हाथरस। उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड द्वारा संचालित माटीकला टूलकिट वितरण योजना के अंतर्गत विद्युत चालित चाक एवं पगमिल मशीन के निःशुल्क वितरण के लिए ऑनलाइन आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों का साक्षात्कार आगामी 7 जुलाई 2026 को आयोजित किया जाएगा। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी ने बताया कि प्राप्त ऑनलाइन आवेदन पत्रों के आधार पर चयन प्रक्रिया के तहत साक्षात्कार मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में दिनांक 07 जुलाई 2026 को प्रातः 10 बजे से विकास भवन सभागार, हाथरस में आयोजित किया जाएगा। सभी पात्र एवं आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों से निर्धारित तिथि एवं समय पर आवश्यक अभिलेखों सहित उपस्थित होने का अनुरोध किया गया है।
हाथरस। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी-टेट-2026) को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने तथा शासन के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, बिजली, स्वच्छ शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, बैठने की समुचित व्यवस्था और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का परीक्षण करने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश भी दिए। पुलिस अधीक्षक ने सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, यातायात व्यवस्था सुचारु रखने तथा परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ न होने देने के निर्देश दिए। संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने पर भी जोर दिया गया। अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) ने बताया कि परीक्षा 2 और 3 जुलाई को दो-दो पालियों तथा 4 जुलाई को एक पाली में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 9:30 से 12:00 बजे तथा दूसरी पाली 2:30 से 5:00 बजे तक चलेगी। जनपद हाथरस में परीक्षा के लिए 10 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रत्येक पाली में 3,720 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे, जबकि तीनों दिनों में कुल 18,600 परीक्षार्थी शामिल होंगे। सभी केंद्रों पर स्टैटिक एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती के साथ आरक्षित अधिकारियों की भी व्यवस्था की गई है। इसके अलावा 180 बाह्य कक्ष निरीक्षक और 40 आरक्षित कक्ष निरीक्षक भी नियुक्त किए गए हैं। बैठक में जिला विकास अधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, जिला विद्यालय निरीक्षक, जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक, केंद्र प्रभारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
हाथरस। भारतीय जनता पार्टी, उत्तर प्रदेश के नवनियुक्त प्रदेश मंत्री, हमारे जनप्रिय यतेन्द्र शर्मा के प्रथम बार सादाबाद आगमन पर उनका माला पहनाकर भव्य स्वागत व अभिनंदन किया। साथ में जिला अध्यक्ष प्रेम सिंह कुशवाहा सुनील गौतम मंडल अध्यक्ष गौड़ कमल उपाध्याय अनिल पाराशर चरन सिंह सागर राजकुमार प्रधान ओमवीर प्रधान हर स्वरूप वर्मा राकेश वर्मा अमित वर्मा गिरीश शर्मा बबलू गौतम प्रभात पचौरी मथुरा प्रसाद गौतम डॉक्टर तरुण शर्मा चंद्रपाल चौधरी पवन चौधरी रंजीत सिंह आदि कार्यकर्ता मौजूद रही
