हाथरस। सेवा भारती के रमनपुर मार्ग स्थित कार्यालय पर मंगलवार को मेहंदी प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सेवा भारती के प्रांतीय उपाध्यक्ष श्री वीरेंद्र वार्ष्णेय एवं ब्रज प्रदेश के पदाधिकारियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम में आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया गया कि सेवा भारती द्वारा विभिन्न बस्तियों में बहनों के लिए मेहंदी लगाने के स्टॉल लगाए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं एवं बहनों को मेहंदी प्रशिक्षण देकर उन्हें विभिन्न आयोजनों में अपनी कला का प्रदर्शन करने का अवसर प्रदान करना है।
शिविर के दौरान सेवा भारती की शिक्षिकाओं एवं मेहंदी लगाने वाली बहनों ने उत्साहपूर्वक प्रशिक्षण में भाग लिया और मेहंदी लगाकर कार्यक्रम को सफल बनाया। उपस्थित पदाधिकारियों ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रही बहनों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय मंत्री श्रीमती डौली माहौर, पूर्व चेयरमैन श्रीमती अन्नू विमल, ब्रज प्रांत की महिला सह प्रमुख श्रीमती वैभवी, संरक्षक श्री ललित किशोर अग्रवाल, सेवा प्रमुख श्री योगेश वागड़ी, जिलाध्यक्ष डॉ. वी.पी. सिंह, उपाध्यक्ष भंवर सिंह पौरुष, बासुदेव माहौर, कोषाध्यक्ष श्री भावतेंद्र पाल सिंह, मंत्री श्री राजीव आर्य, नगर अध्यक्ष अनिल अग्रवाल, नगर उपाध्यक्ष बहन मंजू आर्य, बहन कल्पना वार्ष्णेय, बहन अलका वार्ष्णेय, बहन रेनू जैन, बहन सीमा गोयल सहित सेवा भारती के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हाथरस। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल द्वारा मंगलवार को घंटाघर चौराहा, हाथरस पर भगवान श्रीराम के चित्र एवं भगवा वस्त्रों के कथित अपमान के विरोध में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर पुतला दहन किया गया। कार्यक्रम में विहिप एवं बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में आम हिंदू समाज के लोग भी मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने भगवान श्रीराम एवं सनातन धर्म के सम्मान में नारे लगाए। वक्ताओं ने धार्मिक आस्था, देवी-देवताओं और धार्मिक प्रतीकों के अपमान को समाज में वैमनस्य उत्पन्न करने वाला बताते हुए ऐसी घटनाओं की निंदा की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विश्व हिंदू परिषद हाथरस के जिला उपाध्यक्ष गोपाल कृष्ण शर्मा ने कहा कि सनातन समाज अपनी आस्था और धार्मिक सम्मान के लिए लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से आवाज उठाता रहेगा। उन्होंने संबंधित प्रकरण में उचित कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि जिस प्रकार रावण ने साधु का भेष धारण कर सीता जी का हरण किया था, उसी प्रकार उनके अनुसार पप्पू यादव द्वारा साधु के वेश को लेकर सनातन संस्कृति एवं संत समाज का अपमान किया गया है, जिसे स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने राहुल गांधी, अवधेश प्रताप सिंह तथा सपा-कांग्रेस नेताओं की भूमिका पर भी सवाल उठाए।
