Breaking News
गांव जोगिया के ग्रामीणों ने विद्युत समस्या को लेकर सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर से की मुलाकात, तीन दिन में समाधान का मिला आश्वासन

हाथरस। नगर पालिका क्षेत्र में शामिल गांव जोगिया के सैकड़ों ग्रामीण, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं, मंगलवार को अपनी विद्युत आपूर्ति की समस्या को लेकर सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर के आवास पहुंचे। ग्रामीणों ने बताया कि गांव जोगिया लगभग सात वर्ष पूर्व नगर पालिका क्षेत्र में शामिल हो चुका है, लेकिन आज भी यहां शहर की बजाय देहात क्षेत्र की बिजली आपूर्ति दी जा रही है।


ग्रामीणों ने विधायक को अवगत कराया कि जोगिया पहले ग्राम पंचायत था, जिसके अंतर्गत पांच गांव आते थे। विद्युत विभाग ने जोगिया ग्राम पंचायत के अन्य चार मजरा गांवों को शहर की विद्युत आपूर्ति से जोड़ दिया, जबकि नगर पालिका क्षेत्र में होने के बावजूद गांव जोगिया को अभी भी ग्रामीण फीडर से बिजली मिल रही है।
ग्रामीणों ने विधायक से कहा कि यदि जोगिया नगर पालिका क्षेत्र का हिस्सा है तो उसे शहर की सभी मूलभूत सुविधाएं, विशेषकर शहर की विद्युत आपूर्ति भी मिलनी चाहिए। अन्यथा गांव को पुनः ग्राम पंचायत में शामिल किया जाए।


मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक अंजुला सिंह माहौर ने बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल अपने आवास पर बुलाया। बैठक में एचसी साहब, दोनों अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) सहित विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के बाद विधायक के निर्देश पर आश्वासन दिया कि तीन दिनों के भीतर गांव जोगिया को शहर की विद्युत आपूर्ति से जोड़ने की प्रक्रिया पूरी कर दी जाएगी।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित तीन दिन की अवधि में उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो वे बिजली विभाग के खिलाफ बड़ा आंदोलन और धरना-प्रदर्शन करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी। आश्वासन मिलने के बाद सैकड़ों की संख्या में मौजूद महिलाएं, बुजुर्ग और युवा शांतिपूर्वक अपने गांव लौट गए।

विश्व शांति एवं आपसी सौहार्द के लिए श्री वेद भगवान शिविर में विष्णु यज्ञ का आयोजन

हाथरस। श्री दाऊजी महाराज किला स्थित श्री वेद भगवान सनातन धर्म सभा (रजि.), हाथरस के शिविर में आषाढ़ माह कृष्ण पक्ष अमावस्या, संवत 2083 (मंगलवार, 14 जुलाई 2026) के अवसर पर विश्व शांति, आपसी सौहार्द, देश में भाईचारा एवं जनकल्याण की कामना के साथ भव्य विष्णु यज्ञ का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ चारों वेदों के कलशों की स्थापना एवं भगवान श्री गणेश के विधि-विधानपूर्वक पूजन-अर्चन से हुआ। श्री वेद भगवान के पवित्र पटचित्रों, वेद कलशों तथा गणेश प्रतिमा को पुष्पमालाओं से भव्य रूप से सजाया गया। इस अवसर पर उपस्थित सभी श्रद्धालुओं एवं अतिथियों का स्वागत किया गया।


