Breaking News
कल होगा भगवान श्रीराम जन्मोत्सव व श्रीकृष्ण जन्मोत्सव , श्रीमद्भागवत कथा के तृतीय दिवस ध्रुव चरित्र, पृथु चरित्र एवं श्रीनृसिंह अवतार की कथा सुन श्रद्धालु हुए भावविभोर

हाथरस। श्रीकृष्ण गौशाला, गौशाला रोड, हाथरस स्थित गौमाता, श्री गिरिराज भगवान के पावन सानिध्य में श्याम गंगा इंडस्ट्रीज एवं श्याम गंगा एंटरप्राइजेज द्वारा आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञानयज्ञ के तृतीय दिवस परम पूज्य आचार्य श्री वल्लभ जी महाराज ने ध्रुव चरित्र, महाराज पृथु चरित्र, अजामिल उपाख्यान, भक्त प्रह्लाद एवं भगवान श्रीनृसिंह अवतार की दिव्य एवं प्रेरणादायी लीलाओं का भावपूर्ण वर्णन किया।
कथाव्यास ने ध्रुव चरित्र का वर्णन करते हुए कहा कि पाँच वर्ष के बालक ध्रुव ने अपमान को तपस्या का संकल्प बनाया और भगवान श्रीहरि की कठोर आराधना कर ध्रुवपद प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि दृढ़ निश्चय, अटूट श्रद्धा और भगवान के प्रति समर्पण से असंभव कार्य भी संभव हो जाते हैं। भगवान अपने सच्चे भक्त की पुकार अवश्य सुनते हैं।


इसके उपरांत महाराज पृथु चरित्र का वर्णन करते हुए आचार्य श्री ने कहा कि आदर्श राजा वही है जो अपनी प्रजा को संतान के समान मानकर उसके सुख-दुःख का ध्यान रखे। धर्म, न्याय और लोककल्याण की भावना ही सच्चे नेतृत्व का आधार है। महाराज पृथु ने अपने आदर्श शासन से समस्त प्रजा का पालन-पोषण कर धर्म की स्थापना की।
कथा में अजामिल उपाख्यान का वर्णन करते हुए महाराज श्री ने बताया कि भगवान के नाम का स्मरण कभी व्यर्थ नहीं जाता। अंत समय में भी श्रद्धापूर्वक भगवान का नाम लेने से जीव का कल्याण होता है।
इसके पश्चात भक्त प्रह्लाद एवं भगवान श्रीनृसिंह अवतार की पावन लीला का वर्णन करते हुए कहा कि भगवान अपने भक्तों की रक्षा के लिए किसी भी रूप में अवतरित हो सकते हैं। जब अत्याचारी हिरण्यकशिपु ने भक्त प्रह्लाद पर अनेक अत्याचार किए, तब भगवान श्रीहरि ने श्रीनृसिंह अवतार धारण कर अपने भक्त की रक्षा की और अधर्म का विनाश किया। यह प्रसंग हमें सिखाता है कि सच्चे भक्त की रक्षा स्वयं भगवान करते हैं तथा अंततः सत्य और धर्म की ही विजय होती है।
कथा के दौरान श्रीकृष्ण गौशाला का विशाल कथा पंडाल श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा। उपस्थित श्रद्धालु पूरे समय भक्ति रस में सराबोर होकर कथा का आनंद लेते रहे।
इस अवसर पर आयोजन समिति के श्री गोविंद बल्लभ जी ने बताया कि सोमवार, 21 जुलाई को कथा के चतुर्थ दिवस भगवान श्रीराम जन्मोत्सव एवं भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव अत्यंत हर्षोल्लास, भक्ति एवं उत्साह के साथ मनाया जाएगा। भगवान श्रीराम एवं श्रीकृष्ण के जन्म के दिव्य प्रसंगों के साथ आकर्षक झाँकियाँ प्रस्तुत की जाएँगी तथा श्रद्धालुओं को जन्मोत्सव का अलौकिक आनंद प्राप्त होगा।
आयोजन में गिरराज किशोर अग्रवाल,अजय अग्रवाल,विष्णु अग्रवाल,अनुपम अग्रवाल,आयुष्मान बंसल,कुशाग्र बंसल,पंकज खंडेलवाल,गोविंद वल्लभ,श्यामसुंदर शर्मा (बंटी भैया),पवन अग्रवाल,डॉ. रघुकुल दुबे,शिवशंकर (साइकिल वाले)
अनुप अग्रवाल (उदय केमिकल), प्रशांत बग्गा(प्रशांत ट्रेडिंग कंपनी), अन्नी वार्ष्णेय, शैलेश अग्रवाल,पुष्पलता अग्रवाल,सीमा,शीतल,रेनू अग्रवाल,मीनाक्षी शर्मा,राशि,संगीता,रश्मि जैन,विनीता दुबे,सीमा मित्तल,नीमा अग्रवाल,अचल अग्रवाल,बीनू मित्तल,विनीता गर्ग , ललित किशोर अग्रवाल, राजकुमारी अग्रवाल सहित समस्त व्यवस्थापक मंडल एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

भगवान श्रीराम जन्मोत्सव एवं श्रीकृष्ण जन्मोत्सव कल

आयोजन समिति ने समस्त श्रद्धालुओं से मंगलवार, 21 जुलाई को सपरिवार उपस्थित होकर भगवान श्रीराम जन्मोत्सव एवं श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के दिव्य उत्सव का पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है।

Unknown's avatar

आशीष सेंगर

 aashishsengar@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page