निर्वाचन तैयारियों को लेकर राजनीतिक दलों के साथ बैठक, मतदेय स्थलों के पुनर्गठन पर जोर
हाथरस। आगामी निर्वाचन की तैयारियों के तहत कलेक्ट्रेट सभागार में जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल वत्स की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अध्यक्षों एवं प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदेय स्थलों के संभाजन और पुनर्गठन को लेकर निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की जानकारी दी गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुसार जिन मतदेय स्थलों पर 1200 से अधिक मतदाता हैं, उनका विभाजन कर नए मतदेय स्थल बनाए जाएंगे, ताकि मतदान प्रक्रिया अधिक सुगम, व्यवस्थित और पारदर्शी हो सके। उन्होंने बताया कि 24 जून से 31 जुलाई 2026 तक भौतिक सत्यापन, प्रारूप सूची का प्रकाशन, आपत्तियों एवं सुझावों का निस्तारण और अंतिम प्रस्ताव तैयार करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

उन्होंने निर्देश दिए कि सभी मतदेय स्थल भूतल पर स्थापित किए जाएं तथा दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा के लिए रैंप सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। साथ ही यह भी ध्यान रखा जाए कि एक ही परिवार के मतदाताओं को अनावश्यक रूप से अलग-अलग मतदान केंद्रों पर न भेजा जाए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को समयबद्ध, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से पुनर्गठन का कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां नए बूथ बनाए जाएं, वहां मतदाताओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए और सामान्यतः मतदान केंद्र की दूरी 2 किलोमीटर से अधिक न हो, साथ ही वहां तक पहुंचने के लिए सुगम आवागमन की व्यवस्था भी उपलब्ध हो।
बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, उपजिलाधिकारी तथा निर्वाचन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