बजरंग दल के विभाग संयोजक हर्षित गोड़ ने कथित कृत्य पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए, अन्यथा बजरंग दल आंदोलन करेगा। जिला संयोजक अनमोल अग्निहोत्री ने भी संबंधित प्रकरण को लेकर विरोध जताया। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज की धार्मिक आस्थाओं और संत समाज के प्रति अपमानजनक व्यवहार स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अन्य धार्मिक स्थलों से जुड़े कथित मामलों को लेकर भी विपक्षी नेताओं पर सवाल उठाए। कार्यक्रम का समापन शांतिपूर्ण ढंग से हुआ। इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद जिला मंत्री प्रवीन खंडेलवाल, जिला सह मंत्री अमरदीप, जिला प्रसार प्रमुख अमित कुशवाहा, बजरंग दल जिला संयोजक अनमोल अग्निहोत्री, नगर अध्यक्ष संजय गर्ग, नगर उपाध्यक्ष दीपू वार्ष्णेय, डॉ. राहुल सिंह, राजीव प्रताप सिंह, नगर मंत्री विजय गुप्ता, नगर जिला विद्यार्थी प्रमुख तरुण, नवीन बजरंगी, हर्ष चौहान, सोनू पहलवान, शिवम पंडित सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं नगर के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
• 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान का कल हाथरस में • मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से होगा श्री गणेश • रविवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा दिल्ली में किया गया शुभारंभ • स्कूल , कॉलेज, सरकारी कार्यालयों में 6 अगस्त से होगा आयोजन • सोमवार को एक दिवसीय रोग परीक्षण शिविर का हुआ आयोजन हाथरस। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की पूर्व मुख्य प्रशासिका डॉक्टर दादी प्रकाशमणि की स्मृति दिवस के उपलक्ष में संगठन द्वारा एक वृहद 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिजा महाभियान का आयोजन किया जा रहा है | जिसका शुभारंभ देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा 2 अगस्त को किया गया | हाथरस में 4 अगस्त को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से श्री गणेश होगा | यह जानकारी प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के शांति भवन , आनंदपुरी कॉलोनी केंद्र संचालिका बी के शांता बहिन ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से दी | राजयोग केंद्र संचालिका बी के शांता बहिन ने बताया कि लोग सोचते हैं कि केवल संकल्प करने से क्या होगा | एक छोटा सा दिखने वाला संकल्प जीवन में बड़ा परिवर्तन ला सकता है| यह अभियान केवल नशा मुक्ति प्रतिज्ञा अभियान ही नहीं है वरन स्वस्थ , मुल्यानिस्ठ, एवं नशामुक्त जीवन शैली के माध्यम से विकसित भारत के निर्माण का महाभियान है|
हाथरस में स्कूल , कॉलेज, सरकारी कार्यालयों में 6 अगस्त से 22 अगस्त तक यह आयोजन किये जायेंगे | उन्होंने कहा कि अभियान द्वारा विद्यार्थियों, युवाओं , अध्यापकों, प्रशासनिक अधिकारियों, पंचायत प्रतिनिधियों तथा सामाजिक संगठनों को जोड़ने का प्रयास किया जायेगा | अभियान का मुख्य सन्देश स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित करना, युवा शक्ति को नशे के खिलाफ जाग्रत करना, सोच को सकारात्मक बनाना , अच्छी शुरुआत करना, जिम्मेदार नागरिक की भूमिका के लिए प्रेरणा देना, जनभागीदारी बढ़ाना है | महाअभियान का शुभारंभ करते हुए प्रधानमन्त्री मोदी जी ने देश के सभी आध्यात्मिक संगठनों से आहृान किया कि हर एक संगठन एक सप्ताह पूरे देश में नेतृत्व करे और बाकी संगठन उसके साथ जुड़ें। यदि सौ सप्ताह तक हमारे देश के संगठन मिलकर कार्य करें तो बहुत बड़ा बदलाव आ सकता है। मीडिया कोऑर्डिनेटर बी के दिनेश भाई ने बताया कि ब्रहमाकुमारी संस्थान के देशभर में स्थित छह हजार सेवाकेंद्र और 50 हजार पाठशालाओं के माध्यम से यह अभियान चलाया जाएगा । सोमवार को शांति भवन , आनंदपुरी कॉलोनी केंद्र पर रोग परीक्षण शिविर का भी आयोजन किया गया| आनंदपुरी अलीगढ़ रोड , हाथरस पर पीवीएम हेल्थ केयर के तत्वावधान में सोमवार को निःशुल्क स्वास्थ्य जागरूकता एवं चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारम्भ उपभोक्ता कल्याण परिषद समिति के (प्रदेश उपाध्यक्ष) श्री राजेश सिसोदिया व बी के शांता बहिन ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। व साथ में जिलाध्यक्ष श्रीमती सरिता कौशिक भी उपस्थित रही | शिविर में लखनऊ से पधारे डॉ. नफीस अहमद, श्री सत्येंद्र मिश्रा एवं श्री वेद प्रकाश राना ने लगभग 180 मरीजों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच कर उन्हें चिकित्सकीय परामर्श एवं निःशुल्क थेरेपी प्रदान की। शिविर के सफल संचालन एवं व्यवस्थाओं में, रनसिंह सिसोदिया, जिलाध्यक्ष, अनीता देवी पूर्व जिलाध्यक्ष, बी के हेमलता बहिन, बी के शांता बहिन , बी के मीना बहिन, बी के दुर्गेश बहिन, बी के उमा बहिन, बी के नीतू बहिन, बी के विपिन बहिन आदि उपस्थित थे | शिविर के उपरांत सभी लोगों को कल से आरम्भ हो रहे 10 करोड़ नशा मुक्ति प्रतिज्ञा महाअभियान की जानकारी दी गई | फोटो विवरण * शिविर में उपस्थित सभी पदाधिकारी , डॉक्टर्स नशा मुक्ति महाअभियान की जानकारी देते हुए
हाथरस। श्री अग्रवाल सभा रजिस्टर्ड हाथरस के दो वर्षीय आगामी चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। चुनाव के तहत विभिन्न पदों के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। आज चुनाव अधिकारियों के समक्ष विभिन्न पदों के लिए पांच प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए। नामांकन दाखिल करने वालों में दीनदयाल गोयल ने अध्यक्ष पद, प्रदीप बंसल ने महामंत्री पद, अनूप अग्रवाल उदय ने वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद, श्याम अग्रवाल ने कोषाध्यक्ष पद तथा सुधीर मित्तल ने मंत्री पद के लिए अपना आवेदन प्रस्तुत किया। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 5 अगस्त तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे। 6 अगस्त को नामांकन पत्रों की जांच, जबकि 7 अगस्त को नाम वापसी की प्रक्रिया होगी। 8 अगस्त को चुनाव अधिकारियों द्वारा प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी। यदि चुनाव की आवश्यकता पड़ती है तो 16 अगस्त को श्री रामचंद्र इंटर कॉलेज में अग्रवाल सभा की साधारण सभा के मतदाता मतदान प्रक्रिया में भाग लेंगे। निर्धारित समय तक मतदान होने के बाद इसी दिन सायंकाल मतगणना कराई जाएगी तथा चुनाव अधिकारियों द्वारा निर्वाचित सदस्यों के परिणाम की घोषणा की जाएगी।
श्री अग्रवाल सभा में अध्यक्ष, महामंत्री, कोषाध्यक्ष, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, कनिष्ठ उपाध्यक्ष, मंत्री एवं संयुक्त मंत्री पदों के लिए चुनाव होना है। चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए रामावतार अग्रवाल एडवोकेट, विजय कुमार गर्ग, राकेश बंसल (हींग वाले), देवेंद्र गोयल (रंग वाले) एवं दीपेश अग्रवाल (सर्राफ) को चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया है। चुनाव प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही अग्रवाल समाज के सदस्यों में उत्साह बना हुआ है। नामांकन की अंतिम तिथि के बाद प्रत्याशियों की स्थिति और चुनावी तस्वीर और अधिक स्पष्ट होने की उम्मीद है।
मनरेगा से आगे बढ़ी नई पहल, वी.बी.जी. राम जी अधिनियम से ग्रामीण विकास को मिलेगी नई रफ्तार
जिलाधिकारी अतुल वत्स बोले— योजना में पारदर्शिता, प्रशिक्षण और जनजागरूकता होगी सर्वोच्च प्राथमिकता
