Breaking News
साइबर पुलिस का बड़ा खुलासा 7.40 करोड़ की ऑनलाइन ट्रेडिंग ठगी से जुड़े म्यूल अकाउंट गैंग के 4 सदस्य गिरफ्तार

इंस्टाग्राम-फेसबुक पर ट्रेडिंग का लालच देकर खुलवाते थे बैंक खाते, विभिन्न राज्यों की साइबर ठगी की 80.88 लाख रुपये की रकम हाथरस के खाते में हुई ट्रांसफर

हाथरस। थाना साइबर क्राइम पुलिस ने ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर देशभर में साइबर ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे इंस्टाग्राम और फेसबुक पर निवेश का लालच देकर लोगों से बैंक खाते खुलवाता था और उन्हीं खातों का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम को ट्रांसफर करने के लिए किया जाता था।

पुलिस के अनुसार ऑपरेशन वज्र के तहत एनसीआरपी पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की जांच में बैंक ऑफ महाराष्ट्र के एक चालू खाते को संदिग्ध पाया गया। जांच में पता चला कि तमिलनाडु, बिहार, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और तेलंगाना सहित विभिन्न राज्यों में हुई 7 करोड़ 40 लाख 61 हजार 233 रुपये की साइबर ठगी से जुड़े मामलों में इस खाते का उपयोग धनराशि की लेयरिंग के लिए किया गया। इनमें से 80 लाख 88 हजार 945 रुपये हाथरस स्थित इस खाते में ट्रांसफर हुए थे।

तकनीकी साक्ष्यों, बैंक ट्रांजेक्शन, मोबाइल नंबर, ई-मेल, जीएसटी पंजीकरण और डिजिटल ट्रेल के विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में मास्टरमाइंड मनीष गौतम ने बताया कि वह लोगों को लालच देकर फर्जी फर्म के नाम पर चालू खाते खुलवाता था और प्रत्येक खाते के बदले उसे दो लाख रुपये मिलते थे। खाताधारकों और मोबाइल नंबर उपलब्ध कराने वालों को भी रुपये दिए जाते थे।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सत्यवीर सिंह, अर्जुन सिंह, मनीष गौतम और आकाश कुमार के रूप में की है। आरोपियों के खिलाफ थाना साइबर क्राइम में बीएनएस की धारा 318(4), 111(4) तथा आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत मुकदमा दर्ज है।

पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों और इनके नेटवर्क से जुड़े बड़े साइबर अपराधियों की तलाश जारी है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Unknown's avatar

आशीष सेंगर

 aashishsengar@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page