ब्रज कला केंद्र ने स्मृति शेष कैलाश कुमारी की पुण्य स्मृति में श्रद्धांजलि एवं सम्मान समारोह आयोजित किया, अखिलेश गुप्ता सम्मानित हाथरस। साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संस्था ब्रज कला केंद्र के तत्वावधान में संस्था के अध्यक्ष चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य की पूज्य माता एवं शहर की प्रमुख समाजसेविका, श्री राधा कृष्ण कृपा भवन की संस्थापिका स्मृति शेष कैलाश कुमारी की पुण्य स्मृति में श्रद्धांजलि एवं सम्मान समारोह का आयोजन संत तुलसी साहिब आश्रम में वर्तमान मुख्य गद्दीधर श्री महंत गुरु लोचन दास साहिब महाराज की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य अग्निशमन अधिकारी राजकुमार बाजपेयी रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ स्मृति शेष कैलाश कुमारी के चित्र पर अध्यक्ष, मुख्य अतिथि एवं उपस्थित साहित्यकारों, समाजसेवियों द्वारा माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके उपरांत “कैलाश कुमारी स्मृति सम्मान” शहर की प्रमुख समाजसेविका अखिलेश गुप्ता को उनके उत्कृष्ट सामाजिक योगदान एवं जनसेवा के लिए प्रदान किया गया। काव्य गोष्ठी में आशुकवि अनिल बोहरे एवं घुमक्कड़ कवि गाफिल स्वामी ने अपनी भावपूर्ण रचनाओं के माध्यम से स्मृति शेष कैलाश कुमारी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
वक्ताओं की श्रृंखला में ब्राह्मण सभा के पूर्व अध्यक्ष पंडित अविनाश चंद पचौरी एवं पंडित ऋषि कुमार ने कहा कि माँ केवल परिवार की नहीं, पूरे समाज के संस्कारों की आधारशिला होती है। स्मृति शेष कैलाश कुमारी का जीवन सेवा, सादगी, करुणा और मानवीय मूल्यों का जीवंत उदाहरण था। उनका जीवन समाज के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा। वरिष्ठ महासचिव वीना गुप्ता एडवोकेट एवं संरक्षक जीवनलाल शर्मा ने कहा कि मातृत्व त्याग, प्रेम और सेवा का सर्वोच्च स्वरूप है। स्मृति शेष कैलाश कुमारी ने अपने जीवन में मानवीय मूल्यों को सर्वोपरि रखते हुए समाज में सेवा और संस्कार की ऐसी मिसाल प्रस्तुत की, जिसे लंबे समय तक याद किया जाएगा। ब्रज कला केंद्र के अध्यक्ष चन्द्रगुप्त विक्रमादित्य ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि माता-पिता का ऋण कभी चुकाया नहीं जा सकता। स्मृति शेष कैलाश कुमारी ने हमें सेवा, संस्कार, संघर्ष और मानवता का जो मार्ग दिखाया, वही हमारे जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। ब्रज कला केंद्र उनके आदर्शों को समाज तक पहुँचाने और सेवा की इस परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि राजकुमार बाजपेयी को उपस्थित साहित्यकारों एवं समाजसेवियों द्वारा शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मान के उपरांत राजकुमार बाजपेयी ने कहा कि ऐसे आयोजन केवल श्रद्धांजलि नहीं, बल्कि समाज को सेवा, संस्कार और मानवीय मूल्यों से जोड़ने का माध्यम हैं। स्मृति शेष कैलाश कुमारी के नाम पर दिया गया सम्मान समाज सेवा के क्षेत्र में कार्य करने वालों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा। अध्यक्षीय उद्बोधन में श्री महंत गुरु लोचन दास साहिब महाराज ने कहा कि माँ का स्थान ईश्वर से भी ऊँचा माना गया है। जिस परिवार और समाज में मातृशक्ति का सम्मान होता है, वहाँ संस्कार, करुणा और मानवता स्वतः विकसित होती है। स्मृति शेष कैलाश कुमारी जैसी विभूतियों का जीवन समाज को सदैव प्रेरणा देता रहेगा। इस अवसर पर कोषाध्यक्ष हरिशंकर वर्मा, प्रवक्ता कपिल नरूला, संतोष उपाध्याय, डॉ. अनार सिंह, पूजा वर्मा, अनिकेत”गोलू”, दिनेश गांधी, पन्नालाल, ठाकुर आकाश सिंह, विष्णु कुमार, संजय कप्तान सहित अनेक साहित्यकार, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
