Breaking News
यूपी-टेट 2026 परीक्षा, डीएम-एसपी ने तैयारियों की समीक्षा कर दिए सख्त निर्देश

हाथरस। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी-टेट-2026) को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी अतुल वत्स और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने तथा शासन के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, बिजली, स्वच्छ शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, बैठने की समुचित व्यवस्था और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का परीक्षण करने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश भी दिए।
पुलिस अधीक्षक ने सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, यातायात व्यवस्था सुचारु रखने तथा परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ न होने देने के निर्देश दिए। संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी रखने पर भी जोर दिया गया।
अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) ने बताया कि परीक्षा 2 और 3 जुलाई को दो-दो पालियों तथा 4 जुलाई को एक पाली में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 9:30 से 12:00 बजे तथा दूसरी पाली 2:30 से 5:00 बजे तक चलेगी।
जनपद हाथरस में परीक्षा के लिए 10 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रत्येक पाली में 3,720 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे, जबकि तीनों दिनों में कुल 18,600 परीक्षार्थी शामिल होंगे। सभी केंद्रों पर स्टैटिक एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती के साथ आरक्षित अधिकारियों की भी व्यवस्था की गई है। इसके अलावा 180 बाह्य कक्ष निरीक्षक और 40 आरक्षित कक्ष निरीक्षक भी नियुक्त किए गए हैं।
बैठक में जिला विकास अधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, जिला विद्यालय निरीक्षक, जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक, केंद्र प्रभारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Unknown's avatar

आशीष सेंगर

 aashishsengar@gmail.com

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page