Breaking News
बागला संयुक्त जिला चिकित्सालय में ऑक्सीजन प्लांट पर स्थापित प्रेशर बूस्टर सिस्टम का सदर विधायक ने किया फीता काटकर शुभारंभ

हाथरस। जनपद के बागला संयुक्त जिला चिकित्सालय में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए प्रधानमंत्री केयर्स फंड से निर्मित ऑक्सीजन प्लांट पर स्थापित प्रेशर बूस्टर सिस्टम का शुभारंभ मा0 विधायक सदर श्रीमती अंजुला सिंह माहौर, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह एवं जिलाधिकारी अतुल वत्स ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने बताया कि जिला प्रशासन की सकारात्मक पहल से जिला अस्पताल में मरीजों की सुविधा के लिए ऑक्सीजन सिलेंडरों की रिफिलिंग की व्यवस्था अब अस्पताल परिसर में ही संचालित की जाएगी। प्रेशर बूस्टर सिस्टम के माध्यम से ऑक्सीजन प्लांट से सीधे सिलेंडरों में ऑक्सीजन भरी जा सकेगी, जिससे बाहरी एजेंसियों पर निर्भरता कम होगी, समय की बचत होगी तथा अनावश्यक व्यय में भी कमी आएगी। कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों ने बूस्टर सिस्टम के माध्यम से ऑक्सीजन सिलेंडर भरकर उसका सफल प्रदर्शन भी किया।


इसके उपरांत मा0 विधायक सदर, मा0 जिलाध्यक्ष एवं जिलाधिकारी ने बागला संयुक्त जिला चिकित्सालय परिसर में संचालित एम.डी.टी.वी. अस्पताल में प्रस्तावित नई इमरजेंसी व्यवस्था का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि वर्तमान में जिला अस्पताल की आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं सीमित स्थान में संचालित हो रही हैं। बढ़ती मरीज संख्या के दृष्टिगत इमरजेंसी कक्ष का विस्तार किया जा रहा है, जिससे अधिक संख्या में मरीजों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा तथा आवश्यकता अनुसार उन्हें संबंधित वार्डों में शीघ्र स्थानांतरित किया जा सकेगा। जिलाधिकारी ने कहा कि नई एवं विस्तारित इमरजेंसी व्यवस्था के संचालन से जनपदवासियों को बेहतर, सुलभ एवं प्रभावी आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी। इससे गंभीर मरीजों के उपचार की क्षमता में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी और अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ एवं व्यवस्थित बनेगी।

इस दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक सहित अन्य चिकित्साधिकारी एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Unknown's avatar

आशीष सेंगर

 aashishsengar@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page