यज्ञ का संचालन आचार्य रूपराम शर्मा एवं आचार्य बागीष दत्त गौड़ ने किया। कार्यक्रम में श्री वेद भगवान सभा के अध्यक्ष डॉ. जितेंद्र स्वरूप शर्मा, क्षेत्रीय मंत्री एवं अधिवक्ता वासुदेव माहौर, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष डॉली माहौर, वरिष्ठ कवि श्याम बाबू चिंतन तथा जयशंकर पाराशर सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।
यज्ञ के दौरान विष्णु यज्ञ के साथ लक्ष्मी-नारायण हवन भी विशेष रूप से संपन्न कराया गया। इसमें विष्णु यज्ञ की 1101 आहुतियां, लक्ष्मी-नारायण हवन की 501 आहुतियां तथा गायत्री मंत्र की 101 आहुतियां अर्पित की गईं। पूर्णाहुति के साथ यज्ञ विधिवत संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की व्यवस्थाएं जयशंकर पाराशर, बबलू पंडित एवं देव स्वरूप शर्मा ने सुव्यवस्थित ढंग से संभाली, जिसके लिए उन्हें धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
यज्ञ के समापन पर श्रद्धालुओं ने “धर्म की जय हो, अधर्म का नाश हो, प्राणियों में सद्भावना हो, विश्व का कल्याण हो”, “बलदेव बलदाऊ जी महाराज की जय”, “रेवती मैया की जय”, “हर-हर महादेव” सहित विभिन्न जयघोष लगाए, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा। इसके बाद सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
सभा की ओर से बताया गया कि श्री वेद भगवान शिविर में प्रतिदिन प्रातः 8:00 से 9:00 बजे तक नियमित हवन किया जाता है तथा प्रत्येक अमावस्या एवं पूर्णिमा पर विशेष यज्ञ आयोजित होते हैं। सभी श्रद्धालुओं से इन धार्मिक आयोजनों में सहभागिता कर पुण्य लाभ अर्जित करने का आग्रह किया गया।

न्यू राधा कृष्ण सेवा समिति ने किया वृहद स्तर पर वृक्षारोपण,समिति के अध्यक्ष दीपक पौरुष ने लोगों से की पर्यावरण संरक्षण की अपील

हाथरस। न्यू राधा कृष्ण सेवा समिति द्वारा पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति को हरा-भरा बनाने के उद्देश्य से “एक पेड़ मां के नाम” अभियान का भव्य आयोजन किया गया। इस अभियान के तहत आर.बी.एस. पब्लिक स्कूल, हाथरस के प्रांगण में वृहद स्तर पर वृक्षारोपण किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपक पौरुष और जिला उपाध्यक्ष मनीष उपाध्याय ने पौधरोपण कर पर्यावरण को बचाने का संदेश दिया। इस अवसर पर जिला संरक्षक एवं आर.बी.एस. पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर राजकुमार सिंह ने समिति के इस अनूठे प्रयास की भूरि-भूरि प्रशंसा की।


बच्चों और स्टाफ ने लिया संकल्प
कार्यक्रम के दौरान स्कूल के समस्त स्टाफ और सभी छात्र-छात्राओं में भारी उत्साह देखने को मिला। सभी बच्चों और शिक्षकों ने पर्यावरण की रक्षा के लिए “एक पेड़ मां के नाम” लगाने और उसकी देखभाल करने का सामूहिक संकल्प लिया।
इस सेवा कार्य को सफल बनाने में निम्नलिखित गणमान्य लोगों की गरिमामयी उपस्थिति रही दीक्षा वार्ष्णेय,मोनिका शर्मा,उमा उपाध्याय,कविता,पिंकी,सुमन कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों ने समिति के इस सामाजिक व पर्यावरण हितैषी कार्य की सराहना की और भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रखने की बात कही।

सेवारत शिक्षकों को टीईटी से मुक्ति हेतु आरटीई एक्ट में संशोधन की माँग ,राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने सांसद को सौंपा ज्ञापन

हाथरस । अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के आह्वान पर राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, हाथरस ने गुरुवार को सांसद जन संवाद कार्यालय, हाथरस पर मा. सांसद अनूप प्रधान जी को ज्ञापन सौंपकर टीईटी लागू होने से पूर्व नियुक्त सेवारत शिक्षकों को टीईटी की अनिवार्यता से मुक्त कराने तथा इसके लिए आर.टी.ई. एक्ट में आवश्यक संशोधन करने की माँग की।