ग्रामीण विकास के नए अध्याय की शुरुआत, 100 की जगह अब 125 दिन रोजगार की गारंटी
हाथरस, 03 अगस्त। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) वी.बी.जी. राम जी अधिनियम-2025 के संबंध में पंच सम्मेलन का आयोजन जिलाधिकारी अतुल वत्स की अध्यक्षता में किया गया। सम्मेलन का उद्देश्य नई ग्रामीण रोजगार योजना की जानकारी देना तथा इसके प्रभावी एवं पारदर्शी क्रियान्वयन पर चर्चा करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाह, राष्ट्रीय लोकदल जिलाध्यक्ष श्याम सिंह, अपना दल जिलाध्यक्ष रवि सारस्वत, जिलाधिकारी अतुल वत्स तथा मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि नई योजना में पूर्व की मनरेगा व्यवस्था की कमियों को दूर करते हुए इसे अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितैषी बनाया गया है। योजना के तहत अब ग्रामीण परिवारों को 100 दिनों के स्थान पर 125 दिनों के रोजगार की गारंटी मिलेगी। मजदूरी भुगतान में देरी होने पर श्रमिकों को विलंब अवधि का मुआवजा एवं ब्याज भी दिया जाएगा।
जिलाधिकारी अतुल वत्स ने कहा कि योजना का उद्देश्य केवल रोजगार उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि ग्रामीण विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और जनभागीदारी सुनिश्चित करना भी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की अनियमितता, कमीशनखोरी या भ्रष्टाचार को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। श्रमिकों का पूरा भुगतान समय से उनके खातों में पहुंचे, इसकी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी।
उन्होंने सभी खंड विकास अधिकारियों, ग्राम विकास अधिकारियों, रोजगार सेवकों एवं कर्मचारियों के व्यापक प्रशिक्षण पर जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में योजना के अंतर्गत किए जाने वाले कार्यों की सूची वॉल पेंटिंग के माध्यम से प्रदर्शित की जाए तथा स्वीकृत कार्य योजनाओं को सार्वजनिक किया जाए, जिससे ग्रामीणों की सहभागिता और पारदर्शिता बढ़े।
मुख्य विकास अधिकारी एवं परियोजना निदेशक ने अधिनियम की प्रमुख विशेषताओं की जानकारी देते हुए बताया कि यदि कार्य की मांग के बावजूद रोजगार उपलब्ध नहीं कराया जाता है तो पात्र व्यक्ति को बेरोजगारी भत्ता मिलेगा। योजना में जल संरक्षण, ग्रामीण आधारभूत संरचना, आजीविका संवर्धन तथा जलवायु परिवर्तन से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी गई है। इसके साथ ही सभी विकास कार्यों को डिजिटल प्रणाली से जोड़ा जाएगा, जिससे निगरानी और जवाबदेही मजबूत होगी।
सम्मेलन में प्रभागीय वनाधिकारी, जिला विकास अधिकारी, उप निदेशक कृषि, जिला पंचायत राज अधिकारी, लोक निर्माण विभाग, लघु सिंचाई विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, सहायक खंड विकास अधिकारी तथा बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और कर्मचारी मौजूद रहे।
हाथरस, 3 अगस्त। जनपद हाथरस के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रणवीर सिंह ने शिक्षकों, शिक्षामित्रों और अनुदेशकों की ऑनलाइन उपस्थिति के संबंध में महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। बीएसए ने 31 जुलाई 2026 को जारी ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने संबंधी आदेश को अग्रिम आदेशों तक स्थगित कर दिया है। यह निर्णय शिक्षक संगठनों द्वारा बताई गई व्यावहारिक कठिनाइयों पर विचार करने के बाद लिया गया है।
