथ को सशक्त बनाकर भारतीय जनता पार्टी के संगठन को और अधिक मजबूत करना सभी का दायित्व है। बैठक में कार्यक्रम को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं।

इस अवसर पर क्षेत्र के प्रमुख भाजपा पदाधिकारी, सम्मानित मंडल अध्यक्ष, वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक मुख्य रूप से उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में आगामी 22 जुलाई के सम्मेलन को पूरी ऊर्जा के साथ सफल बनाने का संकल्प लिया।
जिसमें मुख्य रूप से जिला उपाध्यक्ष सुनील गौतम मंडल अध्यक्ष अंकुश गौड़ मंडल महामंत्री चरन सिंह सागर चेयरमैन प्रतिनिधि राधा रमन अग्रवाल प्रदेश परिषद सदस्य हेमंत गौतम हर स्वरूप वर्मा अनिल पाराशर उर्फ डब्बू बबलू गौतम यतेंद्र शर्मा पवन अग्रवाल हाफिज शब्बीर अहमद गिरीश शर्मा जितेंद्र गौतम अगर लाल वाल्मीकि अंकित सागर आदि लोग मौजूद रहे

You cannot copy content of this page