जिलाध्यक्ष रविकांत मिश्र ने कहा कि शिक्षक नियुक्ति के लिए बाद में निर्धारित पात्रता मानदण्डों को भूतलक्षी प्रभाव से पूर्व नियुक्त शिक्षकों पर लागू करना न्याय, समानता एवं विधिक निश्चितता के सिद्धांतों के विपरीत है। इससे लाखों शिक्षकों एवं उनके परिवारों के भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है, जबकि ये शिक्षक वर्षों से शिक्षा एवं राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
जिला महामंत्री डॉ. संजय गौतम ने कहा कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय के 29 मई 2026 के निर्णय के बाद देश एवं प्रदेश के उन लाखों शिक्षकों में चिंता व्याप्त है, जिनकी नियुक्ति टीईटी लागू होने से पूर्व तत्कालीन नियमों एवं निर्धारित योग्यताओं के आधार पर विधिवत हुई थी। प्रतिनिधिमंडल ने सांसद जी से अनुरोध किया कि 27 जुलाई 2011 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों के सेवा-अधिकारों, वरिष्ठता, पदोन्नति एवं अन्य वैधानिक लाभों की रक्षा के लिए संसद के आगामी मानसून सत्र में आवश्यक विधायी संशोधन अथवा विशेष प्रावधान लाने हेतु भारत सरकार के समक्ष प्रभावी पहल करें।
जिला कोषाध्यक्ष बृजेश शर्मा ने बताया कि यह अभियान देशभर में चलाया जा रहा है और विभिन्न जिलों में सांसदों को ज्ञापन सौंपे जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सरकार लाखों शिक्षकों की सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए संवेदनशील एवं न्यायपूर्ण निर्णय लेगी।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष रविकांत मिश्र, जिला महामंत्री डॉ. संजय गौतम, जिला कोषाध्यक्ष बृजेश शर्मा, जिला मंत्री राजेंद्र लवानियां, जिला प्रचार मंत्री धर्मेंद्र उपाध्याय, जिला सह – मीडिया प्रभारी आशुतोष अग्निहोत्री, ब्लॉक अध्यक्ष मनोज शर्मा, अंकित चौहान, तौफीक आलम, ब्लॉक महामंत्री ब्रजेन्द्र कुमार, दया शंकर, ब्लॉक संगठन मंत्री नगेंद्र पचौरी, संजीव कुमार, मनीष दीक्षित सहित संगठन के जिला व ब्लॉक इकाइयों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

श्री वेद भगवान सनातन धर्म सभा के तत्वावधान में विश्व शांति एवं आपसी सद्भाव के लिए 14 जुलाई को होगा हवन-यज्ञ

हाथरस। श्री वेद भगवान सनातन धर्म सभा (रजिस्टर्ड), हाथरस (उ.प्र.) के तत्वावधान में आषाढ़ माह कृष्ण पक्ष अमावस्या के अवसर पर मंगलवार, 14 जुलाई 2026 को दाऊजी महाराज किला स्थित श्री वेद भगवान शिविर में विश्व शांति एवं आपसी सद्भाव की कामना से भव्य हवन-यज्ञ का आयोजन किया जाएगा।
सभा के अध्यक्ष डॉ. जितेंद्र स्वरूप शर्मा “फौजी” ने बताया कि हवन-यज्ञ की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। कार्यक्रम प्रातः 8:30 बजे प्रारंभ होगा, जबकि सभी पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों, सदस्यों एवं श्रद्धालुओं से प्रातः 8:00 बजे तक कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने का आग्रह किया गया है।
उन्होंने सभी सनातन धर्म प्रेमियों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर यज्ञ में सहभागिता करने तथा अन्य भक्तजनों को भी साथ लाने का अनुरोध किया है, ताकि विश्व शांति, सामाजिक सौहार्द एवं जनकल्याण की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।

आगरा में आयोजित राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा की ब्रजक्षेत्र बैठक में हाथरस के पदाधिकारी हुये शामिल , संगठन विस्तार पर दिया गया जोर

हाथरस। राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा (R.A.M.) पार्टी की ब्रजक्षेत्र स्तरीय बैठक रविवार, 12 जुलाई 2026 को आगरा में आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में अजय शर्मा उपस्थित रहे।
बैठक में मुख्य वक्ताओं के रूप में जिलाध्यक्ष फिरोजाबाद अरुण प्रताप शर्मा, जिलाध्यक्ष आगरा कशिश उपाध्याय, जिलाध्यक्ष एटा अशोक पाण्डेय तथा जिलाध्यक्ष हाथरस की अनुपस्थिति में जिला महासचिव/प्रभारी निशांत उपाध्याय ने अपने विचार रखे।