कार्यालय आदेश के अनुसार, शिक्षक संगठनों ने ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कराने में नेटवर्क, तकनीकी और अन्य व्यवहारिक समस्याओं से अवगत कराया था। इन समस्याओं को देखते हुए बीएसए कार्यालय ने पूर्व आदेश को तत्काल प्रभाव से स्थगित करने का निर्णय लिया।
हालांकि, बीएसए ने स्पष्ट किया है कि जनपद के सभी परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक, शिक्षामित्र एवं अनुदेशक निर्धारित समय पर विद्यालय पहुंचकर नियमित रूप से शिक्षण कार्य और अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें। यदि किसी कर्मचारी द्वारा समय पर विद्यालय में उपस्थित होकर कार्य करने में शिथिलता बरती जाती है, तो उसके विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि हाल ही में शिक्षक संगठनों ने ऑनलाइन डिजिटल उपस्थिति का विरोध करते हुए बीएसए को ज्ञापन सौंपा था और आदेश को स्थगित करने की मांग की थी। इसके बाद बीएसए कार्यालय ने नया आदेश जारी कर ऑनलाइन उपस्थिति संबंधी निर्देशों को अगले आदेश तक रोक दिया है।
सादाबाद। सादाबाद से भाजपा के मंडल महामंत्री व मनोनीत सभासद चरन सिंह सागर की पूजनीय चाची श्रीमती चरन देवी (उर्फ उषा देवी) पत्नी श्री नारायण सिंह जी का आगरा में इलाज के दौरान निधन (गोलोकवास) हो गया। आज गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके निधन की खबर मिलते ही क्षेत्र एवं परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। वह अपने पीछे एक हरा-भरा और हंसता-खेलता परिवार छोड़ गई हैं।
निधन की सूचना मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों, भाजपाइयों और प्रबुद्ध नागरिकों ने उनके आवास पर पहुंचकर एवं दूरभाष के माध्यम से परिजनों को सांत्वना दी तथा ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
श्रीमती चरन देवी की अंतिम यात्रा उनके आवास से निकली ।शवयात्रा में शामिल हुये। दाह संस्कार के साथ ही लोगों ने उन्हें अंतिम विदाई दी।
ब्रहमाकुमारीज आनन्दपुरी कालोनी केन्द्र संचालक कैप्टन अहसान सिंह का चतुर्थ स्मृति दिवस कार्यक्रम ‚ अलीगढ रोड स्थित सहज राजयोग प्रशिक्षण केन्द्र पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष पं० आशीष शर्मा‚ भू०पू० सैनिक संघ के अध्यक्ष सूबेदार महीपाल सिंह‚ सूबेदार ओमप्रकाश , कप्तान एस सी तिवारी , कप्तान चंद्रपाल सिंह , हवलदार गंभीर सिंह, हवलदार देवेन्द्र पाल सिंह, हवलदार सुधीर सिंह, नायक लाल बहादुर, हवलदार रामनिवास, नायब सूबेदार उदयवीर सिंह, सूबेदार तेज सिंह, हवलदार अशोक कुमार, हवलदार साहब सिंह , पूर्वे वायु सेना अधिकारी रमेश चन्द्र दीक्षित ब्रहमाकुमारीज इगलास संचालिका बी०के० हेमलता बहिन‚ बी०के० शान्ता बहिन‚ आदि ने सर्वप्रथम श्र्द्धासुमन समर्पित किये। पूर्व न०पा०अ० पंडित आशीष शर्मा ने कहा कि यह सभा श्रृद्धांजली सभा नहीं बल्कि मार्गदर्शन और संकल्प सभा है। इस अवसर पर इगलास केंद्र प्रभारी बी०के० हेमलता दीदी आदि ने अपने अनुभवों को साझा किया। बी०के० मीना बहिन ने गाइडैड कॉमेन्ट्री से योग कराया।