हाथरस। मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित ने मंगलवार को विकास खंड मुरसान के अंतर्गत मनरेगा, जल जीवन मिशन एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिर का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। ग्राम पंचायत कथरिया में मनरेगा के तहत प्रस्तावित वृक्षारोपण स्थल का निरीक्षण करते हुए सीडीओ ने पाया कि गड्ढे अत्यधिक पास-पास खोदे गए हैं। उन्होंने पौधों की सुरक्षा के लिए भूमि के चारों ओर खाई खुदवाने तथा कम से कम तीन-तीन फीट की दूरी पर गड्ढे तैयार कर स्वास्तिक स्वरूप में वृक्षारोपण कराने के निर्देश दिए। साथ ही उपलब्ध सरकारी भूमि एवं पावना इंटरनेशनल स्कूल के पास भी खाई खुदवाकर पौधरोपण कराने को कहा। ग्राम में जलभराव की समस्या को देखते हुए 450 मीटर लंबी कच्ची नाली मनरेगा से बनवाने और सड़क पार अंडरग्राउंड पाइप डालने के निर्देश भी दिए।
ग्राम पंचायत दयालपुर में प्रेरणा कैंटीन परिसर का निरीक्षण करते हुए परिसर के चारों ओर नींबू एवं करौंदा के पौधे लगाने तथा झाड़ियों की सफाई कर व्यवस्थित पौधरोपण कराने के निर्देश दिए। प्राथमिक विद्यालय में आंधी से गिरे पेड़ को हटाने के लिए वन विभाग को निर्देशित किया गया। विद्यालय के खेल मैदान में जलभराव रोकने के लिए कच्ची नाली बनवाने तथा सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण को तत्काल हटाने के निर्देश भी दिए गए। ग्राम पंचायत मगटई में मनरेगा के तहत बन रहे 250 मीटर लंबे चकरोड का निरीक्षण किया गया। मौके पर लगभग 30 श्रमिक कार्यरत मिले। तकनीकी समस्या के कारण मस्टररोल में उपस्थिति दर्ज न होने पर खंड विकास अधिकारी को नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। आयुष्मान आरोग्य मंदिर मगटई के निरीक्षण में सीएचओ आशीष शर्मा उपस्थित मिले। उन्होंने बताया कि ओपीडी में नौ मरीजों का उपचार किया गया तथा सभी आवश्यक दवाएं उपलब्ध हैं। गांव में 96 पात्र परिवारों में से 89 आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। इसके बाद सीडीओ ने ग्राम नगला बाबू की जल जीवन मिशन योजना का निरीक्षण किया। सहायक अभियंता ने बताया कि लगभग 269.36 लाख रुपये की लागत वाली योजना के अंतर्गत छह गांवों में 14 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई गई है तथा 700 घरेलू जल कनेक्शन दिए जा चुके हैं। निरीक्षण में ओवरहेड टैंक पर जल रिचार्ज यूनिट न मिलने पर सीडीओ ने इसे तत्काल बनवाने के निर्देश दिए। साथ ही मिट्टी भराव सहित शेष कार्य शीघ्र पूर्ण कराने को कहा।
हाथरस। चार्टर्ड अकाउंटेंट्स दिवस के अवसर पर हाथरस चार्टर्ड अकाउंटेंट्स एसोसिएशन ने देशभर के सभी चार्टर्ड अकाउंटेंट्स एवं सीए विद्यार्थियों को हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
इस अवसर पर एसोसिएशन के अध्यक्ष सीए नितिन वार्ष्णेय ने कहा कि चार्टर्ड अकाउंटेंट्स राष्ट्र की आर्थिक प्रगति, वित्तीय पारदर्शिता एवं सुशासन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उद्योग, व्यापार, कराधान, वित्तीय प्रबंधन एवं कॉरपोरेट प्रशासन के प्रत्येक क्षेत्र में उनका योगदान देश के विकास की आधारशिला है।
एसोसिएशन के सचिव सीए गीतांश बिंदल ने कहा कि चार्टर्ड अकाउंटेंसी केवल एक व्यवसाय नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व, नैतिक मूल्यों एवं जनविश्वास का प्रतीक है। उन्होंने सभी सदस्यों से व्यावसायिक उत्कृष्टता एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति सदैव समर्पित रहने का आह्वान किया।