बैठक के दौरान संगठन को बूथ एवं वार्ड स्तर तक मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया। पदाधिकारियों को शीघ्र ही वार्ड एवं बूथ स्तर की समितियों का गठन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी जनपदों में जनसंपर्क बढ़ाने के उद्देश्य से “मोहल्ला चालीसा” कार्यक्रम आयोजित करने के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में हाथरस जनपद से जिला महासचिव/प्रभारी निशांत उपाध्याय के साथ जिला उपाध्यक्ष दीनदयाल शर्मा (दीनू पंडित), जिला उपाध्यक्ष सौरभ पाराशर, जिला मंत्री प्रदीप शर्मा तथा जिला कार्यकारिणी सदस्य जय नारायण शर्मा उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में आगरा जिलाध्यक्ष कशिश उपाध्याय एवं उनकी टीम ने हाथरस से पहुंचे सभी पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर स्वागत एवं सम्मान किया।

आरटीआई से हुआ खुलासा: दिव्यांग यात्रियों को रेल किराए में मिलती है 75 प्रतिशत तक की छूट

हाथरस। शहर निवासी राज्य दिव्यांग कल्याण सलाहाकार बोर्ड के सदस्य सागर शर्मा द्वारा रेलवे से सूचना का अधिकार (RTI) अधिनियम के तहत मांगी गई जानकारी के जवाब में पूर्वोत्तर रेलवे, मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, इज्जतनगर ने दिव्यांग यात्रियों को उपलब्ध रेल किराया रियायतों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई है।
आरटीआई के उत्तर में बताया गया है कि अस्थि दिव्यांग, बौद्धिक दिव्यांग तथा 90 प्रतिशत या उससे अधिक दृष्टिबाधित यात्रियों को द्वितीय श्रेणी, शयनयान, प्रथम श्रेणी, 3 एसी, 3 एसी इकोनॉमी और एसी चेयर कार में 75 प्रतिशत तक किराया छूट प्रदान की जाती है। वहीं प्रथम एसी और द्वितीय एसी में 50 प्रतिशत रियायत दी जाती है।


रेलवे ने यह भी स्पष्ट किया है कि राजधानी और शताब्दी एक्सप्रेस की 3 एसी एवं एसी चेयर कार में 25 प्रतिशत छूट उपलब्ध है। जबकि वंदे भारत, प्रीमियम, विशेष तथा गरीब रथ ट्रेनों में किराए में कोई रियायत नहीं दी जाती, हालांकि इन ट्रेनों में दिव्यांग कोटे के तहत पूर्ण किराए पर सीट उपलब्ध रहती है।
इसके अतिरिक्त मासिक एवं त्रैमासिक सीजन टिकट (MST/QST) पर 50 प्रतिशत छूट का प्रावधान है। पात्र दिव्यांग यात्रियों के साथ यात्रा करने वाले एक सहचर (Escort) को भी समान रियायत का लाभ दिया जाता है।
यह जानकारी पूर्वोत्तर रेलवे द्वारा 9 जुलाई 2026 को आरटीआई आवेदन संख्या NERID/R/P/26/00172 के उत्तर में उपलब्ध कराई गई। इस जानकारी से दिव्यांग यात्रियों को रेलवे की उपलब्ध सुविधाओं और रियायतों के प्रति जागरूकता बढ़ने की उम्मीद है।

शताक्षी माता मंदिर प्रांगण में जिलाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक के साथ हरीतिमा (बरगद, पीपल एवं पाकड़) के पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

हाथरस । वृक्षारोपण महायज्ञ अभियान “एक पेड़ माँ के नाम” के अंतर्गत पुलिस लाइन परिसर स्थित शताक्षी माता मंदिर प्रांगण में जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ हरीतिमा (बरगद, पीपल एवं पाकड़) के पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि बरगद, पीपल और पाकड़ जैसे दीर्घायु एवं पर्यावरण के लिए अत्यंत उपयोगी वृक्ष प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने आमजन से अधिक से अधिक पौधे लगाने, उनकी नियमित देखभाल की अपील की।

सीनियर सिटीजन, वृद्धजन एवं विधवा-विदुरों का सामूहिक समागम वैदिक हवन, प्रवचन एवं भजनों के साथ संपन्न