हाथरस। अपना घर आश्रम कार्यकारिणी की एक आवश्यक बैठक जैन गढ़ी स्थित अपना घर आश्रम परिसर में संस्थापक मदनलाल वार्ष्णेय की अध्यक्षता एवं सचिव चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य के संचालन में संपन्न हुई। बैठक में पिछली बैठक की कार्यवाही की समीक्षा एवं पुष्टि के उपरांत आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इस अवसर पर राकेश बंसल एवं शरद अग्रवाल ने कहा कि अपना घर आश्रम केवल एक संस्था नहीं, बल्कि मानव सेवा का सशक्त माध्यम है। सभी पदाधिकारियों एवं सेवा साथियों को समर्पित भाव से कार्य करते हुए जरूरतमंद, असहाय एवं प्रभुजनों की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए। अनिल अग्रवाल एवं बीना गुप्ता एडवोकेट ने कहा कि आश्रम की सेवा गतिविधियों को और अधिक व्यापक एवं प्रभावी बनाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को जोड़ने की आवश्यकता है। सेवा, संवेदना और सहयोग की भावना से ही आश्रम अपने उद्देश्यों को सफलतापूर्वक पूरा कर सकता है।
संचालन कर रहे आश्रम के सचिव चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य ने अपनी बात रखते हुए कहा कि आश्रम के सेवा साथी धनीराम, पंडित मुकेश शर्मा, ठाकुर ध्रुव कुमार एवं अभय चाहर सदैव प्रभुजनों की सेवा में पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ तत्पर रहते हैं। उन्होंने कहा कि सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और सभी कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयासों से आश्रम निरंतर सेवा के नए आयाम स्थापित कर रहा है। आगामी दिनों में सेवा कार्यों को और अधिक गति प्रदान करने के लिए सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया गया। अंत में संस्थापक मदनलाल वार्ष्णेय ने सभी पदाधिकारियों एवं सेवा साथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अपना घर आश्रम का उद्देश्य समाज के उपेक्षित, असहाय एवं निराश्रित प्रभुजनों को सम्मानपूर्वक जीवन उपलब्ध कराना है। उन्होंने सभी से सेवा, अनुशासन एवं समर्पण की भावना के साथ आश्रम की गतिविधियों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। बैठक में राम हरि चाहर, डॉ. कपिलेश मोहन वार्ष्णेय, राकेश कुमार अग्निहोत्री, मिथिलेश वार्ष्णेय, राजेश अग्रवाल सर्राफ, चंद्रेश कुमार, अजय अग्रवाल, संजय कुमार अग्निहोत्री सहित अन्य पदाधिकारी एवं सेवा साथी उपस्थित रहे।
हाथरस। विश्व स्कार्फ डे के अवसर पर भारत स्काउट एवं गाइड, उत्तर प्रदेश, जनपद हाथरस की विभिन्न इकाइयों द्वारा स्कार्फ डे उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर अधिकारियों, प्रधानाचार्यों, शिक्षकों एवं नवप्रवेशित स्काउट-गाइड को स्कार्फ पहनाकर भारत स्काउट एवं गाइड परिवार में शामिल किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक/जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री रणवीर सिंह को जिला संगठन आयुक्त श्री धीरेंद्र प्रताप सिंह, जिला समन्वयक/जिला स्थानीय इकाई सचिव श्री ऋषि कुमार वार्ष्णेय, जिला बेसिक स्काउट मास्टर डॉ. पुष्पेंद्र सिंह, आईटी कोऑर्डिनेटर रूपेश गौतम, गाइडर डॉ. सतना, श्रीमती संगीता वार्ष्णेय एवं स्काउटर श्री योगेंद्र वार्ष्णेय ने स्कार्फ पहनाकर भारत स्काउट एवं गाइड परिवार में उनका स्वागत किया।
इसी क्रम में श्री मानिक चंद्र इंटर कॉलेज, लाड़पुर में भी स्कार्फ डे के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य श्री सत्यनारायण राम, शिक्षक श्री धर्मेंद्र सिंह तथा नवप्रवेशित स्काउट एवं गाइड को स्कार्फ पहनाकर स्काउट-गाइड परिवार में सम्मिलित किया गया। इस अवसर पर स्काउट एवं गाइड के पदाधिकारियों ने कहा कि स्कार्फ केवल वर्दी का हिस्सा नहीं, बल्कि सेवा, अनुशासन, सहयोग और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण का प्रतीक है। स्काउट-गाइड आंदोलन बच्चों एवं युवाओं में सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।