कोषाध्यक्ष एवं मीडिया प्रभारी सीए प्रतीक अग्रवाल ने बताया कि 1 जुलाई 1949 को की स्थापना के साथ भारत में चार्टर्ड अकाउंटेंसी पेशे की औपचारिक शुरुआत हुई थी। वर्तमान में देश में लगभग 4.3 लाख से अधिक चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ICAI के सदस्य हैं, जो देश की अर्थव्यवस्था, कर व्यवस्था, वित्तीय अनुशासन एवं कॉरपोरेट गवर्नेंस को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
एसोसिएशन ने इस अवसर पर सभी वरिष्ठ एवं नवोदित चार्टर्ड अकाउंटेंट्स तथा सीए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए राष्ट्र निर्माण में ईमानदारी, पारदर्शिता एवं उत्कृष्टता के साथ अपनी भूमिका निभाने का संकल्प दोहराया।
हाथरस,व्यक्ति के मानव अधिकारों के संरक्षण और संवर्धन का कार्य कर रही एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक हृयूमन राइट्स (Adhr)संस्था अज्ञात शवों के धार्मिक रीति-रिवाज से दाह संस्कार का कार्य कर रही है अज्ञात शव को एडीएचआर की देखरेख और समाजसेवी सुनीत आर्य के नेतृत्व में दाहसंस्कार किया गया जिसके दाहसंस्कार की व्यवस्था मे एडीएचआर उपाध्यक्ष हर्ष मित्तल (पिंटू) का पूर्णरूपेण सहयोग रहा । सादाबाद कोतवाली के अंतर्गत बिसावर चौकी गढी गुमानी के बंबा में 27 जून को शव बहता हुआ दिखा जो नग्न अवस्था में था शव पूरी तरह से सढ़-गल और फूल गया था ढांचा ही ढांचा दिख रहा था पोस्टमार्टम में शव की पहचान महिला-पुरुष के रूप में भी नहीं हो पाई विसरा सुरक्षित रखा गया है डीएनए को भेजा जाएगा तब महिला पुरुष कौन है और उसकी उम्र क्या है की पहचान होने की संभावना है
पुलिस द्वारा शव को शिनाख्त के लिए 72 घंटे रखा शव की शिनाख्त न होने के कारण शव को पुलिस द्वारा लावारिस घोषित कर पोस्टमार्टम कराया गया उसके उपरांत पुलिस द्वारा समाजसेवी सुनीत आर्य व प्रवीन वार्ष्णेय से शव के अंतिम संस्कार के लिए अनुरोध किया गया समाजसेवियों द्वारा उपरोक्त शव का हिंदू रीति रिवाज दाहसंस्कार किया अंतिम संस्कार में प्रवीन वार्ष्णेय राष्ट्रीय महासचिव एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक ह्यूमन राइट्स समाजसेवी सुनीत आर्या,एनएसएस अध्यक्ष सुनील अग्रवाल,आयोग दीपक ,बंटी भाई कपड़े वाले,साथ में ,तरूण राघव,विशाल सोनी,सतेन्द्र मोहन,दीपांशु वार्ष्णेय, कांस्टेबल 884 संदीप कुमार कांस्टेबल अमन कुमार मौजूद रहे
हाथरस। आगामी निर्वाचन की तैयारियों के तहत कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल वत्स की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अध्यक्षों एवं प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदेय स्थलों के संभाजन और पुनर्गठन को लेकर निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुसार जिन मतदेय स्थलों पर 1200 से अधिक मतदाता हैं, उनका विभाजन कर नए मतदेय स्थल बनाए जाएंगे, ताकि मतदान प्रक्रिया अधिक सुगम, व्यवस्थित और पारदर्शी हो सके। उन्होंने बताया कि 24 जून से 31 जुलाई 2026 तक भौतिक सत्यापन, प्रारूप सूची का प्रकाशन, आपत्तियों एवं सुझावों का निस्तारण और अंतिम प्रस्ताव तैयार करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी मतदेय स्थल भूतल पर स्थापित किए जाएं तथा दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा के लिए रैंप सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही यह भी ध्यान रखा जाए कि एक ही परिवार के मतदाताओं को अनावश्यक रूप से अलग-अलग मतदान केंद्रों पर न भेजा