हाथरस। आर्य समाज मुरसान के तत्वावधान में सीनियर सिटीजन, वृद्धजन तथा विधवा-विदुर बंधुओं का साप्ताहिक सामूहिक समागम हर्षोल्लास एवं आत्मीय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रेरणादायी पंक्तियों— “प्रभुधाम गमन जीवन साथी, अब वह संग नहीं है; वृद्धावस्था में जीवन का अब वह रंग नहीं है” —के साथ हुआ।
कार्यक्रम आचार्य श्री दिनेश अग्निहोत्री पुरोहित के सानिध्य में वैदिक हवन, प्रवचन एवं भजनों के साथ संपन्न हुआ। समारोह की अध्यक्षता आशुकवि बौहरे अनिल शर्मा (तंबाकू वाले) ने की, जबकि संचालन राजीव आर्य ने किया।
मुख्य अतिथि प्रमुख उद्योगपति एवं समाजसेवी श्री नन्नूमल जी सुपाड़ी वाले तथा विशिष्ट अतिथि फैम के जिलाध्यक्ष सुरेश अग्रवाल रहे। कार्यक्रम में पद्म वर्मा, प्रसिद्ध कवि गाफिल स्वामी, कवयित्री डॉ. नीलम वाष्णेय तथा श्रीमती उमा ज्योति ने अपने ज्ञानवर्धक प्रवचनों एवं भजनों से उपस्थितजनों को भावविभोर कर दिया।


इस अवसर पर दिनेश जी आर्य, संजीव सिंगला, बॉबी लाला, पंडित हरेंद्र शर्मा, शिवशंकर गुलाटी, गोवर्धन शर्मा, शैलेंद्र शर्मा, श्रीमती विजय आर्य, श्रीमती मंजू आर्य, संजय सिन्हा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में वर्तमान शिक्षा व्यवस्था पर विचार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों के संरक्षण के लिए गुरुकुल शिक्षा पद्धति को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। उनका मत था कि संस्कारयुक्त शिक्षा ही बच्चों में माता-पिता, बुजुर्गों, समाज और राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं उत्तरदायित्व की भावना विकसित करती है। उन्होंने कहा कि ईश्वर की उपासना से पूर्व वृद्धजनों की सेवा करना ही सच्चे नारायण की सेवा है।


कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि श्री नन्नूमल जी सुपाड़ी वाले ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों को जलपान कराया। आचार्य दिनेश अग्निहोत्री पुरोहित ने शांति पाठ के साथ कार्यक्रम का समापन किया तथा सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।

कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण

21 छात्राएं सुरक्षित,समय रहते आग पर पाया गया काबू; सभी केजीबीवी का होगा फायर सेफ्टी ऑडिट
हाथरस। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में शनिवार को विद्युत शॉर्ट सर्किट से आग लगने की सूचना पर जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीवी नाथ सिंह ने तत्काल विद्यालय पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रशासन, पुलिस एवं अग्निशमन विभाग की त्वरित कार्रवाई से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया। घटना के समय विद्यालय में मौजूद सभी 21 छात्राएं पूरी तरह सुरक्षित रहीं और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
जिलाधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में अतिरिक्त निर्माण कार्य के दौरान उपयोग की जा रही मशीनरी से विद्युत लाइन पर अधिक भार पड़ने के कारण शॉर्ट सर्किट होने की संभावना सामने आई है। मामले की विस्तृत जांच कराई जाएगी और रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने निर्देश दिए कि जनपद के सभी कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों का फायर सेफ्टी ऑडिट गंभीरता से कराया जाए तथा सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने छात्राओं से बातचीत कर उनका कुशलक्षेम जाना, उन्हें टॉफी एवं चिप्स वितरित कर उत्साहवर्धन किया तथा आग, भूकंप जैसी आपदा की स्थिति में सुरक्षित निकासी और बचाव के उपायों की जानकारी भी ली। साथ ही छात्राओं से वृक्षारोपण महायज्ञ अभियान के तहत विद्यालय परिसर में अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), तहसीलदार, पुलिस, अग्निशमन विभाग एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

You cannot copy content of this page