जाए। जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को समयबद्ध, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से पुनर्गठन का कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां नए बूथ बनाए जाएं, वहां मतदाताओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए और सामान्यतः मतदान केंद्र की दूरी 2 किलोमीटर से अधिक न हो, साथ ही वहां तक पहुंचने के लिए सुगम आवागमन की व्यवस्था भी उपलब्ध हो। बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, उपजिलाधिकारी तथा निर्वाचन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
हाथरस। पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए रोजगारपरक कंप्यूटर प्रशिक्षण योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में O-Level और CCC पाठ्यक्रमों का निःशुल्क प्रशिक्षण कराया जाएगा। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी स्मृति गौतम ने बताया कि योजना के तहत केवल उन्हीं अभ्यर्थियों को लाभ मिलेगा, जिन्होंने कम से कम इंटरमीडिएट उत्तीर्ण किया हो तथा जिनके माता-पिता/अभिभावकों की वार्षिक आय सभी स्रोतों से 1 लाख रुपये या उससे कम हो।
इच्छुक अभ्यर्थी 10 जुलाई 2026 तक योजना के पोर्टल https://obccomputertraining.upsdc.gov.in� पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। योजना की पात्रता, दिशा-निर्देश और अन्य जानकारी विभाग की वेबसाइट https://backwardwelfare.up.gov.in� पर उपलब्ध है। ऑनलाइन आवेदन करने के बाद आवेदन पत्र की हार्डकॉपी आवश्यक दस्तावेजों सहित 10 जुलाई 2026 को शाम 5 बजे तक जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कार्यालय, कमरा संख्या-208, विकास भवन, हाथरस में जमा करना अनिवार्य होगा। विभाग ने अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थियों से विभागीय पोर्टल का अवलोकन करने की अपील की है।
हाथरस। साइबर ठग ठगी के रोजाना नये नये तरीके इजादा कर लोगों से धोखाधडी कर अपनी ठगी का शिकार बना रहे हैं। शहर में बीती रात्रि को एक शातिर ने धोखाधड़ी से एक सीएससी केंद्र संचालक से 10 हजार रुपये की ठगी कर सरेआम फरार हो गया। शातिर बदमाश की हरकत से पूरे क्षेत्र में खलबली मच गई और मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। वहीं घटना की सूचना कोतवाली पुलिस एवं साइबर क्राइम पुलिस को दे दी गई है।
जानकारी के मुताबिक कोतवाली सदर क्षेत्र के कामरेड भगवानदास मार्ग मुरसान गेट पर लालसा गली में संचालित सीएससी सेंटर पर कल देर शाम करीब 9 बजे एक शातिर युवक स्कूटी पर सवार होकर आया और सीएससी केंद्र संचालक शैलेंद्र कुमार सिंह से बोला कि उसे 10 हजार रूपये क्यूआर कोड पर डलवाने हैं और उसने केंद्र संचालक को क्यूआर कोड दिखाकर 10 हजार रुपये क्यूआर कोड पर डलवाते ही वह बिना पैसे दिए तुरंत ही मौके से अपनी स्कूटी पर सवार होकर फरार हो गया। लेकिन उसकी पूरी हरकत व घटना केंद्र पर लगे सीसीटीवी एवं गली व आसपास क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।। उक्त घटना की सूचना तत्काल कोतवाली सदर पुलिस की साइबर क्राइम टीम एवं कोतवाली पुलिस को सूचना दे दी गई और साईबर क्राइम पुलिस ने उक्त मामले में जांच व छानबीन शुरू कर दी है। साइबर फ्रॉड की बढ़ती घटनाओं को लेकर लोगों का मानना है कि जिस प्रकार उक्त शातिर द्वारा घटना को अंजाम दिया गया है, जिससे लगता है कि जब शातिर को पकड़ा जाएगा तो हो सकता है पुलिस के समक्ष चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं।